Connect with us

छत्तीसगढ़

3 अगस्त को सीएम हाउस घेराव करेगी कांग्रेस:महंगी बिजली के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा आंदोलन: 1 से 3 अगस्त तक प्रदेशभर में होगा प्रदर्शन

Published

on

रायपुर, एजेंसी। प्रदेश में बढ़ते बिजली बिल को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में कहा कि कांग्रेस 1 से 3 अगस्त तक पूरे प्रदेश में तीन दिवसीय चरणबद्ध आंदोलन चलाएगी। जिला मुख्यालयों पर प्रेसवार्ता, घर-घर जनसंपर्क और आवेदन अभियान के बाद 3 अगस्त को मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।

बैज ने कहा कि प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं को लगातार अधिक बिल मिल रहे हैं। स्मार्ट मीटर और बिजली दरों में बढ़ोतरी से आम लोगों का घरेलू बजट बिगड़ गया है। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर गांव-गांव और शहर-शहर लोगों के बीच जाएगी और सरकार के खिलाफ जनमत तैयार करेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले कई महीनों से महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर आंदोलन कर रही है। अब इसे प्रदेशव्यापी अभियान का रूप दिया जा रहा है, ताकि हर उपभोक्ता अपनी बात सरकार तक पहुंचा सके।

तीन दिन तक ऐसे चलेगा आंदोलन

1 अगस्त को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रेसवार्ता करेंगे। इसमें महंगी बिजली, बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों को सामने रखा जाएगा।

2 अगस्त को कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर पहुंचेंगे। बिजली उपभोक्ताओं से संपर्क कर महंगे बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के खिलाफ आवेदन भरवाए जाएंगे। इन आवेदनों के जरिए सरकार पर बिजली दरों की समीक्षा और उपभोक्ताओं को राहत देने का दबाव बनाया जाएगा।

3 अगस्त को प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता रायपुर पहुंचेंगे और मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे। कांग्रेस का दावा है कि इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और बिजली उपभोक्ता शामिल होंगे।

बैज ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर यह लड़ाई लड़ रही है। यदि सरकार बिजली दरों और बढ़े हुए बिलों पर राहत नहीं देती है, तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

जियो कंपनी का सुपरवाइजर बनकर दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बेच दी:बलौदा पुलिस की कार्रवाई, 9 लाख की धोखाधड़ी में तीसरा फरार आरोपी गिरफ्तार

Published

on

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में जियो कंपनी का सुपरवाइजर बनकर ट्रैक्टर-ट्रॉली किराये पर लेने और बाद में उन्हें दूसरे व्यक्ति को बेचकर धोखाधड़ी करने के मामले में बलौदा पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने किराये पर लेने के बहाने दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां हासिल की थीं।

बाद में उन्हें बिलासपुर जिले के एक व्यक्ति को बेच दिया गया। इस मामले में करीब 9 लाख रुपए की धोखाधड़ी का आरोप है। पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है।

किराये पर लेने का झांसा देकर ले गए ट्रैक्टर-ट्रॉली

पुलिस के अनुसार, खिसोरा निवासी विमलेश कुमार अहिर ने थाना बलौदा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 24 जुलाई 2026 को सन्नी लाल पाटले और राहुल कुमार खाण्डे उसके घर पहुंचे थे। दोनों ने खुद को जियो कंपनी का सुपरवाइजर बताया और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां किराये पर लेने की बात कही।

आरोपियों ने प्रत्येक ट्रैक्टर का किराया 30 हजार रुपए देने का झांसा दिया और दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अपने साथ ले गए। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें बिलासपुर जिले के एक व्यक्ति को करीब 2 लाख रुपए में बेच दिया। पुलिस के मुताबिक, बिक्री से मिली रकम में से 50 हजार रुपए खर्च कर दिए गए। इस तरह प्रार्थी के साथ करीब 9 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई।

पहले दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरा भी पकड़ा गया

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में मामले की जांच और कार्रवाई की गई। पुलिस ने पहले सन्नी लाल पाटले निवासी बम्हनीन, थाना अकलतरा और राहुल कुमार खाण्डे निवासी खम्हरिया को गिरफ्तार किया था। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया था।

मामले में फरार चल रहे अब्दुल गफूर खान निवासी मचखंडा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर की बलौदा पुलिस तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ के बाद न्यायिक रिमांड पर भेजा

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अब्दुल गफूर खान ने अपने साथियों के साथ मि।लकर जियो कंपनी का सुपरवाइजर बनकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां किराये पर लेने और बाद में उन्हें दूसरे व्यक्ति को बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

जांजगीर में बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट कर 32 लाख ठगे:मनी लॉन्ड्रिंग और CBI का डर दिखाया, इंदौर से 2 आरोपी गिरफ्तार

Published

on

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में 32 लाख रुपए की डिजिटल अरेस्ट ठगी के मामले में पुलिस ने इंदौर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस मामले में पंजाब से एक आरोपी पकड़ा गया था। आरोपियों ने टेलीकॉम अथॉरिटी और CBI अधिकारी बनकर बुजुर्ग को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने का डर दिखाया था।

