कोरबा। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा के तत्वावधान में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर शुक्रवार, 21 अगस्त को भाजपा जिला कार्यालय, टी.पी. नगर, कोरबा में भव्य संत समागम एवं कलश वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह के मुख्य आतिथ्य तथा भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की अध्यक्षता एवं प्रदेश मंत्री ऋतु चौरसिया के गरिमामय में संपन्न हुआ। अतिथियों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर भाजपा कार्यालय में सामाज के प्रबुद्धजनों को साल और श्रीफल देकर सम्मान किया गया।
गोपाल मोदी ने कहा—गुरु रविदास जी ने सिखाया, पवित्र मन में ही ईश्वर का वास
जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के जीवन प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि “मन चंगा तो कठौती में गंगा”। उन्होंने बताया कि संत गुरु रविदास जी का जन्म वाराणसी के समीप स्थित सीरगोवर्धनपुर ग्राम में हुआ था। वे अपने जीवन-यापन के लिए मोची का कार्य करते थे। एक बार उनके समाज के लोग गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। गुरु रविदास जी ने उनसे कहा कि वे स्वयं गंगा स्नान के लिए नहीं जा सकते। उन्होंने अपने पास रखे कुछ रुपये समाज के लोगों को देते हुए कहा कि गंगा स्नान के दौरान मेरी ओर से यह रुपये मां गंगा को अर्पित कर देना। जब लोग गंगा तट पर पहुंचे और गुरु रविदास जी द्वारा दिए गए रुपये मां गंगा में अर्पित किए, तब मान्यता के अनुसार मां गंगा स्वयं प्रकट हुईं और गुरु रविदास जी के प्रेम एवं श्रद्धा को स्वीकार किया। इस प्रसंग के माध्यम से गुरु रविदास जी ने संदेश दिया कि यदि मन पवित्र और श्रद्धा से भरा हो, तो ईश्वर की प्राप्ति के लिए कहीं दूर जाने की आवश्यकता नहीं होती। सच्ची भक्ति और निर्मल मन में ही ईश्वर का वास होता है।
राजीव सिंह ने कहा—गुरु रविदास जी ने दिया समानता का संदेश
रायपुर संभाग के सह प्रभारी डॉ राजीव सिंह ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के अनुयायी समाज के सभी वर्गों से थे। गुरु रविदास जी ने हमेशा सभी लोगों को समान दृष्टि से देखा और समाज में ऊंच-नीच एवं भेदभाव के विरुद्ध समानता और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाओं से प्रभावित होकर समाज के अनेक राजा-महाराजा भी उनके अनुयायी बने और उनके बताए मार्ग पर चलते हुए मानवता, समानता तथा सद्भावना का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
संत रविदास जी ने दिया समरस समाज का संदेश – भोजराम देवांगन
छ.ग. हाथकरधा संघ के अध्यक्ष भोजराम देवांगन ने संत रविदास जी के जीवन, उनके सामाजिक चिंतन और समरस समाज की स्थापना के लिए दिए गए संदेश को स्मरण करते हुए कहा कि संत रविदास जी ने समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर समानता, सद्भाव, प्रेम और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनके विचार आज भी समाज में सामाजिक एकता और समरसता को मजबूत करने की दिशा में प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिले से 24 मंडलों में सम्मान एवं धार्मिक परंपराओं के अनुरूप कलश वितरण भी किया गया। वितरण कलश को सभी मण्डल के मंदिर में स्थापित किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रदेश संयोजक पंचायत प्रकोष्ठ पवन गर्ग, जिला महामंत्री संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा, संतोषी दीवान, योगेश जैन, रुक्मणी नायर, नवीन अरोड़ा, अजय कंवर, नवीन मार्कंडेय, कमला बरेठ, अर्जुन गुप्ता, डॉ. विजय राठौर, राजेश लहरे, प्रीति स्वर्णकार, संजय राठौर, संजीव शर्मा, प्रदीप सिंह व अविनाश दुबे सहित समस्त मंडल अध्यक्ष, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संत रविदास जी की जयंती के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक समरसता, सद्भाव और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश देने वाला गरिमामय आयोजन रहा।
माँ ब्रह्मचारिणी देवी स्वरूपा माँ श्री सर्वमंगला देवी की पूजा करने परिसर में लम्बी लाईन
कोरबा। आज नवरात्रि के दूसरे दिन सोमवार को कोरबा के आस्था का केन्द्र माँ सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा में माँ ब्रह्मचारिणी स्वरूपा माँ सर्वमंगला देवी की पूजा करने परिसर में आस्था का सैलाब देखने को मिला।
