Connect with us

कोरबा

जिला कांग्रेस शहर अध्‍यक्ष ने प्रदेश की भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर किया तीखा प्रहार

Published

on

कोरबा। प्रदेश की भाजपा सरकार के द्वारा 1 मई 2026 से 10 जून तक दूसरी बार सुशासन तिहार मनाने की योजना पर जिला कांग्रेस के शहर अध्‍यक्ष मुकेश कुमार राठौर ने प्रदेश की भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा प्रहार किया है । 

श्री राठौर ने कहा है कि पिछले साल 2025 के मई महीने में लिए गए हजारों आवेदनों का आज तक निराकरण नहीं किया जा सका है । गत वर्ष कोरबा नगर पालिका निगम के सभी 67 वार्डों में सुशासन तिहार के तहत् शिविर लगाकर बड़ी संख्‍या में आवेदन लिए गये थे और तत्‍काल निराकरण का भरोसा दिलाया गया था ।  वार्ड के समस्‍याग्रस्‍त नागरिकों ने भी इस योजना में बढ़ चढ़कर हिस्‍सा लिया और अपने समस्‍या के त्‍वरित निराकरण के लिए आग्रह पत्र जमा किया था, बदले में उन्‍हें पावती दिया गया था जिसमें क्‍यू आर कोड प्रिंट हैं इसी क्‍यू आर कोड के माध्‍यम से आपके आवेदन की कार्य स्थिति का पता चलना है । आज तक इस कोड के माध्‍यम से बस  यही पता चलता है कि आपके कार्य प्रगति पर है । जिला अध्‍यक्ष मुकेश राठौर ने बताया कि चूंकि मैं पार्षद भी हूं, मैंने आपने वार्ड के विभिन्‍न समस्‍याओं के निराकरण के लिए बीते वर्ष कुल 9 आवेदन लगाया था वहीं पूर्व पार्षद श्रीमती सुनीता राठौर ने एक, वार्ड निवासी कुंज बिहारी साहु-एक, बसंत देवांगन ने -दो, दिनेश पाण्‍डेय-दो, धरम साहु-एक, समीर खुंटे-एक, रघुनाथ प्रसाद राठौर-एक, कन्‍हैया राठौर-एक, आर डी नायक-दो, शशिपाली पटेल-एक एवं शिवा राठौर ने एक आवेदन जमा किए थे । कुल 23 आवेदनों में से मात्र 3 कार्यों का निराकरण संभव हो सका है । शेष 20 कार्यों का अता पता नहीं है लेकिन क्‍यू आर कोड के माध्‍यम से पता चलता है कि कार्य प्रगति पर है । 

श्री राठौर ने कहा वार्ड क्र. 19 से कांग्रेस दल की ओर से पार्षद हूं तथा जिला कांग्रेस कमेटी का शहर अध्‍यक्ष हूं, कहीं यही कारण तो नहीं कि मेरे वार्ड को उपेक्षित रखा जा रहा है । उन्‍होंने कहा कि रोड, नाली, बिजली, सामुदायिक भवन जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए लोगों को आवेदन लगाने पड़ रहे हैं, जो आज तक लंबित है । श्री राठौर ने स्‍पष्‍ट रूप से सवाल उठाया है कि पिछले वर्ष के सुशासन तिहार का लेखा-जोखा सार्वजनिक करने की जरूरत है । निगम के पूरे 67 वार्डों में लगाए गए शिविरों में कुल प्राप्‍त आवेदनों और कुल निराकरण एवं कुल लंबित का लेखा जोखा प्रस्‍तुत करने के बाद ही दूसरी बार सुशासन तिहार का शिविर लगाना चाहिए । 

जिला अध्‍यक्ष मुकेश राठाैर ने कहा कि जनता की समस्‍याओं का समय सीमा में निराकरण तथा जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्‍ध कराना ही असली सुशासन है । सुशासन के माध्‍यम से जनता को आवेदन लेकर लाईन में खड़े रखना कुशासन है । बीते साल के सुशासन तिहार में प्राप्‍त आवेदनों पर पारदर्शिता के बिना एक साल बाद दुबारा सुशासन शिविर लगाना जनता के साथ बेईमानी है । गत वर्ष के प्रक्रिया को एक बार दोहराना केवल औपचारिकता और राजनैतिक प्रचार ही कहलाएगा, इसमें कर्मचारी और आम जनता के साथ पंचायत एवं वार्ड स्‍तर के जनप्रतिनिधिगण परेशान होंगे । 

