सरगुजा, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में पति-पत्नी ने सुसाइड कर लिया। दोनों के बीच शराब पीने को लेकर झगड़ा हुआ। इसके बाद पत्नी सुखमनी (43) ने कीटनाशक पीकर जान दे दी। उसे गंभीर हालत में पहले अंबिकापुर और फिर रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
19 नवंबर को पत्नी की हालत बिगड़ने की खबर सुनकर पति सखीराम (45) ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसके दो दिन बाद, शनिवार को इलाज के दौरान पत्नी की भी मौत हो गई। मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है।
शराब को लेकर हुए झगड़े के बाद पति-पत्नी ने सुसाइड कर लिया।
शराब पीकर गांव में घूमता था पति
जानकारी के मुताबिक, लिचिरमा गांव की सुखमनी (43) का 16 नवंबर को अपने पति सखीराम (45) से शराब पीने को लेकर विवाद हो गया। पत्नी का आरोप था कि पति शराब पीकर गांव में घूमता रहता है और कोई काम नहीं करता है।
इसी बात से वह परेशान थी। विवाद बढ़ने पर सुखमनी ने जहर खा लिया। परिजन उसे सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां से हालत को देखते हुए उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।
हालत बिगड़ी तो पति ने लगाई फांसी
सुखमनी को अंबिकापुर के एमआरएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी हालत बिगड़ने पर उसे रायपुर रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे मिशन हॉस्पिटल में दाखिल कराया।
19 नवंबर को उसकी हालत बिगड़ने की जानकारी पति सखीराम को मिली तो उसने घर में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। 20 नवंबर को उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इधर, पति की मौत के बाद सुखमनी की हालत भी बिगड़ गई और शनिवार को होलीक्रॉस हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पत्नी ने होलीक्रॉस हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ा।
पति-पत्नी की मौत से सदमें में परिवार
पति-पत्नी की दो दिनों के अंतराल में मौत से परिवार सदमे में है। दंपती के तीन बच्चे हैं जो माता-पिता दोनों की मौत के बाद बेसहारा हो गए हैं।
रायपुर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बड़े कारोबारी समूह पीआरए ग्रुप, बर्बरीक ग्रुप, रायगढ़ इस्पात और जेपी मित्तल से जुड़े ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी चौथे दिन शनिवार को भी जारी रही।
18 नवंबर से शुरू हुई इस कार्रवाई में अब तक रायपुर समेत छह जिलों में 32 से ज्यादा ठिकानों पर जांच की जा चुकी है।
जांच में करीब 15 करोड़ रुपए नकद मिलने का अनुमान है, जबकि 25 बैंक लॉकरों से करीब 20 करोड़ रुपए की ज्वेलरी मिलने की खबर है। बर्बरीक कंस्ट्रक्शन के करीब 225 करोड़ रुपए के लेन-देन भी जांच के दायरे में हैं।
आयकर विभाग की 120 सदस्यीय टीम सीआरपीएफ के 80 जवानों की सुरक्षा में कारोबारियों के घरों, दफ्तरों और फैक्ट्रियों के साथ उनसे जुड़ी कंपनियों के दस्तावेज, बैंक खाते और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाल रही है।
रायपुर में PRA ग्रुप के ठिकानों पर रेड।
पीआरए ग्रुप के संचालक रमेश अग्रवाल के सूरजपुर और अंबिकापुर के घरों पर भी जांच।
रायगढ़ में आयकर विभाग ने रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप से जुड़ी फर्मों के ठिकानों पर छापेमारी की।
जांच टीम में 120 आयकर अधिकारी
रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सरगुजा और सूरजपुर में एक साथ चल रही इस कार्रवाई की निगरानी भोपाल की सेंट्रल टीम कर रही है। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के करीब 120 आयकर अधिकारी सीआरपीएफ के 80 जवानों की सुरक्षा में जांच कर रहे हैं।
अलग-अलग ठिकानों से मिल रही जानकारियां रायपुर कार्यालय भेजी जा रही हैं। विभाग ने अभी तक नकदी, आभूषण या संभावित कर चोरी को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है।
रायगढ़ के कोतरा रोड क्षेत्र में बर्बरीक हाउस में और कालिंदी कुंज में जांच।
कारोबार की कई कड़ियां खंगाल रही टीमें
