सीटी बसों से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं तक कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में आज कोरबा जिला अरबन पब्लिक सर्विस सोसायटी की 24वीं साधारण सभा की बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा कई प्रशासनिक एवं नीतिगत निर्णय लिए गए। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि स्वामी विवेकानंद इंस्टिट्यूट ऑफ एजुकेशन परिसर को सीबीएसई मान्यता संबंधी आवश्यकताओं एवं शासन की गाइडलाइन के अनुसार किराए पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही रजगामार रोड, जिला जेल के सामने स्थित कन्वेंशनल सेंटर को किराए पर न देकर उसे साइंस सेंटर के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया। सोसायटी के वित्तीय वर्ष 2024-25 के ऑडिट रिपोर्ट का अनुमोदन भी बैठक में किया गया। राज्य शहरी विकास अभिकरण, रायपुर के निर्देशानुसार जिले की सभी 48 सिटी बसों का मेकैनिकल परीक्षण एवं वैल्युएशन करने हेतु जिला परिवहन अधिकारी, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग (ई एंड एम) तथा कार्यपालन अभियंता नपा-नि कोरबा की संयुक्त समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। समिति की रिपोर्ट के आधार पर बसों के परिचालन अथवा राइट ऑफ संबंधी आगामी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना अंतर्गत प्रथम चरण की मोबाइल मेडिकल यूनिट के लिए नई निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने तक राज्य शहरी विकास अभिकरण, नवा रायपुर द्वारा प्रदत्त समय-वृद्धि का अनुमोदन भी सभा में किया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के अंतर्गत प्रस्तावित 40 ई-बसों के रूट निर्धारण हेतु गठित समिति एवं रूट चार्ट को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इसी योजना के अंतर्गत दवाइयों की आपूर्ति के लिए यह निर्णय लिया गया कि कोरबा जिला अरबन पब्लिक सर्विस सोसायटी द्वारा भेजे गए मांग पत्र के आधार पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, कोरबा निविदा के माध्यम से प्राप्त न्यूनतम दर पर आवश्यक दवाइयों की खरीद सुनिश्चित करेंगे। बैठक के दौरान सोसायटी से संबंधित अन्य विषयों पर भी चर्चा की गई तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। इस अवसर पर निगम के अपर आयुक्त विनय मिश्रा, सीएमएचओ डॉ एस एन केशरी, खनिज अधिकारी प्रमोद नायक, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बिलासपुर/कोरबा। विश्व मधुमेह दिवस 2026 के अवसर पर एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर में “मधुमेह की समय पर पहचान” थीम के अंतर्गत ब्लड शुगर जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य मधुमेह के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नियमित जांच एवं समय पर उपचार के महत्व को रेखांकित करना था।
शिविर के दौरान कुल 332 कर्मचारियों की ब्लड शुगर एवं अन्य प्रमुख स्वास्थ्य मानकों की जांच की गई।
कार्यक्रम में अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री हरीश दुहन, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी–संचालन) रमेश चंद्र महापात्र तथा निदेशक (तकनीकी–परियोजना एवं योजना) नृपेंद्र नाथ ने सक्रिय सहभागिता की। उनकी सहभागिता ने कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने तथा बीमारियों से बचाव के लिए नियमित जांच एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया।
चिकित्सा सेवाओं के प्रमुख डॉ. श्रुतिदेव मिश्रा पूरे कार्यक्रम के दौरान सक्रिय रहे। उन्होंने मधुमेह के प्रति जागरूकता बढ़ाते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, शारीरिक गतिविधियों एवं समय पर चिकित्सा परामर्श के महत्व पर जोर दिया।
