Connect with us

छत्तीसगढ़

हरि लीला ट्रस्ट का “सफलता संकल्प उत्सव 2025”: ज्ञान, सेवा और प्रेरणा का भव्य संगम, 16 अक्टूबर को

Published

on

जांजगीर। हरि लीला ट्रस्ट, बनारी (जांजगीर-नैला) द्वारा आयोजित मेगा इवेंट “सफलता संकल्प उत्सव 2025” का भव्य आयोजन आगामी 16 अक्टूबर 2025 (गुरुवार) को किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन होटल ड्रीम पॉइंट, जांजगीर में दोपहर 4:00 बजे से 7:00 बजे तक संपन्न होगा।

यह आयोजन समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों, प्रतिभावान विद्यार्थियों और प्रेरक संस्थाओं को एक ही मंच पर सम्मानित करने का विशेष अवसर बनेगा।

इस उत्सव में प्रदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय, शिक्षण संस्थान एवं कॉलेज भाग लेंगे, जो अपने करियर गाइडेंस स्टॉल्स के माध्यम से छात्रों और युवाओं को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा करियर निर्माण की दिशा में मार्गदर्शन देंगे।

कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही हरि लीला ट्रस्ट द्वारा आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता “महापरीक्षा अभियान” के विधानसभा स्तरीय फाइनल राउंड के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विजेताओं, तथा विद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी मंच पर सम्मान प्रदान किया जाएगा।

ट्रस्ट द्वारा इस आयोजन के अंतर्गत “प्रेरणा सम्मान” के तहत राज्यपाल/राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षक, समाजसेवी संस्थाएँ, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, भूतपूर्व सैनिक, कवि-रचनाकार, रक्तदान संगठन, धार्मिक आयोजन समितियाँ, खेल संघों के पदाधिकारी, तथा पीएससी, व्यापम, नीट, जेईई, सब इंस्पेक्टर  जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित अभ्यर्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

इस संबंध में हरि लीला ट्रस्ट के सचिव अमर सुल्तानिया ने बताया कि “सफलता संकल्प उत्सव केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच, सेवा भावना और सफलता की प्रेरणा जगाने का एक अभियान है। इस मंच के माध्यम से हम युवा पीढ़ी में आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करना चाहते हैं।”
इस अवसर पर जिले के प्रबुद्ध नागरिकों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति इस आयोजन को यादगार और प्रेरणादायी बनाएगी।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

मतदाता अधिकारों की रक्षा के लिए बूथ स्तर तक सक्रिय हों कांग्रेस कार्यकर्ता: जयसिंह अग्रवाल

Published

on

बिहार के शिवहर जिले में “वोट बचाओ–देश बचाओ” अभियान के तहत जिला कांग्रेस की बैठक आयोजित, मतदाता सूची की जांच के लिए चेकलिस्ट एवं प्रारूप उपलब्ध कराया

गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर कार्यकर्ताओं ने रखीं अपनी चिंताएं, जयसिंह अग्रवाल ने शीर्ष नेतृत्व तक बात पहुंचाने का दिया आश्वासन

