Connect with us

कोरबा

कोरबा पहुंची मंदाकिनी:सुन साहिबा सुन… प्यार की धुन… में बच्चों के साथ जमकर थिरकीं

Published

on

कोरबा। 19 अप्रैल को फिल्म स्टार मंदाकिनी कोरबा पहुंची। वे नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा (मड़वारानी) के 10वें स्थापना दिवस समारोह में भाग लेने कोरबा पहुंची थीं। उन्होंने समारोह में बच्चों के साथ फिल्म… राम तेरी गंगा मैली का सुपरहीट गाना सुन साहिबा सुन… प्यार की धुन… में जमकर थिरकती नजर आईं। समारोह में जब विद्यालय की बालिका टीम ने स्टेज शो किया और सुन साहिबा सुन … प्यार की धुन… में डांस किया, तो दर्शक दीर्घा की प्रथम पंक्ति में बैठी फिल्म स्टार मंदाकिनी के चेहरे पर अनायास मुस्कान बिखर गई और वह स्टेज में पहुंचकर बच्चों के साथ जमकर थिरकीं। हजारों की संख्या में बैठे लोगों ने जमकर तालियां बजाईं। इसके साथ राम तेरी गंगा मैली के अन्य गानों पर भी मंदाकिनी ने परफार्मेंस दिया।

कोरबा पहुंचने पर आयोजकों ने उनका भव्य स्वागत किया और उरगा के रास्ते खरहरकुड़ा स्थित विद्यालय पहुंचीं और शाम 5.00 बजे से 9.00 बजे तक कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा (मड़वारानी) के 10वें स्थापना दिवस समारोह में लायंस गौरव सम्मान समारोह का भी आयोजन था, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का सम्मान किया गया।

लायंस पब्लिक स्कूल परिसर में अतिथियों द्वारा एनकेएम लायंस अनाथआलय एवं बाल विकास केंद्र का भी लोकार्पण किया।

दूसरे दिन प्रात: 6.00 बजे वे मुंबई के लिए रवाना हो गईं। मंदाकिनी के पहुंचने पर उनके साथ फोटो सेशन कराने और सेल्फी लेने लोगों में काफी आतुरता दिख रही थी। 60 वर्ष होने के बाद भी उनके चेहरे में वही चमक और उनके चाहने वाले फैंस में कोई कमी नहीं आई। 1980-1990 के दशक में मंदाकिनी स्टारडम रहीं।

Continue Reading

कोरबा

राजस्व कार्यों में गंभीर लापरवाही और भू-अभिलेखों में हेराफेरी पर पटवारी निलंबित

Published

on

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शासकीय कार्यों के प्रति उदासीनता और घोर लापरवाही बरतने के कारण पटवारी दीपक कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। तहसीलदार भैंसमा द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के आधार पर यह पाया गया कि श्री सिंह ने अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन करने में गंभीर अनियमितताएं की हैं, जो छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 का उल्लंघन है।  
जांच के दौरान ग्राम करूमौहा में राजस्व अभिलेखों के साथ बड़े पैमाने पर छेड़छाड़ की पुष्टि हुई है, जिसमें खसरा नंबर 176/1/ख/1 के वास्तविक रकबे 0.016 हेक्टेयर को नियम विरुद्ध तरीके से बढ़ाकर 1.600 हेक्टेयर दर्ज कर दिया गया था। इसी प्रकार एक अन्य मामले में खसरा नंबर 84/4 ख के रकबे को 0.710 हेक्टेयर से बढ़ाकर सीधे 71.000 हेक्टेयर कर दिया गया और बिना किसी वैध आदेश के इसे ऑनलाइन भुइयां पोर्टल पर दर्ज कर दिया गया।  
इन गंभीर वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं के फलस्वरूप छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत कार्रवाई करते हुए पटवारी को निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय पसान निर्धारित किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

Continue Reading

कोरबा

जनदर्शन में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सुनी आमजन की समस्याएं

Published

on

अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के दिए निर्देश

संवेदनशील मामलों में त्वरित पहल, कुदमुरा घटना के प्रभावित परिवार को सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश

कोरबा। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आज आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से सार्थक एवं जनहितकारी पहल के रूप में संपन्न हुआ। जिले के शहरी एवं दूरस्थ अंचलों से बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं, मांगें प्रस्तुत किए। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने प्रत्येक आवेदक से आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता, संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ सुना तथा संबंधित विभागों को प्रकरणों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन के दौरान प्राप्त आवेदनों में सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, खाद्य, वनाधिकार, नगरीय प्रशासन, ऊर्जा एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विषय प्रमुख रूप से शामिल रहे। वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित आवेदन पर कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को निर्देशित किया कि प्रकरण का त्वरित परीक्षण कर पात्र हितग्राही को शीघ्र लाभान्वित किया जाए, जिससे उन्हें सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सके। भूमि से संबंधित आवेदनों पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने एसडीएम को निर्देशित किया कि भूमि नक्शा उपलब्ध कराने जैसे मामलों में आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराए जाएं और नागरिकों को अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े।
भू-अर्जन से जुड़े प्रकरणों में कलेक्टर श्री दुदावत ने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात ही आगे की कार्यवाही नियमानुसार की जाती है, जिससे पारदर्शिता एवं विधिसम्मत प्रक्रिया सुनिश्चित होती है। खाद्यान्न भंडारण से संबंधित आवेदन को खाद्य अधिकारी को प्रेषित करते हुए उन्होंने विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए, ताकि सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ हितग्राहियों तक सुचारू रूप से पहुंचता रहे।

वनाधिकार पट्टा से जुड़े आवेदनों पर सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक प्रकरण का सूक्ष्म परीक्षण कर शासन की मंशा के अनुरूप पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाए। सीमांकन एवं नामांतरण से संबंधित आवेदनों पर कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित शुल्क जमा होने के पश्चात एक माह के भीतर पूरी प्रक्रिया पूर्ण की जाए, जिससे राजस्व संबंधी कार्यों में गति आए और आमजन को समय पर राहत मिल सके।

पंडित दीनदयाल भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत प्राप्त आवेदनों पर कलेक्टर ने ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण कर पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभान्वित करने के निर्देश दिए। शासकीय भूमि से संबंधित शिकायतों पर कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि का संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने पात्र नागरिकों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवासीय सुविधा प्राप्त करने हेतु नगर निगम से संपर्क कर आवेदन करने के लिए प्रेरित किया। पीएम आवास योजना से संबंधित आवेदनों पर भी उन्होंने शीघ्र परीक्षण कर समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।
सहकारी समिति कुदमुरा क्षेत्र में हाथी द्वारा कुचले जाने से मृत सुरेश राजपूत के परिजनों द्वारा प्रस्तुत आवेदन पर कलेक्टर ने गहरी संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए खाद्य विभाग को नियमानुसार मुआवजा एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे प्रभावित परिवार को संबल मिल सके।
इसके अतिरिक्त, बिजली बिल सुधार एवं विद्युत लाइन शिफ्टिंग से संबंधित आवेदनों पर भी कलेक्टर ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्यवाही कर नागरिकों को शीघ्र राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर शासन के प्रावधानों के अनुरूप पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल एवं ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

लेमरू में दौड़ी जिंदगी की नई रफ्तार, संजीवनी 108 सेवा से ग्रामीणों को मिल रहा त्वरित उपचार

Published

on

कलेक्टर के निर्देश पर एम्बुलेंस की हुई तैनाती

कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर जिले के अत्यंत दुर्गम वनांचल लेमरू क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का एक नया अध्याय शुरू हुआ है। जिला मुख्यालय से लगभग 80 से 90 किलोमीटर दूर स्थित यह क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से बेहद चुनौतीपूर्ण है और यहां विशेष रूप से संरक्षित पिछड़ी जनजातियों जैसे पहाड़ी कोरवा और बिरहोर की बड़ी आबादी निवास करती है। लंबे समय तक यह इलाका स्वास्थ्य सुविधाओं से लगभग कटा रहा, जहां किसी भी आपात स्थिति में मरीज को अस्पताल तक पहुंचाने में 5 से 6 घंटे का बहुमूल्य समय लग जाता था। कई बार समय पर उपचार नहीं मिलने से स्थिति गंभीर हो जाती थी।

