Connect with us

छत्तीसगढ़

महंगाई के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन:जांजगीर-चांपा में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी, बोले- यह चुनावी वसूली

Published

on

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन देश में बढ़ती पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और खाद्य सामग्री की कीमतों के खिलाफ था। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर नगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने स्थानीय पेट्रोल पंप के पास इसका आयोजन किया।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता तख्तियां लिए हुए थे और उन्होंने ‘बहुत हुई महंगाई की मार, गद्दी छोड़ो मोदी सरकार’ जैसे नारे लगाए। इस कार्यक्रम का नेतृत्व विधायक व्यास कश्यप, नगर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामविलास राठौर और अन्य कांग्रेस नेताओं ने किया।

विधायक व्यास कश्यप ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 में महंगाई कम करने और ‘अच्छे दिन’ लाने का वादा किया गया था, लेकिन आज आम जनता महंगाई से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव समाप्त होते ही पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि शुरू कर दी गई, जिसे उन्होंने ‘चुनावी वसूली’ बताया।

महंगाई और बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई को नियंत्रित करने में विफल रही है। उनका कहना था कि बेरोजगारी और बढ़ती कीमतों ने आम लोगों का घरेलू बजट प्रभावित किया है। नेताओं ने यह भी दोहराया कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर महंगाई के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।

पेट्रोल-डीजल कीमतों के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन

इसी क्रम में, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवागढ़ ने भी पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में पेट्रोल पंप पहुंचकर लोगों से संवाद किया। उन्होंने कतार में खड़े नागरिकों की समस्याएं सुनीं और भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया।

जनता की आवाज बनने का दावा

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवागढ़ के अध्यक्ष गौरव सिंह ने कहा कि जनता महंगाई से त्रस्त है, जबकि सरकार केवल प्रचार में व्यस्त है। उन्होंने आश्वस्त किया कि कांग्रेस हमेशा आमजन के अधिकारों और उनकी आवाज के साथ खड़ी रहेगी।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

शिक्षा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान के लिए प्राचार्य अमृतलाल सिदार को मिला छत्तीसगढ़ गौरव सम्मान

Published

on

साइकिल से दुर्गम पगडंडियों का सफर तय कर संवारे विद्यार्थियों के भविष्य, नंदेली स्कूल का परीक्षा परिणाम 30 से बढ़ाकर 90 प्रतिशत तक पहुंचाया

रायगढ़। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और विद्यार्थियों का भविष्य संवारने के लिए नंदेली के सेवानिवृत्त प्राचार्य अमृतलाल सिदार को प्रेस रिपोर्टर क्लब की ओर से छत्तीसगढ़ गौरव सम्मान प्रदान किया गया। उन्हें यह सम्मान क्लब के प्रदेश सचिव श्याम कुमार गुप्ता एवं रायगढ़ जिला उपाध्यक्ष परमजीत सिंह भाटिया ने प्रदान किया।

अमृतलाल सिदार का शिक्षकीय जीवन संघर्ष और समर्पण की मिसाल रहा है। उन्होंने कठिन ग्रामीण परिस्थितियों में साइकिल से पगडंडियों का सफर तय कर बच्चों को शिक्षा दी। नंदेली विद्यालय में पदस्थापना के दौरान उन्होंने शैक्षणिक परिणाम लगभग 30 प्रतिशत से बढ़ाकर 90 प्रतिशत तक पहुंचाया। उनके पढ़ाए विद्यार्थी आज आईपीएस, डॉक्टर, इंजीनियर सहित प्रतिष्ठित पदों पर सेवाएं दे रहे हैं। रायगढ़ एसपी आईपीएस भोजराम पटेल भी उनके विद्यार्थियों में शामिल हैं।

इस अवसर पर श्याम कुमार गुप्ता ने कहा कि समाज के ऐसे गुमनाम नायकों को पहचान और सम्मान दिलाना ही प्रेस रिपोर्टर क्लब का उद्देश्य है। क्लब भविष्य में ऐसे प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों के लिए सम्मान समारोह आयोजित करने का प्रयास करेगा।

अमृतलाल सिदार की बेटी एवं शिक्षिका सुमिता सिदार उर्फ संजू सिदार ने भावुक होकर कहा कि उनके पिता ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा हैं। उन्होंने शिक्षा, अनुशासन और समर्पण के संस्कार उनसे सीखे हैं। उनका सपना भी अपने पिता की तरह शिक्षा के क्षेत्र में नाम कमाकर विद्यार्थियों का भविष्य संवारना है।