अलसुबह जब माँ के दरबार का कपाट खुला, सबसे पहले आदिशक्ति माँ ब्रह्मचारिणी स्वरूपा श्री सर्वमंगला देवी का पुजारियों ने महाश्रृंगार किया और उसके बाद आम लोगों के दर्शन एवं पूजन के लिए कपाट खुला। महाश्रृंगार के बाद माता का दिव्य रूप देखकर श्रद्धालुओं के मन में असीम शांति का अनुभव हुआ। नयनाभिराम माँ ब्रह्मचारिणी स्वरूपा माँ श्री सर्वमंगला देवी की पूजा में डूबा कोरबा अलसुबह से समाचार लिखे जाने तक परिसर में अगाध श्रद्धा का दृश्य देखने को मिला। मनोकामना ज्योति कलशों की लालिमा से सौंदर्य बढ़ा
माँ सर्वमंगला देवी मंदिर परिसर में कलश कक्षों में स्थापित 12000 मनोकामना ज्योति कलशों की लालिमा से परिसर का सौंदर्य देखते ही बन रहा है। परिसर की लाईंटिंग से सजा मनमोह रहा
मंदिर प्रबंधन द्वारा नवरात्रि से पूर्व मंदिर सहित परिसर का रंग-रोगन के साथ परिसर में मनोहारी लाईटिंग की सजावट भी की गई है, जिससे परिसर का सौंदर्य निखर आया है और यहां दर्शन करने पहुंच रहे श्रद्धालुओं का मन आनंदित भी हो रहा है। माँ ब्रह्मचारिणी देवी की पूजा से मिलता है मोक्ष-नमन पाण्डेय
आज नवरात्रि के दूसरे दिन माँ ब्रह्मचारिणी देवी स्वरूपा की पूजा अर्चना की गई। प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय ने बताया कि माँ ब्रह्मचारिणी मोक्षदायनी है और इनकी पूजा करने से जीवन के संकट का हरण होता है और घर में सुख-शांति का वास होता है। आज माँ को अर्पित छप्पन भोग में मिश्री और फल को भी शामिल किया गया, क्योंकि माँ ब्रह्मचारिणी देवी को भोग में मिश्री और फल अतिप्रिय हैं। जसगीत, शंख, घंटे की नाद से परिसर हुआ भक्तिमय
वैसे तो माँ सर्वमंगला देवी का परिसर स्वर्ग से कम नहीं। यहां कभी भी दर्शन करने जाओ, तो लगता है स्वर्ग में सैर कर रहे हैं, लेकिन नवरात्रि में यहां का माहौल कुछ अलग सा ही मन में पवित्रता और आध्यात्मिकता का जागरण करता है। 09 दिन तक टीम द्वारा जसगीत से यहां उपस्थित लोगों में भक्ति का भाव जगाया जा रहा है, वहीं शंख एवं घंटे की नाद से परिसर भक्तिमय हो गया है।
उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और विधायक प्रेमचंद पटेल ने किया लोकार्पण कोरबा, 12 अक्टूबर 2026। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और विधायक प्रेमचंद पटेल ने आज घुड़देवा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नवीन शाला भवन का लोकार्पण किया। जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से रूपये 99.64 लाख की लागत से निर्मित भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया गया। नवीन भवन से विद्यालय के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जिला खनिज न्यास मद के माध्यम से विकास कार्यों के लिए महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध कराया गया है। इस मद से जिले के जर्जर स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए नवीन भवनों का निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि नवीन शाला भवन से विद्यार्थियों को सुविधाजनक वातावरण मिलेगा और उनकी पढ़ाई को प्रोत्साहन मिलेगा। प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प है। शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि नवीन भवन विद्यालय की शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ विद्यार्थियों के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करेगा। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है।
कार्यक्रम में बांकीमोंगरा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी झा, विकास झा, उदय शर्मा एवं मनीष मिश्रा, पार्षद अश्विनी मिश्रा एवं श्रीमती देवकी साहू, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, विद्यालय के प्राचार्य जय सिंह मोहलीकर सहित जितेंद्र सिंह, श्रीमती शशि साहू, संतोष कर्ष, श्रीमती अनीता राजपूत, रामेश्वर वैष्णव, संतोष यादव, श्रीमती अनूपा साहू, विद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
कोरबा, 12 अक्टूबर 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के दूरस्थ वनांचलों सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर नियमानुसार समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में वनपट्टा की जांच, अवैध शराब विक्रय बंद कराने, लंबित वेतन, प्रधानमंत्री आवास की लम्बित किश्त भुगतान, पीएम आवास की पात्रता जांच, राशन वितरण में अनियमितता, पशु शेड निर्माण, अतिक्रमण, सड़क मरम्मत, राहत राशि, भूमि अधिग्रहण मुआवजा, राशन वितरण में अनियमितता तथा आजीविका से जुड़ी मांगों सहित कुल 114 आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ प्रकरणों पर कार्रवाई करने और पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आवेदनों की नियमित समीक्षा कर लंबित मामलों का प्राथमिकता से निराकरण करने पर जोर दिया। जनदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।