Connect with us

कोरबा

डॉक्टर्स डे पर आईएमए-आईडीए का खेल महोत्सव, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश

Published

on

कोरबा। डॉक्टर्स डे के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन एवं इंडियन डेंटल एसोसिएशन कोरबा शाखा के संयुक्त तत्वावधान में एमपी नगर स्थित मनोरंजन गृह में खेल महोत्सव का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. यू.एस. जायसवाल तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एस.एन.केशरी विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में हुआ। आयोजन का उद्देश्य चिकित्सकों के बीच आपसी समन्वय, खेल भावना और फिटनेस को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

करीब 60 से 70 चिकित्सकों ने खेल महोत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लिया। डॉक्टरों और दंत चिकित्सकों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, ऊर्जा और सौहार्दपूर्ण प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला। प्रतिभागियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए यह संदेश दिया कि व्यस्त पेशेवर जीवन के बीच भी नियमित व्यायाम और खेलकूद को अपनाना आवश्यक है। इस अवसर पर आईएमए कोरबा के अध्यक्ष डॉ. एस. चंदानी एवं सचिव डॉ. अजय स्वर्णकार ने कहा कि चिकित्सक समाज को स्वस्थ रखने का कार्य करते हैं, इसलिए उनका स्वयं शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने की अपील की। वहीं आईडीए कोरबा के अध्यक्ष डॉ. संजय अग्रवाल ने कहा कि स्वास्थ्य केवल बीमारियों का उपचार नहीं, बल्कि बेहतर जीवनशैली का परिणाम है। खेलकूद व्यक्ति को शारीरिक रूप से फिट रखने के साथ मानसिक तनाव को भी कम करता है। ऐसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी चिकित्सकों ने “स्वस्थ डॉक्टर, स्वस्थ समाज” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। अंत में डॉक्टर्स डे के उपलक्ष्य में सभी चिकित्सकों ने सामूहिक रूप से केक काटकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और खुशियां साझा कीं। साथ ही सभी ने नियमित खेल, व्यायाम और सकारात्मक जीवनशैली अपनाकर स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दोहराया।

Continue Reading

कोरबा

भाजपा भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति करती है:जयसिंह अग्रवाल

Published

on

कोरबा। कोरबा में रविवार को कांग्रेस नेताओं ने प्रेस वार्ता कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गंभीर आरोप लगाए। नेताओं ने कहा कि भाजपा भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति करती है। साथ ही अयोध्या राम मंदिर निर्माण और मंदिर के चढ़ावे में वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की।

‘राम के नाम पर राजनीति करती है भाजपा’

पूर्व विधायक जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि भाजपा ने पूरे देश में भगवान श्रीराम के नाम पर राजनीति की है। उनका आरोप है कि भाजपा धर्म और जाति के नाम पर लोगों को बांटने का काम करती है। चुनाव के समय भाजपा नेता राम के नाम पर वोट मांगते हैं और राम मंदिर निर्माण को अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि बताते हैं।

‘भगवान राम सबके हैं’

जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक दल के नहीं, बल्कि सभी श्रद्धालुओं के हैं। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों ने आस्था के साथ अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा दिया, जिससे मंदिर का निर्माण हुआ है।

जमीन खरीद में भ्रष्टाचार का आरोप

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण शुरू होने से पहले जमीन खरीद में करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार हुआ। जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि उस समय जमीन खरीद में गड़बड़ी के आरोप उठे थे, लेकिन मंदिर निर्माण के दौरान यह मामला दब गया।

चढ़ावे में अनियमितता का दावा

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि अब मंदिर में मिले चढ़ावे के उपयोग को लेकर भी वित्तीय अनियमितताओं और गबन के आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे लोगों की आस्था जुड़ी हुई है, इसलिए पूरे मामले की पारदर्शी जांच होनी चाहिए।

भाजपा से मांगा जवाब

कांग्रेस नेताओं ने भाजपा से इन आरोपों पर जवाब देने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता की आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Continue Reading

कटघोरा

बिलासपुर में आयोजित एवार्ड सेरेमनी में लॉयन्स क्लब कटघोरा-छुरी को अनेकों एवार्ड से किया गया सम्मानित

