डॉ. प्रफुल्ल चन्द्र राय की जयंती पर आयोजित हुआ नौ दिवसीय विज्ञान मेला कोरबा/दर्री। भारतीय रसायन विज्ञान के जनक डॉ. प्रफुल्ल चन्द्र राय की जयंती के उपलक्ष्य में सरस्वती शिशु मंदिर दर्री में 25 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक विज्ञान मेले का सफल आयोजन किया गया। इस विज्ञान मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, अनुसंधान एवं विज्ञान के प्रति जिज्ञासा का विकास करना था। इस दौरान विद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढक़र भाग लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
पत्र प्रस्तुति एवं तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन
विज्ञान मेले के अंतर्गत पत्र प्रस्तुति प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें तरुण वर्ग से खुशी श्रीवास ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि किशोर वर्ग में दिव्या जाल प्रथम रहीं। वहीं तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता में खुशी श्रीवास एवं डिम्पल साहू ने प्रभावशाली प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान हासिल किया। दोनों प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने विज्ञान से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किए।
प्रश्न मंच प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
प्रश्न मंच प्रतियोगिता में तरुण वर्ग से मनीषा, सत्यवती, प्राची, नेहा, दिव्या एवं आँचल साहू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। बाल वर्ग में चंद्रवती, वासनी एवं काव्या की टीम प्रथम रही, जबकि शिशु वर्ग में दक्ष, भविष्य एवं आदित्य ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विज्ञान से जुड़े प्रश्नों के सटीक उत्तर देकर अपनी वैज्ञानिक समझ और ज्ञान का परिचय दिया।
प्रश्नोत्तरी और विज्ञान प्रयोग में भी रहा उत्साह
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में नेहाली, आश्मी, साधना, डिम्पल एवं दिव्या का प्रदर्शन सराहनीय रहा। वहीं प्राथमिक विभाग की विज्ञान प्रयोग प्रतियोगिता में कावेरी, सत्या, स्वाति, आदित्य एवं साक्षी ने अपने प्रयोगों के माध्यम से विज्ञान की अवधारणाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया, जिसकी सभी ने प्रशंसा की।
विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में आकर्षक मॉडलों ने जीता सभी का मन
विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में किशोर वर्ग में सृष्टि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं डिम्पल, प्रेक्षा, दुनिक्ष, नियति एवं रागिनी के समूह ने द्वितीय स्थान हासिल किया। बाल वर्ग में धनराज, अखिल एवं प्रियांशु प्रथम रहे, जबकि कुणाल द्वितीय तथा खिलेश, डीकेश एवं ज्ञानेश्वर तृतीय स्थान पर रहे। शिशु वर्ग में आदित्य एवं मयंक प्रथम, स्वाति एवं चित्रांगनी द्वितीय तथा जिज्ञांश तृतीय स्थान पर रहे। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न विज्ञान मॉडल उनकी रचनात्मक सोच एवं वैज्ञानिक समझ का उत्कृष्ट उदाहरण बने।
समापन समारोह में अतिथियों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
विज्ञान मेले के समापन समारोह में हसदेव शिक्षण समिति के व्यवस्थापक भीष्म देव सिंह, कोषाध्यक्ष मेहुल फड़तड़े, पूर्व अध्यक्ष बद्रीप्रसाद स्वर्णकार तथा विद्यालय के भूतपूर्व छात्र राजू सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडल एवं प्रस्तुतियों का अवलोकन कर उनके प्रयासों की सराहना की।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए किया प्रेरित
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुषमा बारस्कर ने सभी प्रतिभागियों एवं विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि विज्ञान मेला विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा एवं नवाचार की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में निरंतर आगे बढऩे तथा समाज एवं राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त आचार्यगण के सहयोग की भी सराहना की।
आभार प्रदर्शन के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ विज्ञान मेला
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी आचार्य श्रीमती हेमलता साहू ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग एवं सहभागिता से विज्ञान मेला सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विज्ञान मेले ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान एवं नवाचार के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
परंपरागत हुनर के साथ आधुनिक उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण,आजीविका के नए अवसर सृजित करने की पहल
कोरबा, 13 सितंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों को आजीविका से जोड़ने और उनकी पारंपरिक कला एवं कौशल को रोजगार के बेहतर अवसरों में परिवर्तित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत कोनकोना के आश्रित ग्राम समेलीभाटा में निवासरत बिरहोर परिवारों को बांस कला का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 10 से 19 सितंबर तक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान(आरसेटी)कोरबा के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है।