वहीं परमजीत सिंह भाटिया ने कहा कि अमृतलाल सिदार जैसे समर्पित शिक्षक का सम्मान होना पूरे समाज के लिए गर्व की बात है।

यह सम्मान केवल एक शिक्षक का सम्मान नहीं, बल्कि उस गुरु परंपरा का अभिनंदन है, जो स्वयं संघर्ष करके दूसरों के जीवन में सफलता की राह रोशन करती है।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

ओपी चौधरी को श्री श्री 1008 महाकाली पूजा एवं भव्य मेला में शामिल होने का निमंत्रण, मंत्री ने दिया आने का आश्वासन

Published

on

खरसिया। रायगढ़ जिले के खरसिया तहसील अंतर्गत रॉबर्टसन, चपले एवं बड़े डूमरपाली क्षेत्र में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली आस्था, श्रद्धा एवं परंपरा की प्रतीक श्री श्री 1008 महाकाली पूजा एवं भव्य मेला का आयोजन इस वर्ष भी धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ किया जा रहा है। इस सन्दर्भ में मेला समिति के मीडिया प्रभारी रविशंकर पटेल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया की आगामी 8 नवंबर से आयोजित होने वाले इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
इसी कड़ी में श्री श्री 1008 महाकाली पूजा एवं भव्य मेला आयोजन समिति के पुरुषोत्तम पटेल, श्याम सुंदर पटेल ,दिनेश पटेल, किशन डनसेना, बृंद श्रीवास, हितराम राठिया सदस्यों ने छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी से सौजन्य भेंट-मुलाकात की। इस दौरान समिति के सदस्यों ने उन्हें महाकाली पूजा एवं भव्य मेला में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया तथा आयोजन की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने महाकाली पूजा एवं भव्य मेला में शामिल होने का आश्वासन दिया। उनके सकारात्मक आश्वासन से आयोजन समिति के सदस्यों में खुशी एवं उत्साह का माहौल है।
उल्लेखनीय है कि रॉबर्टसन, चपले एवं बड़े डूमरपाली क्षेत्र में श्री श्री 1008 महाकाली पूजा का आयोजन वर्षों से धार्मिक परंपरा और जनआस्था के साथ किया जाता रहा है। इस आयोजन में दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। पूजा-अर्चना के साथ भव्य मेले का आयोजन भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहता है, जहां धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिलती है।
आयोजन समिति द्वारा इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की सुविधा, पूजा-अर्चना एवं मेले को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। समिति ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से इस धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर माता महाकाली का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
श्री श्री 1008 महाकाली पूजा एवं भव्य मेला का यह आयोजन क्षेत्र की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक बनेगा।

Continue Reading

कोरबा

पटाखा बाजार में सुरक्षा व्यवस्था की खुली पोल! 17 दुकानों के बीच खतरे का कारोबार, नियमों की अनदेखी पर प्रशासन मौन?

Published

on

कपड़ों के पर्दों से घिरी दुकानें, अग्निशमन उपकरणों की कमी और आपातकालीन इंतजाम नदारद होने के आरोप; खुशियों के त्योहार में कहीं लापरवाही भारी न पड़ जाए!

कोरबा/बांकीमोंगरा। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही पटाखों की खरीदारी के लिए बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। लेकिन इस रौनक के बीच पटाखा बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिस स्थान पर बारूद और ज्वलनशील सामग्री का कारोबार हो रहा है, वहां सुरक्षा के बुनियादी इंतजामों में कथित लापरवाही सामने आ रही है।

मौके की तस्वीरें कुछ ऐसी व्यवस्था की ओर इशारा कर रही हैं, जहां सुरक्षा मानकों के पालन से ज्यादा दुकानें सजाने और कारोबार चलाने पर जोर दिखाई देता है। बाजार में करीब 17 दुकानें संचालित होने की जानकारी है, लेकिन अग्नि सुरक्षा के इंतजामों को लेकर स्थिति संतोषजनक नजर नहीं आ रही।

