Connect with us

छत्तीसगढ़

दूसरी बार शराब पीकर गाड़ी चलाई, 15 हजार जुर्माना:जांजगीर-चांपा कोर्ट ने आरोपी को एक महीने सामुदायिक सेवा की सजा सुनाई

Published

on

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा में दूसरी बार शराब पीकर गाड़ी चलाना एक युवक को महंगा पड़ गया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जांजगीर-चांपा की अदालत ने आरोपी विजय सूर्यवंशी पर 15 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही उसे एक महीने सामुदायिक सेवा करने की सजा भी सुनाई गई है।

यातायात विभाग ने विजय सूर्यवंशी को शराब के नशे में गाड़ी चलाते पकड़ा था। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने दूसरी बार शराब पीकर वाहन चलाया था।

धारा 185 के तहत लगाया 15 हजार का जुर्माना

अपराध की गंभीरता और सड़क पर लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कोर्ट ने मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत आरोपी पर 15 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। साथ ही एक महीने तक जांजगीर-चांपा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय में साफ-सफाई का काम करने की सामुदायिक सेवा की सजा दी गई।

भविष्य में गलती नहीं दोहराने का दिया भरोसा

कोर्ट के सामने आरोपी ने भरोसा दिलाया कि वह भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करेगा। अदालत पहले भी लोगों को जागरूक करने और जनहित से जुड़े मामलों में ऐसे फैसले सुना चुकी है। इन फैसलों का उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि मानव जीवन सबसे महत्वपूर्ण है और नशे में वाहन चलाकर अपनी और दूसरों की जान खतरे में नहीं डालनी चाहिए।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

रायपुर- मंत्रालय घेरने निकले किसानों को पुलिस ने रोका:गोबर खाद को बढ़ावा देने, बकाया भुगतान समेत 10 मांगें, खदानों का भी विरोध

Published

on

रायपुर, एजेंसी। रायपुर के तूता धरना स्थल पर मंगलवार को किसानों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। मंत्रालय का घेराव करने निकले सैकड़ों किसानों को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इसके बाद किसानों ने ज्ञापन सौंपा और वापस लौट गए। किसानों ने खदानों का भी विरोध किया। उनकी 10 मांगों में केमिकल खाद की जगह गौवर्धन खाद को बढ़ावा देना भी शामिल है।

किसान धान बोनस, समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी, बकाया भुगतान और सिंचाई परियोजनाओं से जुड़ी मांगों को लेकर जुटे थे। किसानों ने साल 2022-23 की धान खरीदी का बकाया 1700 करोड़ रुपए तत्काल देने की मांग की है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा तहसील कार्यालय में अलमारी के पीछे कोबरा मिला:फुंकार सुनकर कर्मचारी भागे, RCRS टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

Published

on

कोरबा। कोरबा तहसील कार्यालय के अंदर अलमारी के पीछे कोबरा सांप मिला। सांप की फुंकार सुनकर कर्मचारी घबरा गए और वहां से भागने लगे। कार्यालय में रोज बड़ी संख्या में लोग राजस्व संबंधी कामों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में विषैले कोबरा की मौजूदगी से किसी अप्रिय घटना की आशंका बन गई थी।

सूचना मिलने पर वन विभाग और RCRS (Reptile Care and Rescuer Society) की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक सांप का रेस्क्यू किया।

अलमारी के पीछे दुबका था कोबरा

कोबरा दिखाई देने के बाद तत्काल वन विभाग और RCRS कोरबा को सूचना दी गई। इसके बाद RCRS अध्यक्ष अविनाश यादव टीम के सदस्य मानस के साथ तहसील कार्यालय पहुंचे। कोबरा अलमारी के पीछे छिपा हुआ था, जिससे उसे सुरक्षित बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था।

टीम ने सावधानी बरतते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया। इस दौरान कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों की सुरक्षा के साथ सांप को बिना नुकसान पहुंचाए बाहर निकालने पर विशेष ध्यान दिया गया।

रेस्क्यू के बाद जंगल में छोड़ा

सुरक्षित रेस्क्यू के बाद उप वनमंडलाधिकारी मणिकांत वर्मा के मार्गदर्शन में कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास के अनुकूल जंगल में छोड़ दिया गया। वन विभाग और RCRS की तत्परता से संभावित अप्रिय घटना टल गई।

सांप दिखने पर खुद पकड़ने की कोशिश न करें

वन विभाग और RCRS की टीम ने लोगों से अपील की है कि घर, कार्यालय, दुकान, स्कूल या किसी सार्वजनिक स्थान पर सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं। उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। विशेषकर कोबरा जैसे विषैले सांप से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें।

सांप पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। वे चूहों सहित कई जीवों की आबादी को नियंत्रित करने में भूमिका निभाते हैं। ऐसे में मानव और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए समय पर सूचना देना और प्रशिक्षित टीम की मदद लेना जरूरी है।

