Connect with us

छत्तीसगढ़

‘नक्सली नहीं हूं कहा…फिर भी पुलिस ने गोली मारी’:आदिवासी युवक बोला-जांघ में धंसी बुलेट, चिड़िया मारने गए थे, कांग्रेस बोली-मुठभेड़ की कहानी फर्जी

Published

on

कोंडागांव,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में 14 अगस्त की रात को पुलिस ने एक ग्रामीण युवक को गोली मार दी। युवक के जांघ में बुलेट धंसी है। घायल युवक के मुताबिक वह कह रहा था कि नक्सली नहीं है, गोली मत चलाइए, लेकिन पुलिस ने फायरिंग की। मामला कन्हारगांव थाना क्षेत्र का है।

हालांकि पुलिस का कहना है कि मुठभेड़ में ग्रामीण युवक को गोली लगी है। घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं कांग्रेस ने मुठभेड़ को फर्जी बताया है। ​​​​​​यह मुठभेड़ नहीं, बल्कि पुलिस की ज्यादती है, जिसमें निर्दोष ग्रामीण अभय नेताम को गोली मारी गई।

वहीं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और विधायक लता उसेंडी ने कहा कि जनाधार बढ़ाने की कोशिश में कांग्रेस अक्सर बेबुनियाद और भटकाने वाला बयान देती रहती है। जहां तक इस घटना की बात है, पुलिस पहले ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका स्पष्ट स्पष्टीकरण दे चुकी है।

पुलिस फायरिंग में घायल युवक से मिलने कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचे पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम।

पुलिस फायरिंग में घायल युवक से मिलने कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचे पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

कोंडागांव मुताबिक कन्हारगांव थाना क्षेत्र के नालाझार गांव के पास नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद CRPF और जिला पुलिस की संयुक्त टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। CRPF और जिला पुलिस की संयुक्त टीम जब वहां पहुंची।

इस दौरान रात करीब 10:30 बजे 10-12 नक्सलियों ने उन पर हमला कर दिया। नक्सली आधुनिक हथियारों से लैस थे। उनका मकसद पुलिस के जवानों से हथियार लूटना था। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलीबारी की, जिसके बाद नक्सली मौके से भाग गए।

पुलिस ने मौके से दो भारमार बंदूकें, नक्सली साहित्य, बैग और दवाइयाँ बरामद कीं। इस घटना में एक ग्रामीण घायल हो गया। उसे तुरंत बेहराम अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत स्थिर है।

कोंडागांव पुलिस की गोली से घायल युवक अभय नेताम की तस्वीर है। अस्पताल में भर्ती है।

कोंडागांव पुलिस की गोली से घायल युवक अभय नेताम की तस्वीर है। अस्पताल में भर्ती है।

अब जानिए घायल युवक ने क्या कहा ?

पुलिस की गोलीबारी में घायल आदिवासी युवक अभय नेताम ने बताया कि वे 14 अगस्त की रात करीब 9 बजे जंगल में चिड़िया मारने गए थे। चार लोग बाइक पर गए थे, लेकिन बारिश शुरू होने पर वे घर लौटने लगे। कुछ जवान आए और उन्हें रुकने को कहा, जिससे वे डर गए और छिप गए।

अभय नेताम ने बताया कि उनके कुछ साथी आगे निकल गए। जवानों ने बाइक का प्लग निकाल दिया था। इसके बाद उन्होंने गाड़ी स्टार्ट करने की कोशिश की, लेकिन वह स्टार्ट नहीं हुई, तो वे उसे धक्का देकर ले जा रहे थे, तभी अचानक गोलीबारी शुरू हो गई।

अभय नेताम ने बताया कि 5 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें एक गोली उनकी जांघ के पास लगी। पहली गोली चलने पर वह चिल्लाया और कहा कि मुझे मत मारो, लेकिन इसके बावजूद गोलीबारी जारी रही। बाद में उन्हें अस्पताल लाया गया।

घायल आदिवासी युवक के बड़े पापा विश्वनाथ नेताम ने मुठभेड़ से इनकार किया, कहा पुलिस ने गोली मारी।

घायल आदिवासी युवक के बड़े पापा विश्वनाथ नेताम ने मुठभेड़ से इनकार किया, कहा पुलिस ने गोली मारी।

युवक के बड़े पापा ने मुठभेड़ से किया इनकार

वहीं घायल युवक के बड़े पापा विश्वनाथ नेताम ने कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि शाम को कुछ लड़के एयरगन लेकर बाइक से नालाझार गए थे। वहां रोड पर बाइक को खड़ा कर नीचे उतरे, लेकिन वापस आकर देखा तो बाइक का वायर काट दिए थे।

इसके बाद लड़के मोटरसाइकिल को धकेलते हुए चल रहे थे। इसके बाद जवान इधर-उधर से निकले तो लड़का बोला कि मुझे मत मारो, मैं नक्सली नहीं हूं। हाथ भी उठाया, फिर भी पुलिस ने फायरिंग शुरू की। पांच राउंड फायरिंग की, लेकिन छठवीं गोली अभय के जांघ में लगी। ये सभी लड़के पढ़ने वाले हैं।