पुलिस के मुताबिक, जांजगीर निवासी तुषारकर देवांगन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ठगों ने उन्हें फोन कर बताया कि उनके मोबाइल नंबर का इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग में हुआ है। इस मामले में कोलाबा पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज होने की बात कही गई। इसके बाद आरोपियों ने खुद को CBI अधिकारी बताकर फोन किया और उन्हें डिजिटल अरेस्ट करने की धमकी दी।

पुलिस से सेटिंग कराने के नाम पर ठगे 32 लाख

पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग शिकायतकर्ता आरोपियों की बातों में आ गए। ठगों ने पुलिस से सेटिंग कराने के नाम पर उनसे 32 लाख रुपए अलग-अलग खातों में जमा करा लिए। आरोपियों ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से पुलिस, CBI और टेलीकॉम अथॉरिटी के अधिकारी बनकर कॉल किए थे। कुछ दिन बाद सभी नंबर बंद हो गए, तब शिकायतकर्ता को ठगी का पता चला और उन्होंने पुलिस में शिकायत की।

बैंक खाते की जांच से इंदौर तक पहुंची पुलिस

इस मामले में पुलिस ने धारा 318(4), 3(5) बीएनएस और 66डी आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया। जांच के दौरान ठगी की रकम जिन बैंक खातों में भेजी गई थी, उनकी जानकारी जुटाई गई। जांच में स्लाइस स्मॉल फाइनेंस बैंक के खाते में रकम जाने का पता चला।

तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस की टीम इंदौर पहुंची और दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौम्य जैसवार (21), निवासी प्रजापत नगर और देवराज अमकरे (24), निवासी गुरु शंकर नगर, इंदौर के रूप में हुई है।

बैंक खाते से जुड़े दस्तावेज और मोबाइल जब्त

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया और अपने बैंक खातों में ठगी की रकम आने की बात बताई। उनकी निशानदेही पर बैंक खातों से जुड़े मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, पैन कार्ड और मोबाइल फोन जब्त किए गए। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया।

Continue Reading

कोरबा

मारपीट और SECL खदान में डकैती के 6 आरोपी गिरफ्तार:500 रुपए नहीं देने पर युवकों को पीटा, चौकीदारों को बंधक बनाकर लूटा था सामान

Published

on

कोरबा। कोरबा के बांकीमोंगरा में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मारपीट के 4 और SECL बांकी खदान नंबर-4 में डकैती के 2 आरोपी शामिल हैं।

मारपीट के मामले में आरोपियों ने शराब पीने के लिए 500 रुपए मांगे थे। वहीं, खदान में नकाबपोश बदमाशों ने चौकीदारों को बंधक बनाकर लोहे के रैक और पाइप काटकर चोरी किए थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर 2 नवंबर को जेल भेज दिया।

शराब पीने के लिए मांगे 500 रुपए, मना करने पर बेल्ट से पीटा

पहले मामले में सूरज कुमार बिंझवार ने 1 नवंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे वह अपने साथी दिनेश कुमार बिंझवार के साथ देसी शराब भट्ठी से लौट रहे थे। रास्ते में आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और शराब पीने के लिए 500 रुपए मांगे।

पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बेल्ट और हाथ-मुक्कों से दोनों की पिटाई की। पुलिस ने अपराध क्रमांक 226/2026 के तहत BNS की धारा 296, 351(3), 119(1) और 191(2) में केस दर्ज किया।

मारपीट के मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए समीर कुर्रे (19), आशीष कुमार पाटले (29), अमन कुमार कुर्रे (24) और हेमलाल कुर्रे (42) को गिरफ्तार किया। चारों मोंगरा बस्ती, बांकीमोंगरा के रहने वाले हैं। समीर कुर्रे के पास से घटना में इस्तेमाल बेल्ट भी जब्त की गई। चारों को 2 नवंबर को जेल भेज दिया गया।

SECL खदान में चौकीदारों को बनाया बंधक

दूसरे मामले में सुरक्षा गार्ड व्यासनारायण चौहान ने 28 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 26 और 27 अक्टूबर की दरम्यानी रात करीब 1 बजे 10 से 12 नकाबपोश लोग SECL बांकी खदान नंबर-4 में घुस गए।

आरोपियों ने चौकीदारों को बंधक बनाकर उनके मोबाइल फोन छीन लिए। इसके बाद गैस कटर से स्टोर में रखे लोहे के रैक और पाइप काटकर ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 28 हजार रुपए बताई गई है।

पिकअप, गैस कटर और ऑक्सीजन सिलेंडर जब्त

पुलिस ने अपराध क्रमांक 223/2026 के तहत BNS की धारा 310(2), 127(2), 317(3) और 317(5) में केस दर्ज किया था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर राहुल विश्वकर्मा (22) और आकाश साहू (20) को गिरफ्तार किया गया।

राहुल पिकअप चालक है, जबकि आकाश कबाड़ दुकान संचालित करता है। पुलिस ने उनके पास से पिकअप वाहन (CG 12 BJ 6180), गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और 2 मोबाइल फोन जब्त किए। दोनों आरोपियों को भी जेल भेज दिया गया।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677