Connect with us

कोरबा

पाली महोत्सव 2026 का भव्य समापन:दर्शकों के सामने बिखरा छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक छटा

Published

on

संस्कृति, संगीत और नृत्य का अद्भुत संगम

छत्तीसगढ़ी और बॉलीवुड सितारों ने रचा रंगारंग मंच, मंत्रमुग्ध करने वाली दी प्रस्तुतियाँ

बॉलीवुड की लोकप्रिय गायिका कनिका कपूर ने महोत्सव में छेड़ी सुरों की महफिल

भक्ति और संस्कृति की झलक: अनुज शर्मा ने मोहा दर्शकों का मन

छालीवुड के सुपरस्टार दीपक साहू ने मंच पर बिखेरी छालीवुड की चमक

स्थानीय कलाकारों ने भी बिखेरी सांस्कृतिक छटा

कोरबा। पाली महोत्सव के समापन समारोह रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ सम्पन्न हुआ। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक छटा, भक्ति और संगीत का अद्भुत समागम दर्शकों के सामने बिखरा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय कलाकार श्री अनुज शर्मा और दीपक साहू ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से दर्शकों को प्रभावित किया। साथ ही बॉलीवुड की मधुर स्वर की धनी कनिका कपूर ने अपनी लोकप्रिय धुनों से समारोह को और भी यादगार बना दिया। समापन अवसर पर स्थानीय कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने महोत्सव को जीवंतता और उत्साह से भर दिया। उपस्थित सभी दर्शक इस सांस्कृतिक का हिस्सा बनकर आनंदित हुए और इस महोत्सव की यादें हमेशा के लिए संजो ली।

छत्तीसगढ़ी संगीत की धरोहर जीवंत: अनुज शर्मा की मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुति

छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय कलाकार अनुज शर्मा ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत भक्ति गीतों से करते हुए उन्होंने “राम सिया राम” और “आरुग दिया ला जलाए” जैसे गीतों के माध्यम से देवी-देवताओं की आराधना प्रस्तुत की।
श्री शर्मा ने अपने सुपरहिट छत्तीसगढ़ी फिल्मों “छुइंया भुइयां” और “झन भूलो मां बाप ला के चर्चित गीतों की प्रस्तुति से दर्शकों को
ताल से ताल मिलाकर झूमने को मजबूर कर दिया। उन्होंने अपनी प्रस्तुति में स्थानीय संस्कृति और परंपरा का सुंदर मिश्रण पेश किया, जिससे हर कोई झूम उठे। उन्होंने हिंदी फिल्मों के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति ने भी माहौल को और जीवंत बना दिया।

छालीवुड के सुपरस्टार दीपक साहू ने अपनी शानदार नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को आकर्षित किया। उन्होंने मोहिनी खवा के जिया ला चुराए रे,…और अपने छत्तीसगढ़ी फिल्मो की लोकप्रिय गीतों पर अपने ऊर्जावान और तालमेलपूर्ण नृत्य से महोत्सव के रंग को और भी उल्लासपूर्ण बना दिया।
दीपक साहू की प्रस्तुति केवल नृत्य तक सीमित नहीं रही,उन्होंने अपनी हाव-भाव और स्टेज प्रजेंस से दर्शकों को पूरी तरह मोहक भाव से प्रभावित कर दिया। उनके हर कदम और हर मूवमेंट में छत्तीसगढ़ी संस्कृति की छटा झलक रही थी, जिसने समारोह के आनंद और उत्साह को दोगुना कर दिया। दर्शक उनके साथ तालियों और उत्साह से झूमते रहे, और इस प्रस्तुति ने महोत्सव की यादों को और भी सजीव बना दिया।

पाली महोत्सव के समापन समारोह में बॉलीवुड की लोकप्रिय गायिका कनिका कपूर ने अपनी शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। उन्होंने बॉलीवुड फिल्मों के सुपरहिट गीतों की प्रस्तुति देकर मंच पर अपनी आवाज का जादू बिखेरा। कनिका कपूर ने काला चश्मा, चंद दी कुड़ी, “नखरा तीखी तलवार वरगा”, “ब्राउन मुंडे” जैसे अनेक हिट गीतों को अपनी सुरीली आवाज और शानदार स्टेज प्रेजेंस के साथ पेश किया। उनके सुर और ताल ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया और महोत्सव का माहौल ऊर्जावान और रोमांचक बना दिया।
उनकी प्रस्तुति ने पाली महोत्सव के समापन को एक भव्य और मनोरंजक अनुभव में बदल दिया। दर्शक उनकी मधुर आवाज और आकर्षक प्रस्तुति का लुत्फ उठाते हुए अंत तक मुग्ध बने रहे।

पाली महोत्सव 2026 के समापन अवसर पर स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल छू लिया। सोनू भाठिया एंड ग्रुप ने जसगीत की प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत किया, चिराग शुक्ला एंड बैंड ने अपनी प्रस्तुति से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

स्थानीय कलाकार थिरमन दास ने छत्तीसगढ़ महतारी की वंदना के साथ अपने कार्यक्रम की भव्य शुरुआत की। धारा सोनवानी ने छत्तीसगढ़ की भाजी और भोजन संस्कृति को सुंदर गीतों के माध्यम से प्रस्तुत कर समापन समारोह में रौनक बढ़ा दी। साथ ही सूफी गायक राहुल ठाकुर बैंड, रायपुर ने सूफी संगीत से दर्शकों को बांधे रखा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की विविधता में ज्योति बोहिदार वैष्णव की कत्थक नृत्य और स्कूली बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ भी शामिल रहीं, जिन्होंने महोत्सव के रंग को और भी उत्सवमय बना दिया।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में घर के छज्जे पर लटका मिला कोबरा:रेस्क्यू के लिए तोड़ना पड़ा छज्जा, 1 घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ा गया

