कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में भव्य रूप से मनाया गया जिला स्तरीय राज्योत्सव
गरीब, किसान, महिला और युवाओं के कल्याण से प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित – मंत्री लखन लाल देवांगन
धान का कटोरा छत्तीसगढ़ कृषि, संस्कृति और खनिज संपदा के क्षेत्र में समृद्ध – विधायक प्रेमचंद पटेल
कोरबा 03 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर ओपन ऑडिटोरियम कोरबा मे राज्योत्सव समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री छत्तीसगढ़ शासन लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने राज्योत्सव 2026 के अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य बनने के बाद छत्तीसगढ़ का तेजी से विकास हुआ है। हमारा प्रदेश बुलंदियों की नित नई ऊंचाइयों को छू रहा है। विकास के नए आयाम गढ़ रहा है। उन्होनें राज्य निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने राज्य का निर्माण किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कुशल नेतृत्व में राज्य का तीव्र गति से विकास हो रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में एक रुपये प्रति किलो चावल वितरण जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब परिवारों को खाद्य सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा के क्षेत्र में गरीब, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, छात्र-छात्राओं समेत सभी वर्ग के हित के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। सभी वर्गों के लोग इसका लाभ उठा रहे हैं और राज्य के विकास में अपना अहम योगदान भी दे रहे हैं। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि राज्य में मोदी की गारंटी को शत प्रतिशत पूरा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार बनते ही प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास हेतु राशि जारी की गई है। किसानों से 3100 रूपए प्रति क्विंटल एवं 21 क्विंटल प्रति एकड़ के दर से धान की खरीदी की जा रही है। दो वर्ष के धान के बकाया बोनस का भुगतान किया गया है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 1 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। 5500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से तेंदूपत्ता संग्रहण किया जा रहा है। चरण पादुका योजना और रामलला दर्शन योजना के माध्यम से भी हितग्राहियों को लाभ मिल रहा है।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि जिला खनिज संस्थान न्यास का सदुपयोग जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य महत्वपूर्ण आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु किया जा रहा है। कोरबा जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूल भवनों, स्वास्थ्य सुविधाओं, आश्रम-छात्रावासों और पुल-पुलियों सहित विभिन्न विकास कार्यों को गति मिली है। जिससे जिला में भी विकास भी तेजी से हो रहा है। श्री देवांगन ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र एवं छत्तीसगढ़ विकसित राज्य के रूप में पहचाना जाएगा। उन्होंने आमजनो को योजनाओं का लाभ उठाने की अपील करते हुए राज्योत्सव स्थल में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल में जाकर विभाग में संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और लाभ उठाने का आग्रह किया।
विधायक कटघोरा प्रेमचन्द पटेल ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में धान की बेहतर उत्पादन के कारण इसे धान का कटोरे के रूप में देश विदेश में पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि राज्य बनने के बाद छत्तीसगढ़ का तेजी से विकास हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शासकीय योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन किया जा रहा है जिनसे आमजन लाभान्वित हो रहे है। विधायक श्री पटेल ने कहा की राज्य में सरकार गठन के साथ ही मोदी की गारंटी को पूरे करने का कार्य किया जा रहा है। विकसित राज्य बनने की दिशा में अग्रसर है। श्री पटेल ने कहा कि हरेली तीजा, पोरा, जैसी तीज त्यौहार, सुआ गीत, ददरिया, पंडवानी जैसे लोकगीत हमारी संपन्न कला संस्कृति की पहचान है। महानदी, इंद्रावती, शिवनाथ, हसदेव, अरपा, पैरी जैसी