समेलीभाटा के बिरहोर परिवार लंबे समय से पारंपरिक रूप से बांस शिल्प निर्माण का कार्य करते आ रहे हैं। इनके द्वारा बांस से टोकनी, सूपा, झापी सहित विभिन्न उपयोगी वस्तुएं तैयार कर स्थानीय हाट-बाजारों में विक्रय की जाती हैं। हालांकि पारंपरिक उत्पादों तक सीमित बाजार और उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण कारीगरों को अपनी मेहनत के अनुरूप पर्याप्त आमदनी प्राप्त नहीं हो पाती। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा इन परिवारों के पारंपरिक हुनर को आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप विकसित करने की पहल की गई है।
प्रशिक्षण के दौरान बांस शिल्पकारों को पारंपरिक उत्पादों के साथ-साथ आधुनिक एवं आकर्षक सजावटी वस्तुएं तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें आकर्षक गुलदस्ते, सीनरी, झालर तथा अन्य उपयोगी एवं सजावटी बांस उत्पाद शामिल हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य बांस शिल्पकारों के कौशल में निखार लाते हुए उनके उत्पादों में विविधता, गुणवत्ता और आकर्षण बढ़ाना है, ताकि वे स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर व्यापक बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार कर सकें।
जिला प्रशासन की इस पहल से बिरहोर परिवारों की पारंपरिक कला को संरक्षित करने के साथ ही उसे आय के स्थायी एवं बेहतर माध्यम के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशिक्षण के पश्चात राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से इन परिवारों द्वारा तैयार उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इससे बांस शिल्पकारों को अपने उत्पादों के बेहतर मूल्य प्राप्त करने, बाजार से सीधे जुड़ने तथा अपनी आय बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।
शांति नगर में गणेशोत्सव समिति द्वारा गणेश चतुर्थी मनाने तैयारी पूरी कोरबा/पाली। कल 14 सितम्बर को पूरे भारत वर्ष में गणेश चतुर्थी की धूम रहेगी। जिले में विभिन्न गणेशोत्सव समितियों द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में कल गणेश चतुर्थी पर पाली के राजा का भी भव्य और दिव्य आगमन होगा।
गणेशोत्सव समिति शांति नगर पाली के आयोजकों ने बताया कि कल 14 सितम्बर सोमवार को लालबाग के राजा की प्रतिमा बड़े धूमधाम से मंत्रोच्चार के साथ विराजित की जाएगी। भगवान श्रीगणेश की भव्य प्रतिमा पाली के राजा का शुभ आगमन संध्या 7.00 बजे होगा और पाली मुख्य बाजार से कार्यक्रम स्थल तक रैली की शक्ल में आकर्षक आतिशबाजी, आकर्षक एसएफएक्स एवं धूमाल के साथ लाई जाएगी और पंडित जी के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ विघ्रहर्ता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। आयोजन समिति ने इस भव्य आयोजन में सभी क्षेत्र वासियों को सादर आमंत्रित किया है और पाली के राजा की आगमन रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।
कोरबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई भी प्रस्तावित
कोरबा। थाना उरगा क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने, पैसे देने से मना करने पर युवक के साथ मारपीट करने तथा बाद में उसके घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
शराब के लिए पैसे मांगे, मना करने पर की मारपीट
दिनांक 10.09.2026 की रात्रि लगभग 09:00 बजे प्रार्थी संतोष राठौर निवासी फरसवानी अपने दोस्तों के साथ पार्टी में जाने के लिए निकला था। इसी दौरान आरोपीगण द्वारा उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग की गई। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपीगण द्वारा उसके साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की गई।घटना के कुछ समय बाद आरोपीगण पुनः रात्रि लगभग 12:30 बजे प्रार्थी के घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मारपीट की घटना में प्रार्थी के हाथ में चोट आई।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 507/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उरगा पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। लगातार पतासाजी के दौरान मुख्य आरोपी के अपने सकुनत पर मौजूद होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल दबिश देकर ज्ञान प्रसाद राठौर पिता लखन लाल राठौर, उम्र 21 वर्ष, निवासी फरसवानी, थाना उरगा, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BW 0830 को विधिवत जब्त किया गया।
आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार आरोपी ज्ञान राठौर पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण में संलिप्त रहा है तथा हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी कुछ दिन पूर्व ही जेल से बाहर आया था और उसके विरुद्ध पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।वर्तमान घटना में पुनः आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने तथा उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध गुंडा बदमाश प्रकरण तैयार कर कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। पुलिस द्वारा आरोपी की पूर्व आपराधिक गतिविधियों एवं वर्तमान प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर दिनांक 12.09.2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।प्रकरण में विवेचना जारी है तथा घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
कोरबा पुलिस की स्पष्ट नीति — अपराध एवं आपराधिक प्रवृत्ति पर प्रभावी कार्रवाई कोरबा पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।