कलेक्टर ने पाली के लिए एक करोड़ 09 लाख और बांकीमोंगरा के लिए दो करोड़ 89 लाख से अधिक की राशि स्वीकृत की
डीएमएफ से 46 नवीन ग्राम पंचायत भवन और 20 गोदाम निर्माण की मिली स्वीकृति
कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विधि व विधायी कार्य, तथा नगरीय प्रशासन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव द्वारा विगत माह जुलाई में अपने एकदिवसीय प्रवास के दौरान नगर पंचायत पाली एवं नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा में विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन किया था। इस दौरान उन्होंने मांग के अनुरूप अन्य विकास कार्यों के लिये अतिरिक्त राशि प्रदान करने की घोषणा की थी। प्रभारी मंत्री साव द्वारा किये गये घोषणा के अनुरूप कलेक्टर अजीत वसंत ने डीएमएफ मद से नगर पंचायत पाली के लिये एक करोड़ 09 लाख 52 हजार तथा नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के लिए दो करोड़ 89 लाख 17 हजार की राशि की स्वीकृति प्रदान की है। इसी तरह कलेक्टर ने डीएमएफ से जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में जर्जर हो चुके भवनों के स्थान पर 46 नवीन ग्राम पंचायत भवन और 20 स्थानों पर गोदाम निर्माण की स्वीकृति प्रदान की है। कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरूण साव द्वारा किये गये घोषणा के अनुरूप कलेक्टर वसंत ने नगर पंचायत पाली के लिये एक करोड़ 09 लाख 52 हजार की स्वीकृति प्रदान की है। जिसमें एक करोड़ 53 लाख 02 हजार की लागत से नगर पंचायत पाली के वायपास मुख्य मार्ग के किलोमीटर 3/8 में हो रहे जल भराव के निकासी हेतु मुख्य मार्ग पर पुल एवं नाली निर्माण कार्य, चार लाख 20 हजार की लागत से मैनुअल रिक्शा क्रय शामिल है। इसी तरह नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के लिए दो करोड़ 89 लाख 17 हजार की राशि की स्वीकृति प्रदान की है। जिसमें 49 लाख 07 हजार की लागत से हनुमान चौक से घुड़देवा बाजार तक विद्युत पोल विस्तार कार्य एवं लाईट स्थापना कार्य, 65 लाख 64 हजार की लागत से वार्ड क्रमांक 11 गजरा ग्राउंड रावण मैदान का विकास कार्य, 96 लाख 79 हजार की लागत से वार्ड क्रमांक 11 गजरा ग्राउंड के पास मंगल भवन निर्माण, 07 लाख 99 हजार की लागत से वार्ड क्रमांक 20 मुक्तिधाम में आरसीसी शवदाह हेतु स्ट्रक्चर निर्माण कार्य, 04 लाख 93 हजार की लागत से वार्ड क्रमांक 20 मुक्तिधाम में वाउंड्रीवाल निर्माण कार्य, 29 लाख 05 हजार की लागत से वार्ड क्रमांक 10 डेली सब्जी बाजार निर्माण कार्य, 35 लाख 70 हजार की लागत से वार्ड क्रमांक 11 मंगल भवन के सामने सीसी रोड एवं आरसीसी नाली निर्माण कार्य शामिल है। 46 ग्राम पंचायत भवनों के लिये नौ करोड़ 20 लाख रूपये की मिली स्वीकृति उद्योग,वाणिज्य श्रम, सार्वजनिक उपक्रम और आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में कलेक्टर अजीत वसंत ने जिले में 30 वर्ष से पुराने और जर्जर हो चुके पंचायत भवनों तथा ऐसे पंचायत भवन जो पूर्व में कभी स्वीकृत नहीं हुए हैं तथा भवन विहीन हो उन स्थानों में नवीन ग्राम पंचायत भवन की स्वीकृति प्रदान की है। जिले में 46 पंचायत भवनों के लिये डीएमएफ से 09 करोड़ 20 लाख रूपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। प्रत्येक ग्राम पंचायत भवन के लिये 20-20 लाख रूपये की स्वीकृति दी गई है। जिसमें कोरबा विकासखंड अंतर्गत मदनपुर, सिमकेंदा, तिलकेजा, सेमीपाली, चाकामार, पण्डरीपानी, श्यांग, बरपाली कोल्गा, कछार, गिरारी, भैसमा, सतरेंगा, चचिया, पताढ़ी और गुरमा, विकासखंड कटघोरा अंतर्गत चाकाबुड़ा और देवरी, विकासखंड करतला अंतर्गत रींवापार, उमरेली, अमलडीहा, बेहरचुवां, चैनपुर, जर्वे, जुनवानी, कनकी, खुंटाकुड़ा, कोटमेर, साजापानी, सुखरीकला और तरदा, पाली विकासखंड अंतर्गत केराकछार, रतिजा, कर्रानवापारा, बम्हनीकोना, करतला, खम्हरिया, कोरबी, लाफा, नानपुलाली, रामपुर, सेन्द्रीपाली, सिरली, तिवरता, पहाड़गांव और विकासखंड पोड़ीउपरोड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत खिरटी शामिल है।