नदियों के विशाल जल संपदा से राज्य खेती किसानी में खुशहाल और उन्नत है। गंगरेल, मिनीमाता बांगो सहित अन्य बांधो से किसानों के खेतों तक पानी पहुँचाया जा रहा है। साथ ही बिजली बनाई जा रही है। कोयला, लोहा, बॉक्साइट जैसे अमूल्य खनिज सम्पदा से भी हमारा राज्य परिपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2000 में मध्यप्रदेश से पृथक होकर नए राज्य के रूप में छत्तीसगढ़ का निर्माण हुआ। इन बीते वर्षों में प्रदेश का राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास हुआ है। राज्य सरकार ने पीएम आवास, महतारी वंदन, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा के क्षेत्र में गरीब, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, छात्र-छात्राओं समेत सभी वर्ग के हित के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित की है। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों के लोग इसका लाभ उठा रहे हैं और राज्य के विकास में अपना अहम योगदान भी दे रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह एवं महापौर नगर निगम श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने भी आमजनो को राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य निर्माण के साथ ही अनेक चुनोतियाँ सामने आई। जिसका राज्य ने विधिवत रूप से सामना करते हुए विकसित राज्य के रूप में स्थापित हुआ। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा राज्य में लगातार विकास के कार्य किया जा रहा हैं। प्रदेश में सभी वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं चलाई जा रहीं है। जिसका लाभ निश्चित रूप से आमजनो को मिल रहा है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने प्रस्तुत किया जिले के विकास का प्रतिवेदन, महिला सशक्तिकरण और युवा विकास कार्याे की दी जानकारी
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने राज्योत्सव के अवसर पर जिले की विकास यात्रा और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में कोरबा की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऊर्जा नगरी के रूप में कोरबा की खदानें, बालको सहित एल्यूमिनियम उद्योग और एनटीपीसी एवं सीएसपीजीसीएल के विद्युत संयंत्र देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में अहम योगदान दे रहे हैं। हसदेव बांगो बांध, समृद्ध वन संपदा और जनजातीय संस्कृति जिले की विशिष्ट पहचान हैं। उन्होंने राज्योत्सव की थीम ‘‘नारी शक्ति, युवा उड़ान‘‘ का उल्लेख करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने के लिए महत्वपूर्ण है। जिले में महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 2 लाख 90 हजार महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से डेढ़ लाख महिलाओं को संगठित किया गया है, जिनमें 60 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं, ड्रोन दीदी योजना के तहत 10 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। कलेक्टर ने शिक्षा के क्षेत्र में जिले की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि सत्र 2025-26 में हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 77.58 प्रतिशत और हायर सेकेंडरी का 83.48 प्रतिशत रहा। छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 87.13 दर्ज किया गया है। उन्होंने जिले में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से 1.30 लाख वर्गफीट क्षेत्र में बनने वाले साइंस सेंटर का भी उल्लेख किया। छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े साइंस सेंटर के रूप में विकसित होने वाले इस केंद्र में विद्यार्थियों को प्रयोगों और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान सीखने के आधुनिक अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य एवं केंद्र शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए जिला प्रशासन जिले के समग्र विकास और नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव में विभागीय स्टालों के माध्यम से शासकीय योजनाओं के प्रगति की प्रदर्शनी लगाई गई है। जिसका अवलोकन कर आमजन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ ले सकते है। उन्होंने जिलेवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ को बेहतर और नई ऊंचाइयों में पहुचाने हेतु निरंतर कार्य करने हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर राज्य हाथकरघा बोर्ड के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, गोपाल मोदी, डॉ राजीव सिंह, नरेंद्र देवांगन, अशोक चावलानी, हितानंद अग्रवाल, प्रफुल्ल तिवारी, योगेश जैन, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, वनमण्डलाधिकारी कटघोरा जितेंद्र उपाध्याय, सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।
