कोरबा
मनरेगा में भ्रष्टाचार पर वार, ‘वीबी जी राम जी योजना’ से बदलेगा ग्रामीण भारत
गांव मजबूत तो देश मजबूत: कोरबा में गूंजा विकसित भारत–जी रामजी का संकल्प
कोरबा। केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा के अंतर्गत कार्यों में वर्षों से चले आ रहे भ्रष्टाचार को समाप्त कर ग्रामीण श्रमिकों के हितों की प्रभावी रक्षा के उद्देश्य से वीबी जी राम जी योजना लागू की गई है। इस योजना की विस्तृत जानकारी आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं तक पहुँचाने हेतु जिला स्तरीय सम्मेलन (जन जागरण अभियान) का आयोजन टी.पी. नगर स्थित आशीर्वाद भवन में भव्य रूप से किया गया। इस कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ संभाग प्रभारी रामू रोहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, जिला प्रभारी अनिल केसरवानी, सह प्रभारी बृजेंद्र शुक्ला, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल एवं कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत की गरिमामय उपस्थिति रही।
जब ग्राम विकसित होगा, तभी राज्य और राष्ट्र विकसित होगा – रामू रोहरा
बिलासपुर संभाग प्रभारी रामू रोहरा ने ‘विकसित भारत जी रामजी योजना’ की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि जब ग्राम विकसित होगा, तभी राज्य और राष्ट्र विकसित होगा। उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जी द्वारा प्रारंभ की गई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना इस दिशा में एक ऐतिहासिक कदम था, जिसने गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा। उसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर हाथ में काम, कार्य की गुणवत्ता, निगरानी एवं समीक्षा पर विशेष बल देते हुए विकसित भारत जी रामजी योजना को अधिनियम के रूप में लागू किया। इस योजना के माध्यम से मनरेगा की कमियों को दूर करते हुए आमजन की भागीदारी को और अधिक सशक्त बनाया गया है , काम के अधिक अवसर दिए गए कार्य दिवस बढ़ाया गया।
आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित होगी – लखनलाल देवांगन
कार्यक्रम में उपस्थित छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने भी विकसित भारत जी रामजी योजना के गुणों एवं इसके दूरगामी लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल रोजगार नहीं, बल्कि श्रमिकों के सम्मान, समय पर मजदूरी और विकास में उनकी भागीदारी की गारंटी है।
2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करना हैं – गोपाल मोदी
इस अवसर पर कोरबा जिले के भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे भ्रमजाल को समाप्त कर हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करना है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 की दिशा में जी रामजी योजना इस लक्ष्य की एक महत्वपूर्ण कड़ी है और इसे जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, प्रदेश मंत्री सुश्री रितु चौरसिया, अशोक चावलानी, जोगेश लांबा, नरेन्द्र देवांगन, पवन गर्ग, हितानंद अग्रवाल, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन जिला महामंत्री संजय शर्मा ने किया।
साथ ही अजय विश्वकर्मा, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रामनारायण सराफ, जिला पदाधिकारीगण, समस्त मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री, मोर्चा-प्रकोष्ठों के अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सम्मेलन के अंत में उपस्थित जनसमूह ने वीबी जी राम जी योजना को जन-जन तक पहुँचाने, भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता फैलाने और ग्रामीण श्रमिकों को उनके अधिकार दिलाने का संकल्प लिया।
कोरबा
कोरबा में शराब में मिलावट, 6 कर्मचारी हटाए गए:आबकारी मंत्री के निर्देश पर विभाग ने की कार्रवाई
कोरबा। कोरबा के रामपुर स्थित कंपोजिट शराब दुकान के 6 कर्मचारियों पर आबकारी विभाग ने कार्रवाई की है। इन कर्मचारियों को शराब में मिलावट के आरोप में दुकान से हटा दिया गया है।
जिन कर्मचारियों पर कार्रवाई हुई है, उनमें सुपरवाइजर विकास साहू, सूरज, लोकनाथ और सुजल शामिल हैं। इनके अलावा दो अन्य कर्मचारियों को भी हटाया गया है। जानकारी के अनुसार, इन पर शराब में मिलावट कर बेचने का आरोप था। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
यह जानकारी होली से पहले शराब में मिलावट कर बेचे जाने के संदर्भ में सामने आई है। ये सभी कर्मचारी ग्लोबल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के हैं, जो जिले की सभी शराब दुकानों में कर्मचारियों की तैनाती करती है। कंपनी पर शराब दुकानों में नौकरी दिलाने के नाम पर पैसों के लेनदेन के आरोप भी पहले सामने आ चुके हैं।