जांच के दायरे में आए कारोबारी समूह सड़क, भवन, पुल निर्माण, स्टील, सरिया, स्पंज आयरन और कोयले के कारोबार से जुड़े हैं। प्रह्लाद राय अग्रवाल ने पीआरए ग्रुप की स्थापना की थी। यह समूह सड़क, भवन और पुल बनाने का काम करता है। वहीं, बर्बरीक ग्रुप और रायगढ़ इस्पात से जुड़ी कंपनियां निर्माण और स्टील कारोबार में सक्रिय हैं।
बताया जा रहा है कि बर्बरीक ग्रुप और रायगढ़ इस्पात का कारोबार एक ही परिवार से जुड़ा है। परिवार के छह भाई अलग-अलग कंपनियों और कारोबार की जिम्मेदारी संभालते हैं। रायपुर मुख्यालय वाली बर्बरीक प्रोजेक्ट्स लिमिटेड समूह की प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी है।
छत्तीसगढ़ के अलावा झारखंड और ओडिशा में भी इन समूहों को सरकारी निर्माण कार्यों के ठेके मिले हैं। आयकर विभाग की टीमें अब इन कंपनियों के बीच हुए लेन-देन, खरीद-बिक्री के बिल, बैंक खातों और घोषित कमाई का मिलान कर रही है।
बिलासपुर में जेपी मित्तल के ठिकानों पर रेड।
शेयर में निवेश और आईपीओ की तैयारी भी जांच में
आयकर विभाग की जांच में कारोबारी समूहों के शेयर बाजार में किए गए निवेश की जानकारी भी खंगाली जा रही है। जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ इस्पात लिमिटेड के शेयरों में निवेश और कंपनी की ओर से आईपीओ लाने की तैयारी से जुड़े पहलुओं की भी जानकारी सामने आई है। विभाग कंपनी के वित्तीय लेन-देन और कारोबारी समूह की दूसरी कंपनियों के बीच संबंधों की जांच कर सकता है।
डिजिटल सबूतों से खुलेगा लेन-देन का नेटवर्क
कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए लैपटॉप, पेन ड्राइव और दूसरे डिजिटल डिवाइस की जांच की जा रही है। इनके जरिए यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि अलग-अलग कंपनियों के बीच कितने रुपए का लेन-देन हुआ और किन बैंक खातों से रकम भेजी गई।
इसके साथ ही कागजों में दिखाए गए कारोबार और असल में हुए लेन-देन का मिलान किया जा रहा है। बैंक लॉकरों से मिली ज्वेलरीकी कीमत का आकलन और जब्त दस्तावेजों की जांच भी जारी है।
रायगढ़ में तीन कार्यालयों में भी जांच
रायगढ़ में बर्बरीक ग्रुप और रायगढ़ इस्पात से जुड़े ठिकानों पर जांच के बाद ढिमरापुर स्थित कृष्णा कॉम्प्लेक्स के तीन कार्यालयों में भी आयकर विभाग की टीम पहुंची। इनमें मुदणा होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड का कार्यालय भी शामिल है।
इसके अलावा कोतरारोड स्थित बर्बरीक विला में बजरंग अग्रवाल और श्रवण अग्रवाल के घरों और दफ्तरों की जांच की गई। रायगढ़ इस्पात और कालिंदीकुंज स्थित ठिकानों पर भी दस्तावेज खंगाले गए। इन जगहों पर रायपुर, दुर्ग और भोपाल से आई टीमों ने जांच की।
अंबिकापुर से सूरजपुर तक कार्रवाई
सरगुजा संभाग में भी आयकर विभाग की टीमों ने कई ठिकानों पर जांच की। अंबिकापुर में रमेशचंद्र अग्रवाल के आवास हरसिंगार, ब्रह्म रोड स्थित बर्बरीक प्रोजेक्ट्स कार्यालय और एक टैक्स वकील के घर पर पड़ताल की गई। टीम सूरजपुर स्थित निवास पर भी पहुंची।
इन ठिकानों पर जांच के दौरान कच्चे हिसाब-किताब की बहियां जब्त किए जाने की जानकारी है। आयकर विभाग की टीमें सभी दस्तावेजों और लेन-देन की जांच कर रही है।
कहां-कहां जांच: छत्तीसगढ़ के छह जिलों के अलावा मुंबई, नागपुर, रांची और जमशेदपुर में करीब 50 ठिकानों पर कार्रवाई।
कितनी टीम: करीब 120 आयकर अधिकारी जांच में शामिल।
अब तक की जानकारी: करीब 14 करोड़ रुपए कैश मिलने का दावा, लॉकरों से 20 करोड़ की ज्वेलरी मिलने की चर्चा और बर्बरीक कंस्ट्रक्शन के 225 करोड़ रुपए के लेन-देन की जांच।
बेमेतरा, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में महिला टीचरों ने प्रिंसिपल पर मैटरनिटी लीव के लिए 60 हजार रुपए मांगने का आरोप लगाया है। स्कूल में पदस्थ संविदा टीचरों ने कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं से मुलाकात कर प्राचार्य जीआर चतुर्वेदी के खिलाफ शिकायत की है।
