कोरबा
होली, ईद एवं गुड फ्राइडे को शांति और सौहार्दपूर्वक मनाने की अपील
शराब पीकर हुल्लड़बाजी करने, जबरदस्ती रंग-गुलाल डालने, ओवरस्पीडिंग, ट्रिपल राइडिंग तथा मुखौटा लगाकर हुटिंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने एवं सतत पेट्रोलिंग के निर्देश
जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न
कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सभी समुदायों से अपील की गई कि वे होली, ईद और गुड फ्राइडे जैसे अपने पर्व-त्यौहारों को आपसी मेल-मिलाप, सद्भाव और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। जिला प्रशासन की ओर से यह आश्वासन दिया गया कि त्यौहारों के दौरान आवश्यक सहयोग लगातार प्रदान किया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विभिन्न समाजों के पदाधिकारी, समिति के सदस्य तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में त्योहारों को सुरक्षित तरीके से मनाने हेतु अनेक महत्वपूर्ण सुझाव एवं निर्देश दिए गए। होली के दौरान रासायनिक रंगों एवं मुखोटों के विक्रय तथा उपयोग पर रोक लगाने और लोगों को हर्बल रंगों के प्रयोग हेतु प्रेरित करने का आग्रह किया गया। यह भी अनुरोध किया गया कि कोई भी व्यक्ति किसी अन्य पर अनावश्यक रूप से रंग न लगाए ताकि सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे। शांति समिति के सदस्यों ने होली त्योहार को मिल-जुलकर, भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया। अपर कलेक्टर श्री पटेल ने कहा कि यह पर्व आपसी प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देता है, इसलिए सभी नागरिकों को प्रशासन के साथ सहयोग करते हुए शांतिपूर्वक एवं सुरक्षित तरीके से इस पर्व को मनाना चाहिए।

होलिका दहन को लेकर भी विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि होलिका दहन केवल सुरक्षित और खुले स्थानों पर ही किया जाए। इलेक्ट्रिक तारों के नीचे, ट्रांसफार्मर के पास तथा तंग गलियों जैसे जोखिमपूर्ण स्थानों पर होलिका दहन न करने की हिदायत दी गई ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में फायर ब्रिगेड वाहन की पहुँच सुनिश्चित हो सके। होली के दिन शहर के मुख्य मार्गों पर सड़क किनारे दुकानें न लगाने का अनुरोध किया गया ताकि अनावश्यक जाम की स्थितियाँ उत्पन्न न हों। पुलिस विभाग को लगातार पेट्रोलिंग करने, दमकल एवं एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह सतर्क एवं तैयार रखने तथा भीड़भाड़ और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाने के निर्देश दिए गए। होली के अवसर पर तालाबों और नदियों में नशे की हालत में गहराई वाले स्थानों में नहीं उतरने तथा स्नान स्थलों पर गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की सलाह भी दी गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बैठक में जानकारी दी कि होली के दौरान शराब पीकर उपद्रव करने, हुल्लड़बाजी करने, जबरदस्ती रंग लगाने, मुखौटा पहनकर हुटिंग करने, ओवरस्पीडिंग और ट्रिपल राइडिंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि गुंडे-बदमाशों पर निगरानी एवं कार्रवाई लगातार जारी है ताकि जिले में शांति व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने ट्रक मालिकों से अपने ट्रकों को सुरक्षित पार्किंग के निर्देश दिये ताकि अनावश्यक दुर्घटना न हो। एसडीएम सरोज महिलांगे ने कानून व्यवस्था बनाये रखने और सभी धर्म के पर्व का सम्मान करते हुए शांति व्यवस्था बनाये रखने की अपील की। प्रशासन ने यह स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को जबरदस्ती रंग लगाने या किसी प्रकार की दबंगई करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी नागरिकों से सहयोगात्मक रवैया अपनाने, एक-दूसरे का सम्मान करने और पर्व को सद्भावपूर्वक मनाने की अपील की गई।
