Connect with us

कोरबा

वेदांता के कलिंगा लान्सर्स तैयार हैं हॉकी इंडिया लीग 2024 में अपना कौशल दिखाने के लिए

Published

on

नई दिल्ली। वेदांता कलिंगा लान्सर्स अपने दक्ष खिलाड़ियों और सुनियोजित खेल रणनीति के साथ बहुप्रतीक्षित हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) में अपना दमखम दिखाने के लिए तैयार है, गौर तलब है कि यह प्रतियोगिता सात सालों के विराम के बाद होने जा रही है। पहले इस टीम ने नीलामी के दौरान दबदबा दिखाया और उभरते भारतीय प्रतिभाशाली खिलाड़ियों एवं अंतर्राष्ट्रीय हॉकी सितारों को हासिल किया और अब हॉकी मैचों का शेड्यूल घोषित होने पर यह उनके लिए तैयारी कर रही है।

हॉकी इंडिया लीग 2024 का आयोजन 28 दिसम्बर 2024 से लेकर 1 फरवरी 2025 तक होगा। इस लीग में आठ जानदार टीमें एचआईएल चैम्पियनशिप का खिताब जीतने के लिए राउरकेला और रांची के मशहूर स्टेडियमों में मुकाबला करेंगी। कलिंगा लान्सर्स के अभियान की शुरुआत 30 दिसम्बर 2024 को राउरकेला में यूपी रुद्राज़ के साथ मुकाबले से होगी। इसके बाद तमिलानाडु ड्रैगन्स, श्राची रार बंगाल टाइगर्स और दिल्ली एसजी पाइपर्स जैसे विकट प्रतिद्वंदियों से होने वाले मुकाबले टीम के सफर को चुनौतीपूर्ण किंतु संभावनाओं से भरपूर बनाएंगे। इस टीम में कृष्ण बी पाठक, ऐरन ज़ालेवस्की व अलेक्ज़ेंडर हेंड्रिक्स जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ रोशन कुजुर और मुकेश टोप्पो जैसे उभरते हुए प्रतिभावान खिलाड़ी भी शामिल हैं। ये सभी एकजुट होकर पूरे टूर्नामेंट के दौरान शानदार प्रदर्शन करेंगे।

मैच शेड्यूल को अंतिम रूप दिए जाने पर वेदांता एल्यूमिनियम के सीओओ सुनील गुप्ता ने कहा, ’’न केवल कलिंगा लान्सर्स के लिए बल्कि ओडिशा व समग्र भारत में भी हॉकी के लिए यह एक निर्णायक क्षण है। एक काबिल टीम और रणनीतिक रोडमैप के साथ हम अपने प्रशंसकों के समक्ष प्रतिस्पर्धा करने के लिए बेहद उत्साहित हैं, खासकर अपने होमग्राउंड राउरकेला में। हमारा मिशन है इस क्षेत्र में हॉकी के लिए लोगों को प्रेरित करना और उनके बीच इस खेल के जोश को लौटा कर लाना और साथ ही अपने प्रत्येक मैच को जीतना तो हमारा ध्येय है ही।’’

अनुभवी सपोर्ट स्टाफ के मार्गदर्शन में कलिंगा लान्सर्स डायनमिक, तीव्र गति के खेल एवं साथ में सामरिक अनुशासन पर ध्यान केन्द्रित करेंगे। टीम खेल के मैदान में और ऑफ-द-फील्ड भी लगन से तैयारी कर रही है, जिसमें एकजुटता, रक्षा और स्कोर के मौकों को अधिकतम करना शामिल है।

कलिंगा लान्सर्स के रणनीति निदेशक डेविड जॉन ने कहा, ’’इस शेड्यूल से हमें पर्याप्त अवसर मिलेगा की हम अपने खेल की गहराई और टीम की ताकत को प्रदर्शित कर सकें। हमने कड़ा प्रशिक्षण किया है और टीम-बिल्डिंग की गतिविधियां की हैं ताकि हर मैच को हम आत्मविश्वास एवं सटीकता से खेलें।’’

