Connect with us

देश

असम सरकार की बजट घोषणाओं से चाय उद्योग को मिलेगा बढ़ावाः संगठन

Published

on

गुवाहाटी, एजेंसी। चाय उद्योग से जुड़े विभिन्न संगठनों ने असम सरकार के 2026-27 के बजट में घोषित सब्सिडी, प्रोत्साहन और कर राहत उपायों का स्वागत करते हुए कहा है कि इन कदमों से चाय उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। संबंधित पक्षों ने कहा कि प्रस्तावित कदमों से वैश्विक बाजार में हिस्सेदारी बनाए रखने में मदद मिलेगी और श्रमिकों के सामाजिक-आर्थिक विकास को मजबूती मिलेगी।

राज्य के वित्त मंत्री जयंत मल्ल बरुआ ने शुक्रवार को पेश बजट में निर्यातोन्मुख और प्रीमियम गुणवत्ता वाली असम सीटीसी चाय पर पहली बार तीन रुपए प्रति किलो की सब्सिडी देने की घोषणा की। वहीं पारंपरिक और विशेष श्रेणी की चाय पर उत्पादन सब्सिडी 10 रुपए से बढ़ाकर 15 रुपए प्रति किलो कर दी गई है, जिसमें प्रीमियम माचा चाय भी शामिल है। छोटे चाय उत्पादकों को राहत देने के लिए कृषि आयकर छूट सीमा 2.5 लाख रुपए से बढ़ाकर 10 लाख रुपए वार्षिक कर दी गई है।

हालांकि बड़े करदाताओं पर एक अप्रैल, 2026 से कर दोबारा लागू होगा और इससे मिलने वाली अतिरिक्त आय चाय बागान समुदायों के कल्याण पर खर्च की जाएगी। गुवाहाटी चाय नीलामी खरीदार संघ (जीटीएबीए) के सचिव दिनेश बिहानी ने प्रीमियम सीटीसी चाय पर निर्यात सब्सिडी को ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल बढ़ती प्रतिस्पर्धा और लॉजिस्टिक लागत के दौर में अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने और मूल्य प्राप्ति सुधारने में मदद करेगी।

भारतीय चाय संघ (टीएआई) के महासचिव पीके भट्टाचार्य ने बजट को उद्योग के लिए हर स्तर पर प्रोत्साहन देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि वैट में कमी, विशेष प्रोत्साहन योजना को मजबूती, स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार और ‘असम टी एंड गोल्फ ट्रेल’ जैसे पर्यटन पहल उद्योग को नई दिशा देंगे। इसके अलावा उद्योग संगठनों ने चाय बागानों में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, गर्भवती महिलाओं के लिए 15,000 रुपए की सहायता और सामाजिक ढांचे के विकास जैसे कदमों को भी सराहा है। 

Continue Reading

देश

वियतनाम में टूरिस्ट बोट पलटी, 15 भारतीयों की मौत:32 भारतीय सवार थे, इनमें ज्यादातर तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के पर्यटक

Published

on

हनोई, एजेंसी। वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को बोट पलट गई। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, इनमें से 32 भारतीय थे। 15 भारतीयों की मौत हो गई। ज्यादातर तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के पर्यटक थे।

बोट पर कुल 4 क्रू मेंबर्स समेत 36 लोग सवार थे। 21 लोगों को बचा लिया गया है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक हादसा सुबह 10:30 बजे हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे की वजह समुद्र की ऊंची लहरें हो सकती हैं। जो वीडियो सामने आए, उनमें लहरें उठती दिख रही हैं।

बताया जा रहा है कि टूरिस्ट लाइफ जैकेट नहीं पहने हुए थे। नाव जब पलटी तो टूरिस्ट नाव के नीचे फंस गए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। हमारे अधिकारी वियतनाम के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं।

फु क्वोक द्वीप से रवाना हुई नाव

बोट भारतीय पर्यटकों को फु क्वोक द्वीप के पास स्थित ‘होन मे रुट’ से न्गोआई द्वीप घुमाने ले जा रही थी, लेकिन यह तट से लगभग 400 मीटर पहले ही पलट गई।

न्गोआई द्वीप अपने साफ समुद्र, छोटे बीच और कोरल रीफ डाइविंग के लिए मशहूर है। यहां पहुंचने के लिए पर्यटक आमतौर पर एन थोई बंदरगाह से बोट या स्पीडबोट किराये पर लेते हैं।

हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत का दूतावास और वाणिज्य दूतावास हरसंभव मदद पहुंचा रहे हैं। भारतीय अधिकारी वियतनाम के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं।

हेल्पलाइन नंबर जारी, कंट्रोल रूम बनाया

इंडियन एंबेसी ने बताया कि यात्रियों की मदद के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। इससे संपर्क करने के लिए हेल्पलाइन नंबर +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14 और +84 33 452 0414 जारी किए गए हैं।

