छत्तीसगढ़
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परीक्षा परिणाम जारी कर विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं
विद्यार्थियों की सफलता उनके परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मंत्रालय महानदी भवन से छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के कक्षा 10वीं और 12वीं के बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम जारी कर परीक्षा में सफल हुए सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस वर्ष हाई स्कूल परीक्षा में 77.15 प्रतिशत तथा हायर सेकेंडरी परीक्षा में 83.04 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता अर्जित की है, जो प्रदेश की शैक्षणिक प्रगति का सकारात्मक संकेत है। उन्होंने इस उपलब्धि को राज्य के शिक्षा तंत्र, शिक्षकों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बेटियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां लगातार शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उन्होंने इसे न केवल छात्राओं के आत्मविश्वास और परिश्रम का प्रमाण बताया, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता और सकारात्मक बदलाव का भी प्रतीक बताया।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने प्रावीण्य सूची में स्थान बनाकर यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इन विद्यार्थियों ने अपने दृढ़ संकल्प और अथक परिश्रम से उल्लेखनीय सफलता हासिल की है, जो पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि प्रदेश के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें और विकसित भारत तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने परिवार, समाज और प्रदेश का गौरव हैं। उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेंगी और शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त करेंगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने ऐसे विद्यार्थियों, जिन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिली है, उन्हें निराश न होने, आत्मविश्वास बनाए रखने और सकारात्मक सोच के साथ निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास करने से एक दिन निश्चित ही सफलता उनके कदम चूमेगी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष श्रीमती रेणु पिल्लै, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
कोरबा
माँ सर्वमंगला मंदिर घाट पर 1 मई को होगी भव्य हसदेव आरती
नमामि हसदेव सेवा समिति ने शहरवासियों से की सपरिवार शामिल होने की अपील, वैशाख पूर्णिमा पर शाम 6 बजे होगा विशेष आयोजन
कोरबा। जिले की जीवनदायिनी हसदेव नदी और उससे जुड़ी सहायक नदियों के संरक्षण एवं स्वच्छता को लेकर नमामि हसदेव सेवा समिति लगातार जनजागरण और सेवा कार्यों में जुटी हुई है। समिति द्वारा हसदेव नदी, उसकी सहायक नदियों तथा अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों के प्रदूषण को कम करने, संरक्षण करने और तटों के सौन्दर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसी उद्देश्य को जनभागीदारी से मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक माह की पूर्णिमा पर माँ सर्वमंगला मंदिर घाट, कोरबा में सायं 6 बजे हसदेव आरती का आयोजन किया जाता है।

इसी क्रम में वैशाख पूर्णिमा के पावन अवसर पर 1 मई 2026 (शुक्रवार) को शाम 6 बजे माँ सर्वमंगला मंदिर घाट, कोरबा में भव्य हसदेव आरती का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य नदी संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना और प्रकृति के प्रति आस्था एवं जिम्मेदारी का भाव जगाना है।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में गायत्री शक्तिपीठ कोरबा के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी कमलेश मिश्रा उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट यजमान के रूप में बाल्को सेवानिवृत्त मैत्री संघ के संयोजक जय कृष्ण तिवारी, विश्व हिन्दू परिषद कोरबा के जिला मंत्री चेतन कुमार राठौर, बाल्को सेवानिवृत्त मैत्री संघ के अध्यक्ष अजय दास वैष्णव तथा धर्मसेना कोरबा के जिला संयोजक साकेत शर्मा कार्यक्रम में सहभागी होंगे।
समिति ने शहर एवं आसपास के नागरिकों से अपील की है कि वे सपरिवार इस पुण्य अवसर पर उपस्थित होकर हसदेव नदी के संरक्षण के संकल्प में सहभागी बनें और सामूहिक आरती में शामिल होकर पुण्य अर्जित करें। यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का एक महत्वपूर्ण संदेश भी देगा।
कोरबा
नगर निगम कोरबा द्वारा आयोजित किया गया विशेष सम्मेलन
नारी शक्ति वंदन अधिनियम में सहयोग न करने पर कांग्रेस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित

कोरबा। आज पंडित जवाहर लाल नेहरू सभागार कोरबा ,में आयोजित नगर निगम कोरबा के विशेष सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर सार्थक चर्चा की गई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदन के सदस्यों ने महिलाओं के अधिकार, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने हेतु अपने विचार साझा किए।

