छत्तीसगढ़
सक्ती : पीएम किसान योजना व एग्रीस्टैक फार्मर आईडी पंजीयन के लिए 12 से 31 मार्च तक चलेगा विशेष अभियान
सक्ती। जिला प्रशासन और कृषि विभाग ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के हितग्राहियों को योजना का लाभ निरंतर प्राप्त हो सके, इसके लिए एग्रीस्टैक पोर्टल पर फार्मर आईडी पंजीयन अनिवार्य बताया है। पंजीयन के अभाव में पात्र किसानों को पीएम किसान योजना की आगामी किस्त की राशि प्राप्त नहीं हो सकेगी। इस संबंध में जिले में 12 मार्च 2026 से 31 मार्च 2026 तक विशेष संतृप्तिकरण अभियान चलाया जाएगा।
कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला सक्ती में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत कुल 89 हजार 140 पात्र किसान हैं। इनमें से 21 हजार 481 किसानों का फार्मर आईडी बनना अभी शेष है। वहीं एग्रीस्टैक पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार 1 लाख 17 हजार 105 किसानों की फार्मर आईडी बनाई जा चुकी है, जिनमें से 16 हजार 918 किसानों का पीएम किसान योजना में अभी तक पंजीयन नहीं हुआ है। जिला प्रशासन और कृषि विभाग ने सभी किसानों से अपील की है कि जिन किसानों ने अभी तक फार्मर आईडी नहीं बनवाई है, वे जल्द से जल्द एग्रीस्टैक पोर्टल पर अपना पंजीयन कराएं। साथ ही जिन किसानों की फार्मर आईडी बन चुकी है और वे पीएम किसान योजना के लिए पात्र हैं, वे भी शीघ्र पंजीयन कराकर योजना का लाभ प्राप्त करें। इसके अलावा जिन किसानों को पात्र एवं पंजीकृत होने के बावजूद योजना का लाभ नहीं मिल रहा है, वे अपनी पात्रता से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाएं जैसे ई-केवाईसी, आधार सीडिंग और लैंड सीडिंग को शीघ्र सही करा लें, ताकि उन्हें शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ मिल सके। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एवं एग्रीस्टैक फार्मर आईडी से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसान अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, कृषि विभाग के विकासखण्ड स्तरीय कार्यालय अथवा नजदीकी सीएससी व कॉमन सर्विस सेंटर से संपर्क कर सकते हैं।
कोरबा
पाली स्कूल मारपीट मामले में भाजपा नेता राजेश यादव ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, कठोर कार्रवाई की मांग
कोरबा/पाली। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाली में प्राचार्य एवं व्याख्याता के बीच हुई मारपीट की घटना को गंभीर बताते हुए भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह-संयोजक राजेश यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।

जारी पत्र में राजेश यादव ने कहा है कि विद्यालय जैसे पवित्र और अनुशासित वातावरण वाले संस्थान में विद्यार्थियों एवं पालकों की उपस्थिति में अधिकारियों के बीच विवाद, धक्का-मुक्की और मारपीट की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं शर्मनाक है। इससे शिक्षा व्यवस्था की गरिमा को ठेस पहुंची है तथा विद्यार्थियों और अभिभावकों में गलत संदेश गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों के बीच विवाद कोई नया नहीं था और यदि प्रशासन द्वारा समय रहते प्रभावी हस्तक्षेप किया गया होता तो स्थिति यहां तक नहीं पहुंचती। यह घटना प्रशासनिक निगरानी एवं जवाबदेही पर भी सवाल खड़े करती है।
राजेश यादव ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि विद्यालय के प्राचार्य एवं संबंधित व्याख्याता को तत्काल प्रभाव से वहां से हटाकर अन्यत्र पदस्थ किया जाए। साथ ही दोनों अधिकारियों के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने एवं विद्यालय का वातावरण दूषित करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की जाए। उन्होंने कथित आर्थिक अनियमितताओं एवं अन्य आरोपों की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी मांग की है।
पत्र की प्रतिलिपि शिक्षा मंत्री, प्रभारी मंत्री, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा विभाग, कलेक्टर कोरबा, जिला शिक्षा अधिकारी कोरबा, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पाली एवं थाना प्रभारी पाली को भी भेजी गई है।
राजेश यादव ने कहा कि विद्यार्थियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए विद्यालय में स्वस्थ एवं शैक्षणिक वातावरण की पुनर्स्थापना आवश्यक है। उन्होंने शासन एवं प्रशासन से मामले में शीघ्र एवं कठोर कार्रवाई की अपेक्षा व्यक्त की है।

कोरबा
प्राथमिक शाला नवापारा भवन की जर्जर छत बनी चिंता का विषय, भाजपा नेता राजेश यादव ने कराया ध्यानाकर्षण
कोरबा/कटघोरा/भिलाई बाजार। भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह संयोजक राजेश यादव ने विकासखंड शिक्षा कार्यालय कटघोरा अंतर्गत संकुल मुढाली के शासकीय प्राथमिक शाला नवापारा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में शिक्षक उपस्थित मिले तथा विद्यालय भवन का बाहरी रंग-रोगन आकर्षक एवं व्यवस्थित दिखाई दिया।

