मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन की गरिमामयी उपस्थिति में पाली महोत्सव सम्पन्न
पाली महोत्सव ने कोरबा की सांस्कृतिक विरासत को दी नई ऊँचाई : कैबिनेट मंत्री लखन लाल
मंत्री लखन लाल देवांगन ने पाली महोत्सव समापन अवसर पर विकास योजनाओं का किया ऐलान
पाली शिव मंदिर से कॉलेज तक सड़क चौड़ीकरण, डुमरकछार तक लगेगी स्ट्रीट लाइट
कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में पावन महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर पाली में आयोजित दो दिवसीय पाली महोत्सव का गरिमामय समापन समारोह संपन्न हुआ। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक वैभव और जनउत्साह से परिपूर्ण इस आयोजन ने क्षेत्र की समृद्ध परंपराओं और सामाजिक एकता का सुंदर परिचय प्रस्तुत किया। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक उपस्थित रहे और पूरे वातावरण में उत्साह, भक्ति और उल्लास की मनोहारी छटा बिखरी रही।
कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी क्षेत्रवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि पाली महोत्सव कोरबा वासियो के लिए गौरव की बात है। पाली का यह ऐतिहासिक महोत्सव निरंतर नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है और क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत कर रहा है। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर पाली शिव मंदिर घाट में शिव आरती, गंगा आरती, श्रीराम आरती एवं दीपोत्सव का भव्य आयोजन किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर उत्कृष्ट सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिसका श्रोताओं ने भरपूर आनंद लिया। समापन दिवस पर भी आंचलिक, प्रादेशिक एवं राष्ट्रीय स्तर के ख्यातिप्राप्त कलाकारों की प्रस्तुतियों से दर्शको को भरपूर मनोरंजन का लाभ मिलेगा। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व तथा प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के अगुवाई में राज्य निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रदेश में विकास कार्यों के साथ-साथ सांस्कृतिक और धार्मिक उत्सव भी पूरे उत्साह और धूमधाम से मनाए जा रहे हैं। राज्य की निरंतर उन्नति और प्रगति के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कलेक्टर श्री दुदावत के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा महोत्सव को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है, जिसके लिए उन्होंने प्रशासनिक टीम को धन्यवाद ज्ञापित किया।
सुगम आवागमन की दिशा में बड़ा कदम, मंत्री देवांगन ने की सड़क चौड़ीकरण और स्ट्रीट लाइट की घोषणा
इस अवसर पर मंत्री देवांगन ने पाली में पर्यटन की दृष्टि से और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए पाली के शिव मंदिर से कॉलेज तक सड़क चौड़ीकरण तथा मुख्य मार्ग से डुमरकछार शिव मंदिर तक स्ट्रीट लाइट लगाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण से क्षेत्र में सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित होगी और नागरिकों को सुविधा मिलेगी।
समरोह में सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरण दास महंत ने महोत्सव को सम्बोधित करते हुए कहा कि महाशिवरात्रि केवल एक पर्व नहीं, बल्कि जीवन को बेहतर दिशा देने का संदेश है। भगवान शिव की आराधना हमें कठिनाइयों से संघर्ष करना, धैर्य रखना और आत्मबल के साथ आगे बढ़ना सिखाती है। उन्होंने कहा कि शिव अनादि और अनंत हैं—वे सदानंद स्वरूप हैं। देश के 12 ज्योतिर्लिंग भगवान शिव को एक सूत्र में बांधते हैं और यह हमारी आध्यात्मिक एकता के प्रतीक हैं। शिव की साधना व्यक्ति को विकारों से दूर कर विराट चेतना की ओर ले जाती है। उन्होंने आमजनों को पाली महोत्सव कार्यक्रम में बॉलीवुड, छालीवुड सहित स्थानीय कलाकारों द्वारा शानदार कार्यक्रमों की प्रस्तुति का लुत्फ उठाने के लिये कहा। सांसद श्रीमती महंत ने जिला प्रशासन और शासन की सराहना करते हुए कहा कि पाली की सांस्कृतिक परंपराओं को संजोने और आगे बढ़ाने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। ऐसे आयोजन हमारी विरासत, आस्था और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियो से अपनी सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहर को सहेजकर रखने और आने वाली पीढ़ियों तक उसे संरक्षित रूप में पहुंचाने का आह्वान किया।
समापन समारोह के अवसर पर पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम ने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पाली देवाधिदेव भगवान शिव और मां महिषासुर मर्दिनी की नगरी है, जिसका अपना विशिष्ट ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व है। यह भूमि आस्था, संस्कृति और परंपराओं से समृद्ध रही है। उन्होंने कहा कि पाली की सांस्कृतिक विरासत अत्यंत गौरवशाली है। यह क्षेत्र प्राकृतिक संसाधनों से भी परिपूर्ण है, यहां कोयला के साथ ही लिथियम का भंडार है और पावर हब के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। धार्मिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक दृष्टि से पाली निरंतर आगे बढ़ रहा है। विधायक श्री मरकाम ने कहा कि ऐसे महोत्सव सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं और हमारी परंपराओं को नई पीढ़ी से जोड़ते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे मेले का आनंद लें और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लाभ उठाएं। उन्होंने जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन निरंतर आगे बढ़ते हुए मंच प्रदान कर रहा है, जिससे प्रतिभाओं को अवसर मिल रहा है और नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। महोत्सव में स्थानीय, प्रादेशिक एवं बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुतियां क्षेत्र के सांस्कृतिक परिदृश्य को समृद्ध कर रही हैं।