Connect with us

देश

EPFO का बड़ा तोहफा! अब UPI से निकाल सकेंगे PF का पैसा, दिसंबर से शुरू हो सकती है सुविधा

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के करोड़ों सदस्यों के लिए अच्छी खबर है। EPFO दिसंबर 2026 के अंत तक UPI के जरिए PF निकासी की सुविधा शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसके बाद कर्मचारी BHIM ऐप की मदद से अपने बैंक खाते में पीएफ की मंजूर रकम प्राप्त कर सकेंगे।

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत शुरुआत में UPI से PF निकालने की न्यूनतम सीमा 1,000 रुपए रखी जा सकती है। इसका मकसद छोटी रकम निकालने के लिए बार-बार क्लेम करने की परेशानी को कम करना है।

तकनीकी टेस्टिंग के दो चरण पूरे

UPI से PF निकासी के लिए जरूरी तकनीकी व्यवस्था तैयार हो चुकी है। अलग-अलग यूजर ग्रुप के बीच दो चरणों में टेस्टिंग भी पूरी कर ली गई है। ट्रायल के दौरान सामने आई कमियों को दूर किया जा चुका है।

हालांकि, EPFO के नए सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म ‘सेंट्रलाइज्ड IT-इनेबल्ड सिस्टम 2.0’ (CITES 2.0) पर माइग्रेशन के दौरान कुछ तकनीकी चुनौतियां अभी बाकी हैं। इन्हें दूर करने के बाद सुविधा लॉन्च की जाएगी।

मार्च 2025 में शुरू हुई थी पहल

UPI आधारित PF निकासी योजना पर 28 मार्च 2025 को सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) की 113वीं एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक में चर्चा हुई थी। इसके अगले दिन श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने प्रेस रिलीज जारी कर इसकी जानकारी दी थी।

इस परियोजना के लिए EPFO के टेक्नोलॉजी पार्टनर C-DAC को तकनीकी सिस्टम तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई। इसमें SBI और NPCI के साथ सिस्टम को जोड़ने के लिए API विकसित करने का काम भी शामिल था।

BHIM ऐप से निकाल सकेंगे PF का पैसा

13 अक्टूबर 2025 को CBT ने EPFO 3.0 के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन फ्रेमवर्क को मंजूरी दी थी। इसका उद्देश्य क्लेम सेटलमेंट तेज करना और निकासी प्रक्रिया को आसान बनाना है। नई सुविधा के तहत सदस्य BHIM ऐप के जरिए UPI से अपने बैंक खाते में मंजूर PF राशि प्राप्त कर सकेंगे।

हालांकि, शुरुआती चरण में 1,000 रुपए से कम की निकासी इस सुविधा के तहत संभव नहीं हो सकती है। EPFO का लक्ष्य दिसंबर 2026 के अंत तक यह सुविधा शुरू करना है। अंतिम नियम और प्रक्रिया लॉन्च के समय स्पष्ट किए जाएंगे।

Continue Reading

देश

NSE Share Price: शेयर बाजार में NSE का जलवा, दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा एक्सचेंज बना, शेयर ने छुआ रिकॉर्ड हाई

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने वैश्विक शेयर बाजार में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मार्केट कैपिटलाइजेशन के मामले में NSE दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा लिस्टेड एक्सचेंज बन गया है। इसने जर्मनी के डॉयचे बोर्स एजी और लंदन स्टॉक एक्सचेंज को पीछे छोड़ दिया है। NSE का बाजार मूल्यांकन बढ़कर करीब 64.1 अरब डॉलर यानी लगभग 6 लाख करोड़ रुपए हो गया है।

गुरुवार, 26 नवंबर को NSE के शेयरों में भी जोरदार तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान शेयर 3.5 फीसदी चढ़कर 2,400 रुपए के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया। यह लिस्टिंग के बाद शेयर का नया रिकॉर्ड स्तर है। शेयर 2,317.65 रुपए पर खुला था और कारोबार के दौरान इसमें लगातार खरीदारी देखने को मिली।

