Connect with us

कोरबा

एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा के बच्चों ने खुशियों के बीच मनाया बाल दिवस

Published

on

कोरबा/मड़वारानी। नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल मड़वारानी में 14 नवम्बर को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की जयंती के उपलक्ष्य में बाल दिवस बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षकों द्वारा आयोजित विशेष प्रार्थना सभा से हुआ, जिसमें बच्चों के प्रति चाचा नेहरू के प्रेम और उनके सपनों को याद किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की खुशियों को दोगुना करने के लिए सभी कक्षाओं में बच्चों को स्कूल की ओर से उपहार, मिठाइयाँ एवं चॉकलेट वितरित की गईं। साथ ही विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन कर बच्चों को उत्साहपूर्वक भाग लेने, आत्मविश्वास बढ़ाने एवं अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यालय के संस्थापक पीएमजेएफ लायन डॉ राजकुमार अग्रवाल का बच्चों के बीच आगमन रहा। उन्होंने विद्यार्थियों को स्नेहपूर्वक मिठाइयाँ वितरित कीं तथा अपना आशीर्वाद देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में राजकुमार अग्रवाल ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे अनमोल मुस्कान हैं। हर बच्चे के भीतर एक विशेष प्रतिभा छिपी होती है। उसे पहचानकर आगे बढ़ाना हम सभी का दायित्व है। जीवन में बड़े सपने देखें, खूब मेहनत करें, अनुशासन अपनाएँ और हमेशा अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ें।
उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन में सफलता की नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करने का आशीर्वाद दिया।
वहीं विद्यालय की चेयरमैन श्रीमती खुशबू आशीष अग्रवाल ने अपने स्नेहपूर्ण संबोधन में बच्चों को संदेश दिया कि बचपन, जीवन का सबसे खूबसूरत दौर है। इसे सीखने, खेलने और नए सपने देखने में बिताएँ। उन्होंने बच्चों को अपनी रुचियों को पहचानने, असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीखने तथा हमेशा जिज्ञासु और सकारात्मक बने रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हर बच्चा अपने आप में एक चमकता सितारा है, बस जरूरत है अपने सपनों को मेहनत और लगन से साकार करने की।
इस अवसर पर विद्यालय के शैक्षणिक प्रमुख सुभाषचन्द्र अनन्त ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चा अपने आप में अनमोल है। बच्चों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं रचनात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों द्वारा बच्चों के लिए आयोजित विशेष कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता है। पूरा विद्यालय परिसर बच्चों की हँसी, उमंग और खुशियों से सराबोर रहा। इस प्रकार बाल दिवस का आयोजन बच्चों के लिए यादगार एवं आनंदमय बन गया।

Continue Reading

कोरबा

प्राथमिक शाला डुगूपारा में बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

Published

on

पाली। विकासखंड अंतर्गत संकुल केंद्र सोनसरी के प्राथमिक शाला डुगूपारा में 14 नवंबर को बाल दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय प्रांगण को बच्चों द्वारा रंग-बिरंगे गुब्बारों और पोस्टरों से सजाया गया था। सुबह से ही विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल रहा।कार्यक्रम की शुरुआत देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर और दीप प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर प्रधान पाठक प्यारेलाल कोराम ने बच्चों को बाल दिवस के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू जी को बच्चों से अत्यंत प्रेम था, इसलिए उनके जन्मदिवस को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। बच्चों को चाचा नेहरू के आदर्शों पर चलने और खूब मन लगाकर पढ़ने की प्रेरणा दी गई।बाल दिवस के इस पावन अवसर पर विद्यालय में न्योता भोजन का आयोजन किया गया। प्रधान पाठक प्यारेलाल कोराम के सौजन्य से सभी स्कूली बच्चों को प्रेमपूर्वक स्वादिष्ट भोजन कराया गया। भोजन में बच्चों ने बड़े उत्साह से भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं शिक्षकों द्वारा सभी बच्चों को शिक्षा सामग्री के रूप में पेन, पेंसिल, रबर और टॉफी-बिस्किट का वितरण किया गया। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी देखते ही बन रही थी। बच्चों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम, कविता पाठ और भाषण भी प्रस्तुत किए गए।इस अवसर पर मुख्य रूप से पंच सुशीला बाई, शाला प्रबंधन समिति (एस.एम.सी.) अध्यक्ष मनीषा पैकरा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ललिता सिदार, सहायिका शारदा देवी, समूह की सदस्य राजकुमारी, देवकुंवर, सविता, चंपाबाई, शिक्षक शम्हन सिंह राज, भूतपूर्व छात्राएं सुप्रिया, गौरी, रूपेश कुमार, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

