कोरबा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा द्वारा श्रद्धा, सम्मान और सेवा के संकल्प के साथ माल्यार्पण एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन तथा महापौर संजू देवी राजपूत की उपस्थिति में बुधवारी स्थित महात्मा गांधी जी की प्रतिमा और कोसाबाड़ी स्थित लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर महापुरुषों का पुण्य स्मरण किया गया। इस दौरान स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने महात्मा गांधी जी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के आदर्शों तथा लाल बहादुर शास्त्री जी के सादगीपूर्ण जीवन, राष्ट्रनिष्ठा और त्यागपूर्ण योगदान को याद किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करने और राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
गांधीजी के स्वच्छता विचारों से प्रेरित होकर जनभागीदारी को मिल रही नई दिशा : लखन लाल देवांगन
उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि 2 अक्टूबर का दिन देश के लिए विशेष महत्व रखता है। यह दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती का अवसर है। दोनों महापुरुषों का जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। शास्त्री जी ने ‘जय जवान, जय किसान’ का प्रेरणादायी नारा देकर देश के जवानों और किसानों के योगदान को सम्मान दिया, वहीं गांधी जी ने स्वच्छता, सत्य और अहिंसा के माध्यम से समाज को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महात्मा गांधी जी के स्वच्छता संबंधी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए देशभर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों से आम नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है। स्वच्छ भारत का निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से संभव है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, आसपास और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
गांधी-शास्त्री के आदर्शों को आत्मसात कर जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ा रही भाजपा : गोपाल मोदी
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी का संपूर्ण जीवन देशवासियों के लिए कर्तव्यनिष्ठा, सादगी, ईमानदारी, सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की अनुपम प्रेरणा है। महात्मा गांधी जी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के मार्ग पर चलकर देश को स्वतंत्रता दिलाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई, वहीं लाल बहादुर शास्त्री जी ने अपनी सादगी, दृढ़ इच्छाशक्ति, ईमानदार नेतृत्व और राष्ट्रहित के प्रति अटूट प्रतिबद्धता से देश में एक विशिष्ट पहचान स्थापित की। उनका जीवन हमें सिखाता है कि सच्चा नेतृत्व पद या प्रतिष्ठा से नहीं, बल्कि अपने विचारों, आचरण और जनसेवा के प्रति समर्पण से पहचाना जाता है। उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं और प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने, समाज में आपसी सद्भाव बनाए रखने तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। भारतीय जनता पार्टी इन महापुरुषों के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा, सुशासन और जनकल्याण का संदेश पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन मूल्यों को अपने आचरण में उतारें और स्वच्छ, सशक्त, समरस एवं विकसित भारत के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें।
कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजूदेवी राजपूत, रायपुर सह संभाग प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष रुक्मणी नायर, प्रफुल्ल तिवारी, योगेश जैन, नवीन अरोड़ा, अर्जुन गुप्ता, डॉ. राजेश राठौर, प्रीति स्वर्णकार, मिलाप बरेठ, संजीव शर्मा, प्रकाश अग्रवाल एवं लक्ष्मण श्रीवास सहित भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने स्वयं रक्तदान कर अधिक से अधिक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने भी रक्तदान कर लोगों को मानव सेवा के लिए प्रेरित किया
नगर निगम सभागार में आयोजित हुआ साइबर चौपाल एवं रक्तदान शिविर
कोरबा। पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के नेतृत्व में नगर निगम कोरबा के सभागार में साइबर चौपाल एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सेवा एवं जनहित की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी ने स्वयं रक्तदान कर आम नागरिकों एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि रक्तदान एक महान सामाजिक सेवा है। रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है और हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने आम नागरिकों, पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में आगे आकर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी ने भी स्वयं रक्तदान किया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा स्वयं आगे बढ़कर रक्तदान करने से उपस्थित पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं नागरिकों में उत्साह का वातावरण बना तथा लोगों को मानव सेवा के इस कार्य से जुड़ने की प्रेरणा मिली।