आरोप है कि पैसे नहीं देने पर प्रिंसिपल ने सैलरी में कटौती करने और नौकरी से निकालने की धमकी दी। इसके साथ ही स्कूल में पढ़ाने वाली 16 महिला टीचर्स से 10-10 हजार रुपए मांगे गए। पैसे नहीं देने पर CR खराब करने की धमकी दी गई।
मामला दाढ़ी के आत्मानंद स्कूल का है। इस मामले में प्रिंसिपल जीआर ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में किसी संविदा टीचर ने मैटरनिटी लीव नहीं लिया है।
टीचरों ने जांच के बाद प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
3 महिला टीचर शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची थीं।
दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
शिकायत करने पहुंची महिला टीचर नंदिनी वर्मा ने आरोप लगाया कि उनका मैटरनिटी लीव पहले स्वीकृत हो चुका था, लेकिन वर्तमान प्राचार्य इसे मानने से इनकार कर रहे हैं। टीचर का दावा है कि छुट्टी के बदले उनसे 45 से 60 हजार रुपए मांगे गए। महिला टीचरों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
महिला टीचरों से 10-10 हजार मांगने का आरोप
महिला टीचर्स का आरोप है कि वसूली और दबाव का मामला केवल एक टीचर तक सीमित नहीं है। स्कूल के 16 अन्य संविदा शिक्षकों पर भी दबाव बनाया जा रहा है। उनसे सीआर (कॉन्फिडेंशियल रिपोर्ट) खराब करने और नौकरी से निकलवाने की धमकी देकर 10-10 हजार रुपए मांगने का आरोप लगाया गया है।
स्कूल की व्यवस्था पर उठे सवाल
जिले के स्वामी आत्मानंद स्कूलों में पहले से ही शिक्षकों की कमी है। ऐसे में दाढ़ी स्कूल के प्राचार्य पर संविदा शिक्षकों को धमकी देने और मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप लगे हैं। इससे स्कूल की व्यवस्था और शिक्षा विभाग की निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।
कांकेर, एजेंसी। छत्तीसगढ़ के कांकेर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने GST अधिकारी अंचला गिरी को रिश्वत लेते पकड़ा है। अधिकारी ने एक स्क्रैप कारोबारी से गाड़ी छोड़ने के लिए डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। कारोबारी ने इसकी शिकायत ACB अधिकारियों से की थी।
जांच के बाद शनिवार को ACB की टीम ने अधिकारी के घर पर रेड मारी। कारोबारी पहले ही पैसे लेकर अधिकारी के घर पहुंचा था। इसकी भनक लगते ही साथी इमरान मेमन ने रिश्वत की रकम नाली में फेंक दी।
अधिकारी अंचला गिरी और इमरान को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है। यह कार्रवाई जगदलपुर ACB की टीम ने की है।
अधिकारी के घर के बाहर नाली में नोटों के बंडल मिले।
अधिकारी अंचला गिरी के घर पर ACB ने रेड मारी।
अंचला गिरी कांकेर में सहायक आयुक्त, राज्य GST विभाग के पद पर पदस्थ है।
10 लाख की पेनाल्टी लगाई, 2 लाख में मामला सेटल
शिकायतकर्ता कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज ने बताया कि 18 नवंबर को उनकी गाड़ी स्क्रैप लेकर जा रही थी। बिल होने के बावजूद गाड़ी को रोक लिया गया। उनका आरोप है कि अंचला गिरी GST में अधिकृत नहीं थीं, इसके बावजूद उन्होंने गाड़ी रुकवाई और 10 लाख रुपए की पेनाल्टी मांगी, जबकि गाड़ी में लोड माल की कीमत सिर्फ 3 लाख रुपए थी।
कारोबारी के मुताबिक, अधिकारी ने गाड़ी जब्त करने और कार्रवाई करने की धमकी दी। मामला सेटल करने के लिए पहले 2 लाख रुपए मांगे गए, फिर डेढ़ लाख रुपए देने की बात हुई। इसमें से 50 हजार रुपए पेनाल्टी के तौर पर कटाने और बाकी रकम घर पहुंचकर देने की बात तय हुई।
रिश्वत दिलाने में मदद करने वाला भी पकड़ाया
ACB की जांच में इमरान मेमन की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि GST अधिकारी अंचला गिरी ने कारोबारी से रिश्वत की रकम इमरान मेमन के जरिए ली। इमरान मेमन (30) कांकेर के संजयनगर का निवासी है। उसके खिलाफ भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
रिश्वत दिलाने में मदद करने वाला साथी भी गिरफ्तार।
इमरान लाया था रिश्वत के पैसे
ACB अधिकारी रमेश कुमार मरकाम ने बताया कि रिश्वत की रकम मध्यस्थ इमरान मेमन लेकर आया था। उसने यह रकम GST अधिकारी अंचला गिरी को दी थी। मामले में इमरान की भूमिका की भी जांच की जा रही है।