Connect with us

कोरबा

मेहनत की कमाई लेकर उत्साह से उपार्जन केंद्र पहुँचे फूल सिंह, सही मूल्य और सुव्यवस्थित खरीदी से बढ़ा परिवार की समृद्धि का भरोसा

Published

on

धान विक्रय में नहीं हुई किसी प्रकार की समस्या, टोकन मिलने से लेकर धान तौलाई कार्य में नहीं हुई कोई कठिनाई : किसान फूल सिंह

कोरबा। छत्तीसगढ़ सरकार की किसान हितैषी योजनाओं और फैसलों से अन्न उपजाने वाले किसानों में प्रसन्नता का माहौल है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू हो चुकी है। जिससे किसानों में उत्साह का माहौल है। इसके लिए जिला प्रशासन ने 65 उपार्जन केंद्रों में टोकन वितरण, बारदाना उपलब्धता, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनों की व्यवस्था और भुगतान प्रणाली को सुव्यवस्थित रूप से तैयार किया है, जिससे किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या ना हो और खरीदी प्रक्रिया सहज एवं व्यवस्थित रुप से संचालित हो सके।


कोरबा विकासखंड के उपार्जन केन्द्र सोनपुरी में अपनी उपज विक्रय के लिए पहुंचे गांव के परिश्रमी किसान श्री फूल सिंह राठिया खरीदी केंद्र में की गई व्यवस्थाओं की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आज उनकी मेहनत रंग लाई है और वे धान विक्रय के लिए उत्साहित हैं। उनका कहना है कि किसान अच्छी पैदावार के लिए कड़ी मेहनत करता है और अपनी उपज को उपार्जन केंद्र में पहुँचाकर ही उसे वास्तविक खुशी मिलती है। 1.5 एकड़ भूमि में मेहनत से खेती करने वाले फूल सिंह का परिवार चार सदस्यों का है, और खेती ही उनकी मुख्य आजीविका है। इस बार वे 10 क्विंटल धान लेकर केंद्र पहुँचे और बताते हैं कि पूरी प्रक्रिया में उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने बताया कि घर बैठे मोबाइल से ऑनलाइन टोकन प्राप्त करना उनके लिए बेहद सहायक साबित हुआ। इस डिजिटल सुविधा ने लंबी कतारों और अनावश्यक समय-व्यय से उन्हें पूरी तरह मुक्त कर दिया।


राज्य सरकार द्वारा निर्धारित 21 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा और 3100 रुपए प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य ने किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत आधार दिया है। फूल सिंह बताते है कि इस मूल्य से उन्हें अपनी मेहनत का उचित प्रतिफल मिल रहा है और इससे आगामी कृषि कार्यों के लिए बेहतर तैयारी करने में भी सहायता मिलेगी। फूल सिंह ने सरकार की किसान हितैषी नीतियों और पारदर्शी खरीदी प्रक्रिया के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आज किसानों को सही मूल्य, समय पर सुविधा और सम्मान मिल रहा है, जिससे खेती के प्रति उनका विश्वास और उत्साह बढ़ा है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

कोरबा पुलिस की पटाखा व्यापारियों के साथ बैठक, सुरक्षा मानकों एवं लाइसेंस की शर्तों का पालन करने के निर्देश

Published

on

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित बैठक में जनसुरक्षा एवं अग्नि सुरक्षा पर दिया गया विशेष जोर

होमगार्ड अग्निशमन दल द्वारा अग्निशमन यंत्रों के उपयोग का दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण

नियमों एवं सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कठोर वैधानिक कार्रवाई

कोरबा। दीपावली पर्व के दौरान जनसुरक्षा, अग्नि सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कोरबा में पटाखा व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी, सीएसीबी प्रभारी विरासत कुजूर, नगर निगम कोरबा की ओर से सुमित गुप्ता तथा होमगार्ड के अग्निशमन दल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

लाइसेंस की शर्तों एवं सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य

बैठक में सभी पटाखा व्यापारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपनी दुकानों में वैध लाइसेंस की प्रति प्रदर्शित करें तथा केवल लाइसेंस में निर्धारित स्थान पर ही पटाखों का विक्रय एवं भंडारण करें। लाइसेंस में निर्धारित मात्रा से अधिक पटाखे रखना, लाइसेंस की वैधता समाप्त होने के बाद विक्रय करना तथा दुकान का उपयोग अन्य प्रयोजनों के लिए करना प्रतिबंधित रहेगा।

अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखने के निर्देश

प्रत्येक पटाखा दुकान में पर्याप्त संख्या में अग्निशमन यंत्र, रेत एवं पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। दुकानों में बीड़ी, सिगरेट, माचिस, खुली आग तथा अन्य ज्वलनशील वस्तुओं के उपयोग पर प्रतिबंध का पालन करना होगा। विद्युत वायरिंग सुरक्षित रखी जाए तथा दुकानों के बीच निर्धारित सुरक्षित दूरी बनाए रखने के साथ अग्निशमन वाहनों के आवागमन हेतु पर्याप्त स्थान उपलब्ध रखा जाए।

होमगार्ड अग्निशमन दल द्वारा दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण

बैठक के दौरान होमगार्ड के अग्निशमन दल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पटाखा व्यापारियों को अग्निशमन यंत्रों के सही एवं प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई। कर्मचारियों द्वारा अग्निशमन यंत्र के उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन (डेमो) भी दिया गया तथा आग लगने की स्थिति में तत्काल किस प्रकार अग्निशमन यंत्र का उपयोग कर आग पर नियंत्रण पाया जा सकता है, इसकी प्रक्रिया समझाई गई। व्यापारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने प्रतिष्ठानों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों के संचालन की जानकारी अवश्य रखें।

प्रतिबंधित पटाखों के विक्रय एवं अनधिकृत भंडारण पर रोक

व्यापारियों को केवल वैध एवं अधिकृत पटाखों का विक्रय करने तथा प्रतिबंधित पटाखों का भंडारण एवं विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए गए। पटाखों के साथ अन्य ज्वलनशील सामग्री का भंडारण नहीं किया जाए। दुकानों के सामने अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने दें, वाहनों को दुकान के सामने खड़ा न होने दें तथा आपातकालीन निकास मार्ग हमेशा खुला रखें। नाबालिगों को पटाखों की बिक्री सहित अन्य लागू कानूनी प्रतिबंधों का भी पालन सुनिश्चित किया जाए।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी पटाखा व्यापारी जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, आगजनी अथवा आपातकालीन स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को दें तथा निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें।

लाइसेंस की शर्तों, अग्नि सुरक्षा मानकों एवं लागू कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सभी व्यापारियों से सुरक्षित वातावरण बनाए रखने तथा दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।

Continue Reading

कोरबा

मोबाइल को लेकर भाई से हुआ झगड़ा,बहन ने फांसी लगाई:मां ने फोन छिपाया तो नाबालिग ने टॉयलेट में दी जान, पुलिस ने जांच शुरू की

Published

on

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा के अयोध्या पुरी बस्ती में मोबाइल को लेकर भाई-बहन के बीच हुए झगड़े के बाद 17 साल की छात्रा सानिया बानो ने टॉयलेट में फांसी लगा ली। वह 9वीं कक्षा में पढ़ती थी।

बताया जा रहा है कि विवाद के बाद मां ने मोबाइल छिपा दिया था। इससे नाराज होकर सानिया घर के टॉयलेट में चली गई। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो वह अंदर फंदे पर मिली।

सूचना पर पहुंची दर्री पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला दर्री थाना क्षेत्र का है।

अब जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, अयोध्या पुरी के शरीफ कुरैशी की बेटी सानिया बानो (17) 9वीं कक्षा में पढ़ती थी। उसके पिता बकरे का कारोबार करते हैं। बताया जा रहा है कि घर में मोबाइल को लेकर सानिया और उसके भाई के बीच कहासुनी हो गई थी।

विवाद बढ़ने पर मां ने मोबाइल छिपा दिया और कहा कि तुम लोग मोबाइल के चक्कर में लड़ते रहते हो, इसलिए किसी को मोबाइल नहीं दूंगी। इस बात से सानिया नाराज हो गई और टॉयलेट के अंदर चली गई।