Continue Reading

कोरबा

अवैध शराब बिक्री से परेशान ग्रामीण पहुंचे थाने:डगनियाखार में कई सालों से बिक रही शराब, महिलाओं ने कहा- पति-बेटे करते हैं मारपीट

Published

on

कोरबा। कोरबा के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम डगनियाखार में अवैध शराब की बिक्री से परेशान होकर बड़ी संख्या में महिला-पुरुष थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने और बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों ने आवेदन में बताया कि गांव के कुछ घरों में पिछले कई सालों से अवैध शराब बेची जा रही है। शराब पीने के बाद गांव के लोग अपने घरों में गाली-गलौज, मारपीट और अभद्र व्यवहार करते हैं। इससे परिवार के लोगों को रोज परेशानी झेलनी पड़ती है। बाहर से भी लोग गांव में शराब पीने आते हैं, जिससे माहौल खराब हो रहा है।

महिलाओं ने बताई घरों में होने वाली मारपीट की परेशानी

थाने के बाहर मौजूद महिलाओं ने बताया कि गांव में शराब बिकने के कारण घरों में रोज झगड़े होते हैं। पति और बेटे शराब पीकर आते हैं और मारपीट करते हैं। इससे बच्चे डरे-सहमे रहते हैं। महिलाओं के मुताबिक, कई बार समझाइश देने और गांव में बैठक कर शराब की बिक्री रोकने की कोशिश की गई, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। मजबूर होकर उन्हें थाने पहुंचना पड़ा।

बच्चों और युवाओं पर पड़ रहा असर

ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री का सबसे बुरा असर छोटे बच्चों और युवाओं पर पड़ रहा है। बच्चे घरों में गाली-गलौज सुन रहे हैं, वहीं युवा नशे की लत में पड़कर अपना भविष्य खराब कर रहे हैं। इससे पूरा गांव परेशान है।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने पुलिस से गांव में अवैध शराब की बिक्री बंद कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर कलेक्टर और एसपी कार्यालय में शिकायत की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ग्रामीण गांव में हड़ताल और आंदोलन भी करेंगे।

कोरबा में दशहरा उत्सव के दौरान मारपीट, दोनों पक्षों की FIR

कोरबा के रजगामार चौकी क्षेत्र के ओमपुर में दशहरा उत्सव के दौरान रावण दहन मैदान और दुर्गा पूजा पंडाल में विवाद, गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं हुईं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग FIR दर्ज की है। इनमें महिला से मारपीट और अपमान करने के साथ नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप भी शामिल हैं।

ग्राम पंचायत रजगामार की निर्वाचित महिला पंच और सार्वजनिक युवा दुर्गा एवं महिला उत्सव समिति ओमपुर की पदाधिकारी ने शिकायत दर्ज कराई है। महिला के मुताबिक, रावण दहन के बाद रात करीब 10:40 बजे वह दुर्गा पंडाल पहुंची थी। वहां गजेन्द्र भार्गव उर्फ सोनू भार्गव, उमाशंकर, गौरीशंकर, शिवशंकर, झरना, धनाई बाई, बरखा, पुष्पा भार्गव, सोनम, सोनिया और उनके दामाद सहित अन्य लोग पहुंचे। आरोप है कि सभी ने एक राय होकर गाली-गलौज शुरू कर दी।

बाइक चढ़ाने की कोशिश और साड़ी फाड़ने का आरोप

शिकायत के अनुसार, गौरीशंकर ने तेज रफ्तार से बाइक चलाकर महिला पर चढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद मारपीट कर उसकी साड़ी फाड़ दी, जिससे महिला को चोटें आईं और सार्वजनिक रूप से अपमानित होना पड़ा।

इस शिकायत पर रजगामार चौकी में अपराध क्रमांक 0624/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) में केस दर्ज किया गया है।

नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में दूसरी FIR

दूसरी ओर, 16 वर्षीय नाबालिग की शिकायत पर भी क्रॉस FIR दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, गजेन्द्र भार्गव, शिवशंकर, उमाशंकर, गौरीशंकर और रामपाल सहित अन्य लोगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अन्य धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है।

बच्चों के पास स्काई शॉट पटाखा चलाने का वीडियो

रावण दहन के दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें राम-लक्ष्मण की वेशभूषा में बैठे छोटे बच्चों और अन्य बच्चों के पास एक युवक हाथ में पटाखा लेकर स्काई शॉट चलाता नजर आ रहा है। वीडियो में बच्चे डरे हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान कोई बड़ा हादसा हो सकता था।

पुलिस कर रही जांच

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामले दर्ज किए गए हैं। घटना में कौन-कौन शामिल था और विवाद किस क्रम में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677