Published

on

कोरबा/कटघोरा । दी इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ लॉयन्स क्लब से सम्बंधित संस्था लॉयन्स क्लब कटघोरा- छुरी शुरू से ही सेवा कार्यो में आगे रही है। क्लब के द्वारा पूरे वर्ष भर सामाजिक व प्रशाशनिक सेवा के कार्य किये जाते रहे हैं। यही कारण है कि लॉयन्स क्लब कटघोरा-छुरी डिस्ट्रिक्ट के सांथ ही मल्टीपल व इंटरनेशनल में भी अपनी एक अलग पहचान बनाते हुए लगातार हर वर्ष एवार्ड प्राप्त करते आई है। इसी कड़ी में सत्र 2025 – 26 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पीएमजेएफ ला विजय अग्रवाल (कोरबा) ने अपने सत्र 25 -26 की एवार्ड सेरेमनी बिलासपुर के होटल इंटरसिटी इंटरनेशनल में 19 जुलाई 2026 को आयोजित किया गया, जिसमें डिस्ट्रिक्ट के सभी क्लब शामिल हुए। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के द्वारा सभी क्लबो´ में से जिन-जिन क्लबो´ के द्वारा उत्कृष्ट सेवा के कार्य करते हुए किये गए कार्यो की ऑनलाइन रिपोर्टिंग की गई, उन सभी क्लबो´ को उनके द्वारा किये गए कार्यो´ का मूल्यांकन कर उन्हें मंच से एवार्ड प्रदान करते हुए सम्मानित किया गया। जिसमें लॉयन्स क्लब कटघोरा-छुरी से बेस्ट आउटस्टैंडिंग अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, बेस्ट क्लब सचिव प्रकाश अग्रवाल, बेस्ट क्लब कोषाध्यक्ष राकेश गोयल, आउटस्टैंडिंग क्लब, सदस्यता वृद्धि एवं बेस्ट सर्विस क्लब के लिए लायन्स क्लब कटघोरा-छुरी, परमानेंट प्रोजेक्ट (ग्रामीण छेत्र के गरीब गांव को गोद लेना, निःशुल्क एम्बुलेंस, शव फ्रीजर एवं वाटर कूलर का संचालन) रीजन बेनर प्रेजेंटेशन एवार्ड, डिस्ट्रिक्ट पीआरओ एवार्ड अजय धनोदिया, डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन एवार्ड मुकेश गोयल एवं प्रकाश अग्रवाल को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ला विजय अग्रवाल ने बताया कि निश्चित ही लॉयन्स क्लब कटघोरा-छुरी शुरू से ही सभी सामाजिक सेवा कार्यो में आगे रही ही है, इसके सांथ ही क्लब के द्वारा जिस प्रकार से छोटे जगह में रहते हुए भी बड़े-बड़े परमानेंट प्रोजेक्ट में भी रुचि लेते हुए कार्य किये जा रहे है, निश्चित ही सराहनीय है। यही वजह हैं कि आज क्लब ने डिस्ट्रिक्ट के साथ ही पूरे मल्टीपल में भी अपना एक अलग स्थान बनाकर रखा हुआ है। इसके लिए मैं क्लब के सभी सदस्यो´ को बधाई देता हूं। इस अवसर पर क्लब की ओर से संरक्षक अजय धनोदिया, कलब अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, सचिव नरेंद्र अग्रवाल, अजय श्रीवास्तव, राजूदास दीवान उपस्थित रहे।

Continue Reading

कटघोरा

छत्तीसगढ़ के निर्माता भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा – राजेश यादव

Published

on

कोरबा/कटघोरा। भारतीय जनता पार्टी झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह संयोजक एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी राजेश यादव ने कटघोरा भाजपा मंडल अध्यक्ष अभिषेक गर्ग द्वारा अटल परिसर की भूमि एवं सीमा की सुरक्षा को लेकर उठाए गए मुद्दे का पूर्ण समर्थन करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के निर्माता भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नाम से जुड़े किसी भी परिसर, स्मारक अथवा सम्मान का अपमान भाजपा कार्यकर्ता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।

राजेश यादव ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी ने छत्तीसगढ़ राज्य के गठन का ऐतिहासिक निर्णय लेकर प्रदेशवासियों के सपनों को साकार किया था। इसलिए उनके नाम से जुड़े अटल परिसर की भूमि, गरिमा और अस्तित्व पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण अथवा निर्माण कार्य स्वीकार्य नहीं है। यदि नगर पालिका द्वारा बाउंड्री वॉल का निर्माण किया जाना है, तो वह अटल परिसर की मूल सीमा को पूर्णतः सुरक्षित रखते हुए ही किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा मंडल अध्यक्ष अभिषेक गर्ग ने जनता की भावनाओं के अनुरूप जो मांग उठाई है, वह पूरी तरह न्यायोचित एवं जनहित में है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस विषय पर उनके साथ मजबूती से खड़ा है।

राजेश यादव ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि वे इस पूरे मामले को अत्यंत गंभीरता से लें तथा अटल परिसर की मूल सीमा को पूर्णतः सुरक्षित रखते हुए ही निर्माण कार्य सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यदि जनभावनाओं की अनदेखी की गई और छत्तीसगढ़ के निर्माता भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के सम्मान से जुड़े इस विषय की उपेक्षा की गई, तो भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। ऐसे किसी भी आंदोलन से उत्पन्न होने वाली स्थिति की संपूर्ण जिम्मेदारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं नगर पालिका प्रशासन की होगी।

राजेश यादव ने कहा कि भाजपा अटल जी के सम्मान, जनभावनाओं और छत्तीसगढ़ की अस्मिता से जुड़े किसी भी विषय पर कभी समझौता नहीं करेगी तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रदेशभर में लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677