Deutsche Boerse और London Stock Exchange को छोड़ा पीछे

NSE के बढ़ते बाजार मूल्यांकन ने इसे दुनिया के प्रमुख स्टॉक एक्सचेंजों की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंचा दिया है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, NSE का मार्केट कैप करीब 64.1 अरब डॉलर है।

वहीं, जर्मनी के Deutsche Boerse AG का बाजार मूल्यांकन 63.4 अरब डॉलर और London Stock Exchange का मार्केट कैप 62.4 अरब डॉलर है। इस तरह NSE ने दोनों बड़े एक्सचेंजों को पीछे छोड़ दिया है।

नवंबर में भी शेयरों की तेजी जारी

NSE के शेयरों में नवंबर के दौरान लगातार मजबूती देखने को मिली है। इस महीने अब तक हुए 18 कारोबारी सत्रों में से 14 सत्रों में शेयर बढ़त के साथ बंद हुआ है।

हालांकि, लिस्टिंग के बाद शुरुआती दौर में NSE के शेयरों में कमजोरी भी आई थी। एक समय इसका भाव गिरकर 1,640 रुपए तक पहुंच गया था, जो 1,785 रुपए के IPO इश्यू प्राइस से भी नीचे था लेकिन इसके बाद शेयर ने शानदार वापसी की।

अक्टूबर में NSE के शेयरों में करीब 34 फीसदी की तेजी दर्ज की गई थी। अब शेयर अपने इश्यू प्राइस से लगभग 35 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहा है।

Continue Reading

देश

सेबी ने ‘कॉफी डे एंटरप्राइजेज’ में कोष की हेराफेरी की जांच के लिए ‘फॉरेंसिक ऑडिटर’ नियुक्त किया

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। बाजार नियामक सेबी ने कॉफी डे एंटरप्राइजेज लि. (सीडीईएल) के मामलों की जांच में मदद के लिए ‘फॉरेंसिक ऑडिटर’ नियुक्त किया है। यह नियुक्ति प्रतिभूति अपीलीय न्यायाधिकरण (सैट) के निर्देश के बाद की गई है। सैट ने पांच नवंबर को सेबी को ‘कॉफी डे एंटरप्राइजेज’ की सात अनुषंगी कंपनियों से 3,535 करोड़ रुपये की कथित हेराफेरी कर कंपनी के प्रवर्तकों से जुड़ी इकाई ‘मैसूर अमलगमेटेड कॉफी एस्टेट्स लिमिटेड (एमएसीईएल)’ में भेजे जाने के मामले की नए सिरे से, स्वतंत्र और व्यापक जांच करने का निर्देश दिया था। 

सीडीईएल ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि पांच नवंबर, 2026 को अपीलीय न्यायाधिकरण के आदेश के बाद सेबी ने 25 नवंबर, 2026 के पत्र के जरिये कंपनी को सूचित किया है कि जांच प्राधिकरण की सहायता के लिए सीएलए इंडस वैल्यू कंसल्टिंग को ‘फॉरेंसिक ऑडिटर’ नियुक्त किया गया है। कंपनी ने कहा कि उसका निदेशक मंडल इस मामले में जरूरत के मुताबिक आगे की कार्रवाई करेगा। 

सैट ने पांच नवंबर को सेबी के पूर्णकालिक सदस्य (डब्ल्यूटीएम) के आदेश को रद्द करते हुए नियामक को छह महीने के भीतर आगे की जांच पूरी करने और कानून के अनुसार उचित आदेश पारित करने का निर्देश दिया था। यह आदेश सीडीईएल की ओर से दायर अपील पर आया है, जिसमें उसने भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसके तहत कथित प्रतिभूति कानूनों के उल्लंघन के मामले में सेबी अधिनियम, 1992 की धारा 15एचए और 15एचबी के तहत 26 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया गया था। 

