छत्तीसगढ़
भूपेश बोले- हिमंता पहले संपत्ति की जांच कराएं,फिर केस करें:सरमा ने किया है 500 करोड़ का मानहानि-केस, 12000 बीघा जमीन पर कब्जे का आरोप
रायपुर,एजेंसी। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ 500 करोड़ का मानहानि केस किया है। इनके साथ कांग्रेस नेता जितेंद्र सिंह और गौरव गोगोई का नाम भी शामिल है। यह मामला एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लगाए गए ‘12,000 बीघा जमीन’ के कथित आरोपों से जुड़ा है।
दरअसल, मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि, भूपेश बघेल और अन्य कांग्रेस नेताओं ने उनके खिलाफ जानबूझकर गलत और दुर्भावनापूर्ण आरोप लगाए। जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है। इसलिए उन्होंने अदालत में सिविल और क्रिमिनल मानहानि का केस दर्ज कराया है।
वहीं भूपेश बघेल ने पलटवार किया है, उनके मुताबिक हेमंत बिस्वा सरमा को पहले यह बताना चाहिए कि क्या 12,000 बीघा जमीन पर अतिक्रमण है? गौरव गोगोई ने यही सवाल उठाया है। केस दर्ज करने के बजाय उन्हें एक समिति गठित करके संपत्ति की जांच करानी चाहिए थी।

मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी है।
9 फरवरी को शुरू हुई कानूनी कार्रवाई
हिमंता बिस्वा सरमा के अनुसार, 9 फरवरी 2026 को भूपेश बघेल सहित कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई। उन्होंने कहा कि, राजनीतिक असहमति अलग बात है, लेकिन सार्वजनिक मंच से निराधार आरोप लगाना कानून के दायरे में आता है।
सीएम सरमा का आरोप है कि, कांग्रेस नेताओं, खासकर भूपेश बघेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए उनके खिलाफ ऐसे बयान दिए जो पूरी तरह झूठे और तथ्यहीन हैं। इसी को लेकर उन्होंने सीधे कोर्ट का रुख किया।

सरमा ने कांग्रेस नेताओं दावों को पूरी तरह से “झूठा, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक” करार दिया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बयान बने विवाद की वजह
बता दें कि, मामला 4 फरवरी को गुवाहाटी में आयोजित एक संयुक्त प्रेस वार्ता से शुरू हुई। असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने दावा किया था कि पार्टी की आंतरिक जांच में यह सामने आया है कि मुख्यमंत्री और उनके परिवार ने राज्य भर में लगभग 12,000 बीघा जमीन पर कब्जा कर रखा है। सरमा ने इन दावों को पूरी तरह से “झूठा, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक” करार दिया है।
इससे पहले सरमा ने कहा था कि वे गांधी परिवार के गुलामों की ओर से किए जा रहे प्रचार, बदनाम करने की कोशिश या राजनीतिक नाटक से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हिट एंड रन राजनीति का दौर खत्म हो चुका है। अगर उनके पास जरा भी साहस या सबूत है तो अदालत में पेश करें।
इसी बीच असम की राजनीति में हिमंता सरमा और गौरव गोगोई के बीच टकराव और तेज हो गया है। मुख्यमंत्री ने हाल ही में आरोप लगाया था कि गौरव गोगोई और उनकी ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न के पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख से गहरे संबंध हैं और इससे संवेदनशील सूचनाएं पाकिस्तान तक पहुंचने की आशंका जताई थी।
हालांकि, कांग्रेस ने इन आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के पास अपने दावों के समर्थन में कोई दस्तावेजी सबूत नहीं है और उन्होंने मानसिक संतुलन खो दिया है।

छत्तीसगढ़
मैकेनिक बोला- पुलिसवाले के कारण फांसी लगा रहा हूं:कहा- मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी, वसूली का आरोप, सुसाइड के बाद मोबाइल में मिला वीडियो
रायपुर, एजेंसी। रायपुर में मैकेनिक महेश दास मानिकपुरी की खुदकुशी से पहले का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें वो कह रहा है कि, मैं प्रतिमा और बंटी पुलिस वाले की वजह से फांसी लगा रहा हूं। उसने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी। मुझे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
महेश ने वीडियो में कहा कि, बंटी क्राइम ब्रांच खमतराई, प्रतिमा मानिकपुरी, मोगरा दास, गोपीदास मानिकपुरी और उनके पिता ने मुझे बहुत परेशान किया। मुझे मरने के लिए मजबूर किया है। परिजनों ने पुलिस पर वसूली के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
घटना के 9 दिन बाद मृतक के मोबाइल से वीडियो मिला है। परिजनों ने दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। अधिकारियों ने जांच का आश्वासन दिया है। मामला खमतराई थाना इलाके का है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, खमतराई निवासी महेश दास मानिकपुरी ने 3 जुलाई को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। महेश की पत्नी कुछ दिनों पहले उसे छोड़कर चली गई थी। घटना के बाद परिजनों ने महेश का मोबाइल सुरक्षित रख लिया था। करीब 9 दिन बाद जब उन्होंने मोबाइल की जांच की, तो उसमें रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो मिला।
वीडियो में महेश ने पुलिसकर्मी बंटी का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि वह उसे लगातार परेशान कर रहा था और कथित रूप से वसूली के लिए दबाव बना रहा था। महेश ने वीडियो में अपनी मानसिक प्रताड़ना का भी जिक्र किया है।

महेश दास मानिकपुरी ने 3 जुलाई को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
वीडियो देखने के बाद परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से मिलकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि, यदि समय रहते शिकायत पर ध्यान दिया जाता, तो शायद महेश की जान बच सकती थी। परिजनों ने कहा कि आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