अशोक मोदी को महाराजा अग्रसेन ग्लोबल अवार्ड मिलने पर छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ ने दी बधाई

Published

on

कोरबा। प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं समाजसेवी अशोक मोदी को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में महाराजा अग्रसेन ग्लोबल अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि अशोक मोदी का यह सम्मान कोरबा सहित पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। व्यवसाय के क्षेत्र में उनकी प्रतिष्ठा और समाजसेवा के प्रति उनका समर्पण प्रेरणादायक है। संघ ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा जताई कि वे आगे भी समाजहित में इसी तरह अपना योगदान देते रहेंगे। उपस्थित पदाधिकारी जिला अध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू, जिला सचिव जय सिंह नेताम, संयोजक तपेश्वर राठौर, सलाहकार कृष्ण निर्मलकर, सत्येंद्र पुरी सहित सदस्यों ने श्री मोदी का अभिनंदन किया।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में सूर्यषष्ठी का उजास: अस्ताचलगामी सूर्य को अर्ध्य देकर छठी मैय्या से की गई मंगलकामनाएं

Published

on

छठ घाटों में पहुंचा पूर्वांचल सहित कोरबावासियों का सैलाब

कोरबा। आज सूर्यषष्ठी पर छठ घाटों में पूर्वांचल सहित कोरबावासियों का सैलाब उमड़ पड़ा। गोधुली बेला में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्ध्य देने के साथ व्रतियों एवं पूर्वांचलवासियों ने छठी मैय्या से मंगलकामनाएं की।
दुरपा रोड स्थित हसदेव घाट, माँ सर्वमंगला मंदिर स्थित हसदेव घाट, राताखार, ढेंगुरनाला, तुलसीनगर छठ घाट, मानिकपुर पोखरी, रानी रोड, पोड़ीबहार तालाब, बालको, दर्री, कटघोरा, दीपका, कुसमुण्डा, गेवरा, पाली, छुरीकला के तालाबों में, छोटी नदियों में एवं पोखरियों में पूर्वांचलवासी बड़ी संख्या में पहुंचे और पानी के बीच जाकर अस्ताचल सूर्य को अर्ध्य दिया।
जब एक साथ पूर्वांचलवासी एवं व्रती पानी में उतर कर भगवान भुवन भास्कर को अर्ध्य दे रहे थे तो छठ घाटों का सौंदर्य ऐसा लग रहा था, मानो छठ घाटों में स्वर्ग उतर आया हो और भगवान सूर्य का दर्शन करने मानो देवता भी पृथ्वी लोक का भ्रमण कर रहे हों।
तुलसीनगर में अभूतपूर्व भीड़

तुलसीनगर में छठ व्रत मनाने का यह 16वां साल है और पूर्व पार्षद विकास अग्रवाल ने तुलसीनगर छठ घाट को विस्तार दिया और उसके बाद यहां कई क्षेत्र से पूर्वांचलवासी छठ पूजा करने पहुंचते हैं। तुलसीनगर छठ घाट समिति के अध्यक्ष शत्रुहन शर्मा के नेतृत्व में एवं विकास अग्रवाल के मार्गदर्शन में यहां इस वर्ष भी छठ पूजा की तैयारी की गई और बड़ी संख्या में इस वर्ष भी व्रती, पूर्वांचलवासी सहित क्षेत्र के लोग पहुंचे थे।
विकास अग्रवाल-आरती अग्रवाल ने दी छठ की शुभकामनाएं

