Connect with us

छत्तीसगढ़

भाजपा बोली-कांग्रेस देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही:सक्ती में सच्चिदानंद उपासने बोले- राहुल गांधी पहले इंदिरा गांधी का राजनीतिक इतिहास पढ़ें

Published

on

सक्ती। सक्ती जिले के चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के डभरा में भारतीय जनता पार्टी के देशव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के तहत 31 अक्टूबर को विशाल संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता सच्चिदानंद उपासने ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय तक सत्ता में रहने वाली कांग्रेस अब सत्ता से बाहर होने के बाद देश में अराजकता और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। वोट चोरी और लोकतंत्र खतरे में होने के कांग्रेस के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए उन्होंने राहुल गांधी को अपनी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के राजनीतिक इतिहास का अध्ययन करने की सलाह दी।

इंदिरा गांधी के चुनाव को हाईकोर्ट ने किया था अवैध घोषित

उपासने ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में सत्ता बचाने के लिए कई बार संविधान में संशोधन किए और चुनावी प्रक्रिया में सरकारी तंत्र के दुरुपयोग के आरोपों का सामना किया। उन्होंने 1971 के रायबरेली लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग और चुनावी अनियमितताओं के आधार पर तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चुनाव को अवैध घोषित किया था।

उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के शासनकाल में इस तरह के विवाद सामने आए, वही आज लोकतंत्र और चुनावी पारदर्शिता पर सवाल उठा रही है।

SIR को बताया चुनाव आयोग की नियमित प्रक्रिया

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष के विरोध पर उपासने ने कहा कि यह निर्वाचन आयोग की नियमित और पारदर्शी प्रक्रिया है। इसके तहत मृत, पलायन कर चुके और फर्जी मतदाताओं के नाम हटाए जाते हैं। वहीं, 18 साल की आयु पूरी कर चुके नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े जाते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल मतदाता सूची में सुधार की प्रक्रिया का विरोध इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि इससे फर्जी मतदाताओं के नाम हटने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और पारदर्शी बनाना है। कांग्रेस के शासनकाल में भी मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण होता रहा है। ऐसे में अब इसका विरोध करना राजनीतिक विरोधाभास है।

चुनाव आयोग की नियुक्ति और EVM पर कांग्रेस को घेरा

सच्चिदानंद उपासने ने मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने तीन सदस्यीय चयन समिति के माध्यम से नियुक्ति व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने का काम किया है।

उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि चुनाव में जीत मिलने पर उसे EVM और मतदाता सूची पर भरोसा रहता है, लेकिन हार मिलने पर वही चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठाने लगती है और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करती है। उन्होंने हाल ही में हुए विधान परिषद चुनावों का भी उल्लेख करते हुए कांग्रेस की चुनावी रणनीति पर सवाल उठाए।

भाजपा की विचारधारा और मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

उपासने ने भाजपा की वैचारिक यात्रा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और बलिदानों के आधार पर भाजपा ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। देश की सेना स्वदेशी हथियारों से सशक्त हो रही है और भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

रायपुर में करोड़ों का प्रतिबंधित गुटखा जब्त:टैक्स चोरी की आशंका, कारोबार से जुड़े लोगों की तलाश, पुलिस ने GST विभाग को दी सूचना

Published

on

रायपुर, एजेंसी। रायपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपए कीमत का प्रतिबंधित गुटखा जब्त किया है। पुलिस ने मुखबिर से मिले इनपुट के बाद संबंधित ठिकानों पर छापा मारा। मौके से बड़ी मात्रा में गुटखा बरामद किया गया है।

GST विभाग को दी सूचना

गुटखा मिलने के बाद पुलिस ने इसकी सूचना राज्य और केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (GST) विभाग को दी है। पुलिस अब पता लगा रही है कि इस कारोबार के पीछे कौन लोग हैं और गुटखे की सप्लाई कहां-कहां की जा रही थी।

वहीं, गुटखे के भंडारण और परिवहन में टैक्स चोरी हुई है या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी। फिलहाल विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। यह कार्रवाई खमतराई थाना क्षेत्र में की गई।

सितंबर में भी DGGI ने की थी छापेमारी

इससे पहले 26 सितंबर 2026 में डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की टीम ने रायपुर के शदाणी दरबार मार्केट स्थित एक गोदाम में छापा मारा था। महाराष्ट्र से मिले इनपुट के बाद तीन गाड़ियों में अधिकारी कारोबारी के ठिकाने पर पहुंचे थे।

टीम को गोदाम में 50 से ज्यादा बोरे सितार गुटखा मिले थे। अधिकारियों ने गुटखे के स्टॉक और दस्तावेजों की जांच की थी। गोदाम मालिक समेत कुछ लोगों को बुलाकर पूछताछ भी की गई थी। पूरी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई थी।