मैकेनिक महेश दास मानिकपुरी की फाइल फोटो।
अधिकारियों ने जांच का दिया आश्वासन
इस मामले में खमतराई टीआई जितेंद्र जायसवाल ने दैनिक भास्कर को बताया कि, मृतक के परिजनों की शिकायत पर जांच की जा रही है। सुसाइड करने वाले महेश दास मानिकपुरी पर 6 महीने पहले फर्जी पुलिसकर्मी बनकर पैसे लेने के आरोप में कार्रवाई की गई थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, वीडियो की सत्यता, उसमें लगाए गए आरोपों और बाकी परिस्थितियों की बारीकी से जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई और मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
छत्तीसगढ़
मुनि शाश्वतरत्न सागर बोले-संसार स्वार्थ और पापों से भरा हुआ:कहा- नवकार जाप से होगी आत्मा की शुद्धि, दोषों से मुक्त होने का करें प्रयास
रायपुर, एजेंसी। रायपुर के भैरव सोसायटी स्थित अरिहंत भवन में रविवार को नवकार जाप ग्रुप और अरिहंत हाईट्स वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में 31वें नवकार जाप का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम मुनि शाश्वतरत्न सागर ठाणा-2 के सान्निध्य में संपन्न हुआ।
मुनि शाश्वतरत्न सागर ने कहा कि नवकार जाप से मन को शांत रखने और अपने अंदर की बुराइयों को दूर करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि अगर व्यक्ति नियमित रूप से जाप और आत्मचिंतन करे, तो वह अपने जीवन को सही दिशा में ले जा सकता है।

दोषों को दूर करने का प्रयास जरुरी
उन्होंने कहा कि संसार में स्वार्थ, पाप और अज्ञान जैसी कई बुराइयां हैं। इनकी वजह से इंसान सही रास्ते से भटक जाता है। इसलिए हर व्यक्ति को अपने दोषों को पहचानकर उन्हें दूर करने का प्रयास करना चाहिए। यही आध्यात्मिक जीवन की शुरुआत है।
कार्यक्रम में आशीष जैन, वीरेंद्र डागा, कमल जैन, दीपक कवाड़, निकुंज साचला और कमलेश ललवानी सहित समाज के कई लोग मौजूद रहे। वीरेंद्र डागा ने बताया कि नवकार जाप का उद्देश्य लोगों को धर्म, आत्मचिंतन और अच्छे जीवन की ओर प्रेरित करना है।
छत्तीसगढ़
BSP में करंट लगने से कर्मचारी की मौत:इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस के दौरान हादसा, हॉट सॉ-3 में कर रहे थे काम
दुर्ग-भिलाई, एजेंसी। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में रविवार को इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। काम करते समय करंट लगने से संयंत्र के कर्मचारी विनोद कुमार (36) की मौत हो गई। हादसा यूआरएम (यूनिवर्सल रेल मिल) के हॉट सॉ-3, एबी बे स्थित क्रेन-407 के पास हुआ। सूचना मिलते ही संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार भिलाई इस्पात संयंत्र में जेईए (जूनियर इंजीनियरिंग असिस्टेंट) के पद पर कार्यरत थे। रविवार को उनकी बी शिफ्ट में ड्यूटी थी। वे यूआरएम के हॉट सॉ-3, एबी बे स्थित क्रेन-407 के पास इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
शाम 4:53 बजे मेडिकल पोस्ट लाया गया
हादसे के बाद वहां मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना अधिकारियों को दी। गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार को इलाज के लिए प्लांट के मेन मेडिकल पोस्ट-1 ले जाया गया। उन्हें शाम 4:53 बजे मेडिकल पोस्ट पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
प्रबंधन ने कर्मचारी की मौत की पुष्टि की
घटना की सूचना मिलते ही प्लांट के संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बीएसपी प्रबंधन ने कर्मचारी विनोद कुमार की मौत की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।
जांच के बाद सामने आएगी हादसे की वजह
भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन के अनुसार, हादसे की शुरुआती जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मेंटेनेंस के दौरान विनोद कुमार करंट की चपेट में कैसे आए।
जांच में सुरक्षा मानकों के पालन, कार्यस्थल की स्थिति और हादसे से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। वरिष्ठ अधिकारी पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
-
Uncategorized10 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
Uncategorized10 months agoबाँकी कॉलोनी के दुर्गा भवन क्लब का होगा नवनिर्माण, नपा अध्यक्षा ने दिया आश्वाशन….देखे पूरी खबर
-
बाँकी मोगरा10 months agoथाना बाँकी–दर्री के सीमा सुमेधा पुल पर हुई लूट कांड, प्रार्थी तीन दिनों से भटक रहा, अब तक नहीं हुई शिकायत दर्ज…..।
-
कोरबा6 months agoकोरबा बांकीमोंगरा क्षेत्र में युवती से दुष्कर्म – मुख्य आरोपी तरुण व एक सहयोगी हिरासत में। अन्य की तलाश जारी…..देखे पूरी खबर…।
-
कोरबा2 years agoमहतारी वंदन योजना से महिलाएं परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने सहित समाज की प्रगति में दे रही योगदान’
-
कोरबा12 months agoबांकीमोंगरा सड़क निर्माण गुणवत्ताहीन की शिकायत पर पहुंची न.प्रशा. विकास विभाग परीक्षण टीम, नवनिर्माण सीसी सड़क का किया कोर कटिंग परीक्षण…देखे पूरी खबर
-
कोरबा11 months agoअंकित सिंह बने श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला उपाध्यक्ष
-
Uncategorized1 year agoबाकी मोगरा में गूंजी या अली या हुसैन की सदाएं, मुहर्रम ताजिया जुलूस व झांकी निकाल इमाम हुसैन को याद कर मनाया मुहर्रम पर्व…..।
