कोरबा
सरस्वती शिशु मंदिर दर्री में हर्षोल्लास से मनाया गया बसंत पंचमी उत्सव
सरस्वती पूजन के साथ 40 नन्हे बच्चों का मंत्रोच्चार के बीच हुआ विद्यारंभ संस्कार
कोरबा/दर्री। सरस्वती शिशु मंदिर एचटीपीपी दर्री में शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 को बसंत पंचमी के पावन अवसर पर श्रद्धा और उत्साह के साथ सरस्वती पूजन एवं विद्यारंभ संस्कार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर तीन से छह वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विद्यारंभ संस्कार संपन्न कराया गया।

विद्यारंभ संस्कार सोलह संस्कारों में एक महत्वपूर्ण संस्कार माना जाता है, जो बालकों के ज्ञानार्जन और संस्कारमय जीवन की शुरुआत का प्रतीक है। मां सरस्वती के विधिवत पूजन के उपरांत कुल 40 बच्चों का विद्यारंभ कराया गया।

पूजन कार्यक्रम आचार्य गणपत शर्मा के निर्देशन में संपन्न हुआ। मुख्य यजमान के रूप में हसदेव शिक्षण समिति के अध्यक्ष धनंजय सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में व्यवस्थापक भीष्मदेव सिंह, कोषाध्यक्ष मेहुल फड़तड़े, जिला समन्वयक दीपक सोनी, जिला प्रतिनिधि अर्जुन सिंह पटेल, पूर्व अध्यक्ष बद्री प्रसाद स्वर्णकार, पूर्व व्याख्याता चंदूलाल राठौर, पूर्व छात्र राजू सोनी, आशीष अग्रवाल सहित अभिभावक बंधु-भगिनी मौजूद रहे।

विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुषमा बारस्कर सहित कक्षा प्रथम से द्वादश तक के समस्त आचार्य एवं भैया-बहन कार्यक्रम में सहभागी बने। विद्यारंभ के दौरान नन्हे बच्चों ने अपनी माताओं के साथ हवन किया। विद्यालय की ओर से सभी बच्चों को कापी, पेंसिल और रबर प्रदान की गई, जिनमें बच्चों ने माताओं की सहायता से सरस्वती मंत्र लिखकर शिक्षा जीवन का शुभारंभ किया।
कोरबा
कोरबा में शराब में मिलावट, 6 कर्मचारी हटाए गए:आबकारी मंत्री के निर्देश पर विभाग ने की कार्रवाई
कोरबा। कोरबा के रामपुर स्थित कंपोजिट शराब दुकान के 6 कर्मचारियों पर आबकारी विभाग ने कार्रवाई की है। इन कर्मचारियों को शराब में मिलावट के आरोप में दुकान से हटा दिया गया है।
जिन कर्मचारियों पर कार्रवाई हुई है, उनमें सुपरवाइजर विकास साहू, सूरज, लोकनाथ और सुजल शामिल हैं। इनके अलावा दो अन्य कर्मचारियों को भी हटाया गया है। जानकारी के अनुसार, इन पर शराब में मिलावट कर बेचने का आरोप था। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
यह जानकारी होली से पहले शराब में मिलावट कर बेचे जाने के संदर्भ में सामने आई है। ये सभी कर्मचारी ग्लोबल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के हैं, जो जिले की सभी शराब दुकानों में कर्मचारियों की तैनाती करती है। कंपनी पर शराब दुकानों में नौकरी दिलाने के नाम पर पैसों के लेनदेन के आरोप भी पहले सामने आ चुके हैं।