टॉयलेट में फंदे पर लटकी मिली छात्रा

काफी देर तक बाहर नहीं आने पर पिता ने टॉयलेट का दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया। वहां सानिया फंदे पर लटकी मिली। परिजन उसे तुरंत नीचे उतारकर अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने पर दर्री पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी के मुताबिक, मर्ग कायम कर परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि सानिया शांत स्वभाव की थी और पढ़ाई में ठीक थी।

पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Continue Reading

कोरबा

शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बुंदेली में ई-कचरा न फैलाने विद्यार्थियों ने ली शपथ

Published

on

ई-कचरा प्रबंधन दिवस पर हुई कई गतिविधियां, निकाली जागरूकता रैली
कोरबा। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय एवं इको क्लब फॉर मिशन लाइफ के निर्देशानुसार शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बुंदेली में ई-कचरा प्रबंधन दिवस बहुत ही उत्साहपूर्वक मनाया गया।
बच्चों को ई-कचरा क्या होता है, यह क्यों खतरनाक है और इसका निपटारण कैसे किया जाना चाहिए, इस बारे में विस्तार से बताया गया। स्मार्ट क्लास के माध्यम से बच्चों को खराब मोबाइल, चार्जर, बैटरी, की-बोर्ड, माउस, एलईडी बल्ब, टूटी हुई पेन ड्राइव आदि को दिखाया गया और समझाया गया कि इन्हें सामान्य कचरे में नहीं फेंकना चाहिए।
विद्यालय में कराई गई प्रमुख गतिविधियाँ
पोस्टर, बैनर एवं स्लोगन निर्माण

कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों ने सभी शिक्षकों के मार्गदर्शन में बहुत ही आकर्षक पोस्टर और बैनर तैयार किए। बच्चों ने अपने हाथों से नारे लिखे –

  • ई-कचरा मत फैलाओ, धरती को स्वच्छ बनाओ
  • मेरा कचरा, मेरी जिम्मेदारी
  • ई-वेस्ट को करो मैनेज, सुरक्षित होगा फ्यूचर हमारा
    इन पोस्टरों को विद्यालय की दीवारों पर प्रदर्शित किया गया।
    जागरूकता रैली
    विद्यालयीन गतिविधियों के पश्चात बच्चों ने हाथों में पोस्टर, बैनर और स्लोगन की तख्तियां लेकर शाला परिसर एवं ग्राम धनरास में जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान बच्चों ने ‘ई-कचरा हटाओ – पर्यावरण बचाओÓ के नारे लगाए और ग्रामीणों को भी ई-कचरा घर में न रखने की अपील की।
    ई-कचरा संग्रहण अभियान (मुख्य आकर्षण)
    इस दिवस की सबसे महत्वपूर्ण गतिविधि यह रही कि इससे एक दिन पूर्व ही सभी बच्चों को अपने-अपने घरों से एक अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक वस्तु लाने को कहा गया था।
    निर्देशानुसार प्रत्येक बच्चों ने अपने घर से एक-एक ई-कचरा लाया – जैसे किसी ने पुरानी बैटरी, किसी ने टूटा चार्जर, किसी ने खराब ईयरफोन, किसी ने सेल, किसी ने छोटा बल्ब लाया।
    विद्यालय में विशेष रूप से काले रंग का डस्टबिन शिक्षिकाओं के द्वारा बनाया गया था, जो ई-कचरे के लिए निर्धारित था। सभी बच्चों ने कतारबद्ध होकर अपनी लाई हुई सामग्री को उसी काले डस्टबिन में डाला। बच्चों को बताया गया कि इस एकत्रित कचरे को विकासखंड स्तर पर अधिकृत रीसाइक्लिंग एजेंसी के माध्यम से उचित वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित किया जाएगा, ताकि यह मिट्टी और पानी को प्रदूषित न कर सके।
    इस प्रकार की गतिविधियां केवल सैद्धांतिक नहीं बल्कि व्यावहारिक रूप से बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनने की सीख दे गई।
    अंत में सभी बच्चों ने ई-कचरा न फैलाने और दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ ली। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान पाठक सम्मेेलाल यादव, शिवनंदन लाल राजवाड़े CAC संकुल केंद्र बुंदेली, श्रीमती रेशमा ठाकुर, श्रीमती दिव्या साहू, श्रीमती प्रभा साहू, दीपक मिश्रा, श्रीमती चंद्रिका साहू आदि उपस्थित थे।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677