कोरबा/शिवहर, 26 अक्टूबर 2026। जिला कांग्रेस कमेटी, शिवहर के तत्वावधान में सोमवार को सायं 7 बजे जिला कांग्रेस कार्यालय में “वोट बचाओ–देश बचाओ” अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिला कांग्रेस कमेटी के अफरोज आलम के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के पर्यवेक्षक जयसिंह अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में जिला एवं प्रखंड स्तर के कांग्रेस पदाधिकारियों, युवा नेताओं, महिला कांग्रेस की प्रतिनिधि तथा पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सुरक्षित रहना लोकतंत्र की विश्वसनीयता और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। मतदाता सूची से किसी पात्र व्यक्ति का नाम हटने अथवा नाम दर्ज नहीं होने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तथ्यों का सत्यापन करना और नियमानुसार उसका समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रयास करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में चलाया जा रहा “वोट बचाओ–देश बचाओ” अभियान तभी प्रभावी होगा, जब पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर जिम्मेदारी के साथ काम करेंगे। कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची की जांच करने, प्रभावित मतदाताओं से संपर्क स्थापित करने तथा पात्र मतदाताओं को निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया के तहत आवश्यक आवेदन प्रस्तुत करने में सहायता देने की जरूरत है।
श्री अग्रवाल ने जिला कांग्रेस कमेटी, शिवहर को अभियान के प्रभावी संचालन के लिए चेकलिस्ट एवं निर्धारित प्रारूप उपलब्ध कराया। उन्होंने निर्देश दिया कि इनका वितरण संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के बीच किया जाए, ताकि मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों का व्यवस्थित संकलन, सत्यापन और नियमित समीक्षा की जा सके। उन्होंने जोर दिया कि अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रम न बनाकर जमीनी स्तर पर परिणामोन्मुख गतिविधि के रूप में संचालित किया जाना चाहिए।
बैठक के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिहार में गठबंधन के अंतर्गत विधानसभा चुनावों में सीटों के बंटवारे को लेकर अपनी चिंताएं भी व्यक्त कीं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बार-बार चुनावों में गठबंधन के अन्य घटक दलों को अधिक सीटें दिए जाने तथा कांग्रेस के संभावित उम्मीदवारों एवं समर्पित कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं को पर्याप्त महत्व नहीं मिलने से संगठन के भीतर उपेक्षा और निराशा की भावना उत्पन्न होती है। उन्होंने आग्रह किया कि गठबंधन संबंधी निर्णयों में कांग्रेस की जमीनी स्थिति, स्थानीय नेताओं के योगदान और कार्यकर्ताओं की भावनाओं को उचित महत्व दिया जाना चाहिए।
इस पर जयसिंह अग्रवाल ने उपस्थित कांग्रेसजनों की भावनाओं को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि “आप सभी की भावनाओं का सम्मान करते हुए आपकी बातों एवं चिंताओं को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा।” उन्होंने कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं और संगठनात्मक सुझावों को उचित मंच तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया।
बैठक में शिवहर जिले में कांग्रेस संगठन की वर्तमान स्थिति, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता, जनसंपर्क बढ़ाने तथा संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। उपस्थित कांग्रेसजनों ने अपने अनुभव साझा करते हुए संगठन को अधिक सक्रिय एवं जनसरोकारों से जुड़ा बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में शिवहर प्रभारी दिलीप खिरहर, उपाध्यक्ष वशिष्ठ राउत, सचिव प्रभात रंजन, युवा नेता अभिषेक यादव एवं अमित रंजन, पिपराही प्रखंड अध्यक्ष एम. मुर्तजा, अकरम, विनोद साह, युवा नेता आशुतोष कुमार सिंह, समंस आलम, सैयद अंसारी, संतोष पटेल, अभिषेक पटेल, सहदेव राम, महिला कांग्रेस की श्रीमती आशा कुमारी, कोषाध्यक्ष रघुवीर प्रसाद, महासचिव प्रभात यादव सहित अन्य कांग्रेसजन, कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी वर्ग के लोग उपस्थित रहे।
जिला कांग्रेस कमेटी ने अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने, मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों का तथ्यात्मक सत्यापन करने तथा पात्र मतदाताओं को निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत सहायता उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ताओं की भावनाओं एवं सुझावों को उचित स्तर तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।

Continue Reading

कोरबा

तिवरता का पंचायत भवन ग्रामीण विकास की मिसाल : डॉ. महंत

Published

on

प्रदेश के पंचायतों  जनप्रतिनिधियों को भ्रमण कराने का सुझाव
सभी पंचायतों में बेहतर सुविधाएं विकसित करने पर जोर

कोरबा। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत तिवरता में नवनिर्मित पंचायत भवन के लोकार्पण समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पंचायत भवन का अवलोकन कर उसकी संरचना, उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि तिवरता का पंचायत भवन ग्रामीण विकास की उत्कृष्ट मिसाल है। प्रदेश की अन्य पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को भी यहां का भ्रमण कराना चाहिए, ताकि वे इन व्यवस्थाओं से प्रेरणा लेकर अपनी पंचायतों में बेहतर सुविधाएं विकसित कर सकें।

लोकार्पण समारोह में विधायक तुलेश्वर मरकाम, प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, प्रशांत मिश्रा, मनोज चौहान सहित तिवरता के युवा सरपंच,पंचायत प्रतिनिधि, और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। समारोह के दौरान डॉ. महंत ने पंचायत भवन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और इसे ग्रामीणों की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने के प्रयासों की सराहना की।

डॉ. महंत ने कहा कि पंचायत भवन ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण और विकास कार्यों के संचालन का प्रमुख केंद्र होता है। तिवरता में इसे सुविधायुक्त और व्यवस्थित बनाने का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने पंचायत के जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी पहल गांवों में प्रशासनिक कामकाज को सुगम बनाने के साथ ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मददगार होती है।

उन्होंने शासन-प्रशासन से आग्रह किया कि प्रदेश की अन्य ग्राम पंचायतों के सरपंचों, पंचों और जनप्रतिनिधियों को तिवरता पंचायत भवन का भ्रमण कराया जाए। इससे वे यहां की व्यवस्थाओं को देखकर अपनी पंचायतों में भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने कहा कि अच्छे कार्यों का दूसरी पंचायतों में अनुकरण होने से ग्रामीण विकास को गति मिलेगी।