जिला कांग्रेस और विपक्षी पार्षदों की मांग हैं कि पहली बार के सुशासन तिहार शिविर के आवेदनों का पहले निराकरण हो उसके बाद ही दुबारा यह शिविर लगे वरना चिलचिलाती धुप के महिना में लोगों को परेशान करना लोगों के साथ ज्‍यादती होगी । 

Continue Reading

कोरबा

राज्योत्सव पर 1 से 3 नवंबर तक रोशनी से जगमगाएंगे शासकीय भवन

Published

on

2 नवंबर को जिला मुख्यालय में होगा एक दिवसीय कार्यक्रम, ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रहेगी मुख्य थीम
कोरबा, 23 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में 2 नवंबर को एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की उपलब्धियों, योजनाओं और सफल परियोजनाओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। आयोजन की मुख्य थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ होगी।
राज्य शासन के निर्देशानुसार कार्यक्रम स्थल पर विभागीय प्रदर्शनी के साथ स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां गरिमापूर्ण होंगी और कार्यक्रम के दौरान मितव्ययिता का ध्यान रखा जाएगा। शासन की कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी कार्यक्रम में लाभान्वित किया जाएगा।
राज्योत्सव के अवसर पर 1 नवंबर से 3 नवंबर तक जिले के सभी शासकीय भवनों में रोशनी की जाएगी। भवनों को ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम के अनुरूप सजाया जाएगा। निजी संस्थानों से भी अपने भवनों में रोशनी करने का आग्रह किया गया है। इस व्यवस्था पर होने वाला व्यय संबंधित विभाग अपने विभागीय बजट से वहन करेंगे।

Continue Reading

कोरबा

राज्योत्सव की समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

Published

on

कोरबा, 23 अक्टूबर 2026। राज्य शासन के निर्देशानुसार आगामी 2 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय स्थित घंटाघर चौक, कोरबा में आयोजित होने वाले राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। राज्योत्सव का आयोजन सुव्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों को दायित्व सौंपते हुए समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने आयोजन स्थल पर मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, पार्किंग, यातायात नियंत्रण तथा आम नागरिकों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं और एम्बुलेंस की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।
राज्योत्सव में स्थानीय कलाकारों की सहभागिता के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए कलाकारों के चयन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की रूपरेखा, अतिथियों के स्वागत-सत्कार तथा स्थानीय कलाकारों एवं अतिथियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है। आयोजन स्थल पर विभागीय योजनाओं एवं उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के लिए स्टॉल, बैनर, पोस्टर और प्रदर्शनी की व्यवस्था भी की जाएगी।
कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन स्थल की स्वच्छता, सुरक्षा, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था सहित प्रत्येक आवश्यक सुविधा की समुचित तैयारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। राज्य शासन के निर्देशानुसार 2 नवंबर की रात्रि में जिले के सभी शासकीय भवनों को रोशनी से सजाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा राज्योत्सव के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपकर तैयारियों को व्यवस्थित रूप से अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Continue Reading

कोरबा

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 12 नवंबर को प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची

Published

on

दावा-आपत्ति 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक, अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को
कोरबा, 23 अक्टूबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में जिले में मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जाएगा। आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदान केन्द्रों का युक्तियुक्तकरण 2 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को होगा। सूची के संबंध में दावे और आपत्तियां 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दर्ज कराई जा सकेंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।
नागरिक प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जांचें। नाम जुड़वाने, दर्ज नाम पर दावा-आपत्ति करने, विवरण में सुधार या निवास स्थान परिवर्तन के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। आवेदन ऑनलाइन मतदाता सेवा पोर्टल या ईसीआईनेट ऐप के जरिए भी किए जा सकते हैं।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में मतदाता सूची का अवलोकन करें और आवश्यक आवेदन समय पर प्रस्तुत कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाएं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677