32 भारतीयों में 2 महिलाएं भी बोट में सवार थी

वियतनाम में भारतीय दूतावास ने बोट में सवार भारतीयों के नाम जारी किए हैं। इसमें 2 महिलाएं भी शामिल है। न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक, 3 आंध्र प्रदेश के नागरीक घायल है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Continue Reading

देश

खराब व एक्सपायरी खाद्य उत्पादों की शिकायतों पर FSSAI सख्त, Swiggy Instamart को 9 नोटिस

Published

on

मुंबई, एजेंसी। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा नियमों के कथित उल्लंघन के मामलों में क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म स्विगी इंस्टामार्ट (Swiggy Instamart) को 9 नोटिस जारी किए हैं। ये कार्रवाई ग्राहकों से मिली उन शिकायतों के आधार पर की गई है, जिनमें एक्सपायरी डेट पार कर चुके, खराब, सड़े-गले और असुरक्षित खाद्य उत्पादों की डिलीवरी का आरोप लगाया गया था। 

नियामक ने कंपनी से विस्तृत स्पष्टीकरण और अनुपालन रिपोर्ट मांगी है तथा चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

FSSAI का कंपनी को निर्देश 

FSSAI ने कंपनी को निर्देश दिया है कि वह कथित अनियमितताओं के कारणों, उनसे जुड़े दस्तावेजी साक्ष्यों तथा गुणवत्ता नियंत्रण, खाद्य सुरक्षा निगरानी, इन्वैंट्री प्रबंधन, स्टॉक रोटेशन, भंडारण, स्वच्छता और आंतरिक नियंत्रण व्यवस्था की पूरी जानकारी उपलब्ध कराए। साथ ही खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदमों का भी ब्यौरा मांगा गया है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि ‘नॉयस एग्ज’ नाम से बेचे जा रहे उत्पाद FSSAI लाइसैंस में स्वीकृत उत्पाद श्रेणी के अंतर्गत नहीं थे। नियामक ने पहले ही ऐसे उत्पादों की बिक्री रोकने और आवश्यक होने पर लाइसैंस में संशोधन कराने का निर्देश दिया था।

जांच में क्या मिला?

शिकायतों में खराब अंडे, दूध और पैकेज्ड खाद्य सामग्री की आपूर्ति का भी उल्लेख किया गया है। जांच में ‘अक्षयकल्प ऑर्गैनिक एग’ के कई पैक एक्सपायर, सड़े हुए और दुर्गंधयुक्त पाए गए, जबकि कुछ उत्पादों में खराबी और गंदगी के संकेत भी मिले, जिससे उन्हें मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त माना गया।

इसके अलावा ‘कक्के दा पराठा’ नामक खाद्य उत्पाद भी खराब अवस्था में मिलने की शिकायत दर्ज हुई। FSSAI की रिपोर्ट के अनुसार बच्चों के लिए भेजा गया एक खाद्य उत्पाद भी असुरक्षित और खराब गुणवत्ता का पाया गया। शिकायतों में यह भी आरोप लगाया गया है कि लौटाए गए खराब उत्पाद को दोबारा ग्राहक तक पहुंचा दिया गया। मामले की जांच जारी है और नियामक कंपनी के जवाब का इंतजार कर रहा है।

Continue Reading

देश

iPhone 17 खरीदारी के लिए उमड़े ग्राहक, सप्लाई भी हुई कम, जानिए अचानक क्यों बढ़ी डिमांड?

Published

on

मुंबई, एजेंसी। देश में iPhone 17 की डिमांड में हाल के दिनों में तेजी देखने को मिल रही है। रिटेलर्स का कहना है कि लोगों को लग रहा है कि आने वाले समय में इसकी कीमतें बढ़ सकती हैं। साथ ही बेस मॉडल के नए स्टॉक की सप्लाई भी कम हो गई है। इसी वजह से आईफोन 17 की बिक्री में तेजी आई है। साथ ही, कुछ मॉडलों के बेस वेरिएंट की सीमित उपलब्धता ने भी मांग को बढ़ावा दिया है।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, रिटेलर्स और चैनल पार्टनर ग्राहकों को संदेश भेजकर मौजूदा कीमतों पर iPhone खरीदने की सलाह दे रहे हैं। उनका कहना है कि भविष्य में कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, Apple ने अब तक iPhone की कीमतों में किसी नए बदलाव की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

MacBook और iPad हुए महंगे

हाल ही में Apple ने MacBook, iPad और कुछ स्मार्ट होम प्रोडक्ट्स की कीमतों में बढ़ोतरी की है। इसके बाद बाजार में यह चर्चा तेज हो गई कि iPhone की कीमतें भी बढ़ सकती हैं। हालांकि कंपनी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

रिटेलर्स का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में कुछ iPhone मॉडलों की सप्लाई सीमित रही है। इसके चलते कई ग्राहक संभावित मूल्य वृद्धि से पहले ही फोन खरीद रहे हैं। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर चुनिंदा मॉडल और स्टोरेज वेरिएंट की सीमित उपलब्धता तथा डिस्काउंट ऑफर ने भी बिक्री को बढ़ावा दिया है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677