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने समस्त क्षेत्रवासियों को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पाली के प्राचीन शिव मंदिर की गरिमा, आस्था और ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए महोत्सव का आयोजन किया गया है। यह केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोने और सहेजने का प्रयास है। कलेक्टर ने कहा कि शासन के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा पाली की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और अधिक सुसज्जित एवं सशक्त बनाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। महोत्सव के माध्यम से स्थानीय परंपराओं, कला और संस्कृति को एक सशक्त मंच प्रदान किया गया है। उन्होंने बताया कि कल आयोजित उत्कृष्ट सांस्कृतिक कार्यक्रमों का नागरिकों ने भरपूर आनंद उठाया और आज भी विभिन्न कलाकारों की प्रस्तुतियों का सभी को आनंद लेने का आग्रह किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक चावलानी, पूर्व विधायकगण पुरुषोत्तम कंवर, मोहित राम केरकेट्टा, उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल, अध्यक्ष नगर पंचायत पाली अजय जायसवाल, सांसद प्रतिनिधि प्रशांत मिश्रा, सरपंच केराझरिया श्रीमती गिरजा सत्यनारायण पैकरा, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, एसडीएम पाली रोहित कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं भारी संख्या में आमनागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम में अतिथियों सहित अधिकारियों ने कलाकारों की प्रस्तुति का आनंद लिया।
कोरबा। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतरेगा पिकनिक स्पॉट के रिसॉर्ट में सुबह उस वक्त पर्यटनों एवं कर्मचारियों में हड़कंप मच गया, जब विद्युत मीटर बोर्ड के पीछे करीब 8 फीट लंबा किंग कोबरा छिपकर बैठा मिला। किंग कोबरा की जानकारी मिलते ही रेस्ट हाउस के मैनेजर इस्तीखार खान ने तत्काल वन विभाग एवं नोवा नेचर संस्था के सदस्य जितेंद्र सारथी को सूचना दिया, जिसके बाद सारथी ने अपने अजगर बहार के स्थानीय टीम के सदस्य कमलेश, देवेंद्र, राम, गौतम, दिल ,नरेश, देव मरावी को तत्काल सतरेगा के लिए रवाना कर साथ ही इसकी जानकारी कोरबा वनमंडलाधिकारी जितेंद्र उपाध्याय दिया एवं उनके निर्देशानुसार उपवनमण्डलाधिकारी रामसिंह राठिया उत्तर के मार्गदर्शन एवं बालकों रेंजर जयंत सरकार के नेतृत्व में जितेंद्र सारथी एवं सिद्धांत जैन कोरबा से रेस्क्यू के लिए मौके पर पहुंच कर सर्वप्रथम विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली को बंद करवाया गया, फिर पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, किंग कोबरा सर्किट बोर्ड के पीछे बेहद संकरी जगह में छिपा हुआ था, जिसके कारण उसे बाहर निकालना टीम के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत और सावधानी के बाद टीम ने करीब 8 फीट लंबे किंग कोबरा को सफलतापूर्वक सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के दौरान किंग कोबरा को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटकों की भीड़ लग गई, इतने फुर्तीले और लंबे सांप को देख कर लोग जिज्ञासा वश फोन से वीडियो बनाने से नहीं चुके, साथ ही मौजूद लोगों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया, सफल रेस्क्यू के बाद पंचनामा के पश्चात किंग कोबरा को उसके उपयुक्त प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया।
कोरबा जिले के लेमरू, बालको , पसरखेत , करतला, कुदमुरा एवं आसपास के वन क्षेत्रों से पिछले कुछ समय से छोटे आकार के किंग कोबरा लगातार सामने आ रहे हैं, छोटे किंग कोबरा का बार-बार मिलना इस क्षेत्र में इनके प्राकृतिक प्रजनन और अनुकूल आवास की उपलब्धता का सकारात्मक संकेत माना जा सकता है, साथ ही यह बात भी सिद्ध करता हैं कि एक ही सांप बार बार रेस्क्यु नहीं हो रहे बल्कि सभी किंग कोबरा दूसरे से भिन्न हैं। हालांकि, क्षेत्र में इनकी वास्तविक संख्या और आबादी की स्थिति निर्धारित करने के लिए वैज्ञानिक अध्ययन आवश्यक है।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अब स्थानीय लोगों में भी किंग कोबरा और अन्य वन्यजीवों के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता बढ़ रही है। आज किसी क्षेत्र में किंग कोबरा दिखाई देने पर लोग उसे मारने या नुकसान पहुंचाने के बजाय तुरंत वन विभाग अथवा प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना देते हैं। सूचना का समय पर मिलना और सांप का सुरक्षित रेस्क्यू होकर पुनः प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाना वन्यजीव संरक्षण और मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण है।