20 स्थानों पर गोदाम निर्माण के लिए 03 करोड़ 98 लाख रूपये की स्वीकृति
कलेक्टर अजीत वसंत ने जिले में समितियों की मांग के अनुसार 20 स्थानों पर सहकारी समिति/उपार्जन केन्द्रों में गोदाम निर्माण हेतु डीएमएफ से 03 करोड़ 98 लाख रूपये की स्वीकृति प्रदान की है। इन गोदामों के निर्माण से समितियों को खाद, बीज, वारदानें सहित अन्य उपयोगी सामग्री सुरक्षित रखने में सहूलियत होगी। डीएमएफ से कोरबा ब्लाक के सोनपुरी, भैंसमा, श्यांग, लेमरू, कोरकोमा, कुदमुरा, कटघोरा ब्लाक के दुरपा और भिलाईबाजार, पोड़ीउपरोड़ा ब्लाक के जटगा, पसान, पोंड़ीउपरोड़ा, मोरगा, कोरबी, करतला ब्लाक के सोहागपुर, सुखरीकला, बरपाली, चिकनीपाली, रामपुर और पाली ब्लाक के ग्राम निरधि तथा चैतमा में गोदाम निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है। प्रत्येक गोदाम की निर्माण लागत राशि 19.97 लाख रूपये है।
परंपरागत हुनर के साथ आधुनिक उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण,आजीविका के नए अवसर सृजित करने की पहल
कोरबा, 13 सितंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों को आजीविका से जोड़ने और उनकी पारंपरिक कला एवं कौशल को रोजगार के बेहतर अवसरों में परिवर्तित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत कोनकोना के आश्रित ग्राम समेलीभाटा में निवासरत बिरहोर परिवारों को बांस कला का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 10 से 19 सितंबर तक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान(आरसेटी)कोरबा के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है।
समेलीभाटा के बिरहोर परिवार लंबे समय से पारंपरिक रूप से बांस शिल्प निर्माण का कार्य करते आ रहे हैं। इनके द्वारा बांस से टोकनी, सूपा, झापी सहित विभिन्न उपयोगी वस्तुएं तैयार कर स्थानीय हाट-बाजारों में विक्रय की जाती हैं। हालांकि पारंपरिक उत्पादों तक सीमित बाजार और उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण कारीगरों को अपनी मेहनत के अनुरूप पर्याप्त आमदनी प्राप्त नहीं हो पाती। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा इन परिवारों के पारंपरिक हुनर को आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप विकसित करने की पहल की गई है।
प्रशिक्षण के दौरान बांस शिल्पकारों को पारंपरिक उत्पादों के साथ-साथ आधुनिक एवं आकर्षक सजावटी वस्तुएं तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें आकर्षक गुलदस्ते, सीनरी, झालर तथा अन्य उपयोगी एवं सजावटी बांस उत्पाद शामिल हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य बांस शिल्पकारों के कौशल में निखार लाते हुए उनके उत्पादों में विविधता, गुणवत्ता और आकर्षण बढ़ाना है, ताकि वे स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर व्यापक बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार कर सकें।
जिला प्रशासन की इस पहल से बिरहोर परिवारों की पारंपरिक कला को संरक्षित करने के साथ ही उसे आय के स्थायी एवं बेहतर माध्यम के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशिक्षण के पश्चात राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से इन परिवारों द्वारा तैयार उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इससे बांस शिल्पकारों को अपने उत्पादों के बेहतर मूल्य प्राप्त करने, बाजार से सीधे जुड़ने तथा अपनी आय बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।
शांति नगर में गणेशोत्सव समिति द्वारा गणेश चतुर्थी मनाने तैयारी पूरी कोरबा/पाली। कल 14 सितम्बर को पूरे भारत वर्ष में गणेश चतुर्थी की धूम रहेगी। जिले में विभिन्न गणेशोत्सव समितियों द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी कड़ी में कल गणेश चतुर्थी पर पाली के राजा का भी भव्य और दिव्य आगमन होगा।