इस पहल ने जागरूकता एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति एसईसीएल की प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया।
बालकोनगर, 14 नवंबर 2026। बच्चों के बेहतर बचपन और स्वस्थ भविष्य की नींव प्रारंभिक शिक्षा, उचित पोषण और सकारात्मक परिवेश से तैयार होती है। इसी दिशा में भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) छत्तीसगढ़ में अपने 111 नंद घरों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा दे रहा है। खेल-आधारित शिक्षा, पोषण जागरूकता और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के जरिए ये केंद्र ग्रामीण समुदाय में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं।
नंद घरों में बच्चों को रचनात्मक और खेल-आधारित गतिविधियों के माध्यम से अक्षर पहचान, अंग्रेजी के सामान्य शब्द और गिनती जैसी बुनियादी शिक्षा दी जाती है। साथ ही, पौष्टिक आहार, स्वास्थ्य जांच और स्वच्छता संबंधी जागरूकता के माध्यम से उनके शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित किया जाता है। गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को भी मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संतुलित आहार और पोषण के प्रति जागरूक किया जाता है।
दोंद्रो निवासी निशा यादव ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया, “मेरा बेटा भी नंद घर में पढ़ाई करता है। यहां वह बहुत अच्छी तरह नई-नई चीजें सीख रहा है। सबसे अच्छी बात यह है कि अब वह सुबह खुद उठकर नंद घर जाने के लिए उत्साहित रहता है। यहां उसे दूसरे बच्चों के साथ खेलने, सीखने और घुलने-मिलने का अवसर मिलता है। साथ ही, उसे पौष्टिक भोजन भी दिया जाता है, जिससे उसकी अच्छी आदतों का विकास हो रहा है। मैं सभी माताओं से कहना चाहूंगी कि वे भी अपने बच्चों को नंद घर जरूर भेजें, ताकि उन्हें पढ़ाई, खेल और बेहतर पोषण के साथ आगे बढ़ने का अच्छा अवसर मिल सके।”
शासकीय प्राथमिक पाठशाला में सहायक शिक्षिका ममता चौहान ने नंद घर की सराहना करते हुए कहा, “वेदांता की नंद घर पहल ग्रामीण क्षेत्रों में प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में सराहनीय प्रयास है। नंद घर के माध्यम से बच्चों में समझने, सीखने और नई चीजों को अपनाने की क्षमता विकसित हो रही है। बच्चे यहां रचनात्मक गतिविधियों के जरिए अक्षर ज्ञान, अंग्रेजी के शब्द, वर्णमाला और गिनती जैसी बुनियादी चीजें सीख रहे हैं। इसका सकारात्मक प्रभाव बच्चों की स्कूल जाने की तैयारी और सीखने के प्रति उनकी रुचि में भी दिखाई देता है। शासन की शिक्षा संबंधी पहल को भी इससे मजबूती मिल रही है। नंद घर बच्चों की शिक्षा की मजबूत नींव तैयार करने और उनके उज्ज्वल भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।”
पोषण विशेषज्ञ अंजू यादव ने कहा, “बच्चों का स्वस्थ विकास और महिलाओं का बेहतर स्वास्थ्य एक सशक्त समाज की नींव है। इस दिशा में बालको द्वारा नंद घरों के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल बेहद सराहनीय है। नंद घर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा और सामुदायिक सशक्तीकरण के महत्वपूर्ण केंद्र बन रहे हैं। टेक-होम राशन (टीएचआर) के पोषण लाभ और उससे घर पर पौष्टिक आहार तैयार करने के तरीके बताना भी उपयोगी पहल है। कुपोषण से लड़ाई में सही जानकारी और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव बेहद जरूरी हैं। बालको की यह पहल माताओं को जागरूक बनाने और परिवारों में बेहतर पोषण आदतें विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। यह स्वस्थ मातृत्व, सुपोषित बचपन और बेहतर भविष्य की दिशा में सराहनीय प्रयास है।”