वन विभाग एवं नोवा नेचर ने आम लोगों से अपील की है कि किंग कोबरा या किसी भी सांप के दिखाई देने पर उससे दूरी बनाए रखें और स्वयं पकड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें, तत्काल प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
जर्जर सड़कों की शीघ्र मरम्मत और सड़क सुरक्षा के लिए गति अवरोधक व संकेतक लगाने के निर्देश
कोरबा। जिला पंचायत कोरबा के सभाकक्ष में बुधवार को जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह ने की। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन उपस्थित रहे। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान कृषि विभाग, लोक निर्माण विभाग एवं जल संसाधन विभाग द्वारा संचालित कार्यों की जानकारी ली गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान वर्षा ऋतु के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर एवं क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की स्थिति पर चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों की आवागमन सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐसी सड़कों की शीघ्र मरम्मत एवं सुधार कराने की आवश्यकता बताई। इस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए सड़कों की मरम्मत एवं सुधार कार्य प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में सड़क सुरक्षा के विषय पर भी चर्चा करते हुए दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने के लिए आवश्यक स्थानों पर गति अवरोधक एवं सड़क संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिले के पेयजल अभावग्रस्त क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर भी चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने आवश्यकता वाले क्षेत्रों में बांगो डेम से पेयजल उपलब्ध कराने की बात रखी। इस संबंध में संबंधित विभागों को क्षेत्र की आवश्यकता, तकनीकी संभावनाओं एवं व्यवहारिक पहलुओं का परीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों के अंतर्गत संचालित योजनाओं, उपलब्धियों, कार्यों की प्रगति तथा हितग्राहियों को दिए जा रहे लाभों की जानकारी प्रस्तुत की गई। जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित आवश्यकताओं एवं ग्रामीणों की समस्याओं को बैठक में रखा गया, जिस पर अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया, श्रीमती शांति मरावी, श्रीमती सुष्मिता अनंत कमलेश, श्रीमती सावित्री अजय कंवर, श्रीमती सुषमा रवि रजक, विनोद कुमार यादव, श्रीमती माया रूपेश कंवर, कौशल नेटी एवं विद्वान सिंह मरकाम, उपसंचालक पंचायत मिथलेश किसान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कोरबा, 10 सितम्बर 2026। जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन, कार्ययोजना तैयार करने तथा प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति का गठन किया गया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत समिति के अध्यक्ष होंगे, जबकि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कोरबा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिला स्तरीय समिति में पुलिस अधीक्षक, वन मंडलाधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, खाद्य अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग, कार्यपालन अभियंता जल संसाधन विभाग, कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जिला परिवहन अधिकारी, सहायक संचालक जनसंपर्क तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद कोरबा को सदस्य बनाया गया है। अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न जनभागीदारी एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’, ‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाटक, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘जल जन सेवा संकल्प’ जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शासकीय अमले एवं उपलब्ध संसाधनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के दौरान आयोजित होने वाली प्रत्येक गतिविधि का फोटो एवं वीडियो अभिलेखीकरण करते हुए जिलेवार प्रगति प्रतिवेदन नियमित रूप से राज्य स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा। प्रचार-प्रसार एवं सोशल मीडिया गतिविधियों में शासन द्वारा निर्धारित हैशटैग, फ्रेम एवं लोगो का ही उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी आयोजनों में वित्तीय मितव्ययिता बरतते हुए उपलब्ध शासकीय संसाधनों एवं अधोसंरचना का उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति अभियान की गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागों के बीच समन्वय तथा निर्धारित कार्यक्रमों की सतत मॉनिटरिंग करेगी। अभियान का उद्देश्य जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करते हुए जनभागीदारी के माध्यम से सेवा एवं विकास गतिविधियों को प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाना है।