Connect with us

कोरबा

पुलिस पर नाबालिग लड़की के अपहरणकर्ता को छोड़ने का आरोप

Published

on

10 हजार और बकरे के बदले छोड़ा,परिजन बोले-घर पहुंचे के बाद फिर लापता हो गई

कोरबा। कोरबा में पसान थाना पुलिस पर एक नाबालिग लड़की के अपहरणकर्ता को 10 हजार रुपए और एक बकरे के बदले छोड़ने का गंभीर आरोप लगा है। परिजनों का दावा है कि पुलिस के छोड़े जाने के बाद नाबालिग घर पहुंची और यह जानकारी दी। जिसके आधे घंटे बाद वह फिर लापता हो गई।

यह मामला पसान थाना क्षेत्र का है। परिवार ने सोमवार शाम पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत पत्र सौंपा। शिकायत के अनुसार, नाबालिग बेटी 26 नवंबर को साप्ताहिक बाजार जाने के बाद लापता हो गई थी। परिजनों की तलाश में पता चला कि उसे आखिरी बार शनि नामक युवक के साथ देखा गया था।

उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया। 2 जनवरी को पसान थाने से पीड़ित परिवार को बुलाया गया। जब वे थाने पहुंचे, तो उन्हें दस्तावेज पर हस्ताक्षर कराने के बाद बयान दर्ज कराने के लिए कटघोरा न्यायालय चलने को कहा गया।

घर पहुंचने के बाद नाबालिग का चौंकाने वाला खुलासा

परिजन वाहन में बैठे, जिसके बाद नाबालिग भी वाहन में बैठी और परिजनों को उसके मिलने की जानकारी हुई। हालांकि, किसी कारणवश कोर्ट में बयान दर्ज नहीं हो सका। पुलिसकर्मियों ने नाबालिग को परिजनों के साथ घर लौटने की सलाह दी। घर पहुंचने के बाद नाबालिग ने परिजनों को चौंकाने वाली जानकारी दी।

एसआई और आरक्षक ने पैसे-बकरे मांगे

उसने बताया कि एसआई कुर्रे और आरक्षक मधुकर ने शनि से 10 हजार रुपए लिए हैं और एक बकरे की भी मांग की है। नाबालिग ने यह भी बताया कि पुलिसकर्मियों ने उससे कहा था कि बयान दर्ज कराने के बाद वह शनि के साथ जा सकती है। यह बात उसके दिमाग में बैठ गई और वह करीब आधे घंटे बाद ही परिजनों को बिना बताए कहीं चली गई।

मामला रफा-दफा करने के लिए की गई डिमांड

शिकायत पत्र में स्पष्ट रूप से बताया गया है कि पसान थाने के एसआई कुर्रे और आरक्षक मधुकर ने आरोपी युवक से 10,000 रुपए कैश लिए और एक बकरे की मांग की। परिजनों का आरोप है कि यह सौदेबाजी बयान दर्ज कराने और मामले को रफा-दफा करने के लिए की गई थी।

जांच के बाद होगी कार्रवाई- ASP

इस मामले पर एडिशनल नीतिश ठाकुर ने बताया कि नाबालिग के पिता ने शिकायत दर्ज कराई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कटघोरा एसडीओपी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

भाजपा कोसाबाड़ी मण्डल की मासिक कार्यसमिति बैठक सम्पन्न

Published

on

कोरबा। राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सर्व विकास की विचारधारा से राष्ट्र निर्माण को समर्पित भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार कोसाबाड़ी मण्डल के तत्वाधान में मासिक कार्यसमिति बैठक का आयोजन दिनाँक 02/06/26 को रामजानकी मंदिर, बुधवारी क्रमांक 02 में राष्ट्र प्रथम, अनुशासन और सेवा के भाव से इस विश्व युद्ध की विपदाकल में विश्व कल्याण एवं विपक्षी दलों के विकृत मानसिकता को सद्बुद्धि प्रदान करने हेतु प्रभु श्री राम के परम भक्त श्री हनुमान जी के समक्ष हनुमान चालीसा का सामुदायिक पाठ किया गया।

कार्यक्रम में रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ राजीव सिंह के मुख्य आतिथ्य, विशिष्ट अतिथि जिलाउपाध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह एवं जिला महामंत्री व मंडल प्रभारी संजय शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा हुई तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई गई।

कोसाबाड़ी मण्डल अध्यक्ष डॉ राजेश राठौर के अध्यक्षता में समस्त शक्तिकेन्द्रों एवं बूथ स्तर पर बूथ समिति का गठन, कार्यकर्ताओं की गतिविधियों तथा अन्य संगठनात्मक विषयों की जानकारी दी गई।