बालको के 111 नंद घरों के माध्यम से अब तक 7,000 से अधिक बच्चों और माताओं को लाभान्वित किया जा चुका है। प्रारंभिक शिक्षा, पौष्टिक आहार और पोषण जागरूकता के जरिए यह पहल बच्चों के सर्वांगीण विकास और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा दे रही है। रचनात्मक गतिविधियों से बच्चों में सीखने की जिज्ञासा विकसित करने और परिवारों में बेहतर पोषण आदतों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। बालको का यह प्रयास सुपोषित बचपन और शिक्षित पीढ़ी के निर्माण की दिशा में एक सार्थक कदम है।
कोरबा। जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा शहर द्वारा टी.पी. नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू की 136वीं जयंती कार्यक्रम मनाई गयी।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम पं. जवाहर लाल नेहरू के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हे श्रद्धांजलि दी गई तत्पश्चात पं. नेहरू को याद करते हुए उनके जीवनी पर प्रकाश डाला गया।
जिसमें सर्वप्रथम जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने पंडित जवाहर लाल नेहरू के जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू बच्चों से बहुत प्यार करते थे। बच्चे भी उन्हें चाचा नेहरू कहकर बुलाते थे पं. नेहरू उच्च शिक्षा ग्रहण कर अपने पिता की तरह वकील बने बाद में वे महात्मा गांधी के साथ स्वतंत्रता आंदोलन में अहम किरदार निभाया। देश की आजादी के लिए पं. नेहरू कई बार जेल भी गये।
महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी ने कहा कि नेहरू जी का स्वतंत्रता संग्राम में विशेष योगदान था ही साथ ही भाषा पर नियंत्रण था और वे अपने विचार बड़ी सरलता एवं स्पष्टता के साथ प्रस्तुत करते थे। भारत की प्राचीन सांस्कृतिक ख्याति का नेहरू जी पर बहुत प्रभाव था साथ ही विश्व इतिहास के विभिन्न पहलुओं से भी वे परिचित थे।
ओबीसी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष गजानंद साहू ने कहा कि पं. नेहरू शांतिप्रिय स्वभाव के साथ साथ मेहनती व्यक्ति थे। आज भी पं. नेहरू को भारत के प्रसिद्ध आदर्शो के रूप में याद किया जाता है। पं. नेहरू का बच्चों से जो लगाव था जिसके कारण ही भारत में 14 नवम्बर को पं. नेहरू की जन्मदिवस को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।
अजा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष नारायण कुर्रे ने कहा कि पं. नेहरू केवल एक राजनीतिज्ञ ही नहीं थे अपितु वे एक बहुमुखी प्रतिभा सम्पन्न महान पुरुष थे। वे एक अनुठे चिंतक व महान लेखक थे। संवेदनाओं से भरपूर पं. नेहरू ने भारत ही नही अपितु दुनिया के लोगों का अभूतपूर्व प्यार और सम्मान पाया। भारत ने उन्हें राष्ट्र के सर्वोच्च सम्मान ‘‘भारत रत्न’’ से अलंकृत किया है।
ब्लॉक अध्यक्ष पालुराम साहू ने कहा कि नेहरू जी एक सर्वप्रतिभा सम्पन्न व्यक्ति थे। राजनीतिज्ञ, अर्थशास्त्री, चिंतक, साहित्यकार आदि सभी का समावेश उनके धनी व्यक्तित्व में था। उनकी बहुमुखी प्रतिभा उनकी स्वाभाविक उदारता में सोने में सुगंध का कार्य करती थी निश्चय ही वे भारत के रत्न थे।
इस मौके पर पार्षद रवि चंदेल, डॉ.रामगोपाल कुर्रे, पूर्व पार्षद डॉ.रामगोपाल यादव, पार्षद बद्री किरण, जिला महामंत्री मनहरण राठौर (इंटक) जिला पदाधिकारी सुभद्रा सिंह, हिमांशु सिंह, जिला कांग्रेस कार्यालय महामंत्री सुरेश कुमार अग्रवाल आदि ने पं. नेहरू के जीवनी पर प्रकाश डाला और उनके तैल चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।