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के बरमपुर गांव में गुरुवार देर रात एक घर में कोबरा घुस गया। करीब 5 फीट लंबा कोबरा कच्चे मकान के छज्जे पर लटका फुंकार रहा था। सांप को देखकर घर में मौजूद महिलाएं और बच्चे डर गए और बाहर भाग गए। सूचना मिलने पर स्नेक कैचर की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया।

घटना रात करीब 11 बजे की है। प्रकाश यादव का परिवार सोने की तैयारी कर रहा था, तभी कमरे के छज्जे से सरसराहट की आवाज सुनाई दी। टॉर्च की रोशनी में देखने पर करीब 5 फीट लंबा कोबरा छज्जे से लटका दिखाई दिया और फुंकार मार रहा था।

मकान कच्चा और खपरैल का होने के कारण कोबरा आसानी से अंदर घुस आया। सूचना मिलने पर स्नेक कैचर मानस यादव और उमेश यादव की टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि कोबरा छज्जे की दरार में छिपा हुआ था, जिससे रेस्क्यू करना चुनौतीपूर्ण हो गया।

17 फीट ऊंचाई पर चढ़कर किया रेस्क्यू

रेस्क्यू टीम को करीब 17 फीट की ऊंचाई पर चढ़कर जोखिम उठाना पड़ा। सांप तक पहुंचने के लिए घर के एक हिस्से को हल्का तोड़ना भी पड़ा। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया।

जंगल में छोड़ा गया कोबरा

रेस्क्यू के बाद वन विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

बरसात में बढ़ जाती हैं ऐसी घटनाएं

स्नेक कैचर उमेश यादव ने बताया कि बरसात के मौसम में सांप सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में घरों की छत, स्टोर रूम, अनाज रखने की जगह और छज्जों में पहुंच जाते हैं।

लोगों से की अपील

स्नेक कैचर ने लोगों से अपील की कि घर में सांप दिखने पर घबराएं नहीं। उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें।

Continue Reading

कोरबा

पिता से पूछा-मां मुझसे नाराज क्यों है, फिर फूट-फूटकर रोया:सुबह किराए के कमरे में फंदे पर लटका मिला बेटा, सेलून में करता था काम

Published

on

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में किराए के मकान में रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने अपने पिता को फोन कर पूछा, “मां मुझसे नाराज क्यों है?” इसके बाद वह फूट-फूटकर रोने लगा। कुछ देर बाद उसने कॉल काट दी।

शुक्रवार सुबह जब उसके माता-पिता किराए के कमरे पर पहुंचे, तो युवक फांसी के फंदे पर लटका मिला। फिलहाल आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। यह मामला सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र का है।

पंखे से लटकर युवक से आत्महत्या कर ली।

पंखे से लटकर युवक से आत्महत्या कर ली।

सेलून में करता था काम

जानकारी के मुताबिक युवक का नाम रोहन उर्फ अमन श्रीवास (24) है, जो ट्रेंड्ज़ स्टूडियो सैलून में काम करता था। रोहन टीपी नगर में किराए के मकान में रहता था। मूल रूप से वह बरपाली का रहने वाला था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन भी है।

देर रात पिता को किया था फोन

रिश्तेदारों ने बताया कि गुरुवार रात करीब 9 बजे रोहन की पिता से सामान्य बातचीत हुई थी। इसके बाद रात करीब 2:30 बजे उसने फिर कॉल किया। कॉल पर वह रो रहा था और बार-बार पूछ रहा था, “मां मुझसे नाराज क्यों है?” इसके बाद उसने फोन काट दिया।

सुबह कमरे में फंदे पर लटका मिला

शुक्रवार सुबह जब रिश्तेदारों ने कई बार फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुई। अनहोनी की आशंका पर माता-पिता तुरंत उसके कमरे पहुंचे। दरवाजा खोलने पर रोहन का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। इसके बाद फौरन पुलिस को सूचना दी गई।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

माता-पिता और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

जांच के बाद सामने आएगी वजह

सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि आत्महत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। पुलिस रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा के सिंचाई कॉलोनी में लाखों की चोरी:सूने मकान का ताला तोड़कर सोना, चांदी, नकदी ले उड़े चोर, पुलिस जांच में जुटी

Published

on

कोरबा। कोरबा सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रामपुर स्थित सिंचाई कॉलोनी में चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से सोना-चांदी के गहने, नगदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित भारत लाल साहू, जो सिंचाई विभाग में कर्मचारी हैं, सिंचाई कॉलोनी के क्वार्टर नंबर एचपीटी A2/25 में रहते हैं। वह किसी काम से घर से बाहर गए थे और मकान में ताला लगा था। इसी दौरान चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया।

पुलिस सीसीटीवी और फिंगरप्रिंट के आधार पर कर रही जांच

पुलिस सीसीटीवी और फिंगरप्रिंट के आधार पर कर रही जांच

अलमारी तोड़कर ले गए गहने और नकदी

शुक्रवार (24 जुलाई ) सुबह घटना की जानकारी मिलने पर भारत लाल साहू घर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। घर के अंदर अलमारी भी तोड़ी गई थी और सामान बिखरा पड़ा था। चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने, करीब 30 से 35 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित के अनुसार कुल नुकसान करीब 2 से 2.5 लाख रुपये का हुआ है।

सोना-चांदी और नकदी लेकर फरार हुए चोर

सोना-चांदी और नकदी लेकर फरार हुए चोर

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से भी साक्ष्य जुटाए गए हैं।

बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोग चिंतित

स्थानीय लोगों का कहना है कि कोरबा जिले में हाल के दिनों में चोरी और लूट की घटनाएं बढ़ी हैं। सूने मकानों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। पीड़ित ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है। पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677