गणेशोत्सव समिति शांति नगर पाली के आयोजकों ने बताया कि कल 14 सितम्बर सोमवार को लालबाग के राजा की प्रतिमा बड़े धूमधाम से मंत्रोच्चार के साथ विराजित की जाएगी। भगवान श्रीगणेश की भव्य प्रतिमा पाली के राजा का शुभ आगमन संध्या 7.00 बजे होगा और पाली मुख्य बाजार से कार्यक्रम स्थल तक रैली की शक्ल में आकर्षक आतिशबाजी, आकर्षक एसएफएक्स एवं धूमाल के साथ लाई जाएगी और पंडित जी के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ विघ्रहर्ता की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। आयोजन समिति ने इस भव्य आयोजन में सभी क्षेत्र वासियों को सादर आमंत्रित किया है और पाली के राजा की आगमन रैली में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।
कोरबा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई भी प्रस्तावित
कोरबा। थाना उरगा क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने, पैसे देने से मना करने पर युवक के साथ मारपीट करने तथा बाद में उसके घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
शराब के लिए पैसे मांगे, मना करने पर की मारपीट
दिनांक 10.09.2026 की रात्रि लगभग 09:00 बजे प्रार्थी संतोष राठौर निवासी फरसवानी अपने दोस्तों के साथ पार्टी में जाने के लिए निकला था। इसी दौरान आरोपीगण द्वारा उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग की गई। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपीगण द्वारा उसके साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की गई।घटना के कुछ समय बाद आरोपीगण पुनः रात्रि लगभग 12:30 बजे प्रार्थी के घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मारपीट की घटना में प्रार्थी के हाथ में चोट आई।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 507/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 126(2), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उरगा पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम को सक्रिय किया गया। लगातार पतासाजी के दौरान मुख्य आरोपी के अपने सकुनत पर मौजूद होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल दबिश देकर ज्ञान प्रसाद राठौर पिता लखन लाल राठौर, उम्र 21 वर्ष, निवासी फरसवानी, थाना उरगा, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BW 0830 को विधिवत जब्त किया गया।
आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए गुंडा बदमाश प्रकरण की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार आरोपी ज्ञान राठौर पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण में संलिप्त रहा है तथा हत्या के प्रयास के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी कुछ दिन पूर्व ही जेल से बाहर आया था और उसके विरुद्ध पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है।वर्तमान घटना में पुनः आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने तथा उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध गुंडा बदमाश प्रकरण तैयार कर कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। पुलिस द्वारा आरोपी की पूर्व आपराधिक गतिविधियों एवं वर्तमान प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर दिनांक 12.09.2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।प्रकरण में विवेचना जारी है तथा घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका के संबंध में भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
कोरबा पुलिस की स्पष्ट नीति — अपराध एवं आपराधिक प्रवृत्ति पर प्रभावी कार्रवाई कोरबा पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।