Connect with us

कोरबा

चिंता की लकीरें मिटकर बदल गई है मुस्कान में, फसल काटकर किसान पहुँचाने लगे हैं खलिहान में

Published

on

फसल कटाई करने के साथ किसान दम्पति में बना खुशियों का वातावरण

कोरबा। कुछ माह पहले तक लेमरू क्षेत्र के किसान लुकेश्वर राठिया और उनकी पत्नी दिलेश्वरी बाई के चेहरे पर चिंता की लकीरे थीं। यह चिंता इसलिए भी थी कि उन्होंने खेत पर सिर्फ धान की फसलें ही नहीं बोई थीं, पहाड़ वाले इलाके में कड़ी मेहनत कर वह उम्मीद भी बोयी थीं। उन्हें भली भांति याद है कि बीते जून-जुलाई माह में अथक परिश्रम कर किन विपरीत परिस्थितियों में खेत जोते और खेत में बीज बोए। उन्हें यह भी याद है कि बीज बोने के साथ भी उनके भीतर भय का वातावरण तब तक बना रहा, जब तक कि फसल पक न जाएं, क्योंकि वे जानते थे कि फसल बोना उनके हाथ में तो है, लेकिन इसका सही-सलामत पककर कटने लायक होना बारिश पर निर्भर है। किसान लुकेश्वर और उनकी पत्नी दिलेश्वरी बाई को खुशी है कि इस साल बारिश ने उन्हें दगा नहीं दिया और आज वे पके हुए फसल काट पा रहे हैं। खेत पर फसल काट कर अपने खलिहान तक पहुँचाने में व्यस्त किसान दम्पति को खुशी इस बात की भी है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया है और प्रति एकड़ 21 क्विंटल की दर से धान की खरीदी कर रहे है। इस मूल्य पर अपनी धान बेच पाने और फसल सही-सलामत पक जाने की खुशियों ने राठिया दम्पति जैसे अनेक किसानों के चेहरे से चिंता की लकीरें मिटाकर मुस्कान में बदल दिया है।
    कोरबा विकासखंड अंतर्गत लेमरू क्षेत्र के ग्राम पंचायत देवपहरी के पास ग्राम ढ़ीढापाठ के किसान लुकेश्वर राठिया ने बताया कि उन्होंने लगभग तीन एकड़ में धान का फसल लिया है। अब जबकि फसल पककर तैयार है तो वे अपनी पत्नी के साथ फसल कटाई कर उसे खलिहान तक पहुंचाने में जुटे हैं। धान की फसल काटते हुए कृषक लुकेश्वर ने बताया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने धान का समर्थन मूल्य 31 सौ रुपए कर के किसानों के हित में बहुत बड़ा कदम उठाया है। उनका यह निर्णय हम सभी के लिए तभी लाभदायक है जब हम खेत पर सही समय पर अपनी फसल उपजा पाए और उसे समय पर काटकर धान उपार्जन केंद्र तक पहुंचा पाएं। किसान लुकेश्वर राठिया का कहना है कि हम मेहनत कर उम्मीद की फसल बोते हैं, क्योंकि हमारे पहाड़ी इलाके में सब कुछ बारिश की मेहरबानी पर ही टिकी है। इस बार बारिश अच्छी हुई है, इसलिए फसल पककर तैयार हो पाया है और आज हम इसे काट पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि हमारे लिए यह दुगनी खुशी की बात है कि धान का सही मूल्य मिल रहा है और खेत में धान पैदा हो पाया। लुकेश्वर ने बताया कि धान कटाई का काम अंतिम चरण में है। जल्दी ही इसे नजदीक के लेमरू धान उपार्जन केंद्र में बेचेंगे। इसके लिए पंजीयन भी करा लिया है। किसान की पत्नी दिलेश्वरी बाई राठिया का कहना है कि हम दोनों ने धान बोए थे, आज इसे काट रहे हैं। खेत पर बीज बोने से लेकर धान के पौधे को बड़ा होते और उसे लहलहाते हुए देखना बहुत खुशी भरा क्षण था। आज फसल का पूरी तरह से पक जाना हमारे कई सपनो का पूरा होने के जैसा है। इससे पहले कई बार बारिश की वजह से फसल खेत पर ही दम तोड़ देते थे, जिससे हमारे सपने टूट जाते थे और खुशियां भी मर जाती थी। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में फसल लेना बहुत चुनौती का काम है। सिंचाई के लिए आसमान पर ही निर्भर रहना पड़ता है। इस वर्ष मौसम की मेहरबानी से उनका फसल उत्पादन अच्छा हुआ है। फिलहाल फसल पक गई है इसे बेचने के बाद तय होगा कि घर के जरूरतों के लिए क्या-क्या सामान लेना है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेश सहित कोरबा जिले में 65 धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं और जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। कल 14 नवम्बर से किसानों से धान खरीदी की प्रक्रिया प्रारंभ हो रही है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