मरकाम बोले- पुलिस की मुठभेड़ की कहानी झूठी

वहीं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने बताया कि पुलिस नक्सली मुठभेड़ की कहानी फर्जी है। यह सिर्फ मुठभेड़ नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की गरिमा और न्याय से जुड़ा मामला है। मुठभेड़ की कहानी झूठी और संदिग्ध है।

मरकाम ने बताया कि वारदात के बाद घायल युवक और उसके परिवार पर चुप रहने का दबाव बनाया गया। परिजनों को समय पर सूचना भी नहीं दी गई। अगर यह मुठभेड़ असली थी तो पुलिस अधीक्षक ने 24 घंटे तक मीडिया को जानकारी क्यों नहीं दी।

कांग्रेस ने घायल अभय नेताम के लिए एक करोड़ रुपए मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग की है। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि अगर पीड़ित को न्याय नहीं मिला तो राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

सीएम हेल्पलाइन 1076 से मिली त्वरित राहत, अधूरी पुलिया बनी तो ग्रामीणों का आवागमन हुआ सुगम

Published

on

कुल्हरिया में शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन बहाल

कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन की सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान का भरोसेमंद माध्यम बनकर उभर रही है।
जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तायुक्त,समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है इसका एक प्रेरक उदाहरण जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत कुल्हरिया में देखने को मिला, जहां सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत के बाद अधूरी पाइप पुलिया का निर्माण पूर्ण कर क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत कर दी गई, जिससे ग्रामीणों का आवागमन पुनः सुचारु और सुरक्षित हो गया।

ग्राम पंचायत कुल्हरिया निवासी राजकुमार शांडिल्य ने 27 जून 2026 को सीएम हेल्पलाइन में टोकन क्रमांक CC260600052681 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि मनरेगा योजना के तहत गुलाब घर से प्रधानपारा तक मिट्टी-मुरूम सड़क का निर्माण तो पूर्ण हो चुका है, लेकिन पाइप पुलिया अधूरी होने के कारण बरसात के दौरान ग्रामीणों को आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

शिकायत प्राप्त होते ही सीएम हेल्पलाइन केंद्र द्वारा प्रकरण संबंधित एल-1 अधिकारी को तत्काल भेजा गया। जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा की टीम ने बिना विलंब ग्राम पंचायत एवं निर्माण एजेंसी के साथ समन्वय स्थापित कर स्थल का निरीक्षण कराया।

जांच में पाया गया कि वर्ष 2022-23 में मनरेगा के अंतर्गत स्वीकृत इस सड़क निर्माण कार्य की कुल लागत 15.52 लाख रुपये थी, जिसमें 10.43 लाख रुपये मजदूरी मद तथा 5.09 लाख रुपये सामग्री मद के लिए स्वीकृत थे। अत्यधिक वर्षा के कारण निर्मित पाइप पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई थी तथा मिट्टी के कटाव से मार्ग अवरुद्ध हो गया था।

शिकायत के बाद जनपद पंचायत की सक्रिय पहल एवं निर्माण एजेंसी के समन्वित प्रयासों से पाइप पुलिया का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराया गया। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कर आवागमन को पुनः सुरक्षित एवं सुचारु बनाया गया। शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निराकरण निर्धारित समय-सीमा में किया गया।

कार्य पूर्ण होने पर ग्रामवासियों ने संतोष व्यक्त करते हुए छत्तीसगढ़ शासन की सीएम हेल्पलाइन व्यवस्था की सराहना की।
शिकायतकर्ता राजकुमार शांडिल्य सहित ग्रामीणों ने कहा कि उनकी समस्या का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान होने से शासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।

Continue Reading

कोरबा

गौधाम में पशुओं को नियमित दाना-पानी उपलब्ध कराएं, स्वच्छता और स्वास्थ्य देखभाल में न हो कोई कमी – सीईओ जिला पंचायत

Published

on

सीईओ प्रतीक जैन ने गौधाम योजना की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

कोरबा। जिले की ग्राम पंचायतों में संचालित गौधामों में निराश्रित गौवंश के समुचित संरक्षण, बेहतर रखरखाव एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला पंचायत सभागार में गौधाम योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन ने की।

बैठक में सीईओ श्री जैन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी गौधामों में संधारित पशुओं को नियमित रूप से पर्याप्त दाना-पानी उपलब्ध कराया जाए तथा पशु शेड एवं पूरे परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि गौधाम का मूल उद्देश्य निराश्रित पशुओं को सुरक्षित आश्रय, समुचित देखभाल और बेहतर प्रबंधन उपलब्ध कराना है, इसलिए संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

