दुर्ग-भिलाई,एजेंसी। दुर्ग जिले के भिलाई में अंडा ठेला लगाने वाले जिन 2 भाइयों का अपहरण हुआ था, उनकी ये कहानी झूठी निकली। दरअसल दुर्ग पुलिस ने पहले तो अपहरण का मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी थी लेकिन अब पुलिस का कहना है कि दोनों भाइयों को यूपी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
शुभम शाह (27) और विष्णु कुमार शाह (31) दोनों सुभाष चौक के पास अंडा रोल का ठेला लगाते हैं।
ये है पूरा घटनाक्रम
गुरुवार (11 सितंबर) की रात कैंप-1 सुभाष चौक से अचानक एक कार से उतरे चार से ज्यादा लोग अंडा दुकान लगाने वाले 2 भाइयों को उठाकर ले जाते हैं। परिजन तत्काल थाने में सूचना देते हैं। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए अपहरण का मामला दर्ज करती है।
लेकिन अगले ही दिन अपहरण का मामला दर्ज करने वाली पुलिस इस पूरे मामले को झूठा बताती है। उनके मुताबिक उन्हें यूपी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसकी सूचना दुर्ग पुलिस को दे दी गई है। मौके पर परिजनों को भी इसकी जानकारी दी गई थी।
पुलिस ने सूचना दी है कि यूपी पुलिस ने इन दोनों युवकों को उत्तर प्रदेश के जिला अंबेडकर नगर थाना सुल्तानपुर राजे सुल्तानपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 184-25 और 185-25 में गिरफ्तार किया है।
जिन मामलों में इन दोनों युवकों के गिरफ्तार की बात कही जा रही है उस एफआईआर में इन दोनों ही युवकों का नाम नहीं है। बताया जा रहा है कि धोखाधड़ी के मामले में अज्ञात आरोपियों में इन दोनों भाइयों को यूपी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने CCTV के आधार पर जांच भी शुरू कर दी थी।
पहली FIR: 184-25: 3 सितंबर 2025 को दर्ज
पीड़ित विजय कुमार निषाद ने इजराइयल भेजने के नाम पर अरेबियन इंटरप्राइजेज कंपनी पर 95 हजार ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। कंपनी की ब्रांच अंबेडकर नगर में संचालित थी।
पीड़ित के अनुसार, कंपनी के संचालक अजय साहनी (निवासी गोरखपुर) और उनके सहयोगी सीमा तिवारी खरे (मुंबई), जितेंद्र यादव, साहिल हरेश्वर मेहता, धनंजय कुमार, शशिकांत सेठ समेत अन्य ने इज़राइल भेजने का झांसा देकर 90 हजार ऑनलाइन और 5 हजार कैश ले लिए।
कंपनी की ओर से विजय को वीज़ा (नंबर: 045-0362157) और 20 अगस्त 2025 की फ्लाइट का टिकट (पीएनआर: QZBVNF) दिया गया था। फ्लाइट से एक दिन पहले जब पीड़ित ने संबंधित लोगों से संपर्क करना चाहा, तो सभी के मोबाइल बंद मिले।
जब वह कंपनी के दफ्तर पहुंचा, तो पता चला कि ब्रांच एक सप्ताह पहले ही बंद हो चुकी है और सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अजय साहनी और अन्य के खिलाफ धारा 316(2), 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) आईपीसी के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये वहीं जगह है जहां से दोनों भाइयों को पुलिस उठा ले गई थी।
दूसरी FIR: 185-25, 3 सितंबर 2025 को दर्ज
इसमें पीड़ित रामवृक्ष सहित ने भी आरोप लगाया है कि कंपनी ने विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपए ठग लिए। रामवृक्ष ने बताया कि उन्होंने 28 जुलाई 2025 को 1 लाख 90 हजार रुपए कैश और 13 अगस्त 2025 को 10 हजार रुपए ऑनलाइन भुगतान किया। उन्हें वीजा नंबर 045-033-9254-20 दिया गया और 18 अगस्त को टिकट लेने के लिए बुलाया गया, लेकिन बाद में पता चला कि वीजा और टिकट फर्जी थे।
इसी एफआईआर में अन्य पीड़ितों के भी नाम शामिल हैं। नरसिंह से 8 अगस्त 2025 को 1 लाख 75 हजार रुपए लेकर फर्जी वीजा नंबर दिया गया। बाबू राम से 7 अगस्त को 1 लाख 10 हजार रुपए लेकर फर्जी वीजा और टिकट मिले। वहीं, नजीम अली ने 1 अगस्त को 99,600 रुपए देकर फर्जी दस्तावेज प्राप्त किए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस कंपनी पर पहले भी धोखाधड़ी के आरोप लग चुके हैं।
पुलिस बोली- दोनों भाइयों के खिलाफ यूपी में मामला दर्ज
दुर्ग एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि यूपी पुलिस ने गुरुवार (11 सितंबर) को इस मामले में एक एसडीओपी को टेलीफोनिक सूचना दी थी। लेकिन एसडीओपी ने यूपी पुलिस को फोन पर ही जानकारी दी कि यह थाना क्षेत्र किसी और का है।
एसडीओपी ने यूपी पुलिस को नंबर भी दिया था। लेकिन नंबर लिखने के दौरान अंक गलत टाइप होने की वजह से यूपी पुलिस सही समय पर सूचना नहीं दे सकी।
परिजन बोले- हमें किसी तरह की नहीं दी जानकारी
