छत्तीसगढ़
भोरमदेव पर्यटन कॉरिडोर का 1 जनवरी को होगा भूमिपूजन:146 करोड़ की लागत से बनेगा, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तैयारियों का लिया जायजा
कवर्धा,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के पर्यटन विकास को नई ऊंचाई देने वाले कवर्धा के भोरमदेव पर्यटन कॉरिडोर का भव्य भूमिपूजन एक जनवरी को किया जाएगा। करीब 146 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस प्रदेश के सबसे बड़े पर्यटन कॉरिडोर का भूमिपूजन केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भोरमदेव मंदिर परिसर में आयोजन स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को मंच, बैठक, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और पेयजल सहित सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। इस परियोजना से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी
भोरमदेव मंदिर परिसर अपनी प्राचीन स्थापत्य कला और धार्मिक आस्था के लिए प्रसिद्ध है। पर्यटन कॉरिडोर के निर्माण से यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी। भोरमदेव पर्यटन कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत सड़क, पार्किंग, व्यू प्वाइंट, पर्यटक सुविधा केंद्र, सौंदर्यीकरण एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे
इससे न केवल पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जाए। भोरमदेव कॉरिडोर इसी सोच का परिणाम है, जो आने वाले वर्षों में क्षेत्र की पहचान को और मजबूत करेगा।
भोरमदेव पर्यटन कॉरिडोर का भूमिपूजन न केवल नए साल की शुरुआत को खास बनाएगा, बल्कि छत्तीसगढ़ के पर्यटन मानचित्र पर एक नई उपलब्धि के रूप में दर्ज होगा। यह परियोजना राज्य के ऐतिहासिक और धार्मिक पर्यटन को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
कोरबा
कोरबा में घर के अंदर मिली महिला की लाश:पति ने देखा पत्नी को फंदे पर लटका, भागकर किया था लव-मैरिज, पुलिस जांच में जुटी
कोरबा। कोरबा जिले में एक 26 साल की शादीशुदा महिला की लाश घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटकी मिली। पति ने पत्नी को फंदे पर लटका देखा तो वह घबरा गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। इसके बाद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

जांच में पता चला कि महिला बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की रहने वाली थी। उसके पति ने अपनी पहली पत्नी को छोड़कर उससे लव मैरिज किया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र के कृष्णा नगर बस्ती का है।

जानकारी के मुताबिक, कृष्णा नगर बस्ती निवासी धर्मेंद्र पासवान ने बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गौरेया थाना, तुर्की इलाके की रहने वाली 26 वर्षीय प्रीति उर्फ बेबी को लेकर भाग गया था। इसके बाद धर्मेंद्र ने प्रीति से लव मैरिज कर ली थी।
दोनों पिछले कुछ सालों से कोरबा के कृष्णा नगर में किराए के मकान में रह रहे थे। यहां वे अपने तीन साल के बच्चे के साथ रह रहे थे। धर्मेंद्र पासवान बालको पावर प्लांट में एक निजी कंपनी के ठेकेदारी कार्य से जुड़ा हुआ है।

फांसी के फंदे पर लटकी मिली लाश
रविवार सुबह प्रीति की लाश घर में लोहे के एंगल पर चुन्नी से फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। सुबह जब पति धर्मेंद्र ने प्रीति को फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा तो वह घबरा गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और महिला को नीचे उतारा गया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
इसके बाद उसे तुरंत एंबुलेंस से जिला मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने रविवार शाम तक कमरे को सील कर दिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मानिकपुर चौकी पुलिस ने जब मृतका के परिजनों से उनके थाने के जरिए संपर्क किया तो पता चला कि उसकी मां नहीं है, सिर्फ पिता हैं। लेकिन पिता भी आने को तैयार नहीं हैं, क्योंकि वे भी किसी के साथ प्रेम विवाह कर पहले ही घर छोड़ चुके हैं।
इस मामले को लेकर कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। तहसीलदार के सामने पंचनामा और बयान की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई।
कोरबा
शराब दुकानों पर CM-मंत्री की फोटो लगाने की मांग:बांकिमोंगरा नेता-प्रतिपक्ष ने सुशासन तिहार में किया आवेदन, कहा-राजस्व देने वाली दुकानों पर भी हो तस्वीर
कोरबा। कोरबा में सुशासन तिहार 2026 के तहत एक अनोखा आवेदन सामने आया है। बांकिमोंगरा नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने आबकारी विभाग से शराब दुकानों पर मुख्यमंत्री और आबकारी मंत्री की तस्वीरें लगाने की मांग की है। यह आवेदन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

आवेदन क्रमांक 262703300 में दर्ज इस मांग में जिला कोरबा, नगरीय निकाय बांकिमोंगरा नगर पालिका और वार्ड 7033003 मोंगरा का उल्लेख है। आवेदक मधुसूदन दास ने आबकारी विभाग को संबोधित करते हुए यह मांग रखी है।

आवेदन में कहा- राजस्व देने वाली दुकानों पर भी हो तस्वीर
मधुसूदन दास ने अपने आवेदन में तर्क दिया है कि राज्य के सभी कार्यों और योजनाओं में मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्री की तस्वीरें लगाई जाती हैं। इसी प्रकार, राज्य सरकार को बड़ा राजस्व देने वाली शराब दुकानों पर भी मुख्यमंत्री और आबकारी मंत्री की तस्वीरें लगाई जानी चाहिए। आवेदन पर आवेदक के हस्ताक्षर भी मौजूद हैं।
सुशासन तिहार 2026 छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा जनता की समस्याओं और मांगों के निराकरण के लिए चलाया जा रहा एक अभियान है। इस अभियान के तहत नागरिक अपनी मांगें और शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।
यह आवेदन सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है, जहां लोग इसे सुशासन तिहार के तहत आई एक अनूठी मांग बता रहे हैं। हालांकि, आवेदन में अभी प्रभारी अधिकारी के नाम और हस्ताक्षर वाला हिस्सा खाली है, और शिविर की तारीख भी दर्ज नहीं है।
आवेदन की वर्तमान स्थिति सुशासन तिहार के आधिकारिक पोर्टल https://sushasantihar.cg.nic.in पर देखी जा सकती है।
कोरबा
बस ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत,दो घायल:कोरबा-चांपा मार्ग पर हादसा, बस ड्राइवर मौके से फरार
कोरबा। कोरबा में सोमवार दोपहर उरगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर भारतमाला ओवरब्रिज के नीचे एक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बस ने एक बाइक पर सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में राहगीर और ग्रामीण जमा हो गए। मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगने से जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। पुलिस ने 112 की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
बाइक पर सवार तीन लोगों में जितेंद्र कंवर की मौत हो गई। मोनू सिंह और रोशन तिर्की घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक और घायल तीनों कोरबा के इमलीडुग्गू बस्ती के निवासी हैं। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।



उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के दोनों तरफ कोयला लोड ट्रेलरों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। कई बार भारी वाहन गलत दिशा में भी खड़े हो जाते हैं, जिससे यहां आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है।
लोगों ने यह भी बताया कि एक दिन पहले ही इस सड़क पर जाम और अव्यवस्था को लेकर खबर प्रकाशित हुई थी और हादसे की आशंका जताई गई थी, लेकिन इसके बाद भी किसी विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
हादसे के बाद ड्राइवर बस लेकर मौके से फरार हो गया।
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
Uncategorized8 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा2 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