किन्तु भवन के अंदर प्रवेश करने पर स्थिति चिंताजनक पाई गई। विद्यालय की छत कई स्थानों पर जर्जर हो चुकी है तथा छत से गिट्टी एवं सीमेंट लगातार भरभराकर गिर रहे हैं। इससे विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों एवं शिक्षकों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राजेश यादव ने तत्काल जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति की अध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल को मामले की जानकारी दी। उन्होंने विषय को गंभीरता से लेते हुए संबंधित उच्च अधिकारियों को अवगत कराया तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

राजेश यादव ने कहा कि शिक्षा के मंदिर में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। केवल बाहरी सौंदर्यीकरण पर्याप्त नहीं है, बल्कि भवन की संरचनात्मक मजबूती भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने विद्यालय भवन की तत्काल जांच एवं मरम्मत कराने की मांग की है।
वर्तमान में विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के पालक एवं ग्रामीण जर्जर छत को लेकर चिंतित हैं। उनका कहना है कि बच्चों का भविष्य सुरक्षित वातावरण में ही संवारा जा सकता है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि विद्यालय के जीर्णोद्धार एवं मरम्मत की दिशा में कितनी शीघ्र कार्रवाई की जाती है।
कोरबा
बदहाल बिजली व्यवस्था से आक्रोशित वार्डवासियों ने दीपका बिजली दफ्तर में सौंपा ज्ञापन, एक सप्ताह में सुधार न होने पर उग्र आंदोलन व घेराव की चेतावनी
वार्ड क्र. 01 सोमवारी बाजार प्रेमनगर के नागरिकों और पार्षद कमलेश जायसवाल का कनिष्ठ अभियंता के खिलाफ फूटा गुस्सा, कहा भेदभाव पूर्ण रवैया बर्दाश्त नहीं
कोरबा/दीपका। दीपका नगर पालिका परिषद के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 01 सोमवारी बाजार प्रेमनगर में पिछले डेढ़ महीने से जारी अघोषित बिजली कटौती और हाफ लाइन की गंभीर समस्या को लेकर आज वार्डवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। वार्ड पार्षद कमलेश जायसवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पीड़ित महिलाओं ने दीपका बिजली ऑफिस पहुंचकर कनिष्ठ अभियंता (छ.ग.रा.वि.वि.कंपनी दीपका) को एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा। नागरिकों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर बदहाल बिजली व्यवस्था को दुरुस्त कर सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो समस्त वार्डवासी बिजली कार्यालय की पूर्ण तालाबंदी और उग्र घेराव करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी ।

इस अवसर पर वार्ड पार्षद कमलेश जायसवाल ने विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हमारे वार्ड के साथ लगातार भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा हर मूलभूत समस्या के लिए हमें संघर्ष करना पड़ रहा है। वार्ड क्रमांक 01 की जनता भीषण गर्मी और उमस में रहने को मजबूर है, लेकिन दीपका बिजली विभाग कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है। राज्य सरकार हर साल विद्युत मंडल को करोड़ों रुपए का ठेका व्यवस्था सुधारने के नाम पर देती है, परंतु ठेकेदारों के गैर-जिम्मेदार कर्मचारियों की लापरवाही के कारण आम जनमानस को प्रताड़ित होना पड़ रहा है। एक तरफ जनता को बिजली नहीं मिल रही तो दूसरी तरफ अनाप-शनाप बिजली बिल भेजकर आर्थिक शोषण किया जा रहा है, अगर एक हफ्ते में सुधार नहीं हुआ तो ऐतिहासिक घेराव होगा ।
पीड़ित महिलाओं का दर्द, रात को सो नहीं पा रहे, काम के दौरान दुर्घटना का बना रहता है खतरा

प्रदर्शन में शामिल वार्ड की पीड़ित महिलाओं श्यामबाई चवन बाई पटेल, सरस्वती कैवर्त्य, आशा सिंह, रोमा बाई, चमेली पटेल, लता उरांव, सीमा श्रीवास्तव, बीना चौहान, संजू सिंह आदि ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि एक महीने से अधिक समय से उमस और मच्छरों के कारण रात की नींद हराम हो चुकी है, घर के पुरुष जब दिनभर हाड़-तोड़ मेहनत कर लौटते हैं तो रात को सो नहीं पाते इसके चलते अगले दिन काम के दौरान आंखों में झपकी आती है, जिससे कार्यस्थलों पर कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है, लेकिन संवेदनहीन विभाग को नागरिकों की जानमाल की कोई परवाह नहीं है।
सौंपे गए ज्ञापन में मुख्य रूप से वार्डवासियों ने लिखित अल्टीमेटम दिया है। इस विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से पार्षद कमलेश कुमार जायसवाल सहित वार्ड की सक्रिय महिलाएं सहित भारी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे ।

-
Uncategorized9 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा3 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