साइबर अपराधों से बचाव की दी गई जानकारी
साइबर चौपाल के दौरान नागरिकों को वर्तमान समय में बढ़ रहे विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। नागरिकों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने, अनजान मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड नहीं करने तथा फर्जी कॉल एवं डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी से सावधान रहने के संबंध में जागरूक किया गया।
इसके साथ ही साइबर अपराध घटित होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने तथा नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के माध्यम से कोरबा पुलिस ने नागरिकों को संदेश दिया कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है। वहीं रक्तदान शिविर के माध्यम से पुलिस ने कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के साथ-साथ सामाजिक सरोकार और मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी प्रदर्शित की।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
12वीं में कोरबा जिले के टॉपर रहे शशांक ने पूरा किया पायलट बनने का सपना, दिल्ली की रेडबर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग अकादमी से हासिल किया प्रशिक्षण भाजपा नेता लोचन प्रसाद राठौर के सुपुत्र हैं शशांक कोरबा। मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो सपनों को हकीकत में बदलने की कोई उम्र नहीं होती। कोरबा के काशी नगर निवासी भाजपा नेता लोचन प्रसाद राठौर के होनहार पुत्र शशांक राठौर ने महज 22 वर्ष की उम्र में पायलट बनकर इस बात को साबित कर दिया। कभी आसमान में विमान उड़ाने का सपना देखने वाले शशांक अब बतौर पायलट अपने करियर की नई उड़ान भरने के लिए तैयार हैं।
शशांक ने दिल्ली स्थित रेडबर्ड फ्लाइट ट्रेनिंग अकादमी से पायलट का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित क्षेत्र में खुशी का माहौल है। कम उम्र में हासिल की गई इस उपलब्धि को लेकर शशांक को लगातार बधाइयां मिल रही हैं। पढ़ाई में भी रहे अव्वल, 12वीं में किया था जिला टॉप
शशांक राठौर की उपलब्धि केवल विमानन क्षेत्र तक सीमित नहीं है। वर्ष 2022 में उन्होंने कक्षा 12वीं में कोरबा जिले में टॉप कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पायलट बनने का लक्ष्य तय कर लिया था। इसके बाद उन्होंने अपने सपने को पूरा करने के लिए विमानन क्षेत्र में प्रशिक्षण हासिल किया और आखिरकार 22 वर्ष की उम्र में पायलट बनने का गौरव हासिल किया। एक परिवार दो बड़ी उपलब्धियां : भाई-बहन दोनों ने जिले का गौरव बढ़ाया
शशांक की सफलता के साथ उनके परिवार के लिए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि जुड़ी है। उनकी बहन साक्षी राठौर का चयन छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट बिलासपुर में जूनियर ज्युडिशियल असिस्टेंट के पद पर हुआ है। एक ही परिवार के दोनों बच्चों द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में हासिल की गई सफलता से परिवार में उत्साह का माहौल है। दोनों भाई-बहन ने कोरबा जिला एवं मूल निवास बाराद्वार का गौरव बढ़ाया है। शशांक के पिता लोचन राठौर काशी नगर, कोरबा निवासी हैं, जबकि उनकी माता श्रीमती पार्वती राठौर का मायका ग्राम सरहर है। माता-पिता ने बच्चों की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उनके बच्चों की मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है।
युवाओं के लिए प्रेरणा
शशांक राठौर की यह उपलब्धि क्षेत्र के उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करते हैं। 22 वर्ष की उम्र में पायलट बनने की उपलब्धि ने उनके परिवार के साथ-साथ कोरबा जिले को भी गौरवान्वित किया है और युवाओं के लिए संदेश दिया है कि अपना लक्ष्य इतना विशाल बना दो कि बेकार के लिए वक्त ही न बचे। सपने देखो, लक्ष्य तय करो और उसे पूरा करने के लिए जी जान से मेहनत करो। संघर्ष, लगन, जज्बा एवं कड़ी मेहनत से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।
कोरबा। घुड़देवा खदान एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी, डकैती व लूट के मामलों में संलिप्त मुख्य मास्टरमाइंड धरम सिंह राजपूत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पूर्व में अपराध क्रमांक: 179/2026 में हुई कार्रवाई: प्रकरण में शामिल 03 बालिग आरोपियों को जेल तथा 07 विधि से संघर्षरत बालकों को पूर्व में ही बाल संप्रेक्षण गृह भेजा जा चुका है।
जब्ती व कार्रवाई: आरोपी के कब्जे से केबल तार काटने का हथियार तथा घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर उप जेल कटघोरा भेजा गया।