परिजनों ने बताया कि यूपी पुलिस की ओर किसी को भी कोई जानकारी नहीं दी गई है। गिरफ्तारी के संबंध में थाने में भी जानकारी नहीं मिली। एक दिन के बाद शुक्रवार की रात को पुलिस ने बताया कि दोनों भाइयों को यूपी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
यूपी पुलिस ने कहा- दोनों को विधिवत गिरफ्तार किया
वहीं इस मामले में यूपी पुलिस के एसएचओ ने बताया कि हमने दोनों भाइयों को नियम के अनुसार गिरफ्तार किया है। परिजनों को भी इसकी सूचना दे दी थी। स्थानीय पुलिस को हम सही समय पर सूचना नहीं दे सके। परिजनों ने अपहरण का मामला दर्ज करवा दिया।
कोरबा। 18 नवम्बर को घंटाघर स्थित अम्बेडकर ओपन थियेटर में हास्य कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कवि सम्मेलन में देर तक दर्शकों एवं श्रोतागणों ने हास्य और व्यंग्य कविताओं का आनंद लिया। कार्तिक शुक्ल नवमी (आंवला नवमी) की गुलाबी रात में कवियों ने श्रोताओं को जमकर हंसाया, गुदगुदाया। दर्शक दीर्घा से तालियों की गूंज दूर तक पहुंच रही थी। इसके पूर्व छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ की जिला इकाई ने कोरबा पधारे कवियों का अभिनंदन किया। कवि सम्मेलन में लब्धप्रतिष्ठत हास्य कवि एवं व्यंग्य कवि अखिलेश द्विवेदी (हास्य) प्रयागराज, मीर अली मीर-गीतकार रायपुर, पवन बांके बिहारी-हास्य पश्चिम बंगाल, प्रियंका मिश्रा-श्रृंगार कटनी, हीरामणी वैष्णव-हास्य कोरबा, शशिभूषण स्नेही-हास्य बिलाईगढ़ एवं कमलेश यादव धाकड़-हास्य बरमकेला आदि ने अपनी प्रस्तुति दी। इन कवियों का अखबार वितरक संघ ने सम्मान किया और इस अवसर पर जिला इकाई के अध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू, सचिव जयसिंह नेताम, संरक्षक रेश्म साहू, मीडिया प्रभारी रामायण सिंह, अनिल गिरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। कवियों ने अभिनंदन पर संघ का अभिवादन किया और कहा कि कोरबा आकर उन्हें काफी अच्छा लग रहा है।
कोरबा। जय माँ सर्वमंगला गौ सेवाधाम कोरबा द्वारा लगातार चौथे वर्ष गौमाता चौक कोरबा पर गोपाष्टमी पर दीपोत्सव गौसेवकों द्वारा मनाया गया। मुख्य अतिथि नगर निगम के आयुक्त आशुतोष पांडेय, विशिष्ट अतिथि शंकर लाल अग्रवाल, राणा मुखर्जी और विश्व हिन्दू परिषद के प्रदेश सहसंगठन मंत्री विजय राठौर एवं गौसेवक राजू ठाकुर, उमंग सोनी, विनय शर्मा, आशीष गोयल, दीपक, अध्यक्ष रवि सिंह चंदेल, सचिव टामेश अग्रवाल, पूर्व पार्षद सुफल दास सहित शहर के गौसेवकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति थी। गौसेवकों द्वारा गौ माताओं की पूजा की गई और उन्हें पत्तल पर भोजन कराया। मुख्य अतिथि आशुतोष पाण्डेय ने सबसे पहले गौ माताओं को खीर-पुड़ी, फल खिलाया और प्रणाम किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री पाण्डेय ने कहा कि गौ को हम यूं ही माता नहीं कहते, वेद-पुराणों में कहा गया है कि भगवान भी गौ माता की पूजा करते हैं, क्योंकि गौ माता में सभी देवी-देवताओं का वास होता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को गौ माता की पूजा करनी चाहिए और जिनके घरों में पर्याप्त जगह है, उन्हें गोपालन भी करना चाहिए। अन्य अतिथियों ने भी गाय माता की महिमा बताई।
कोरबा। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय साडा, कोरबा में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जनजातीय जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर छात्राओं के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें भाषण, कविता, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता प्रमुख रहीं। छात्राओं ने आदिवासी समूह नृत्य एवं पारंपरिक गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि श्रीमती गिरी नंदिनी सिंह, अध्यक्ष आदिवासी विकास परिषद महिला प्रभाग, सेवती नेताम, उपाध्यक्ष एवं विद्यालय के प्राचार्य रणधीर सिंह ने अपने उद्बोधन में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षमय जीवन, अदम्य साहस, देशभक्ति तथा जनजातीय समाज के उत्थान के लिए उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा अपनी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में सहभागिता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने छात्राओं में देशभक्ति, सांस्कृतिक चेतना एवं जनजातीय गौरव की भावना को प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।