कलिंगा लान्सर्स के साथ वेदांता का जुड़ाव एक व्यापक प्रतिबद्धता का हिस्सा है जिसके अंतर्गत ओडिशा में युवा विकास, सामुदायिक सहभागिता और खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा दिया जा रहा है। हॉकी के अलावा, जमीनी स्तर पर विभिन्न खेलों के जरिए स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का वेदांता का बहुत मजबूत रिकॉर्ड रहा है जिससे कम्पनी राज्य की समृद्ध खेल संस्कृति में योगदान दे रही है।

हॉकी इंडिया लीग 2024 के इस सीजन की शुरुआत होने जा रही है जिसमें खेल प्रशसंकों को रोमांचक मैच देखने का मौका तो मिलेगा ही इसके अलावा ओडिशा की हॉकी को नई ऊर्जा भी मिलेगी। और चूंकी, वेदांता की कलिंगा लान्सर्स टीम मुकाबले की अगुआई कर रही है इसलिए रोमांचक प्रतिस्पर्धा का मंच पूरी तरह तैयार हो चुका है।

कलिंगा लान्सर्स का मैच शेड्यूल:

1. 30 दिसम्बर 2024: वेदांता कलिंगा लान्सर्स बनाम यूपी रुद्राज़ – राउरकेला

2. 03 जनवरी 2025: वेदांता कलिंगा लान्सर्स बनाम तमिलनाडु ड्रैगन्स – राउरकेला

3. 05 जनवरी 2025: वेदांता कलिंगा लान्सर्स बनाम सूरमा हॉकी क्लब – राउरकेला

4. 06 जनवरी 2025: वेदांता कलिंगा लान्सर्स बनाम श्राची रार बंगाल टाइगर्स – राउरकेला

5. 09 जनवरी 2025: वेदांता कलिंगा लान्सर्स बनाम गोनासिका – राउरकेला

6. 12 जनवरी 2025: वेदांता कलिंगा लान्सर्स बनाम हैदराबाद तूफान्स – राउरकेला

7. 16 जनवरी 2025: वेदांता कलिंगा लान्सर्स बनाम दिल्ली एसजी पाइपर्स – राउरकेला

8. 19 जनवरी 2025: वेदांता कलिंगा लान्सर्स बनाम दिल्ली एसजी पाइपर्स – राउरकेला

9. 24 जनवरी 2025: श्राची रार बंगाल टाइगर्स बनाम वेदांता कलिंगा लान्सर्स – रांची

10. 27 जनवरी 2025: वेदांता कलिंगा लान्सर्स बनाम सूरमा हॉकी क्लब – राउरकेला

ओडिशा में वेदांता की उपस्थिति बहुत व्यापक है, कंपनी झारसुगुडा में भारत का सबसे बड़ा एल्यूमिनियम प्लांट (1.8 एमटीपीए) चला रही है और कालाहांडी में एक अत्याधुनिक एल्यूमिना रिफाइनरी (3.5 एमटीपीए) भी है। वेदांता एल्यूमिनियम ने राज्य में 1,00,000 से अधिक प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष नौकरियां पैदा की हैं, इससे भारत के औद्योगिक परिदृश्य में ओडिशा की स्थिति और अधिक पुख्ता हुई है। इसके अतिरिक्त, कोयला, बॉक्साइट, फेरोक्रोम व आयरन ओर में निवेश के जरिए वेदांता ’मेक इन इंडिया’ के ध्येय को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही है। काबिले गौर है कि कंपनी भारत के सकल एल्यूमिनियम उत्पादन में 50 प्रतिशत का योगदान देती है और आयात पर देश की निर्भरता को कम कर रही है।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

जलवायु परिवर्तन अंतर्गत स्काउट्स, गाइड्स की हर्बल गार्डन विकसित करने की पहल

Published

on

कोरबा। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के जलवायु परिवर्तन पर युवा-नेतृत्व वाली ग्रीन इंडिया पहल अंतर्गत कोरबा जिले के नवदृष्टि प्रशांति वृद्धाश्रम में एक सराहनीय पर्यावरण संरक्षण पहल की गई है। स्काउट्स, गाइड्स के सामूहिक प्रयास से वृद्धाश्रम परिसर के एक खाली स्थान को हर्बल गार्डन में बदलने का प्रयास प्रारंभ किया गया है।

