Connect with us

बाँकी मोगरा

NQAS मूल्यांकन के लिए शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कार्टाइनार पहुंची केंद्रीय टीम, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का किया परीक्षण,,देखे पूरी खबर

Published

on

संवाददाता साबीर अंसारी

बांकीमोंगरा:– राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कार्टाइनार में केंद्र सरकार द्वारा नामित विशेषज्ञों की टीम ने बाह्य गुणवत्ता मूल्यांकन किया। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को दी जा रही सुविधाओं, उपचार व्यवस्था और गुणवत्ता मानकों के पालन की व्यापक जांच की गई।

मूल्यांकन दल में तेलंगाना की सुश्री काटा मरियम्मा तथा महाराष्ट्र के डॉ. प्रशांत कपसे शामिल रहे। विशेषज्ञों ने अस्पताल की ओपीडी सेवाएं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुविधाएं, आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था, संक्रमण नियंत्रण प्रणाली, दवा एवं चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, जैव-चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन, अभिलेखों के रख-रखाव, गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली तथा डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने विभिन्न विभागों का दौरा कर कर्मचारियों से जानकारी ली और यह परखा कि स्वास्थ्य केंद्र में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानकों तथा मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOP) का किस स्तर तक पालन किया जा रहा है। विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का भी मूल्यांकन किया।

मूल्यांकन के समय चिकित्सा अधिकारी डॉ. सी. पंथ, जिला शहरी स्वास्थ्य मिशन प्रबंधक ज्योत्सना ग्वाला, समदर्शी गभेल, राज्य प्रतिनिधि देवेंद्र गुर्जर, पन्ना लाल पटेल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। यह मूल्यांकन भविष्य में स्वास्थ्य केंद्र को और अधिक गुणवत्तापूर्ण एवं मरीज-केंद्रित सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Continue Reading

नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा

पत्रकारों को मिली बड़ी सौगात, बाँकीमोंगरा में प्रेस क्लब भवन निर्माण का हुआ शुभारंभ,,देखे पूरी खबर

Published

on

संवाददाता साबीर अंसारी

बाँकीमोंगरा/कोरबा। क्षेत्र के पत्रकारों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी होने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ गया। नगर पालिका परिषद बाँकीमोंगरा द्वारा प्रेस क्लब के लिए सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन विधायक प्रेमचंद पटेल एवं नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा श्रीमती सोनी विकास झा के करकमलों से संपन्न हुआ।

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और समाज में जागरूकता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में उनकी अहम भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को बेहतर कार्य वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए भवन के निर्माण से क्षेत्र के पत्रकारों को संगठित रूप से कार्य करने के लिए एक स्थायी मंच मिलेगा।

नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा श्रीमती सोनी विकास झा ने कहा कि नगर परिषद के गठन के बाद पत्रकारों के लिए प्रेस क्लब भवन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल था। आज भूमिपूजन के साथ इस संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण शुरुआत हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भवन तैयार होने के बाद यह पत्रकारों की बैठकों, संवाद और विभिन्न गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

प्रेस क्लब अध्यक्ष निशांत झा ने विधायक एवं नगर पालिका अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से पत्रकार भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस पहल से क्षेत्र के सभी पत्रकारों को एक साझा मंच और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा, मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा, परिषद निर्माण समिति अध्यक्ष श्रावण कुमार यादव, पार्षद प्रमोद सोना, पार्षद प्रमिला सायतोड़े, अमरु दास महंत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Continue Reading

नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा

नाबालिग किशोरी की संदिग्ध मौत मामले में परिजनों ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, निष्पक्ष जांच की मांग,,देखे पूरी खबर

Published

on

संवाददाता साबीर अंसारी

कोरबा/बांकीमोंगरा, 29 जून 2026।बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी की संदिग्ध मौत के मामले में पीड़ित परिवार ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कोरबा को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच की मांग की। आवेदन में किशोरी की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या और दुष्कर्म की आशंका जताई गई है तथा मामले में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना से पहले किशोरी के साथ मारपीट की गई थी और बाद में हत्या को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया। साथ ही आवेदन में कुछ लोगों द्वारा किशोरी को कथित रूप से धमकाने और बहला-फुसलाकर मिलने का दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।