प्रशासन ने इस चुनौती को गंभीरता से लेते हुए लेमरू क्षेत्र में संजीवनी एक्सप्रेस 108 एंबुलेंस सेवा की शुरुआत की है। कलेक्टर कुणाल दुदावत की पहल और मार्गदर्शन में शुरू हुई यह सेवा अब इस वनांचल क्षेत्र के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है। आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस यह एंबुलेंस अब एक फोन कॉल पर गांवों तक पहुंच रही है और मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध करा रही है।
सीएमएचओ ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेमरू के अंतर्गत आने वाले लगभग 20 गांवों की 16 हजार से अधिक आबादी को इस सेवा का सीधा लाभ मिल रहा है। इनमें 1700 से अधिक लोग विशेष पिछड़ी जनजातियों से संबंधित हैं। गढ़उपरोड़ा, देवपहरी, अरसेना, नकिया और लेमरू,रापा, बड़गांव,छातीबहार, लामपहाड़, डोकरमना, विमलता जैसे दूरस्थ गांव अब इस सेवा से सीधे जुड़े हैं, जिससे यहां के लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है।
संजीवनी 108 एंबुलेंस केवल मरीजों को लाने-ले जाने का साधन नहीं है, बल्कि यह एक चलती-फिरती जीवनरक्षक इकाई के रूप में काम कर रही है। इसमें फोल्डेबल और कैनवास स्ट्रेचर, व्हीलचेयर, ऑक्सीजन सिलिंडर, पल्स ऑक्सीमीटर, बीपी और शुगर जांच उपकरण, बर्न किट, डिलीवरी किट, सक्षन मशीन और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था उपलब्ध है। गंभीर मरीजों के लिए एएलएस सुविधा के अंतर्गत वेंटिलेटर भी लगाया गया है और प्रशिक्षित ईएमटी स्टाफ हर समय सेवा के लिए तत्पर रहता है।
  पिछले एक वर्ष में इस सेवा के माध्यम से लगभग 1200 मरीजों को समय पर उपचार मिल चुका है। हृदयघात, सड़क दुर्घटनाएं, सर्पदंश, प्रसव संबंधी जटिलताएं और मलेरिया-डेंगू जैसी गंभीर बीमारियों में यह सेवा कई लोगों के लिए जीवनरक्षक साबित हुई है। पहले जहां मरीजों को चारपाई पर ढोकर अस्पताल ले जाना पड़ता था, वहीं अब एंबुलेंस की सायरन सुनते ही ग्रामीण रास्ता बना देते हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि यह सेवा किसी की जान बचाने आई है।
कोरबा जिले को हाल ही में 12 नई संजीवनी 108 एंबुलेंस प्राप्त हुई हैं, जिनमें से एक को विशेष रूप से लेमरू क्षेत्र में तैनात किया गया है। जिले में पहले से 11 पुरानी 108 और 14 महतारी 102 एंबुलेंस सेवाएं संचालित हैं, जिससे संपूर्ण जिले की आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था और मजबूत हुई है।
लेमरू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अपनी गुणवत्तापूर्ण सेवाओं के कारण पहले ही राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक  का प्रमाण पत्र प्राप्त कर चुका है। अब संजीवनी 108 सेवा के जुड़ने से यहां की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो गई है तथा दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराना संभव हो पाया है।
इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर आदिवासी परिवारों को भी बड़ी राहत मिली है, क्योंकि दुर्गम रास्तों और संसाधनों की कमी के कारण निजी वाहन का खर्च उठाना उनके लिए कठिन था। अब सरकारी एंबुलेंस सेवा के माध्यम से उन्हें बिना किसी अतिरिक्त बोझ के त्वरित चिकित्सा सहायता मिल रही है।
लेमरू के ग्रामीणों के लिए यह सेवा केवल सुविधा नहीं, बल्कि भरोसे का प्रतीक बन चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब इलाज समय पर मिलने लगा है और जीवन के प्रति उनका विश्वास पहले से कहीं अधिक मजबूत हुआ है। संजीवनी 108 सेवा ने सचमुच वनांचल के इस क्षेत्र में स्वास्थ्य सुरक्षा की नई उम्मीद जगा दी है और यह साबित कर दिया है कि संवेदनशील प्रशासनिक प्रयासों से सबसे दुर्गम क्षेत्रों में भी सकारात्मक बदलाव संभव है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677