चर्चा मे विगत दिनों केंद्र सरकार द्वारा लोकसभा मे नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल लाया गया था जिसका कांग्रेस व विपक्षी पार्टियों ने सहयोग न करते हुए बिल को पारित नहीं होने दिया जिससे महिलाओं को मिलने वाला 33% आरक्षण का मार्ग अवरुद्ध हो गया, इस संबंध में विपक्षी पार्टियों के सहयोग न करने पर नगर निगम कोरबा के द्वारा विशेष सभा आयोजित किया गया। उक्त बैठक मे कांग्रेस व विपक्षि पार्टीयों के विरुद्ध मे महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत द्वारा निंदा प्रस्ताव लाया गया और पूर्ण बहुमत से पारित किया गया। इसमें सत्ता पक्ष के पार्षदों के साथ निर्दलीय पार्षदों का भी भरपूर सहयोग रहा। इस बैठक की अध्यक्षता नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने किया । इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष कृपाशंकर साहू एमआईसी सदस्यगण पक्ष /विपक्ष के पार्षदगण प्रतिनिधिगण एवं नगर निगम के अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
यह सम्मेलन समाज में महिलाओं की भूमिका को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रहा।
आप सभी की सहभागिता एवं सहयोग के लिए हार्दिक धन्यवाद।











कोरबा
बालको संयंत्र में केमिकल स्पिलेज से निपटने हेतु मॉक ड्रिल का सफल आयोजन
कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार आज बालको संयंत्र में रासायनिक रिसाव (केमिकल स्पिलेज) की संभावित आपदा से निपटने के उद्देश्य से व्यापक मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। यह मॉक ड्रिल पावर डिवीजन अंतर्गत 1200 मेगावाट यूनिट-3 एवं 4 के केमिकल प्रोसेस यूनिट (सीपीयू) स्थित कास्टिक सोडा टैंक क्षेत्र में आयोजित की गई। इस ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन तैयारी की समीक्षा, त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र की जांच तथा विभिन्न दलों के समन्वय एवं संचार प्रणाली का परीक्षण करना था।

केंद्र सरकार के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा औद्योगिक आपदाओं की रोकथाम और प्रबंधन को सशक्त करने हेतु राज्य में मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश जारी किए गए थे। इन्हीं निर्देशों के पालन में जिला प्रशासन कोरबा की उपस्थिति में आज यह मॉक ड्रिल संपन्न हुई।

मॉक ड्रिल के दौरान जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, एसडीएम सरोज महिलांगे, डिप्टी डायरेक्टर इंडस्ट्रियल हेल्थ एंड सेफ्टी विजय सिंह पोटाई, जिला खनिज अधिकारी प्रमोद नायक, सब डिवीजनल ऑफिसर पीडब्ल्यूडी राकेश द्विवेदी, असिस्टेंट इंजीनियर पीडब्ल्यूडी श्रीमती नम्रता वर्मा, नगर निगम फायर टीम तथा जिला अस्पताल की आपातकालीन मेडिकल टीम शामिल रही। कंपनी की ओर से आपातकालीन प्रबंधन व्यवस्था का नेतृत्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार (चीफ इंसिडेंट कंट्रोलर), गीत साहू (साइट इंसिडेंट कंट्रोलर), मयंक श्रीवास्तव (वर्क इंसिडेंट कंट्रोलर) तथा भारतेंदु कमल पांडे (चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर) द्वारा किया गया।

अभ्यास के दौरान कास्टिक सोडा टैंक के फ्लैंज से रिसाव की आभासी स्थिति तैयार की गई। रिसाव का पता लगते ही ऑपरेटर द्वारा तुरंत सेंट्रल कंट्रोल रूम को सूचना दी गई, जिसके उपरांत फायर, मेडिकल, सिक्योरिटी एवं रेस्क्यू टीमों को त्वरित अलर्ट जारी किया गया। सभी टीमें निर्धारित समयावधि में घटनास्थल पर पहुँचीं और मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप रिसाव को नियंत्रित किया गया। प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित कर स्थिति सामान्य होने के पश्चात साइट इंसिडेंट कंट्रोलर द्वारा आपातकाल समाप्त घोषित किया गया तथा समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
डिप्टी डायरेक्टर इंडस्ट्रियल हेल्थ एंड सेफ्टी विजय सिंह पोटाई ने कहा कि बालको संयंत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत है और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र प्रभावी ढंग से कार्य कर रहा है। उन्होंने विभिन्न टीमों के बीच बेहतर समन्वय एवं त्वरित कार्रवाई की सराहना की और कहा कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल औद्योगिक सुरक्षा एवं जनसुरक्षा सुनिश्चित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि औद्योगिक संयंत्रों में सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से ऐसी मॉक ड्रिल समय-समय पर आयोजित की जाती रहेंगी, जिससे आपदा प्रबंधन तंत्र को अधिक प्रभावी बनाया जा सके और किसी भी संभावित जोखिम की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
-
कोरबा2 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
Uncategorized7 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा2 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा2 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
