Connect with us

कोरबा

जंगली सुअर का शिकार, घर से मांस और हथियार बरामद:फंदा लगाकर बनाया था निशाना, कटघोरा में 4 ग्रामीण गिरफ्तार

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल में जंगली सुअर के शिकार करने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वन विभाग की टीम ने ग्राम लीमपानी और ग्राम बारीउमराव से शिकारियों को अरेस्ट किया है।

दरअसल, वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लीमपानी निवासी एक व्यक्ति ने जंगली सुअर का शिकार किया है। इसके बाद एक टीम बनाई गई। टीम लीमपानी ​​​​​​​में एक ग्रामीण के घर पहुंची। पंचों की उपस्थिति में घर की तलाशी ली गई।

इस दौरान लगभग 5 किलोग्राम जंगली सुअर का कच्चा मांस, दो पुराने जबड़े और तीन पैर बरामद किए गए। शिकार में इस्तेमाल किए गए हथियार भी जब्त किए गए, जिनमें दो कुल्हाड़ी, एक परसुल, दो हंसिया, सेट्रिंग तार के चार बंडल और लकड़ी का गुटका शामिल हैं।

फंदा लगाकर जंगली सुअर का शिकार

पूछताछ में संदेही ने स्वीकार किया कि उसने पलमापहाड़ में फंदा लगाकर जंगली सुअर का शिकार किया था। फंदे में फंसने से सुअर की मौत हो गई थी। संदेही ने बताया कि उसने गांव के ही तीन अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर मौके पर ही सुअर को काटा और मांस आपस में बांट लिया।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

कुछ मांस पकाकर खा भी लिया गया था। वन विभाग ने साक्ष्य, बयान, पंचनामा और जब्त सामग्री के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धाराओं (9, 39, 44, 48(क), 51 और 52) के तहत पी.ओ.आर. क्रमांक 32/01 दर्ज किया गया।

24 जनवरी को सभी आरोपियों को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पाली के समक्ष पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें 6 फरवरी 2026 तक न्यायिक अभिरक्षा में कटघोरा भेज दिया है। वहीं, वन विभाग के अधिकारियों को कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

कोरबा डीएसपीएम प्लांट में निकला जहरीला कोबरा:कर्मचारियों ने टीम को दी सूचना, स्नेक कैचर ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

Published

on

कोरबा। कोरबा में शनिवार दोपहर डीएसपीएम प्लांट के अंदर एक जहरीला कोबरा सांप दिखाई देने से हड़कंप मच गया। सांप फन फैलाए हुए था, जिसे देखकर वहां काम कर रहे लोग सतर्क हो गए। लोगों ने सांप से छेड़छाड़ करने के बजाय तुरंत RCRS (रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूअर सोसाइटी) की टीम को सूचना दी।

सूचना मिलने पर RCRS के अध्यक्ष अविनाश यादव अपनी टीम के सदस्य महेश्वर के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया। इस दौरान आसपास मौजूद कर्मचारियों ने सुरक्षित दूरी बनाए रखी। यह भी बताया गया है कि इस प्लांट में पहले भी जहरीले सांप देखे जा चुके हैं।

मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने RCRS टीम के कार्य की सराहना की। उन्होंने बताया कि यह संस्था न केवल खतरनाक सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू करती है, बल्कि उन्हें बिना नुकसान पहुंचाए जंगल में छोड़ती है। साथ ही, लोगों को वन्यजीवों के प्रति जागरूक भी करती है, जिससे सांपों को अनावश्यक रूप से मारे जाने से बचाया जा सके।

RCRS के अध्यक्ष अविनाश यादव ने कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब लोगों में जागरूकता बढ़ रही है। पहले डर या अज्ञानता के कारण सांपों को मार दिया जाता था, लेकिन अब लोग रेस्क्यू टीम को सूचना देते हैं और उनके आने तक सांप पर नजर रखते हैं। उन्होंने डीएसपीएम प्लांट के कर्मचारियों के धैर्य और समझदारी की भी सराहना की, जिससे रेस्क्यू सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सका।