समीक्षा के दौरान गौधाम संचालन के लिए चयनित संस्थाओं के दायित्वों की विस्तार से जानकारी देते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई भूमि पर आवश्यकतानुसार बाउंड्रीवाल, पेयजल, विद्युत, पशु शेड, चारा विकास तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाए। साथ ही सभी पशुओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी, समय पर टीकाकरण, कृमिनाशक दवाओं का सेवन, कृत्रिम गर्भाधान, बधियाकरण तथा आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जाए।

सीईओ ने गौवंशीय नर पशुओं का बधियाकरण कर बैल जोड़ी तैयार करने, मादा पशुओं के नस्ल सुधार, सघन चारा विकास, आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता एवं लेखा-संधारण को भी अनिवार्य बताया। उन्होंने भारत सरकार एवं राज्य शासन द्वारा पशु कल्याण, पशु क्रूरता निवारण तथा पशुओं के रखरखाव संबंधी जारी सभी नियमों, अधिनियमों एवं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने गौधामों में गोबर एवं गौमूत्र आधारित जैविक खाद, जैविक कीटनाशक तथा अन्य उपयोगी उत्पादों के निर्माण, प्रशिक्षण एवं प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही परिसर एवं आसपास स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।

बैठक में गौधामों में आवश्यक अभिलेखों का नियमित संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इनमें पशु संख्या पंजी, पोषण आहार पंजी, रोकड़ बही, औषधि पंजी, टीकाकरण एवं पशु उपचार पंजी, गौधाम कार्यकारिणी बैठक पंजी, दुग्ध उत्पादन पंजी, भंडार पंजी तथा निरीक्षण पंजी का अद्यतन संधारण शामिल है।

उप संचालक, पशुधन विकास विभाग डॉ. सचिदानंद मिश्रा ने बताया कि जिले की ग्राम पंचायत अमरपुर, कपोंट, केराझरिया एवं लेपरा में गौधामों का सुचारु संचालन किया जा रहा है। बैठक में वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी, संबंधित गौधामों के अध्यक्ष तथा विभागीय मैदानी अमला उपस्थित रहा।

Continue Reading

कोरबा

गोपाल मोदी का बड़ा हमला: कटघोरा नगर पालिका में कथित ₹13.60 लाख घोटाले की निष्पक्ष जांच और सीएमओ की बर्खास्तगी की मांग

Published

on

कटघोरा नगर पालिका में रू.13.60 लाख घोटाले का मामला, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कलेक्टर से निष्पक्ष जांच और सीएमओ की तत्काल बर्खास्तगी की मांग की

कटघोरा नगर पालिका में रू.13.60 लाख घोटाले पर भाजपा का हल्ला बोल, सीएमओ की बर्खास्तगी और उच्चस्तरीय जांच की मांग

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कटघोरा नगर पालिका परिषद में अटल परिसर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा निर्माण एवं ‘ब्रॉन्ज’ सामग्री की खरीदी में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कलेक्टर को शिकायत सौंपते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही उन्होंने नगर पालिका परिषद कटघोरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को तत्काल बर्खास्त कर कठोर कार्रवाई किए जाने की भी मांग उठाई है।

यह केवल सरकारी धन का दुरुपयोग नहीं, जनता के विश्वास के साथ भी गंभीर छल – गोपाल मोदी

गोपाल मोदी ने अपने शिकायत पत्र में कहा है कि विभिन्न समाचार माध्यमों एवं जनसामान्य से प्राप्त जानकारी के अनुसार अटल परिसर में ब्रॉन्ज सामग्री के नाम पर किए गए निर्माण कार्य में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं की आशंका है। आरोप है कि ब्रॉन्ज के स्थान पर निम्न गुणवत्ता की सामग्री अथवा कंक्रीट का उपयोग किया गया, जबकि भुगतान ब्रॉन्ज सामग्री के नाम पर किया गया। इस पूरे मामले में लगभग रू.13.60 लाख की वित्तीय अनियमितता की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सत्य सिद्ध होते हैं, तो यह केवल सरकारी धन का दुरुपयोग नहीं बल्कि जनता के विश्वास के साथ भी गंभीर छल है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी या ठेकेदार सार्वजनिक धन के दुरुपयोग का साहस न कर सके।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे प्रकरण की किसी स्वतंत्र एजेंसी अथवा वरिष्ठ अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराई जाए, निर्माण कार्य की तकनीकी गुणवत्ता एवं उपयोग की गई सामग्री की विशेषज्ञों से जांच कराई जाए, भुगतान, निविदा प्रक्रिया, मापन पुस्तिका (एम.बी.), बिल, वाउचर एवं अन्य अभिलेखों की विस्तृत वित्तीय जांच हो तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध विभागीय एवं विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। गोपाल मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव भ्रष्टाचार मुक्त एवं पारदर्शी प्रशासन की पक्षधर रही है। जनहित और शासन की साख बनाए रखने के लिए इस गंभीर मामले में शीघ्र, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677