Connect with us

कटघोरा

कटघोरा नगर पालिका बैठक में हंगामा:भाजपा मंडल ने किया मीटिंग का बहिष्कार, दर्शक दीर्घा में एंट्री नहीं मिलने पर पार्षदों ने की नारेबाजी

Published

on

कोरबा/कटघोरा। कोरबा के कटघोरा नगर पालिका परिषद की सामान्य सभा की बैठक में जमकर हंगामा और विरोध हुआ। भाजपा मंडल ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। भाजपा पार्षद और पार्टी के नेता नगर पालिका सीएमओ और अध्यक्ष के कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए।

भाजपा की मुख्य मांग थी कि सामान्य सभा में नगर विकास पर हो रही चर्चा में पूरी पारदर्शिता रखी जाए। उन्होंने नगर के सभी जनप्रतिनिधियों, खासकर भाजपा पार्षदों को दर्शक दीर्घा में बैठाने की व्यवस्था करने की मांग की, ताकि वे चर्चा को सुन और समझ सकें।

माहौल गर्माता देख कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और किसी भी तरह की गहमागहमी को शांत कराया। इस पूरे विवाद पर नगर पालिका के सीएमओ ने कहा कि अधिनियम के अनुसार निर्णय लेने का अधिकार नगर पालिका परिषद के सदस्यों का है, न कि सीएमओ का।

जानिए मंडल अध्यक्ष ने क्या कहा ?

मंडल अध्यक्ष अभिषेक गर्ग ने बताया कि भाजपा पार्षद दर्शक दीर्घा में बैठकर लोगों की समस्याओं को सामने रखना चाहते थे, लेकिन अध्यक्ष ने इसकी अनुमति नहीं दी। उन्होंने सीएमओ से भी अनुमति मांगी, जिस पर सीएमओ ने अध्यक्ष की अनुमति के बिना बैठने से इनकार कर दिया।

गर्ग ने तर्क दिया कि अधिनियम के तहत दर्शक दीर्घा में बैठने की अनुमति होती है, जैसा कि लोकसभा और विधानसभा में आम लोगों के लिए व्यवस्था होती है।

सीएमओ से की गई थी समस्या को लेकर चर्चा

भाजपा जिला महामंत्री संजय शर्मा ने बताया कि इस समस्या को लेकर सीएमओ से भी चर्चा की गई थी। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्षदों और अन्य गणमान्य लोगों को सामान्य सभा में बैठने की अनुमति दी जानी चाहिए, ताकि समस्याओं का समाधान हो सके।

बैठक में परिषद और अध्यक्ष का फैसला मान्य

नगर पालिका कटघोरा के सीएमओ मुद्रिका प्रसाद तिवारी ने स्पष्ट किया कि सामान्य सभा की बैठक में केवल परिषद और अध्यक्ष का फैसला मान्य होता है। उनकी अनुमति के बिना किसी को भी सामान्य सभा में बैठने नहीं दिया जाता है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कटघोरा

शॉर्ट सर्किट से कचरे में आग,कार जलकर खाक:कटघोरा में ट्रांसफार्मर के नीचे कचरा से हुआ हादसा,शिकायत के बाद भी नहीं हटाए जाने से आक्रोश

Published

on

कोरबा/कटघोरा। कोरबा के कटघोरा में देर रात भीषण आगजनी की घटना हुई। कटघोरा थाना क्षेत्र के मीरा टॉकीज वार्ड नंबर 7, अंबिकापुर रोड पर स्थित एक ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट होने से उसके नीचे जमा कचरे के ढेर में आग लग गई। आग की चपेट में आकर एक कार भी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

जानकारी के अनुसार, यह घटना देर रात लगभग 1 बजे हुई। शॉर्ट सर्किट के बाद कचरे के ढेर में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और ट्रांसफार्मर भी धू-धू कर जलने लगा।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि ट्रांसफार्मर के पास दुकान के बाहर खड़ी एक कार भी इसकी चपेट में आ गई। अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों व दुकानदारों में अफरा-तफरी फैल गई।