’कैबिनेट मंत्री देवांगन सहित अन्य अतिथियों ने विभागीय स्टॉल का किया अवलोकन ’
राज्योत्सव स्थल में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों पर आधारित स्टॉल लगाए गए थे। मुख्य अतिथि श्री देवांगन सहित अन्य अतिथियों द्वारा सभी स्टॉल का अवलोकन किया गया और विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही शासकीय योजनाओं से आमजनों को लाभांवित किया गया।
महिला बाल विकास विभाग के स्टॉल में अतिथियों द्वारा नन्हें शिशुओं को अन्नप्राशन कराया गया। वन विभाग के स्टॉल में स्थानीय उत्पादों का अवलोकन कर उनके निर्माण एवं उपयोग से अवगत हुए। इसी प्रकार जिला पंचायत, नगर निगम, पुलिस विभाग, समाज कल्याण, आदिमजाति विकास विभाग, शिक्षा, क्रेडा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, पशुपालन, जनसम्पर्क, उद्योग, एसईसीएल, एनटीपीसी, बाल्को सहित अन्य विभाग द्वारा लगाए स्टालो का अवलोकन कर संचालित योजनाओं की जानकारी ली अधिकारियों को योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन के लिए शुभकामना दी।
’लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी सहित अन्य स्थानीय कलाकारों ने दी रंगारंग प्रस्तुति’
राज्योत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति हुई। स्थानीय कलाकारों के साथ ही छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय प्रसिद्ध गायक श्री सुनील सोनी, स्थानीय कलाकारों, स्कूली छात्र-छात्राओं सहित अन्य कलाकारों द्वारा मनमोहक प्रस्तुति दी गईं। देर रात्रि तक गायक श्री सोनी के जसगीत एवं छत्तीसगढ़ी गीतों पर दर्शक झूमते रहे।
कोरबा/पाली। प्रज्ञा संजीवनी-वन औषधालय पाली के संचालक एवं पारंपरिक चिकित्सा विशेषज्ञ वैद्यराज रामफल पटेल आरोग्य के देवता भगवान श्री धनवंतरी के अनंत उपासक हैं और उनकी कृपा से ही वैद्यराज रामफल पटेल क्षेत्र में पारंपरिक चिकित्सा के माध्यम से हजारों लोगों को गंभीर बीमारियों से निजात दिलाई। इस वर्ष भी वैद्यराज रामफल पटेल 06 नवम्बर 2026 को आरोग्य के देवता भगवान श्री धनवंतरी जयंती पर पाली बस स्टैण्ड स्थित स्वयं की संस्थान प्रज्ञा संजीवनी-वन औषधालय प्रांगण में विशाल आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन करने जा रहे हैं। वैद्यराज श्री पटेल ने बताया कि भगवान श्री धनवंतरी विश्व के प्रथम चिकित्सक हैं और सनातन काल में वे देवताओं का ईलाज दुर्लभ जड़ी बुटियों से करते थे। कलयुग में कई गंभीर बीमारियों से निजात दिलाने के लिए ही उन्होंने आयुर्वेद का निर्माण किया, जिसमें सभी रोगों का ईलाज बताया गया है। वैद्यराज रामफल पटेल ने बताया कि आरोग्य के देवता होने के कारण उनकी पूजा मात्र से ही लोगों को आरोग्य की प्राप्ति होती है। शिविर के मुख्य अतिथि होंगे डॉ. पवन सिंह 06 नवम्बर को धनवंतरी जयंती पर पाली बस स्टैण्ड स्थित प्रज्ञा संजीवनी-वन औषधालय परिसर में विशाल आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें नाड़ी परीक्षण के साथ आवश्यक आयुर्वेद दवाईयों का वितरण किया जाएगा और विभिन्न बीमारियों के बारे में जानकारी दी जाएगी और उनके निदान का उपाय भी वैद्यराज रामफल पटेल द्वारा बताया जाएगा। इस चिकित्सा शिविर का शुभारंभ जिला पंचायत कोरबा अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह करेंगे। वैद्यराज रामफल पटेल की अपील वैद्यराज रामफल पटेल ने क्षेत्र के समस्त लोगों से अपील करते हुए चिकित्सा शिविर में शामिल होने का आग्रह किया है और चिकित्सा शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। वैद्यराज रामफल पटेल ने बताया कि पारंपरिक चिकित्सा पद्धति से पुरानी से पुरानी बीमारी ठीक हो जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि कैंसर जैसी लाईलाज बीमारी का ईलाज पारंपरिक चिकित्सा पद्धति में संभव है।