रमज़ान माह को ध्यान में रखते हुए मस्जिदों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा क्रिश्चियन समाज के गुड फ्राइडे पर्व के मद्देनजर चर्चों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए, ताकि कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। नगर निगम को होली के दिन शहर में पानी की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पास्टर नानजी भाई पटेल, आर. के. मसीह, जामा मस्जिद के शब्बीर अहमद, हाजी एहलाक खान, प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल, वरिष्ठ पत्रकार रवि पी. सिंह, जुम्मन खान रिजवी, अफजल रहमान, गुलाम शेरवानी, चेतन राठौर, सीएमएचओ डॉ. एन. एन. केशरी, जनसंपर्क अधिकारी कमलज्योति, आबकारी विभाग से डॉ. राकेश राठौर, विद्युत विभाग (सिटी) के ईई रोशनलाल वर्मा, होमगार्ड तथा नगर निगम के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
कोरबा
22-23 जुलाई को बिलासपुर-रायपुर-कोरबा रूट की 8 ट्रेनें कैंसिल:भाटापारा-हथबंध के बीच तीसरी लाइन का काम, छत्तीसगढ़ के यात्रियों के लिए बढ़ी परेशानी
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में भाटापारा और हथबंध स्टेशनों के बीच तीसरी लाइन सेक्शन पर ऑटो सिग्नलिंग कमीशनिंग के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) काम किया जाएगा। इसके चलते 22 और 23 जुलाई को बिलासपुर, रायपुर, कोरबा और गेवरा रोड रूट की 8 मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को कैंसिल कर दिया गया है। जिससे यात्रियों की मुसीबतें बढ़ जाएंगी।
रेलवे प्रशासन का दावा है कि बिलासपुर रेलवे जोन में इंफ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट का काम तेजी से चल रहा है। इस काम को जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। ताकि, इससे यात्रियों को सुविधाएं मिल सके। इस कड़ी में तीसरी लाइन का कार्य भी चल रहा है।
इसके तहत रायपुर मंडल के भाटापारा-हथबंध स्टेशनों के मध्य तीसरी लाइन सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग कमीशनिंग का काम किया जाएगा। इस कार्य के फलस्वरूप कुछ यात्री गाड़ियों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
रद्द होने वाली गाड़ियां
- 22 जुलाई को गाड़ी संख्या 68728 रायपुर-बिलासपुर मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी।
- 22 जुलाई को गाड़ी संख्या 68734 बिलासपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी।
- 22 जुलाई को गाड़ी संख्या 68733 गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी।
- 22 जुलाई को गाड़ी संख्या 68719 बिलासपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी।
- 22 जुलाई को गाड़ी संख्या 58203 कोरबा-रायपुर पैसेंजर रद्द रहेगी।
- 22 जुलाई को गाड़ी संख्या 58204 रायपुर-कोरबा पैसेंजर रद्द रहेगी।
- 22 जुलाई को गाड़ी संख्या 68746 रायपुर- गेवरा रोड मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी।
- 23 जुलाई को गाड़ी संख्या 68745 कोरबा-रायपुर मेमू पैसेंजर रद्द रहेगी।
झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू बिलासपुर तक ही चलेगी
22 जुलाई को 68862/68861 झारसुगुड़ा-गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू बिलासपुर स्टेशन पर ही समाप्त और यहीं से प्रारंभ होगी। इस दौरान बिलासपुर-गोंदिया-बिलासपुर के बीच इसका संचालन रद्द रहेगा।
कोरबा
जुड़वा नवजातों की मौत पर अस्पताल के बाहर हंगामा:कोरबा में इलाज में लापरवाही का आरोप, परिजनों ने 14 बिंदुओं पर जांच की मांग की
कोरबा। कोरबा शहर के आयुष्मान हॉस्पिटल में जन्म के बाद भर्ती जुड़वा नवजातों की पीलिया से मौत के बाद परिजनों ने सोमवार को अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, प्रसव के बाद दोनों नवजात पीलिया से पीड़ित हो गए थे। शनिवार रात एक नवजात की मौत हो गई थी, जबकि दूसरे को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया था। रविवार शाम दूसरे नवजात ने भी दम तोड़ दिया।

अस्पताल पहुंचकर परिजनों ने किया प्रदर्शन
दोनों बच्चों की मौत से नाराज परिजन सोमवार को आयुष्मान हॉस्पिटल पहुंचे और अस्पताल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से चर्चा की।
14 बिंदुओं पर जांच की मांग
पीड़ित पक्ष के संदीप कुमार ने बताया कि अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही हुई है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में कार्यरत कर्मचारियों की योग्यता की भी जांच होनी चाहिए। परिजनों ने पूरे मामले की 14 बिंदुओं पर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
