बिलासपुर । आय से अधिक संपत्ति, देशद्रोह और ब्लैकमेलिंग मामले में फंसे IPS जीपी सिंह को बड़ी राहत मिली है। हाईकोर्ट ने बुधवार को उनके खिलाफ दर्ज तीनों FIR रद्द कर दी है। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रविंद्र अग्रवाल की बेंच ने ये आदेश दिया।
हाईकोर्ट ने कहा कि, उन्हें परेशान करने के लिए झूठे मामलों में फंसाया गया है। किसी भी मामले में उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं है। सुनवाई में चंडीगढ़ के सीनियर काउंसिल रमेश गर्ग वर्चुअल शामिल हुए।
हाईकोर्ट बोला- राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया
IPS जीपी सिंह ने अपने खिलाफ दर्ज सभी FIR को चुनौती दी थी। उन्होंने हाईकोर्ट में एडवोकेट हिमांशु पांडेय के जरिए याचिका दायर की थी। याचिका में कहा गया कि, तत्कालीन सरकार ने उन्हें राजनीतिक षड्यंत्र के तहत फंसाया है। किसी में कोई साक्ष्य नहीं हैं।
इस दौरान हाईकोर्ट ने माना कि उन्हें परेशान करने के लिए बिना सबूतों के FIR दर्ज की गई थी। इनमें एक भी केस चलने लायक नहीं है। सभी पक्षों को सुनने के बाद हाईकोर्ट ने तीनों FIR को रद्द करने का आदेश दिया है।
जब्त सोना भी जीपी सिंह का नहीं
जीपी सिंह के एडवोकेट ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बताया कि जिस व्यक्ति से गोल्ड सीज हुआ है, उस व्यक्ति को एसीबी ने आरोपी नहीं बनाया है। गोल्ड को जीपी सिंह का बताकर उन्हें आरोपी बना दिया गया। जिस स्कूटी से गोल्ड जब्त हुआ है, वह भी जीपी सिंह की नहीं है।
स्कूटी जीपी सिंह के परिजनों के नाम पर भी रजिस्टर्ड नहीं है। एडवोकेट ने सुपेला में दर्ज एक्सटॉर्शन केस पर कहा कि, इसे सालों बाद बदले की भावना से रजिस्टर किया गया। कई साल बाद मामला दर्ज होने से मामला समझ से परे है।
अधिवक्ता हिमांशु पांडेय ने जीपी सिंह की तरफ से पैरवी की।
रेडियोग्राफी में षडयंत्र के सबूत नहीं
राजद्रोह के मामले में अधिवक्ता हिमांशु पांडेय ने कोर्ट को बताया कि कागज के कटे-फटे टुकड़े जीपी सिंह के ठिकाने से मिले हैं। सिर्फ उसे ही आधार पर मानकर राजद्रोह का आरोपी बनाया गया है। उन कागजों से कोई भी साजिश रिफ्लेक्ट नहीं हो रही। एंटी करप्शन ब्यूरो की ओर से अदालत में पेश किए गए जवाब में भी स्पष्ट है कि कागज के टुकड़ों की रेडियोग्राफी में कोई भी स्पष्टता नहीं है।
सरकार गिराने का था आरोप
छत्तीसगढ़ के 1994 बैच के IPS अधिकारी जीपी सिंह के खिलाफ 2021 में ACB ने कार्रवाई की थी। सरकारी आवास सहित कई ठिकानों पर छापेमारी कर 10 करोड़ की अघोषित संपत्ति और कई संवेदनशील दस्तावेज़ बरामद करने का दावा किया था।
इसके बाद जीपी सिंह पर राजद्रोह का केस दर्ज हुआ, जिसमें उन पर सरकार गिराने की साजिश रचने का आरोप था। जुलाई 2021 में उन्हें निलंबित किया गया और कुछ दिनों बाद राजद्रोह का केस दर्ज हुआ।
कैट के फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में दी है चुनौती
बता दें कि इसके पहले 30 अप्रैल को IPS जीपी सिंह को CAT (केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण) से बड़ी राहत मिली थी। CAT ने चार सप्ताह में जीपी सिंह से जुड़े सभी मामलों को निराकृत कर बहाल किए जाने का आदेश दिया था। जुलाई 2023 में राज्य सरकार की अनुशंसा पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी थी।
कैट के फैसले के बाद राज्य शासन ने उन्हें फिर से बहाल करने के लिए केंद्र सरकार से अनुशंसा की थी। हालांकि केंद्र सरकार ने उन्हें बहाल करने के बजाय कैट के आदेश को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी। इसके चलते उनकी बहाली का मामला अटका हुआ है। इस मामले की सुनवाई दिसंबर में होगी।
जीपी सिंह के मामले में कब क्या-क्या हुआ ?