दुकानों के बीच दूरी का सवाल, एक चिंगारी बन सकती है बड़ी मुसीबत

पटाखों की दुकानों के संचालन के लिए विस्फोटक अधिनियम और विस्फोटक नियमों के तहत निर्धारित शर्तों का पालन जरूरी है। दुकानें सुरक्षित दूरी पर हों और आग लगने की स्थिति में दूसरी दुकानों तक आग फैलने की आशंका कम रहे, इसके लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।

लेकिन यहां दुकानों को कतारबद्ध तरीके से पास-पास बनाए जाने की शिकायत है। यदि निर्धारित दूरी का पालन नहीं हुआ है तो यह स्थिति किसी अप्रिय घटना के दौरान बड़ा खतरा बन सकती है।

टिन शेड की जगह कपड़ों के पर्दे, सुरक्षा मानकों पर सवाल

पटाखा बाजार में दुकानों के चारों ओर कपड़े के पर्दों का इस्तेमाल भी सवालों के घेरे में है। ज्वलनशील सामग्री से घिरे ऐसे स्थान पर आग लगने की स्थिति में खतरा तेजी से बढ़ सकता है।

दुकानों के प्रवेश द्वार आमने-सामने होने और पर्याप्त खुली जगह नहीं होने को लेकर भी जांच की आवश्यकता है। प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि प्रत्येक दुकान निर्धारित लाइसेंस और स्वीकृत नक्शे के अनुरूप ही संचालित हो रही है या नहीं।

17 दुकानों में महज 6 के सामने अग्निशामक यंत्र!

बाजार की अग्निशमन व्यवस्था पर नजर डालें तो स्थिति और चिंताजनक दिखाई देती है। मौके पर कुल 17 दुकानों में से केवल 6 दुकानों के सामने CO2 अग्निशामक यंत्र दिखाई देने की जानकारी मिली है।

वहीं पानी और सूखी रेत से भरी बाल्टियों की पर्याप्त व्यवस्था भी नजर नहीं आई। सवाल यह है कि बाकी दुकानों में आग बुझाने के लिए क्या इंतजाम किए गए हैं? क्या संबंधित विभाग ने इन व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन किया है?

आपातकालीन स्थिति में राहत कैसे मिलेगी?

पटाखा बाजार में किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए दमकल वाहन, प्राथमिक उपचार और एंबुलेंस की उपलब्धता महत्वपूर्ण है। लेकिन मौके पर निरीक्षण के दौरान एंबुलेंस और दमकल वाहनों की मौजूदगी नजर नहीं आने की बात सामने आई है।

यदि आग या विस्फोट जैसी घटना होती है तो शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होंगे। ऐसे में प्रशासन को तत्काल आपातकालीन व्यवस्था सुनिश्चित करने की जरूरत है।

दुकान के सामने ही पटाखों का प्रदर्शन!

नाबालिगों से दुकान संचालन कराने का आरोप

नियमों के तहत पटाखा बिक्री स्थल के आसपास धूम्रपान और खुली आग पर प्रतिबंध रहता है। इसके लिए चेतावनी बोर्ड लगाना भी जरूरी है।

इसके बावजूद दुकानों के सामने पटाखे फोड़कर ग्राहकों को नमूना दिखाने की शिकायत सामने आई है। यदि यह गतिविधि वास्तव में बिक्री परिसर में हो रही है तो यह गंभीर सुरक्षा उल्लंघन का विषय है। इसकी तत्काल जांच होनी चाहिए।

अब प्रशासन की जिम्मेदारी तय करने का समय

पटाखा बाजार में सामने आ रही इन परिस्थितियों ने संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर दुकानें संचालित होने से पहले सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किसने किया? क्या सभी दुकानों के लाइसेंस और अनुमतियों की जांच की गई? क्या अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा इंतजामों को हरी झंडी दी है?

स्थानीय प्रशासन, पुलिस, नगर निकाय और अग्निशमन विभाग को संयुक्त रूप से बाजार का निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर कराना चाहिए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी होनी चाहिए।

त्योहार खुशियों का प्रतीक है, जोखिम का नहीं। प्रशासन की एक छोटी सी लापरवाही कई परिवारों की खुशियां छीन सकती है। इसलिए जरूरी है कि किसी हादसे के बाद जांच बैठाने के बजाय उससे पहले सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त की जाए।

अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में कब संज्ञान लेते हैं और पटाखा बाजार को सुरक्षित बनाने के लिए क्या कदम उठाते हैं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677