इस कार्रवाई के संबंध में जिला आबकारी प्रभारी राकेश राठौर से संपर्क करने पर उन्होंने मीटिंग के बाद बात करने को कहा, लेकिन दोबारा संपर्क नहीं हो पाया। ग्लोबल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रभारी शिव नायक से भी जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
यह कार्रवाई आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन के हालिया निर्देशों के बाद हुई है। उन्होंने कुछ दिनों पहले आबकारी विभाग के अधिकारियों की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए थे कि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी या निजी कंपनियों द्वारा अनियमितता या लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की जाए। मंत्री ने मिलावटी शराब, अवैध बिक्री, शराब तस्करी और महुआ शराब पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
कोरबा
पुलिस ने वृद्ध-आश्रम में बुजुर्गों संग खेली फूलों की होली:थानों में भी मना रंगोत्सव; स्वयंसेवकों ने भी उत्साह से मनाई होली
कोरबा। कोरबा जिले में बुधवार को होली मनाए जाने के बाद गुरुवार सुबह पुलिसकर्मियों ने भी रंगोत्सव मनाया। जिले के विभिन्न थानों और चौकियों में शांतिपूर्ण ढंग से एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी गई।
शहर के कोतवाली थाना, सिविल लाइन थाना, मानिकपुर चौकी, दर्री, बालको और सीएसईबी चौकी में पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। औद्योगिक नगरी कुसमुंडा, दीपका और हरदी बाजार थानों में भी होली का माहौल रहा। करतला, उरगा, बांगो थानों और मोरगा चौकी में भी पर्व शांतिपूर्वक मनाया गया।
इसी क्रम में, सर्वमंगला चौकी क्षेत्र के अंतर्गत मां सर्वमंगला मंदिर परिसर से लगे प्रशांति वृद्ध आश्रम में पुलिसकर्मियों ने एक अनूठी पहल की। यहां पुलिस के आला अधिकारियों और कर्मचारियों ने बुजुर्गों के साथ फूलों की होली खेली।



इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर, कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे और सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी सहित कई पुलिसकर्मी वृद्ध आश्रम पहुंचे। उन्होंने बुजुर्गों के साथ फूलों की होली खेली, उन्हें भोजन कराया और जिले की सुख-शांति के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रगति नगर स्थित छठ घाट पर वंदे मातरम प्रभात शाखा के स्वयंसेवकों ने भी उत्साहपूर्वक होली उत्सव मनाया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक एकत्रित हुए और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पारंपरिक फाग गीतों के साथ उत्सव का माहौल बना रहा।


नगर संघ सह कार्यवाहक खगेंद्र कौशिक ने उपस्थित सभी लोगों को होली से जुड़ी कहानियां सुनाने के लिए प्रेरित किया। स्वयंसेवक अरुण सोनी ने होली पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए हिरण्यकश्यप और भक्त प्रह्लाद की कथा सुनाई। उन्होंने बताया कि होली असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक पर्व है।
हरदी बाजार में भी होली पर्व हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। सर्वप्रथम गांव के मुखिया सरपंच लोकेश्वर कंवर और बुजुर्गों द्वारा होलिका की पूजा-अर्चना कर होलिका दहन किया गया, जिसके बाद रंगों का पर्व खेला गया।
कोरबा
कोरबा में कुएं में गिरने से मां की मौत:पानी निकालते समय हुआ हादसा, बेटियों की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसी
कोरबा। कोरबा के बालको थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में कुएं में गिरने से एक महिला की मौत हो गई। गुरुवार शाम पानी निकालते समय 38 वर्षीय चंदा देवी साह का पैर फिसल गया और वह 30 फीट गहरे कुएं में गिर गईं।
घटना के वक्त चंदा देवी की दो बेटियां मौके पर मौजूद थीं। उन्होंने मां को कुएं में गिरते देख चीख-पुकार मचाई, जिसके बाद रिश्तेदार और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। लोगों ने सीढ़ी और रस्सी की मदद से महिला को कुएं से बाहर निकाला।
उन्हें तुरंत बालको अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों के बयान दर्ज किए।
बालको थाने में पदस्थ एएसआई इमरान खान ने बताया कि घटना के समय महिला की दो बेटियां मौजूद थीं और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। पति लकवाग्रस्त है और इलाज चल रहा है। महिला बालको चौक के पास मूंगफली बेचकर छह बेटियों का भरण-पोषण करती थी।

-
कोरबा2 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
Uncategorized5 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
कोरबा2 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
-
कोरबा2 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