घटना के बाद क्षेत्र की बिजली बंद

घटना के बाद सुरक्षा कारणों से पूरे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। हालांकि, 12 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी बिजली बहाल नहीं हो पाई है। सूचना मिलने पर विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुधार कार्य जारी है।

ट्रांसफार्मर के नीचे जमा कचरे से हादसा

बताया जा रहा है कि ट्रांसफार्मर के नीचे लंबे समय से कचरा जमा था। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने इस कचरे को हटाने के लिए नगर पालिका कटघोरा को कई बार पत्र भी लिखा था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

इसी लापरवाही के कारण यह गंभीर हादसा हुआ। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो ट्रांसफार्मर के पास स्थित आधा दर्जन से अधिक दुकानों में भी आग फैल सकती थी, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था।

कचरा नहीं हटाने से लगी आग

स्थानीय व्यक्ति अब्दुल सद्दाम ने बताया कि इस जगह पर कचरे का ढेर रहता है, जिसे हटाने के लिए नगर पालिका कटघोरा को कई बार पत्राचार किया गया था। इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी रही, जिसके परिणामस्वरूप यह आगजनी की घटना हुई।

उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी ऐसी घटना हो चुकी है, जिस पर स्थानीय लोगों ने खुद काबू पाया था। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों में नगर पालिका और विद्युत विभाग के प्रति भारी आक्रोश है, और वे संबंधित विभागों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Continue Reading

कटघोरा

कटघोरा तहसील में अवैध रेत उत्खनन पर कड़ी कार्रवाई-तीन ट्रैक्टर जप्त

Published

on

कोरबा/कटघोरा। एसडीएम तन्मय खन्ना के निर्देश पर तहसील प्रशासन ने अवैध रेत उत्खनन के विरुद्ध सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासनिक टीम ने मौके पर अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे तीन ट्रैक्टरों को पकड़कर जप्त किया तथा उन्हें थाना कटघोरा में सुपुर्द किया है।
  प्रशासन की यह कार्रवाई कटघोरा तहसील क्षेत्र में लगातार बढ़ते अवैध उत्खनन पर नियंत्रण लगाने के उद्देश्य से की गई है। एसडीएम के निर्देशन में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर अवैध रेत खनन एवं परिवहन में संलग्न वाहनों पर त्वरित कार्रवाई की।
एसडीएम ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत उत्खनन से न केवल राजस्व की हानि होती है, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन पर भी गंभीर प्रभाव पड़ता है। इसी कारण जिले में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में अवैध खनन में लिप्त पाए जाने पर और भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि अवैध उत्खनन संबंधी कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि ऐसे कृत्यों पर प्रभावी रूप से रोक लगाई जा सके।

Continue Reading

कटघोरा

कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल को दी गई यशस्वी जीवन की शुभकामनाएं

Published

on

कोरबा/कटघोरा। कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल का आज जन्मदिन पर भाजपा कार्यकर्ताओं, गणमान्य नागरिकों, गृहक्षेत्र, शुभचिंतकों, परिजनों एवं स्वजनों ने यशस्वी जीवन की शुभकामनाएं दी। प्रेमचंद पटेल ने बड़ों से आशीर्वाद लिया और छोटों से अभिवादन स्वीकार किया।
प्रात: काल से ही बधाई देने वाले पहुंचे निवास स्थान

कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं लाडले प्रेमचंद पटेल को बधाई देने सभी वर्ग के लोग उनके निवास स्थान उतरदा पहुंचे और उन्हें बधाई दी। सुबह से ही बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। उनके दीर्घायु, स्वस्थ्य एवं यशस्वी जीवन की शुभकामनाएं प्रेषित की गई।
पूजा-अर्चना से दिन की शुरूआत

विधायक प्रेमचंद पटेल ने आज दिन की शुरूआत मंदिर जा कर भगवान की पूजा-अर्चना के साथ की। भगवान की पूजा-अर्चना कर श्री पटेल ने क्षेत्र एवं लोगों की समृद्धि की प्रार्थना की और भगवान से आशीर्वाद मांगा कि मैं क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहूं और मुझे इतनी शक्ति और ऊर्जा देना कि मैं आजीवन लोगों की सेवा कर सकूं और मातृभूमि का ऋण अपनी क्षमता अनुसार चुका सकूं। लोगों के सुख-दुख में सहभागिता निभा सकूं।
माता-पिता का लिया आशीर्वाद