कोरबा में मकान में घुसा कबाड़ से भरा ट्रक:घर में सो रहे लोग बाल-बाल बचे, 7 लाख का कबाड़ जब्त, चालक गिरफ्तार

Published

on

कोरबा। कोरबा के राताखार में देर रात तेज रफ्तार कबाड़ से भरा ट्रक सड़क किनारे बने मकान में घुस गया। हादसे के समय घर में लोग सो रहे थे, लेकिन सभी सुरक्षित बच गए। टक्कर से मकान के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक मनोज सिंह को हिरासत में लिया है।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के बजरंग चौक मुख्य मार्ग की है। ट्रक तेज रफ्तार में था। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया और ट्रक सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर आ गए।

ट्रक छोड़कर भागा चालक, पुलिस ने पकड़ा

हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से चला गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची। पुलिस ने आसपास तलाश कर चालक मनोज सिंह को हिरासत में ले लिया। दूसरे चालक की मदद से ट्रक को मकान से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन जब्त कर थाने पहुंचाया।

ट्रक में 20 हजार 860 किलो कबाड़ मिला

पुलिस के मुताबिक, ट्रक में 20 हजार 860 किलो कबाड़ भरा था। इसकी कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है। कबाड़ कहां से लाया गया था और कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि राताखार में ट्रक के मकान में घुसने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन जब्त किया और चालक को पकड़ लिया। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

Continue Reading

कोरबा

8 फीट का अजगर महिंद्रा वर्कशॉप में घुसा:कोरबा में RCRS टीम ने 20 मिनट में रेस्क्यू किया, सुरक्षित जंगल में छोड़ा

Published

on

कोरबा। कोरबा के महिंद्रा वर्कशॉप में सोमवार सुबह करीब 8 फीट लंबा अजगर घुस गया। उसे देखकर कर्मचारी बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर RCRS की टीम मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। बाद में वन विभाग ने उसे जंगल में छोड़ दिया गया।

वर्कशॉप खुलने के बाद सोमवार सुबह कर्मचारी काम पर पहुंचे थे। इसी दौरान एक कर्मचारी ने कोने में अजगर को देखा। इसके बाद कुछ कर्मचारी बाहर निकल गए, जबकि कुछ ने दूर से उस पर नजर रखी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

इसके बाद वन विभाग और RCRS (Reptile Care and Rescuer Society) को सूचना दी गई। RCRS सदस्य उमेश यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने पहले लोगों को अजगर से दूर किया और फिर रेस्क्यू शुरू किया।

बिना नुकसान पहुंचाए पकड़ा अजगर

उमेश यादव ने बिना किसी उपकरण को नुकसान पहुंचाए और अजगर को चोट पहुंचाए बिना उसे काबू कर लिया। करीब 20 मिनट में रेस्क्यू पूरा हुआ। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों के मार्गदर्शन में अजगर को जंगल में छोड़ दिया गया।

सांप दिखने पर खुद पकड़ने की कोशिश न करें

RCRS टीम के मुताबिक, मौसम में बदलाव, गर्मी और नमी के कारण सांप और अजगर भोजन या ठंडी जगह की तलाश में रिहायशी इलाकों, वर्कशॉप और घरों में पहुंच सकते हैं।

टीम ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीव दिखने पर उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। उससे दूरी बनाए रखें और वन विभाग या RCRS हेल्पलाइन पर सूचना दें।

Continue Reading

कोरबा

हाथी ने युवक को दौड़ाकर कुचला, ट्रैक्टर तोड़ा:जंगल की ओर खदेड़ने पहुंचे थे ग्रामीण, भागकर बचाई जान, सरगुजा-कोरबा के जंगल में उत्पात जारी

Published

on

कोरबा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा और कोरबा जिले में हाथियों का आतंक जारी है। सरगुजा के जंगल में एक हाथी ने ग्रामीणों को दौड़ाया और एक युवक को बुरी तरह कुचल दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। घायल युवक का इलाज जारी है।