1 जुलाई 2021 की सुबह 6 बजे ACB-EOW की टीम ने रायपुर, राजनांदगांव और ओडिशा में एक साथ छापा मारा था।
जीपी सिंह पर FIR दर्ज की गई। दूसरे दिन शुक्रवार को दिन भर की जांच के बाद 5 करोड़ की चल-अचल संपत्ति का खुलासा हुआ। 10 करोड़ की संपत्ति मिलने और इसके बढ़ने की आधिकारिक जानकारी दी गई।
रायपुर में एक युवक से मारपीट, भिलाई में सरेंडर करने वाले नक्सल कमांडर से रुपयों का लेन-देन, रायपुर में एक केस में आरोपी की मदद का आरोप भी जीपी सिंह पर लगा। इन पुराने केस की फिर से जांच की जा रही है।
इन तमाम मामलों के बीच 5 जुलाई को राज्य सरकार ने ADG जीपी सिंह को एक आदेश पत्र में यह लिखते हुए निलंबित कर दिया कि एक अफसर से ऐसी अपेक्षा नहीं थी।
जुलाई के महीने से ही जीपी की लीगल टीम पुलिसिया कार्रवाई को रोकने की दलीलें हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में पेश कर रहे थे। मगर राहत नहीं मिली थी।
जनवरी 2022 में उन्हें अब गुरुग्राम से पकड़कर रायपुर पुलिस छत्तीसगढ़ लेकर आई।
जीपी सिंह खुद ACB के चीफ रह चुके हैं, इस दौरान उन पर कई लोगों को धमकाने और वसूली करने के आरोप लगे।
जीपी के बंगले के छापे में एक डायरी भी मिली, जिसमें कुछ नेताओं और अफसरों के खिलाफ बातें लिखीं थीं, इस मामले में उन पर राजद्रोह का केस भी दर्ज है।
120 दिन रायपुर सेंट्रल जेल में रहे। बाहर आते ही पत्नी को गले लगाया,फौरन गाड़ी में बैठकर चले गए थे।
कोर्ट ने कहा था कि जीपी सिंह को रायपुर में रहने की अनुमति नहीं होगी। सिंह मीडिया से कोई बात नहीं करेंगे, केस के सिलसिले में, कोई सार्वजनिक बयान नहीं देंगे।
कार्यों की स्वीकृति सिक्योर पोर्टल के माध्यम से जारी करने के दिए निर्देश
बालिका शौचालय निर्माण 15 जनवरी तक तथा सैंड फिल्टर बोरवेल रिचार्ज के कार्य 5 दिसंबर तक पूर्ण करने के निर्देश
प्रधानमंत्री आवास के निर्माण में तेजी लाने मैदानी अमला नियमित रूप से करे फील्ड विजिट
श्रममूलक कार्यों को दें बढ़ावा, खनिज न्यास मद के लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण करें
समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
कलेक्टर ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की
डीएमएफ का टोल-फ्री नंबर 1800-233-1750 जारी
कोरबा, 25 नवंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विकसित भारत जी राम जी, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा खनिज न्यास मद से स्वीकृत निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने, पुराने कार्यों को पूर्ण करने तथा नए कार्यों में प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा वीबी जी राम जी के तहत सभी कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति अनिवार्य रूप से सिक्योर पोर्टल के माध्यम से ही जारी की जाए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने विकसित भारत जी राम जी के अंतर्गत बालिका शौचालय, सैंड फिल्टर बोरवेल रिचार्ज, मुक्तिधाम, पंचायत भवन एवं खाद्यान्न भंडार केंद्र जैसे महत्वपूर्ण ग्रामीण अधोसंरचना कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी जनपद पंचायतों के सीईओ एवं कार्यक्रम अधिकारियों को आगामी 10 दिनों के भीतर कार्यों के प्राक्कलन तैयार कर जिला कार्यालय भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत कार्यों को सात दिवस के भीतर सिक्योर पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज कर प्रशासकीय स्वीकृति की प्रक्रिया पूर्ण की जाए। सभी बालिका शौचालय निर्माण कार्य आगामी सात दिनों में प्रारंभ करते हुए 15 जनवरी तक पूर्ण किए जाएं। शासकीय विद्यालयों में बालिकाओं के लिए पृथक शौचालय का निर्माण सुनिश्चित किया जाए। बालिका शौचालय निर्माण में शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों, एकरूपता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण होने के बाद ही संबंधित बिल प्रस्तुत किए जाएं। उन्होंने करतला एवं कटघोरा सहित विभिन्न