Connect with us

कोरबा

सीईओ प्रतीक जैन ने जनदर्शन में सुनीं आमजनों की समस्याएं, समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश

Published

on

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिले के दूरस्थ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने प्रत्येक आवेदन का परीक्षण कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रेषित करते हुए सभी प्रकरणों का नियमानुसार एवं समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 83 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें प्रधानमंत्री आवास शहरी एवं ग्रामीण योजना का लाभ दिलाने, भूमि सीमांकन, अभिलेखों में त्रुटि सुधार एवं रिकॉर्ड दुरुस्ती, वनाधिकार पट्टा, राशन कार्ड, बैंक ऋण, मोटराइज्ड ट्राई साइकिल एवं अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मानदेय भुगतान, मुआवजा सहित अन्य जनहित से जुड़े मामलों के आवेदन शामिल रहे।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त शिकायतों एवं मांगों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो तथा निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन किया जाए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, अपर कलेक्टर ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

कटघोरा में बस-बोलेरो की टक्कर, कई घायल:अवैध खड़े ट्रक से हुआ हादसा, आधा दर्जन से अधिक घायल, दो की हालत नाजुक

Published

on

कोरबा। कोरबा के कटघोरा थाना क्षेत्र में सोमवार को सेनानी पेट्रोल पंप के पास यात्रियों से भरी यादव बस और एक बोलेरो की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, यादव बस बिलासपुर से कोरबा की ओर आ रही थी, जिसमें लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। वहीं, बोलेरो में चार लोग यात्रा कर रहे थे।

सेनानी पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े एक ट्रक के कारण यह हादसा हुआ। ट्रक की वजह से बस चालक को सामने से आ रही बोलेरो के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाई, जिससे दोनों वाहन आपस में टकरा गए।

बोलेरो सवार दो लोगों की हालत नाजुक

टक्कर के बाद मौके पर स्थानीय राहगीरों ने तुरंत घायलों की मदद की और उन्हें वाहनों से बाहर निकाला। बस में सवार आधा दर्जन से अधिक यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बोलेरो में सवार दो लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें लगी हैं।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों की सहायता से सभी घायलों को कटघोरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल कुछ मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया जा सकता है।

हादसे के बाद लंबा जाम

हादसे के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और बोलेरो को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल करने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, सड़क पर अवैध रूप से खड़े ट्रक को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। कटघोरा पुलिस ने सभी घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया है और मामले की जांच जारी है, जिसमें सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

Continue Reading

कोरबा

पूजा विसर्जन के दौरान युवती का iPhone नहर में गिरा:सोनालिया पुल पर युवकों ने घंटों की तलाश की, थाने में दर्ज कराई गुमशुदगी

Published

on

कोरबा। कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सोनालिया पुल पर पूजा सामग्री विसर्जित करते समय एक युवती का iPhone मोबाइल नहर में गिर गया। मोबाइल गिरने के बाद नहर किनारे मौजूद 4 से 5 युवकों ने तुरंत पानी में उतरकर उसे ढूंढने का प्रयास किया। हालांकि, घंटों की मशक्कत के बाद भी मोबाइल का पता नहीं चल सका।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवती SECL क्षेत्र की निवासी है। वह सोनालिया पुल पर पूजा का सामान विसर्जित करने आई थी। पूजा की थैली में रखी सामग्री को नहर में डालते समय उसके हाथ में पकड़ा iPhone फिसलकर गहरे पानी में जा गिरा। यह घटना इतनी अचानक हुई कि युवती कुछ समझ पाती, उससे पहले ही मोबाइल पानी में डूब गया।

मोबाइल गिरने की आवाज सुनकर नहर किनारे मौजूद 4-5 युवक तुरंत मौके पर पहुंचे। युवती के निवेदन पर वे पानी में उतरकर मोबाइल की तलाश में जुट गए। हालांकि, नहर में पानी का बहाव तेज और गहराई अधिक होने के कारण युवकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई घंटों तक छानबीन के बावजूद मोबाइल नहीं मिल पाया।

इस घटना की जानकारी मिलते ही सोनालिया पुल पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। लोग पुल से नीचे झांककर मोबाइल तलाश रहे युवकों को देखते रहे। भीड़ के कारण कुछ देर के लिए पुल पर आवागमन भी प्रभावित हुआ।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सोनालिया नहर पर अक्सर लोग पूजा सामग्री, दीप और फूल विसर्जित करते हैं। त्योहारों के दौरान यहां विसर्जन के लिए काफी भीड़ रहती है। ऐसे में कई बार मोबाइल, पर्स और गहने भी हाथ से छूटकर नहर में गिर जाते हैं।

युवती ने इस संबंध में थाने में मोबाइल गुमशुदगी की सूचना भी दर्ज कराई है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नहर किनारे चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में मोबाइल टावर की केबल काटते 2 युवक गिरफ्तार:लोगों ने बांधकर पीटा, फिर पुलिस को सौंपा, 3 महीने में 33 टावरों में चोरी

Published

on

कोरबा। कोरबा में रविवार को सीतामणी स्थित राम मंदिर परिसर में मोबाइल टावर की केबल काटते हुए दो युवकों को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ा। गुस्साए लोगों ने दोनों को रस्सी से बांधकर पीटा और बाद में पुलिस को सौंप दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक दिनदहाड़े टावर की केबल काट रहे थे। आसपास के लोगों को संदेह होने पर वे मौके पर पहुंचे और उन्हें पकड़ लिया। केबल कटने से इलाके का मोबाइल नेटवर्क प्रभावित हुआ, जिससे स्थानीय लोग और आक्रोशित हो गए। लोगों ने युवकों की पिटाई करने के बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया।

लोगों का दावा- दोनों युवक नशे में थे

स्थानीय लोगों ने पकड़े गए युवकों की पहचान एकलाख खान और लक्की के रूप में की है। लोगों का आरोप है कि दोनों नशे की हालत में थे। उनके पास से गांजा, चिलम और नशीले इंजेक्शन की शीशियां भी बरामद हुई हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इन बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

तीन महीने में 33 से ज्यादा मोबाइल टावरों में चोरी

मोबाइल टावर से जुड़े कर्मचारियों ने बताया कि पिछले तीन महीनों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 33 से अधिक मोबाइल टावरों में चोरी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुई हैं।

कर्मचारियों को संदेह है कि टावरों से केबल, बैटरी और अन्य सामान चुराने वाला एक संगठित गिरोह सक्रिय है। यह गिरोह अब रात के साथ-साथ दिन में भी वारदातों को अंजाम दे रहा है। पुलिस ने अभी तक इस गिरोह के सक्रिय होने की पुष्टि नहीं की है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन युवकों का जिले में हुई अन्य टावर चोरी की घटनाओं से कोई संबंध है या नहीं। साथ ही, उनके पास से मिले कथित नशे के सामान की भी जांच की जा रही है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677