कोरबा 04 नवंबर 2026। एकीकृत बाल विकास परियोजना पसान अंतर्गत आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती हेतु आवेदन पत्र 11 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक आमंत्रित किये गये हैं। एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय पसान से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पसान के आंगनबाड़ी केन्द्र बोकमुड़ी एवं ग्राम तनेरा के आंगनबाड़ी केन्द्र बिलासपुर मोहल्ला में आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती हेतु आवेदन पत्र मंगाये गये हैं। इच्छुक आवेदिका पोर्टल https://aww.e-bharti.in/ में पंजीयन कर आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के उपरांत प्राप्त होने वाले आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किया जायेगा।इस संबंध में अधिक जानकारी हेतु एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय पसान से संपर्क किया जा सकता है।
बुधवारी मैदान के पास रेत से भरे ट्रैक्टर को रोकने के विवाद में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, सीएसईबी चौकी पुलिस की त्वरित कार्रवाई में दोनों पक्षों के 10 आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
रेत से भरे ट्रैक्टर को रोककर रेत खाली कराने की बात पर आधी रात को भिड़े थे दोनों गुट
ईंट-पत्थर, डंडे, बेल्ट एवं कड़े से एक-दूसरे पर किया गया था प्राणघातक हमला
दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर हत्या के प्रयास, बलवा सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर सभी आरोपियों को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
रेत खाली कराने की बात पर शुरू हुआ विवाद, दोनों पक्षों में हुई हिंसक झड़प
कोरबा। दिनांक 02 एवं 03 नवंबर 2026 की दरम्यानी रात बुधवारी दशहरा मैदान के पास रेत से भरे ट्रैक्टर को रोकने एवं रेत खाली कराने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर, डंडे, चमड़े के बेल्ट एवं अन्य वस्तुओं से हमला कर दिया, जिसमें कई लोगों को चोटें आईं।
दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर काउंटर मामला दर्ज
प्रथम पक्ष के प्रार्थी राजेन दास निवासी ढोढीपारा द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसके ट्रैक्टर चालक को यशवंत कश्यप उर्फ लक्की, संतोष चंद्रा एवं विक्रम कश्यप ने अपने साथियों के साथ रोककर रेत खाली करने की बात पर विवाद एवं गाली-गलौज की। चालक की सूचना पर जब राजेन दास अपने साथियों के साथ बुधवारी मैदान के पास पहुंचा, तो आरोपियों द्वारा एकजुट होकर ईंट-पत्थर, डंडा, चूड़ा एवं पंच से प्राणघातक हमला किया गया, जिससे राजेन दास सहित अन्य लोगों को चोटें आईं।
वहीं, द्वितीय पक्ष के प्रार्थी विक्रम कश्यप निवासी काशीनगर द्वारा भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि ट्रैक्टर से रेत खाली कराने की बात पर हुए विवाद के दौरान दीपक सिंह, सोहेब अहमद, गौरीलाल चौहान, पुरनदास महंत, आदित्य सिंघानिया, राजेन उर्फ राजेन्द्र दास एवं यश पाटले द्वारा एक राय होकर गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्का, चमड़े के बेल्ट एवं ईंट के टुकड़ों से हमला किया गया।
सीएसईबी चौकी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दोनों पक्षों के 10 आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सहायता केंद्र (चौकी) सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर पृथक-पृथक अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रथम पक्ष की रिपोर्ट पर धारा 109(1), 296, 115(2), 351(3), 126(2), 3(5) बीएनएस तथा द्वितीय पक्ष की रिपोर्ट पर धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1), 191(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 10 आरोपियों को दिनांक 03.11.2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त ईंट का टुकड़ा एवं चमड़े का बेल्ट जप्त किया गया। सभी गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी – प्रथम प्रकरण (03)
यशवंत कश्यप उर्फ लक्की पिता संतोष कश्यप, उम्र 26 वर्ष, निवासी काशीनगर नीलगिरी के पास, थाना सिविल लाइन रामपुर, कोरबा।
विक्रम कश्यप पिता संतोष कश्यप, उम्र 23 वर्ष, निवासी काशीनगर नीलगिरी के पास, थाना सिविल लाइन रामपुर, कोरबा।