इस कार्यक्रम में दीप नारायण सोनी, अर्जुन गुप्ता जिला संवाद प्रमुख, संजीव शर्मा, शैलेंद्र सिंह, नीरज ठाकुर, श्रीमती तृप्ति सरकार, मण्डल महामंत्री मिलाप राम बरेठ, पुनि राम साहू, कोषाध्यक्ष अनिल वस्त्रकार, शिव चंदेल, गोप लाल राठिया, श्रीमती सरस्वती पटेल, तेरस दास दीवान, श्रीमती मीरा सोनी, वार्ड पार्षद पंकज देवांगन, ललेश दुबे, गिरधारी रजक, श्रीमती स्वाति कश्यप, श्रीमती चंचला राठौर, श्रीमति प्रीति चौहान, कपूर चंद पटेल, दिनू, श्रीमती गोमती गेदरे, श्रीमती सरिता कर्ष, दर्शन रजक, नारायण महंत, महेंद्र यादव, दीपेश श्रीवास, राम लाल पटेल, अयोध्या प्रसाद सोनी, मनोज शर्मा, करन राजपाल, धरम पाल सोलंकी, राजकुमार शर्मा, अमित पटेल, बद्री वस्त्रकार, विवेक राजवाड़े, हेमंत चंद्रा, भरत सोनी, रामकुमार पटवा, रमेश साहू, वीरेंद्र नायक, मनोज कंवर, बलदेव दीवान, श्रीमती फूलमती भगत, धन साय साहु, श्रीमती अंबिका यादव, शुभम यादव, शिव देवांगन, प्रवीण, श्रीमती तुलसी सूर्यवंशी, श्रीमती संतोषी लदेर, मंडल मोर्चा अध्यक्षगण भजन कंवर, करन राजपाल, कृपाल कंवर, श्याम साहू, गुलजार सिंह, सौरभ दुबे, गुरुदयाल, ठ्ठस्र साहू, अशोक अगरिया, चंदन मजूमदार , मुन्ना साहु, श्रीमती कविता सोनी, लीला राम पटेल, श्याम यादव, मनोज कंवर, संत लाल, तीरथ चौहान, श्रीमती केया सेन, राकेश यादव, श्रीमती सपना झा, श्रीमती कृष्णा राठौर, श्रीमती अनुराधा पांडेय के साथ बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष एवं कर्मठ कार्यकर्ताओं के साथ टिफीन बैठक संपन्न कर भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा को बूथ स्तर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Continue Reading

कोरबा

पेड़ की डाल नहीं, पूरा विशाल धौरा वृक्ष गिरा था, वन विभाग के दावे पर उठे सवाल

Published

on

कोरबा/पाली। पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चोरका डांड में शनिवार शाम आंधी-तूफान और बारिश के दौरान हुई दर्दनाक घटना में तीन युवकों की मौत के मामले में अब कई सवाल खड़े होने लगे हैं। प्रारंभिक जानकारी में बताया गया था कि तीनों युवक बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे रुके हुए थे, तभी पेड़ की भारी डाल टूटकर उन पर गिर गई। लेकिन मीडिया टीम के मौके पर पहुंचने पर सामने आए तथ्यों ने मामले को नया मोड़ दे दिया है।

घटनास्थल पर देखा गया कि कोई डाल नहीं टूटी थी, बल्कि एक विशाल धौरा का पेड़ जड़ सहित गिरा हुआ था। वहीं ग्रामीणों, मृतक दिनेशु तिर्की के परिजनों तथा निर्माण कार्य में लगी महिलाओं ने बताया कि घटनास्थल पर वन समिति के माध्यम से सूअर पालन के लिए कोठा निर्माण का कार्य चल रहा था। उनके अनुसार दिनेशु तिर्की और कमलेश बड़ा निर्माण कार्य में लगे हुए थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक तेज आंधी-तूफान शुरू हुआ। इसी दौरान धौरा वृक्ष से आवाज आई और कुछ ही क्षणों में वह घूमकर निर्माण स्थल पर गिर पड़ा। पेड़ के नीचे काम कर रहे युवक उसकी चपेट में आ गए। घटना में एक महिला को भी सिर और हाथ में हल्की चोटें आईं, जिसने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। इसके बाद लोगों ने किसी तरह दबे हुए लोगों को बाहर निकाला और घायल युवकों को वाहन की व्यवस्था कर पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां जांच उपरांत दो युवकों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक गंभीर रूप से घायल युवक को रेफर किया गया, जिसकी रास्ते में मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार जंगल क्षेत्र होने के कारण तत्काल वाहन उपलब्ध नहीं हो पाया और अस्पताल पहुंचने में करीब ढाई घंटे का विलंब हुआ।