वहीं, कोरबा के कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा गांव में 11 हाथियों के झुंड को भगाने पहुंचे ग्रामीणों पर एक हाथी ने हमला कर दिया। ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर भागे तो हाथी ने सूंड से उसे उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर तोड़ दिया। दोनों घटनाएं सोमवार (23 नवंबर) सुबह की हैं।

घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल नहीं जाने और हाथियों को खुद भगाने की कोशिश नहीं करने की हिदायत दी है।

हाथी ने युवक को सूंड और पैरों से कुचलने की कोशश की।

हाथी ने युवक को सूंड और पैरों से कुचलने की कोशश की।

हाथी के हमले से युवक घायल हो गया था, वह बाल-बाल बच गया।

हाथी के हमले से युवक घायल हो गया था, वह बाल-बाल बच गया।

ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर भागे तो हाथी ने सूंड से उसे उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर तोड़ दिया।

ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर भागे तो हाथी ने सूंड से उसे उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर तोड़ दिया।

केस 1 – हाथी ने युवक को दौड़ाकर कुचला

सरगुजा के टीरंग गांव में सोमवार को हाथी ने एक युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक घायल हो गया। हाथी के हमले में युवक बाल-बाल बचा। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

युवक को बतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। तीन हाथियों का दल जशपुर से सरगुजा वन क्षेत्र में पहुंचा है। इनमें से दो हाथी लुंड्रा पहुंच गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, जशपुर वन परिक्षेत्र से सरगुजा वन परिक्षेत्र में घुसे तीन हाथी सोमवार को टीरंग गांव पहुंचे। हाथियों के दल में एक नर, एक मादा और एक बच्चा शामिल है। टीरंग में फसल बचाने की कोशिश में ग्रामीण हाथियों को खदेड़ रहे थे। इसी दौरान नर हाथी ने ग्रामीण जागेश्वर उर्फ मंत्री पर हमला कर दिया।

हाथी के हमले में ट्रैक्टर बुरी तरह डैमेज हो गया है।

हाथी के हमले में ट्रैक्टर बुरी तरह डैमेज हो गया है।

केस 2 – कोरबा में हाथी ने ट्रैक्टर तोड़ा

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में 11 हाथियों के झुंड को भगाने पहुंचे ग्रामीणों पर एक हाथी ने हमला कर दिया। ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर भागे तो हाथी ने सूंड से उसे उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर तोड़ दिया। मामला कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा गांव की है।

धरमजयगढ़ की सीमा पार कर जिल्गा पहुंचा झुंड

जानकारी के मुताबिक, धरमजयगढ़ की सीमा पार कर 11 हाथियों का झुंड जिल्गा के जंगल में पहुंचा है। हाथियों के आबादी वाले इलाके में आने और धान की फसल को नुकसान पहुंचाने की आशंका थी। इसी वजह से ग्रामीण उन्हें जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश कर रहे थे।

ट्रैक्टर की आवाज सुनकर झाड़ियों से निकला हाथी

सोमवार सुबह जिल्गा के कुछ ग्रामीण सुखनंदन सिंह राठिया के ट्रैक्टर में सवार होकर जंगल पहुंचे थे। वे ट्रैक्टर की आवाज से हाथियों को भगाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों से एक हाथी निकला और ट्रैक्टर की ओर दौड़ पड़ा।

हाथी को अपनी ओर आते देख ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में भाग गए। इसके बाद हाथी ने सूंड से ट्रैक्टर को उठाकर पटका और पैरों से कुचलकर क्षतिग्रस्त कर दिया।

दूसरे ट्रैक्टर से खींचकर गांव लाए

घटना के बाद ग्रामीण गांव पहुंचे और ट्रैक्टर मालिक को इसकी जानकारी दी। बाद में वे दूसरे किसान का ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर को खींचकर गांव लाए। कुछ ग्रामीणों ने घटना का वीडियो मोबाइल से बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

कुदमुरा और करतला में भी हाथियों की मौजूदगी

वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने देर शाम टीम को जिल्गा के जंगल में भेजा। बताया गया कि जिल्गा के अलावा कुदमुरा के जंगल में एक और हाथी घूम रहा है। वहीं, करतला वन परिक्षेत्र में 6 हाथियों का झुंड मौजूद है।

वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। ग्रामीणों को मुनादी कर जंगल की ओर नहीं जाने और हाथियों को खुद खदेड़ने की कोशिश नहीं करने की समझाइश दी गई है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677