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूर्व पार्षद विकास अग्रवाल अपनी धर्मपत्नी पूर्व पार्षद श्रीमती आरती अग्रवाल के साथ छठी मैय्या की पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। उनके साथ कई भाजपा नेता, अग्रवाल परिवार के लोग पूजा करने पहुंचे थे। आरती-विकास अग्रवाल ने सभी व्रतियों, पूर्वांचलवासियों एवं उपस्थित सैकड़ों लोगों को सूर्यषष्ठी की शुभकामनाएं दी और छठी मैय्या की पूजा-अर्चना कर कोरबा की समृद्धि, खुशहाली एवं सद्भाव की शुभ मंगलकामनाएं करने के साथ छठी मैय्या से आशीर्वाद मांगा कि घर-घर आपके आशीर्वाद का प्रकाश पहुंचे और हर घर समृद्ध और खुशहाल बने।

छठी मैय्या की पूजा से संतान प्राप्ति सहित घर में आती है खुशहाली
पूर्वांचलवासियों का सबसे बड़ा और पवित्र पर्व है सूर्य षष्ठी। आज सूर्यषष्ठी पर छठ घाटों में अस्ताचल सूर्य को अर्ध्य देकर भगवान भुवन भास्कर से नवदम्पत्तियों ने संतान प्राप्ति के लिए प्रार्थना की और व्रतियों ने घर-घर समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ भगवान भुवन भास्कर को अर्ध्य दिया।
कल उगते सूरज को देंगे अर्ध्य
चार दिवसीय छठ महापर्व कल उगते सूरज को अर्ध्य देने के साथ सम्पन्न हो जाएगा। पूर्वांचलवासी, व्रती कल अलसुबह छठ घाट पहुंचेंंगे और भगवान भुवन भास्कर की प्रथम किरण के साथ नदी-तालाबों के बीच पानी में उतरकर उगते सूरज को अर्ध्य देंगे और छठ पूजा का प्रसाद ठेकुआ, नारियल सहित फल का प्रसाद उपस्थित लोगों को वितरित करेंगे और सबकी मंगलकामनाओं के साथ छठ घाट से घर की ओर प्रस्थान करेंगे। व्रती, पूर्वांचल के वरिष्ठ सदस्य अपने घरों में भी प्रसाद ग्रहण के लिए अपने परिचितों, शुभचिंतकों, परिजनों को आमंत्रित करेंगे।


छठ की दी गई शुभकामनाएं
कोरबा के वरिष्ठ नेता छठ घाट पहुंचकर पूर्वांचलवासियों से मिलकर छठ की शुभकामनाएं प्रेषित की। कोरबा विधायक एवं मंत्री लखनलाल देवांगन, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, महापौर संजूदेवी राजपूत, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, कांग्रेस अध्यक्षद्वय मुकेश राठौर, मनोज चौहान सहित कई समाजसेवी, उद्योगपति भी छठ घाट पहुंचकर पूर्वांचलवासियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं और छठ मैय्या की पूजा-अर्चना पर कोरबा की समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
पूर्वांचल विकास समिति सर्वसमाज के अध्यक्ष, सचिव अरविन्द शर्मा, पूर्वांचल विकास समिति के संरक्षक कमलेश यादव, सेवानिवृत्त पुलिस निरीक्षक चंद्रमा सिंह राजपूत, कोरबा प्रेस क्लब के अध्यक्ष नौशाद खान, वरिष्ठ पत्रकार रंजन प्रसाद, धीरज दुबे, कोरबा के लब्धप्रतिष्ठित कनक मंदिर ज्वेलर्स के संचालक शंकर सोनी सहित वरिष्ठ पूर्वांचल विकास समिति के सदस्यगणों ने छठ घाट में शुभकामनाएं दी।
कटघोरा के वरिष्ठ पत्रकार अशोक दुबे, पोड़ी उपरोड़ा में विजय दुबे, जनपद सदस्य पूजा दुबे, पाली में प्रशांत मिश्रा, भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष संजय भावनानी, नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल, पूर्व विधायक प्रतिनिधि शैलेष सिंह, श्रम कल्याण मंडल के पूर्व सदस्य नवीन सिंह, वरिष्ठ पत्रकार कमल वैष्णव, कांग्रेस नेता सुरेश गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि कुलदीप मरकाम, बांकीमोंगरा पहुंचकर कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, विकास झा, राजेन्द्र राजपूत, ज्योतिनंद दुबे, कटघोरा पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने भी व्रतियों एवं पूर्वांचवासियों को छठ पूजा की बधाई दी।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677