रेस्क्यू के बाद कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया।

Continue Reading

कोरबा

ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस के साथ मनाया गया आवास दिवस

Published

on

प्रत्येक माह की 07 तारीख को आयोजित किए जाते हैं रोजगार दिवस एवं आवास दिवस

क्यूआर कोड स्कैन प्रणाली से दी गई योजनाओं एवं प्रावधानों की जानकारी

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार एवं सीईओ जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग के मार्गदर्शन में जिले की ग्राम पंचायतों में शनिवार को चावल उत्सव, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत रोजगार दिवस तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास दिवस का आयोजन किया गया।

आवास दिवस के आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराना, हितग्राहियों में जागरूकता बढ़ाना तथा निर्माण के दौरान आ रही समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।

जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का आयोजन प्रत्येक माह की 07 तारीख को सभी ग्राम पंचायतों में अनिवार्य रूप से किया जाए, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र हितग्राही को समय पर पक्का आवास उपलब्ध कराया जा सके।

आवास दिवस के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के आवास निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने हेतु विशेष चर्चा की गई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत पदाधिकारियों द्वारा ग्रामीण हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण तथा विकसित भारत जी राम जी अधिनियम 2025 के प्रावधानों की जानकारी क्यूआर कोड आधारित प्रणाली के माध्यम से दी गई। ग्रामीणों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने हेतु क्यूआर कोड स्कैन प्रणाली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

मनरेगा के कार्य स्थलों पर आयोजित रोजगार दिवस के दौरान विकसित भारत जी राम जी अधिनियम 2025 से संबंधित पम्पलेट का वितरण कर इसके प्रावधानों की जानकारी ग्रामीणों को दी गई तथा रोजगार अधिकारों पर चर्चा की गई।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्राम सचिव, रोजगार सहायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

कलेक्टर ने पीएम श्री विद्यालय करतला का किया निरीक्षण

Published

on

सर्वसुविधायुक्त, आदर्श विद्यालय बनाने के दिए निर्देश

छात्र-छात्राओं से हुए रूबरू

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शुक्रवार को पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय करतला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय को पीएम श्री योजना के मानकों के अनुरूप सर्वसुविधायुक्त एवं आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री दुदावत ने विद्यालय के विभिन्न कक्षों, कंप्यूटर कक्ष, प्रायोगिक प्रयोगशाला, पुस्तकालय तथा खगोल प्रयोगशाला का अवलोकन करते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने विद्यालय परिसर की स्वच्छता पर असंतोष व्यक्त करते हुए तीन दिनों के भीतर समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर छात्र-छात्राओं से रूबरू हुए और उनसे उनकी पढ़ाई, विद्यालयीन सुविधाओं तथा आने वाली परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को तनावमुक्त होकर नियमित अध्ययन करने और पूरी लगन से परीक्षा की तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि सभी विद्यार्थियों के लिए कंप्यूटर शिक्षा तथा खेल गतिविधियों की कक्षाएं नियमित रूप से संचालित की जाएं, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि विद्यालय परिसर में पड़े टूटे हुए फर्नीचर की मरम्मत कर उसे उपयोग में लाया जाए तथा जो फर्नीचर उपयोग योग्य न हो उसे नियमानुसार कबाड़ विक्रेता को विक्रय कर प्राप्त राशि का उपयोग विद्यालय हित में किया जाए।

निरीक्षण के पश्चात कलेक्टर ने विद्यालय के शिक्षकों के साथ बैठक कर शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन तथा आधारभूत सुविधाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान सीईओ जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग, जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय, ई-आरईएस अशोक कुमार जोगी,सीईओ जनपद पंचायत करतला वैभव कौशिक, एसडीओ एवं सब इंजीनियर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677