परिजनों का कहना है कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद उन्हें जांच की प्रगति की संतोषजनक जानकारी नहीं दी गई, जिससे वे निष्पक्ष जांच को लेकर चिंतित हैं। इसी कारण उन्होंने पुलिस अधीक्षक से सीधे हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की।

पुलिस अधीक्षक ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि मामले की जल्द और निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बांकीमोंगरा थाना पुलिस को निर्देश दिए गए कि मामले की जांच में तेजी लाते हुए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित की जाए।

Continue Reading

नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा

शिक्षा सत्र 2026-27 का हुआ शुभारंभ, पीएम श्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय, बांकीमोंगरा में शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया,,,देखे पूरी खबर

Published

on

संवाददाता साबीर अंसारी

बांकीमोंगरा (कोरबा) :– शिक्षा सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर आज दिनांक 27 जून 2026 को पीएम श्री स्वामी आत्मानंद हिंदी/अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय, बांकीमोंगरा, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़) में शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य एस. डिंडोरे के निर्देशन में तथा शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष श्री अजीत कैवर्त की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद, बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी कुमारी झा तथा विशिष्ट अतिथि मोटिवेशनल स्पीकर एवं शिक्षाविद् बलराम विश्वकर्मा थे। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि जनक राम यादव, उदय शर्मा एवं श्रीमती माधुरी कैवर्त सहित अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने पीएम श्री विद्यालय के हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों माध्यमों के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को तिलक लगाकर एवं मुंह मीठा कर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को शासन की योजना के अंतर्गत निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश का वितरण भी किया गया।

मुख्य अतिथि श्रीमती सोनी कुमारी झा ने विद्यार्थियों को शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया।

विशिष्ट अतिथि बलराम विश्वकर्मा ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम एवं सकारात्मक सोच के साथ अध्ययन करने, बड़े लक्ष्य निर्धारित करने तथा जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि उत्कृष्ट चरित्र एवं व्यक्तित्व निर्माण का आधार भी है।

प्राचार्य एस. डिंडोरे ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं पीएम श्री योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यालय गुणवत्तापूर्ण, संस्कारयुक्त एवं आधुनिक शिक्षा प्रदान करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों का पालन करते हुए उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ व्याख्याता जी. एस. श्रीवास, पीएम श्री प्रभारी द्वय एस.एस. पैकरा एवं बी.के. शर्मा, ए.के. चन्द्रा, एच.एस. चौहान, एस.पी. सिंह, ए.के. भारद्वाज, नरेंद्र कुमार सिंह, विद्यावती भटनागर, कोमल सारथी, कल्पना पाण्डेय, एस.एन. कंवर, पूर्णिमा मानिकपुरी, विनोद कुमार यादव, राजी कौर, रौशन मिश्रा, दीक्षा गुप्ता, शांति कश्यप, विशेषा वाजपेयी, मुक्ता थंकचन, योगेश्वरी कुर्रे, रोहित यादव, शैलजा राव, श्वेता चौधरी, अपर्णा कुंडु, ज्योति रानी, अरुण कुमार कंवर, कामनी कौशिक, रौशनी चंद्रा, शिवानी हिमालया सिंह, नकुल राम नागदेव, गीता नायक, श्री भुवनेश्वर देवांगन, तनु देवी साहू, रामनारायण चौहान, मीरा कंवर, रिहाना कुरैशी, हेमंत वर्वो एवं सूरज कश्यप सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ, कर्मचारी एवं स्टाफ उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कार्यक्रम का वातावरण अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं आत्मीय रहा। नवप्रवेशी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने विद्यालय परिवार द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत के लिए प्रसन्नता व्यक्त की। पीएम श्री विद्यालय के हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों माध्यमों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह शाला प्रवेश उत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677