विकासखंडों में बालिका शौचालय के अप्रारंभ कार्यों को तत्काल शुरू कराने तथा लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। सैंड फिल्टर बोरवेल रिचार्ज के सभी कार्य 5 दिसंबर तक पूर्ण करने को कहा। मुक्तिधाम निर्माण के अप्रारंभ कार्यों को आगामी 15 दिनों में प्रारंभ कराने तथा पंचायत भवन एवं खाद्यान्न भंडार केंद्रों के निर्माण कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। नवीन पंचायत भवनों के प्रस्तावों को सिक्योर पोर्टल पर दर्ज कराने तथा स्वीकृत कार्यों को समय पर प्रारंभ कराने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही कार्यों के समय पर मूल्यांकन के लिए आरईएस को निर्देशित किया गया। कलेक्टर ने 01 दिसंबर से श्रममूलक कार्यों की संख्या बढ़ाने तथा अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत जी राम जी के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ जल संरक्षण एवं स्थायी अधोसंरचना निर्माण के कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड में लंबित 314 कार्यों को एक सप्ताह के भीतर सिक्योर पोर्टल पर दर्ज कर स्वीकृति की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में 05 आदर्श खेल मैदान विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर आवास उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसके लिए जनपद पंचायतों के सीईओ, एसडीओ एवं मैदानी अमला नियमित रूप से गांवों का भ्रमण करें तथा हितग्राहियों से संपर्क कर आवास निर्माण में आ रही समस्याओं का मौके पर निराकरण करें। उन्होंने विकासखंडवार प्रगति की समीक्षा करते हुए पोड़ी उपरोड़ा के 2,604 अपूर्ण आवासों को 30 दिसंबर तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री जनमन योजना के आवास दिसंबर माह तक पूर्ण करने तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लंबित आवासों को भी प्राथमिकता से पूर्ण कराने को कहा। वर्ष 2026-27 के आवासों में जॉब कार्ड मैपिंग एवं सत्यापन की प्रक्रिया भी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। सोशल ऑडिट के अंतर्गत लंबित प्रकरणों में नियमानुसार वसूली की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने केराझरिया एवं कौनकोना सहित सभी एफएसटीपी निर्माण कार्यों को इसी माह प्रारंभिक रूप से पूर्ण कर ऑपरेशनल करने के निर्देश दिए। करतला विकासखंड के जामबहार में एफएसटीपी निर्माण कार्य दिसंबर माह तक पूर्ण कराते हुए उसका संचालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पंचायतों में निर्मित सामुदायिक शौचालयों में पर्याप्त पानी एवं बिजली की व्यवस्था करने तथा उन्हें नियमित रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए। सभी जनपद पंचायत सीईओ को सब इंजीनियर एवं तकनीकी सहायकों के माध्यम से सामुदायिक शौचालयों का शीघ्र मूल्यांकन कराने के निर्देश भी दिए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अटल आजीविका समृद्धि केंद्रों में स्वीकृत अधोसंरचना एवं मशीनों की उपलब्धता और स्थापना की समीक्षा की तथा कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने वीपीआरपी योजना के अंतर्गत एंटाइटलमेंट प्लान 15 दिसंबर तक पूर्ण कराने, समूह सदस्यों की आधार आधारित केवाईसी 15 दिसंबर तक तथा मोबाइल नंबर सत्यापन 30 दिसंबर तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने को कहा। महतारी सदन के हस्तांतरण की प्रक्रिया भी दिसंबर माह के अंत तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री दुदावत ने खनिज न्यास मद से स्वीकृत निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्माण कार्य पंचायत के माध्यम से ही कराए जाएं तथा गुणवत्ताहीन कार्यों में राशि जारी न की जाए। सभी कार्यों की नियमित गुणवत्ता जांच सुनिश्चित की जाए और गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं करने वाले ठेकेदारों को नियमानुसार ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश भी दिए गए। खनिज न्यास मद से संबंधित किश्त अथवा जानकारी के लिए हितग्राही/संबंधित जन डीएमएफ के टोल-फ्री नंबर 1800-233-1750 पर संपर्क कर सकते हैं। कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायत सीईओ एवं विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा नियमित समीक्षा एवं मैदानी निरीक्षण के माध्यम से कार्यों की प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन, ट्रेजरी ऑफिसर निशांत पांडेय, ई आरईएस, उपसंचालक मिथलेश किसान, सहायक परियोजना अधिकारी, सीईओ जनपद पंचायत, कार्यक्रम अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
सक्ती। सक्ती जिले में अवैध महुआ शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग ने दो दिनों तक कार्रवाई की। इस दौरान छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। टीम ने कुल 57 लीटर महुआ शराब और 250 किलो महुआ लाहन जब्त किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
आबकारी विभाग के मुताबिक, 23 नवंबर को सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में टीम ने ग्राम मुक्ताराजा और जुड़गा में छापेमारी की।
मुक्ताराजा में कूलर के अंदर छिपाकर रखी थी 14 लीटर शराब
ग्राम मुक्ताराजा के अविनाश खांडे (35) के घर से 14 लीटर महुआ शराब मिली। उसके खिलाफ घर से शराब बेचने की शिकायत मिली थी। इसकी पुष्टि के लिए विभाग की टीम ने ग्राहक बनकर उससे शराब खरीदी। इसके बाद घर की तलाशी ली गई। इस दौरान बेडरूम में रखे कूलर से तीन हरी बोतलों में 6 लीटर और दो पारदर्शी बोतलों में 8 लीटर शराब बरामद हुई।
जुड़गा में घर से 6 लीटर महुआ शराब जब्त
इसी दिन ग्राम जुड़गा में सूरज कंवर के घर भी तलाशी ली गई। उसके घर से दो बोतलों में 4 लीटर और एक हरी बोतल में 2 लीटर महुआ शराब मिली। टीम ने कुल 6 लीटर शराब जब्त की।
मल्दा में गड्ढा खोदकर छिपाया था महुआ लाहन
इसके अगले दिन 24 नवंबर को आबकारी विभाग ने ग्राम मल्दा में कार्रवाई की। यहां सूरज मित्तल के घर से 7 लीटर महुआ शराब और 120 किलो महुआ लाहन बरामद हुआ। विभाग के अनुसार, उसने महुआ लाहन को घर के आंगन में पत्थरों के नीचे गड्ढा खोदकर छिपाया था।
वहीं, नर्मदा बाई के घर से 30 लीटर महुआ शराब और 130 किलो महुआ लाहन मिला। दोनों के पास से कुल 37 लीटर शराब और 250 किलो महुआ लाहन जब्त किया गया।
विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। कार्रवाई में आबकारी विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
जांजगीर-चांपा। जांजगीर के विद्या नगर में सूने मकान का ताला और दरवाजे की कुंडी तोड़कर चोरी करने के आरोप में पुलिस ने 26 साल के संतोष कुमार विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के पास से टीवी, होम थिएटर, बर्तन और अन्य घरेलू सामान के साथ चोरी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
20 नवंबर को मकान में लगाकर गए थे ताला
पुलिस के अनुसार, मकान मालकिन मोंगरा बाई अपने परिवार के साथ कोरबा में भी रहती हैं। वह बीच-बीच में जांजगीर स्थित अपने मकान आती थीं। 20 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे वह अपने बेटे के साथ मकान में ताला लगाकर कोरबा चली गई थीं।
तीन दिन बाद लौटीं तो टूटी मिली कुंडी
23 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे मोंगरा बाई मकान लौटीं तो दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी। अंदर जाकर देखा तो टीवी, होम थिएटर, बर्तन और अन्य घरेलू सामान गायब था। इसके बाद उन्होंने जांजगीर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मुखबिर की सूचना पर पकड़ाया आरोपी
मोंगरा बाई की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत केस दर्ज किया। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संतोष कुमार विश्वकर्मा (26), निवासी सिवनी करवार पारा, थाना चांपा को हिरासत में लिया।
चोरी का सामान और बाइक जब्त
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।