डॉ. महंत ने कहा कि छत्तीसगढ़ के समग्र विकास के लिए ग्राम पंचायतों को मजबूत और सुविधायुक्त बनाना जरूरी है। प्रत्येक पंचायत में ऐसा आधारभूत ढांचा होना चाहिए, जहां प्रशासनिक कामकाज सुचारु रूप से संचालित हो और ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिलें। तिवरता जैसे प्रयासों को प्रोत्साहित कर प्रदेश की सभी पंचायतों में सुविधाओं के विस्तार की दिशा में ठोस पहल की जानी चाहिए।

Continue Reading

छत्तीसगढ़

चौकीदार को बंधक बनाकर बंद फैक्ट्री में 17-लाख की लूट:एक हफ्ते तक की रेकी, फिर 8 बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम, 3 गिरफ्तार

Published

on

रायपुर, एजेंसी। रायपुर के हीरापुर में बंद पड़ी इस्पात फैक्ट्री में बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। रात में 7-8 बदमाश फैक्ट्री में पहुंचे और सबसे पहले चौकीदार को रस्सी से बांध दिया। इसके बाद ऑफिस और फैक्ट्री में रखा एल्युमिनियम, कॉपर और दूसरे कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 17 लाख रुपए का सामान बरामद किया है। वारदात में इस्तेमाल टाटा एस वाहन, स्कूटी और दूसरे औजार भी जब्त किए गए हैं। घटना में शामिल बाकी आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

एक हफ्ते तक फैक्ट्री की रेकी, फिर रात में वारदात

घटना 22 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे की है। हीरापुर के तेंदुआ रोड पर स्थित अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री साल 2020 से बंद है। यहां दिलीप कुमार वर्मा चौकीदारी करते हैं।

घटना के समय वे ऑफिस के पोर्च में बैठे थे। तभी उन्हें बाउंड्रीवॉल के अंधेरे हिस्से से एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। चौकीदार ने उसे आवाज देकर रोकने की कोशिश की, तो वह पत्थर फेंकने लगा। इसी दौरान चेहरे पर कपड़ा बांधे 7-8 और लोग वहां पहुंच गए।

चौकीदार के हाथ बांधकर फैक्ट्री से 17 लाख का सामान लूटा

बदमाशों ने चौकीदार के दोनों हाथ पीछे की ओर रस्सी से बांध दिए। इसके बाद ऑफिस में घुसकर एल्युमिनियम वायर के बंडल, कॉपर का सामान, एल्युमिनियम प्लेट, हैलोजन लाइट, नकदी, पैनल कार्ड और कॉपर कॉइल लूट लिया।

वे सारा सामान टाटा एस वाहन में लोडकर ले गए। भागने के लिए बदमाशों ने फैक्ट्री की दीवार तोड़ी और खेत के रास्ते रिंग रोड की ओर फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात से पहले करीब एक सप्ताह तक फैक्ट्री की रेकी की थी। वे वहां की गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रहे थे। योजना के तहत टाटा एस और स्कूटी से फैक्ट्री पहुंचे थे।

CCTV फुटेज और मुखबिर की मदद से पकड़ में आए आरोपी

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने फैक्ट्री और आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। संदिग्धों की आवाजाही का पता लगाने के लिए घटना से पहले और बाद के फुटेज का मिलान किया गया। पुलिस ने तकनीकी जांच और मुखबिरों की मदद से सरोना के संदीप नेताम को पकड़ा। पूछताछ और मिले सबूतों के आधार पर अजीत भारती और उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, तीनों ने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। उनके कब्जे से एलुमिनियम वायर, एल्युमिनियम और कॉपर के सामान, प्लेट, हैलोजन लाइट, पैनल कार्ड और कॉपर कॉइल सहित करीब 17 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया। वारदात में इस्तेमाल टाटा एस, स्कूटी, कटर मशीन और ड्रिल मशीन भी जब्त की गई है।

पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं आरोपी

पुलिस के अनुसार, संदीप नेताम पहले गुढ़ियारी थाने के चोरी और मारपीट के मामले में, उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन टिकरापारा के नकबजनी के मामले में और अजीत भारती डीडी नगर के प्रतिबंधात्मक मामले में जेल जा चुका है।

गिरफ्तार आरोपियों में संदीप नेताम (35), अजीत भारती (30) और उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन (27) शामिल हैं। पुलिस अब वारदात में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।

पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृति रजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुरिया की निगरानी में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और कबीर नगर पुलिस ने की।

पुलिस के मुताबिक, रायपुर कमिश्नरेट में अब तक चोरी, नकबजनी, मोबाइल छिनतई, लूट और डकैती के 150 मामलों में 237 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 4.66 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677