शाम को नायब तहसीलदार दीपक पटेल मौके पर पहुंचे। परिजनों ने उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए अस्पताल प्रबंधन पर समय पर सही जानकारी नहीं देने और इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
जांच टीम गठित होगी
नायब तहसीलदार दीपक पटेल ने बताया कि परिजनों से ज्ञापन प्राप्त हुआ है। मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। उनके निर्देश पर जांच टीम गठित कर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा
कोरबा में 9 लाख की लकड़ी बरामद:इमारती लकड़ी चोरी-परिवहन मामले में आरोपी गिरफ्तार, क्रेन भी जब्त, राजस्व भूमि से काटे गए थे 7 पेड़
कोरबा। कोरबा पुलिस ने इमारती लकड़ी की अवैध कटाई और परिवहन के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने करीब 20.169 घन मीटर इमारती लकड़ी और उसे ले जाने में इस्तेमाल की गई एक क्रेन जब्त की है। जब्त लकड़ी की कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी ने शिकायत में बताया था कि सीएसईबी रामपुर स्थित जूनियर क्लब के पास राजस्व भूमि से बिना अनुमति के 7 पेड़ काटकर उनकी लकड़ी अवैध रूप से ले जाई गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर एएसपी लखन पटले और सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षु डीएसपी आस्था शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई।

कोरबा से रायपुर-अभनपुर तक पहुंची थी लकड़ी
तकनीकी साक्ष्यों और दस्तावेजों की जांच में पता चला कि अवैध लकड़ी को कोरबा से रायपुर-अभनपुर तक ले जाया गया था। इसके बाद प्रदेश स्तर की संयुक्त जांच टीम ने कार्रवाई कर 20.169 घन मीटर लकड़ी और परिवहन में इस्तेमाल की गई क्रेन जब्त कर ली।
एक आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया
पुलिस ने इस मामले में सुनील कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ सिविल लाइन थाना में अपराध क्रमांक 673/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2), 316(5) और 317(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

अन्य आरोपियों और नेटवर्क की भी जांच
पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है। लकड़ी के असली स्रोत, परिवहन में शामिल अन्य लोगों और किसी संगठित गिरोह की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
अवैध कटाई की जानकारी तुरंत दें
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पूरे मामले की जांच वैज्ञानिक और निष्पक्ष तरीके से की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं शासकीय या वन भूमि से अवैध कटाई, लकड़ी का परिवहन या भंडारण होता दिखाई दे, तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस या नजदीकी थाने को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
-
Uncategorized10 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
Uncategorized11 months agoबाँकी कॉलोनी के दुर्गा भवन क्लब का होगा नवनिर्माण, नपा अध्यक्षा ने दिया आश्वाशन….देखे पूरी खबर
-
बाँकी मोगरा10 months agoथाना बाँकी–दर्री के सीमा सुमेधा पुल पर हुई लूट कांड, प्रार्थी तीन दिनों से भटक रहा, अब तक नहीं हुई शिकायत दर्ज…..।
-
कोरबा6 months agoकोरबा बांकीमोंगरा क्षेत्र में युवती से दुष्कर्म – मुख्य आरोपी तरुण व एक सहयोगी हिरासत में। अन्य की तलाश जारी…..देखे पूरी खबर…।
-
कोरबा2 years agoमहतारी वंदन योजना से महिलाएं परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने सहित समाज की प्रगति में दे रही योगदान’
-
कोरबा12 months agoबांकीमोंगरा सड़क निर्माण गुणवत्ताहीन की शिकायत पर पहुंची न.प्रशा. विकास विभाग परीक्षण टीम, नवनिर्माण सीसी सड़क का किया कोर कटिंग परीक्षण…देखे पूरी खबर
-
कोरबा11 months agoअंकित सिंह बने श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला उपाध्यक्ष
-
Uncategorized1 year agoबाकी मोगरा में गूंजी या अली या हुसैन की सदाएं, मुहर्रम ताजिया जुलूस व झांकी निकाल इमाम हुसैन को याद कर मनाया मुहर्रम पर्व…..।