प्रेमचंद पटेल ने प्रात: उठकर सबसे पहले माता-पिता का आशीर्वाद लिया। अपनी कड़ी मेहनत और भाजपा के प्रति समर्पित होकर आज इस मुकाम तक सफल होने के लिए माता-पिता ने गर्व से अपने लाडले सपूत प्रेमचंद को शुभ आशीर्वाद दिया और जमकर प्रेम उड़ेला। माँ ने सपूत प्रेमचंद पटेल की दीर्घायु और स्वस्थ तथा सफल जीवन के लिए शुभ आशीर्वाद देने के साथ आरती उतार कर भगवान से प्रार्थना की। सहभागिनी ने भी आरती उतार कर अपने सौभाग्य के लिए भगवान से आशीर्वाद मांगा।
बच्चों के साथ केक काटकर मनाई खुशियां

प्रेमचंद पटेल गांव के बच्चों के साथ केक काटकर खुशियां मनाई। कहा जाता है कि यदि आप किसी एक बच्चे को खुश कर दें, तो घर में समृद्धि आती है और कलहा का नाश होता है। छोटे-छोटे बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखकर प्रेमचंद पटेल स्वयं प्रसन्नचित दिखे।
घंटों तक लोगों से मिले, हालचाल जाना और सभी का अभिवादन स्वीकार किया

कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल के शुभचिंतकों ने दीपका स्थित ऊर्जानगर के वर्कर्स क्लब में 12 बजे से 04 बजे तक कार्यक्रम आयोजित किया था, जहां कटघोरा विधानसभा क्षेत्र सहित जिले भर के लोग बधाई देने पहुंचे थे। लोगों से मेल मुलाकात की और सभी का हालचाल जाना। क्षेत्र की समस्याओं का विकास कार्यों सहित अन्य मुद्दों पर भी लोगों से चर्चा की। बड़ों से आशीर्वाद लिया और छोटों का अभिवादन स्वीकार किया। सभी उपस्थित लोगों ने प्रेमचंद पटेल को स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं प्रेषित की।
कटघोरा विधायक प्रतिनिधि एवं पूर्व मण्डल अध्यक्ष दुष्यंत शर्मा सुबह से देर शाम तक विधायक प्रेमचंद पटेल के साथ रहे। उन्होंने सुबह घर पर पहुंचकर प्रेमचंद पटेल को बुके देकर जन्मदिन की बधाई दी और यशस्वी जीवन का शुभ आशीर्वाद भी प्रेषित किया।

गोपाल मोदी ने प्रेमचंद पटेल को दी बधाई


जन्मदिन पर विधायक प्रेमचंद पटेल को बधाई देने भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी सहित कई दिग्गज वर्कर्स क्लब पहुंचे और मिठाई खिलाकर, बुके भेंटकर जन्मदिन की बधाई दी। गोपाल मोदी का नया अंदाज दिखा और गले लगकर प्रेमचंद पटेल को बधाई देते हुए यशस्वी जीवन की शुभकामनाएं दी।
दुष्यंत शर्मा ने दी बधाई


हरदीबाजार भाजपा मण्डल के पूर्व अध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि दुष्यंत शर्मा ने अपने चहेते विधायक प्रेमचंद पटेल को जन्मदिन पर बधाई दी और कहा कि आप सदैव स्वस्थ और दीर्घायु रहें और आजीवन लोगों की सेवा करते रहें।
कार्यकर्ताओं ने गोपाल मोदी का किया स्वागत


जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी जैसे ही वर्कर्स क्लब पहुंचे, वहां उपस्थित नगर पालिका दीपका के अध्यक्ष राजेन्द्र राजपूत, पार्षद अरूणिश तिवारी सहित कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। महिला भाजपा मण्डल ने भी गोपाल मोदी का भव्य स्वागत किया।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677