गुटखा कारोबारी बंटी से जुड़े थे तार

DGGI सूत्रों के मुताबिक, सितंबर में जिस गोदाम में छापेमारी हुई थी, वह गुटखा कारोबारी बंटी का बताया गया था। उसके दुर्ग में भी एक पार्टनर होने की जानकारी सामने आई थी।

बताया गया था कि महाराष्ट्र के कल्याण के पास फैक्ट्री से गुटखा बनवाकर छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मुंबई और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में सप्लाई किया जा रहा है।

दुर्ग में भी पकड़ी गई थी गुटखा बनाने की फैक्ट्री

रायपुर की कार्रवाई से पहले दुर्ग जिले के कुम्हारी में सेंट्रल GST इंटेलिजेंस की टीम ने एक फैक्ट्री में छापा मारा था। स्टेशन चौक इलाके में स्थित इस फैक्ट्री में सितार कंपनी का गुटखा बनाया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान टीम ने गुटखा बनाने वाली दो मशीनें और करीब 30 बोरे गुटखा जब्त किए थे।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ का 26वां स्थापना दिवस:राज्योत्सव में बोले मांडविया- छत्तीसगढ़ अब टूरिज्म हब बना, CM ने कहा- नक्सलवाद का खात्मा सबसे बड़ा काम

Published

on

रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ आज अपना 26वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस मौके पर आज से तीन दिवसीय राज्योत्सव की शुरुआत हो गई है। नवा रायपुर में हो रहे आयोजन के पहले दिन केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया शामिल हुए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का नाम लेते ही पहले नक्सलियों का नाम आता था। आज छत्तीसगढ़ एक टूरिज्म हब बन गया है। मल्टीनेशनल कंपनियां छत्तीसगढ़ में निवेश करना चाह रही हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पिछले 3 साल में सबसे बड़ा काम नक्सलवाद का खात्मा हुआ है। यह राज्य के विकास में रोड़ा था, जिसे खत्म किया गया। खनिज संपदा और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर छत्तीसगढ़ में विकास नहीं पहुंच रहा था। डबल इंजन सरकार में यह समस्या हल हुई।

राज्योत्सव के पहले दिन केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया शामिल हुए।

राज्योत्सव के पहले दिन केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया शामिल हुए।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

समापन समारोह में आएंगे शाह

राज्योत्सव मेला स्थल को देश के अलग-अलग राज्यों से आए कारीगरों ने सजाया है। विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों में सरकारी योजनाओं, उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजना को दिखाया जाएगा। तीन दिवसीय आयोजन के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया शामिल हुए, जबकि समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़वासियों को स्थापना दिवस की बधाई दी है।

राज्योत्सव में पहुंचने के लिए 6 रास्तों से एंट्री

राज्योत्सव में पहुंचने के लिए प्रशासन ने 6 रास्तों से प्रवेश और 40 हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की है। सुरक्षा और सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। आयोजन स्थल पर लोगों की सुविधा के लिए 300 शौचालय बनाए गए हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अस्पताल और 25 एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है।

41 राज्य अलंकरण और पुरस्कार दिए जाएंगे

इस बार राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ रखी गई है। समारोह के अंतिम दिन 41 राज्य अलंकरण और पुरस्कार दिए जाएंगे।

इस बार 3 नए सम्मान दिए जाएंगे। पहली बार पंडवानी गायिका तीजन बाई, संत रविदास और चेन्दरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार के नाम पर राज्य अलंकरण शुरू किया जा रहा है।

समारोह में गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में अलग-अलग क्षेत्रों में अच्छा काम करने वाले लोगों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।

Continue Reading

कोरबा

राहुल गांधी के नेतृत्व में 01 नवम्बर को आयोजित महारैली में कोरबा से पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल भी हुए शामिल

Published

on

कोरबा। इण्डिया ब्लाॅक के तत्वाधान में एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में 01 नवम्बर को आयोजित महारैली में कोरबा से पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल भी शामिल हुए।

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में इस महारैली का आयोजन हुआ। रैली में कोरबा जिले से सैकड़ों पदाधिकारी शामिल हुए। जिसमें मुख्य रुप से पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, प्रदेश सचिव बी.एन. सिंह, सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल, श्याम सुंदर सोनी, जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर, मनोज चौहान, ओबीसी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष गजानंद साहू, राजेश मानिकपुरी, ब्लाॅक अध्यक्ष पालूराम साहू, पार्षद रवि सिंह चंदेल, सुखसागर निर्मलकर, अमरदास, हरविन्दर सिंह, राकेश पंकज, विवेक श्रीवास, अश्वनी पटेल, पवन यादव, उमेश यादव, पुष्पेन्द्र यादव, अर्जुन यादव, सुखदेव, दीपक यादव सहित अनेकों कांग्रेस नेता दिल्ली पहुॅंचे हैं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677