इस परियोजना का नेतृत्व अंकिता सामल, असिस्टेंट गाइड केप्टिन ने अपनी गाइड कंपनी के सक्रिय सहयोग से किया। परियोजना की शुरुआत चयनित स्थान के निरीक्षण से हुई। वहां साफ-सफाई और जमीन को तैयार करने की आवश्यकता थी। इसके बाद पूरे स्थान की सफाई की गई, मिट्टी को पौधरोपण के अनुकूल बनाया और पौधों की सुरक्षा के लिए हरे रंग की जाली लगाई। सनराइज स्कूल, कृष्णानगर की प्राचार्य एवं गाइड केप्टिन पूर्णिमा भट्टाचार्य के सहयोग तथा वृद्धाश्रम प्रबंधन की अनुमति और सहभागिता से इस स्थान पर विभिन्न उपयोगी पौधे रोपने का कार्य किया गया। इनमें तुलसी, पुदीना, नीम, गिलोय, आंवला, कालमेघ और हल्दी सहित कई औषधीय एवं उपयोगी पौधे शामिल हैं।

स्काउट्स, गाइड्स और रोवर्स, रेंजर्स की मेहनत और सामूहिक प्रयास से परिसर का बेकार पड़ा हिस्सा अब हरे-भरे हर्बल गार्डन के रूप में विकसित होने की ओर अग्रसर है। इस पहल का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि पारंपरिक औषधीय पौधों के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना, प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी विकसित करना और युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना भी है।

Continue Reading

कोरबा

भाजपा जिला कोरबा ने संविधान गौरव दिवस पर किया बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के योगदान का स्मरण

Published

on

संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा : गोपाल मोदी

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा द्वारा संविधान गौरव दिवस के अवसर पर जिला भाजपा कार्यालय, टी.पी. नगर में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, प्रदेश मंत्री सुश्री रितु चौरसिया एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की गरिमामय उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में जिला संयोजक विधि प्रकोष्ठ अखिलेश पांडेय मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान का स्मरण करते हुए संविधान के प्रति सम्मान, निष्ठा और समर्पण का संकल्प लिया गया।

संविधान हमारा अभिमान, सम्मान और गौरव है : गोपाल मोदी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा है। संविधान का निर्माण लगभग 2 वर्ष 11 माह 18 दिन में पूरा हुआ। संविधान प्रारूप समिति के अध्यक्ष बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने इसके निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया, जबकि 26 जनवरी 1950 को इसे देश में लागू किया गया।

श्री मोदी ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में देश के नागरिकों के अधिकारों, समानता, स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों की भावना समाहित है। हमें राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर उठकर सबसे पहले एक भारतीय नागरिक के रूप में संविधान का सम्मान और पालन करना चाहिए। संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को नमन करते हुए कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार है। प्रत्येक नागरिक को संविधान में निहित मूल्यों और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। श्री मोदी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कुछ राजनीतिक दल संविधान को लेकर राजनीति कर रहे हैं, जबकि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर के साथ कांग्रेस के व्यवहार को देश भली-भांति जानता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता संविधान के प्रति सम्मान और निष्ठा का भाव रखते हैं तथा संविधान के गौरव और उसकी महत्ता को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया पर मुख्य वक्ता अखिलेश पांडेय ने डाला प्रकाश

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला संयोजक विधि प्रकोष्ठ अखिलेश पांडेय ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, शिक्षा तथा सामाजिक एवं आर्थिक अधिकार प्रदान करता है। संविधान में केंद्र और राज्य सरकारों के अधिकारों एवं दायित्वों का स्पष्ट उल्लेख किया गया है। यह देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की रक्षा करने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए नारी वंदन से संबंधित पहलों को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक अधिकारों और राष्ट्रीय एकता का आधार है। श्री पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान हमारा अभिमान है, संविधान हमारा सम्मान है और संविधान ही हमारा गौरव है। प्रत्येक भारतीय नागरिक को संविधान के मूल्यों एवं आदर्शों का सम्मान करते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।

भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की रही गरिमामय उपस्थिति

संविधान गौरव दिवस के इस कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, महापौर संजूदेवी राजपूत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज शर्मा, एमआईसी मेंबर नरेंद्र देवांगन, जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह, योगेश जैन, लक्की नंदा, रुक्मणी नायर, अजय कंवर, अजय दुबे, अर्जुन गुप्ता, शैलेन्द्र यादव, प्रदीप सिंह, नीरज ठाकुर, संजय राठौर, अविनाश दुबे, सरजू अजय, डॉ. विजय राठौर, रामनारायण सराफ, राजेश लहरे, अंजना सिंह, बी.डी. शर्मा सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Continue Reading

कोरबा

कांग्रेसियों ने मनाया सविंधान दिवस

Published

on

कोरबा। भारत का सविंधान विश्‍व के सबसे बड़े लोकतंत्र का सविंधान है । यह भारत के लोगों को स्‍वतंत्रता, सामान्‍य न्‍याय और भाईचारा के विश्‍व आदर्श मुहैय्या करता है । उक्‍त कथन जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा शहर के पूर्व अध्‍यक्ष नत्‍थुलाल यादव ने घंटाघर चौक के पास स्थित डॉ.भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्‍थल पर सविंधान दिवस के उपलक्ष्‍य में आयोजित कार्यक्रम के दौरान व्‍यक्‍त किया ।

श्री यादव ने कहा कि डॉ.भीमराव अंबेडकर ने हमें समानता, न्‍याय और बंधुत्‍व के साथ जीने का मार्ग प्रशस्‍त किया और शिक्षित बनो, संगठित रहो का ज्ञान देते हुए जीवन में सदा संघर्ष करते रहना का पाठ पढ़ाया ।

सांसद प्रतिनिधि एवं आदिवासी शक्तिपीठ के संरक्षक मोहन सिंह प्रधान ने बताया कि डॉ.भीमराव अंबेडकर ने भारत को भारत का सविंधान दिया जो कि सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्‍याय, विचार अभिव्‍यक्ति, विश्‍वास, धर्म और उपासना की स्‍वतंत्रता तथा धर्म, जाति, लिंग जन्‍म स्‍थान आदि के आधार पर भेदभाव का प्रतिषेध करता है ।

कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्‍ठ के जिला अध्‍यक्ष नारायण कुर्रे ने बताया कि 26 नवम्‍बर को प्रतिवर्ष सविंधान दिवस मनाया जाता है । इसी दिन 1949 में भारत के सविंधान को पहली बार अपनाया गया जिसके याद में प्रतिवर्ष सविंधान मनाया जाता है। नारायण कुर्रे ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्‍य संवैधानिक जागरूकता को मजबूत करना नागरिकाें में जिम्‍मेदारी को बढ़ावा देना और देश के लोकतांत्रिक मूल्‍यों को बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी को प्रोत्‍साहित करना है ।

कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम डॉ.भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्‍यार्पण और पुष्‍पांजलि अर्पित कर उन्‍हें नमन किया गया, याद किया गया। इस अवसर पर पूर्व जिला अध्‍यक्ष श्रीमती सपना चौहान, युवा कांग्रेस अध्‍यक्ष राकेश पंकज, पार्षद गीता गभेल, डॉ.रामगोपाल कुर्रे, ब्‍लॉक ए डी जोशी, पूर्व एल्‍डरमेन मनीराम साहू, पूर्व पार्षद प्रदीप जायसवाल, डॉ.रामगोपाल यादव, मंडल अध्‍यक्ष इकबाल कुरैशी, रवि खुंटे, ममता अग्रवाल, जिला पदाधिकारी मनहरण राठौर इंटक, संतोष यादव, अगहन बाई, डॉ.डी आर नेताम, निर्मल राज, सुनील निर्मलकर, सीमा कुर्रे, पुष्‍पा पात्रे, बली चौहान, त्रिवेणी मिरी, रामकुमार आदि ने भी संबोधन किया ।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677