इधर जब इस संबंध में वन विभाग से जानकारी ली गई तो विभागीय अधिकारियों ने निर्माण कार्य में युवकों को लगाए जाने से इनकार किया। यहीं से कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि निर्माण कार्य में युवक शामिल नहीं थे तो वे घटनास्थल पर क्या कर रहे थे? ग्रामीण, परिजन और वहां मौजूद महिलाएं निर्माण कार्य में लगे होने की बात क्यों कह रही हैं? यदि वन समिति के अंतर्गत निर्माण कार्य चल रहा था तो वहां कार्यरत लोगों की निगरानी कौन कर रहा था? निर्माण स्थल पर सुरक्षा के क्या इंतजाम थे? क्या कार्य शुरू करने से पहले संभावित जोखिमों का आकलन किया गया था? यदि नाबालिग मौके पर मौजूद थे तो उनकी उपस्थिति किन परिस्थितियों में थी? क्या निर्माण कार्य के लिए मजदूरों का कोई पंजीयन या उपस्थिति रजिस्टर रखा गया था? दुर्घटना के समय वहां कितने लोग काम कर रहे थे और उन्हें किसके निर्देश पर लगाया गया था? आखिर घटना के संबंध में सामने आ रहे अलग-अलग दावों में सच्चाई क्या है?

मृतकों में 14 वर्षीय शिवराम टेकाम और 17 वर्षीय दिनेश तिर्की भी शामिल हैं। ऐसे में नाबालिगों से कार्य कराए जाने की आशंका को लेकर मामला और गंभीर हो जाता है। अब आवश्यकता इस बात की है कि पूरे घटनाक्रम की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दुर्घटना के समय वहां वास्तव में क्या कार्य चल रहा था और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।फिलहाल यह मामला केवल प्राकृतिक दुर्घटना तक सीमित नहीं दिख रहा, बल्कि कई ऐसे सवाल छोड़ गया है जिनके जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।

चोरकाडांड निवासी हीरा सिंह ने बताया कि वन विभाग द्वारा पशुपालन के लिए भवन निर्माण कराया जा रहा था, जिसमें युवक कार्य कर रहे थे। उनके अनुसार मौसम सामान्य था और केवल हल्की हवा चल रही थी। इसी दौरान अचानक एक विशाल धौरा पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में उनकी मौत हो गई।

मृतक दिनेशु तिर्की की मां हीरामणि ने बताया कि उनका बेटा पिछले तीन दिनों से वहां काम पर जा रहा था। घटना की जानकारी गांव के एक युवक ने आकर दी, जिसके बाद वह तत्काल घटनास्थल पहुंचीं। ग्रामीणों की मदद से वाहन की व्यवस्था कर घायल युवकों को पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत की खबर मिली।

काम करने वाली राधाबाई बाइसेम्हर ने बताया कि वह एक अन्य महिला के साथ दो दिनों से निर्माण कार्य में लगी थीं। हादसे के समय वह बालू उठा रही थीं, जबकि दूसरी महिला बालू छान रही थी। तभी कटने जैसी तेज आवाज सुनाई दी। जान बचाने के लिए भागते समय विशाल धौरा वृक्ष गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आकर तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राधाबाई ने बताया कि तीनों युवक पिछले दो दिनों से पानी ढुलाई और मसाला बनाने का काम कर रहे थे।

Continue Reading

कोरबा

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत कोरबा जिले में एक लाख से अधिक आवास पूर्ण

Published

on

मनरेगा के माध्यम से हितग्राहियों को मिल रहा 90 दिवस का रोजगार

कोरबा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत कोरबा जिले ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए एक लाख से अधिक पक्के आवासों का निर्माण पूर्ण कर लिया है। वर्ष 2016 से अब तक जिले में कुल 1,00,013 आवासों का निर्माण सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा चुका है, जिससे हजारों ग्रामीण परिवारों का अपने पक्के घर का सपना साकार हुआ है।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के आवासहीन एवं वंचित परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए चरणबद्ध तरीके से 1.20 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है। इसके साथ ही महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत आवास निर्माण कार्य हेतु 90 दिवस का रोजगार उपलब्ध कराया जाता है, जिससे हितग्राहियों को मजदूरी भुगतान का लाभ भी प्राप्त होता है।

योजना के अंतर्गत एसईसीसी-2011 सर्वे तथा वर्ष 2018 में आयोजित आवास प्लस सर्वे में पात्र पाए गए परिवारों को क्रमबद्ध रूप से आवास स्वीकृत किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा सतत निगरानी एवं प्रभावी क्रियान्वयन के परिणामस्वरूप आवास निर्माण कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।

जिले में वर्ष 2016 से 2023 के दौरान 61,223 आवास पूर्ण किए गए, जबकि वर्ष 2024 से 2026 के बीच 37,804 आवासों का निर्माण पूरा हुआ। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 478 आवास तथा प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत 508 आवास पूर्ण किए गए हैं।

इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार पात्र ग्रामीण हितग्राहियों को गुणवत्तापूर्ण पक्के आवास उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले में एक लाख से अधिक आवासों का पूर्ण होना ग्रामीण विकास एवं जनकल्याण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है, जिससे हजारों परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677