इस कार्रवाई के संबंध में जिला आबकारी प्रभारी राकेश राठौर से संपर्क करने पर उन्होंने मीटिंग के बाद बात करने को कहा, लेकिन दोबारा संपर्क नहीं हो पाया। ग्लोबल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रभारी शिव नायक से भी जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
यह कार्रवाई आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन के हालिया निर्देशों के बाद हुई है। उन्होंने कुछ दिनों पहले आबकारी विभाग के अधिकारियों की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए थे कि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी या निजी कंपनियों द्वारा अनियमितता या लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की जाए। मंत्री ने मिलावटी शराब, अवैध बिक्री, शराब तस्करी और महुआ शराब पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
कोरबा
पुलिस ने वृद्ध-आश्रम में बुजुर्गों संग खेली फूलों की होली:थानों में भी मना रंगोत्सव; स्वयंसेवकों ने भी उत्साह से मनाई होली
कोरबा। कोरबा जिले में बुधवार को होली मनाए जाने के बाद गुरुवार सुबह पुलिसकर्मियों ने भी रंगोत्सव मनाया। जिले के विभिन्न थानों और चौकियों में शांतिपूर्ण ढंग से एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी गई।
शहर के कोतवाली थाना, सिविल लाइन थाना, मानिकपुर चौकी, दर्री, बालको और सीएसईबी चौकी में पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। औद्योगिक नगरी कुसमुंडा, दीपका और हरदी बाजार थानों में भी होली का माहौल रहा। करतला, उरगा, बांगो थानों और मोरगा चौकी में भी पर्व शांतिपूर्वक मनाया गया।
इसी क्रम में, सर्वमंगला चौकी क्षेत्र के अंतर्गत मां सर्वमंगला मंदिर परिसर से लगे प्रशांति वृद्ध आश्रम में पुलिसकर्मियों ने एक अनूठी पहल की। यहां पुलिस के आला अधिकारियों और कर्मचारियों ने बुजुर्गों के साथ फूलों की होली खेली।



इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर, कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे और सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी सहित कई पुलिसकर्मी वृद्ध आश्रम पहुंचे। उन्होंने बुजुर्गों के साथ फूलों की होली खेली, उन्हें भोजन कराया और जिले की सुख-शांति के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रगति नगर स्थित छठ घाट पर वंदे मातरम प्रभात शाखा के स्वयंसेवकों ने भी उत्साहपूर्वक होली उत्सव मनाया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक एकत्रित हुए और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पारंपरिक फाग गीतों के साथ उत्सव का माहौल बना रहा।


नगर संघ सह कार्यवाहक खगेंद्र कौशिक ने उपस्थित सभी लोगों को होली से जुड़ी कहानियां सुनाने के लिए प्रेरित किया। स्वयंसेवक अरुण सोनी ने होली पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए हिरण्यकश्यप और भक्त प्रह्लाद की कथा सुनाई। उन्होंने बताया कि होली असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक पर्व है।
हरदी बाजार में भी होली पर्व हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। सर्वप्रथम गांव के मुखिया सरपंच लोकेश्वर कंवर और बुजुर्गों द्वारा होलिका की पूजा-अर्चना कर होलिका दहन किया गया, जिसके बाद रंगों का पर्व खेला गया।
कोरबा
कोरबा में कुएं में गिरने से मां की मौत:पानी निकालते समय हुआ हादसा, बेटियों की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसी
कोरबा। कोरबा के बालको थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में कुएं में गिरने से एक महिला की मौत हो गई। गुरुवार शाम पानी निकालते समय 38 वर्षीय चंदा देवी साह का पैर फिसल गया और वह 30 फीट गहरे कुएं में गिर गईं।
घटना के वक्त चंदा देवी की दो बेटियां मौके पर मौजूद थीं। उन्होंने मां को कुएं में गिरते देख चीख-पुकार मचाई, जिसके बाद रिश्तेदार और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। लोगों ने सीढ़ी और रस्सी की मदद से महिला को कुएं से बाहर निकाला।
उन्हें तुरंत बालको अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों के बयान दर्ज किए।
बालको थाने में पदस्थ एएसआई इमरान खान ने बताया कि घटना के समय महिला की दो बेटियां मौजूद थीं और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। पति लकवाग्रस्त है और इलाज चल रहा है। महिला बालको चौक के पास मूंगफली बेचकर छह बेटियों का भरण-पोषण करती थी।

-
कोरबा2 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
Uncategorized5 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
कोरबा2 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
-
कोरबा2 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