सैट ने अपने आदेश में कहा था कि सीडीईएल समूह और उसके प्रवर्तकों से धन के कथित हस्तांतरण की पूरी प्रक्रिया की स्वतंत्र और व्यापक जांच कराना न्यायहित में होगा। न्यायाधिकरण ने सेबी को विभिन्न पक्षों की भूमिका का पता लगाने और उचित कार्रवाई पर विचार करने को भी कहा था। इसमें कंपनी के सार्वजनिक शेयरधारकों को उनका नुकसान पूरा करने के लिए पर्याप्त कदम उठाने पर विशेष रूप से विचार करने का निर्देश दिया गया था। 

Continue Reading

देश

अल नीनो के बावजूद खरीफ खाद्यान्न उत्पादन 16.71 करोड़ टन रहने का अनुमान: चौहान

Published

on

नई दिल्ली, एजेंसी। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बृहस्पतिवार को कहा कि अल नीनो के प्रभाव और मानसून में देरी के बावजूद फसल वर्ष 2026-27 में खरीफ खाद्यान्न उत्पादन 16.71 करोड़ टन रहने का अनुमान है। यह पिछले पांच वर्षों के औसत उत्पादन से 97.7 लाख टन अधिक है। 

चौहान ने खरीफ फसलों के पहले अग्रिम अनुमान जारी करते हुए कहा कि अल नीनो और मानसून में देरी के कारण मौसम की गंभीर चुनौतियों के बावजूद खरीफ खाद्यान्न उत्पादन 16.71 करोड़ टन रहने का अनुमान है। यह अनुमान सरकार की ओर से सितंबर में तय किए गए 19.62 करोड़ टन के खरीफ उत्पादन लक्ष्य से कम है। उस समय सरकार ने अल नीनो का हवाला देते हुए वर्ष 2026-27 के लिए कुल खाद्यान्न उत्पादन का लक्ष्य भी घटाकर 37.39 करोड़ टन कर दिया था। फसल सत्र आगे बढ़ने के साथ अग्रिम अनुमानों में आमतौर पर संशोधन किया जाता है।

वर्ष 2026 के खरीफ सत्र में पोषक अनाज (मोटे अनाज) का उत्पादन 3.81 करोड़ टन और तिलहन का उत्पादन 2.39 करोड़ टन रहने का अनुमान है। खरीफ फसलों की कटाई पूरी हो चुकी है और किसानों ने गेहूं जैसी रबी की फसलों की बुवाई शुरू कर दी है। चौहान ने जून में समाप्त फसल वर्ष 2025-26 के अंतिम उत्पादन अनुमान जारी करते हुए कहा कि देश का खाद्यान्न उत्पादन रिकॉर्ड 37.85 करोड़ टन पर पहुंच गया। यह इससे पिछले वर्ष की तुलना में करीब 5.8 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि 2025-26 में खाद्यान्न उत्पादन 2.08 करोड़ टन अधिक रहा, जो 2024-25 में 35.77 करोड़ टन था। चावल का उत्पादन 3.3 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 15.51 करोड़ टन हो गया, जो 2024-25 में 15.018 करोड़ टन था। 

गेहूं का उत्पादन भी 3.5 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 12.206 करोड़ टन पर पहुंच गया। भारत दुनिया का सबसे बड़ा चावल उत्पादक देश है। चौहान ने कहा कि चावल का निर्यात पांच प्रतिशत बढ़ा है। इसमें अमेरिका, कनाडा और पश्चिम एशिया को प्रीमियम बासमती चावल का निर्यात भी शामिल है। मक्का का उत्पादन करीब 27 प्रतिशत बढ़कर 5.50 करोड़ टन हो गया, जो पिछले वर्ष 4.34 करोड़ टन था। दलहन का कुल उत्पादन 6.1 प्रतिशत बढ़कर 2.72 करोड़ टन रहा। तिलहन का उत्पादन 0.6 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 4.326 करोड़ टन हो गया, जो 2024-25 में 4.299 करोड़ टन था। मूंगफली का उत्पादन 1.194 करोड़ टन से बढ़कर 1.317 करोड़ टन हो गया। 

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677