जिला स्तरीय समारोह में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने किया ध्वजारोहण
शहीदों के परिजनों को किया गया सम्मानित
आकर्षक मार्च पास्ट सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ आयोजन
कोरबा। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास, उच्च शिक्षा मंत्री छत्तीसगढ़ शासन टंकराम वर्मा के मुख्य आतिथ्य में कोरबा जिला मुख्यालय के सीएसईबी फुटबॉल ग्राउंड में हर्षोल्लास के साथ 77वें गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय समारोह का आयोजन हुआ। श्री वर्मा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। जिला स्तरीय समारोह में इस वर्ष राष्ट्रगान के साथ-साथ राष्ट्रीय गीत का भी सस्वर गायन किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का छत्तीसगढ़ वासियों के नाम संदेश का वाचन किया गया। अनेकता में एकता के प्रतीक गुब्बारे आकाश में छोड़े गये। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले के शहीदों के परिजनों को शॉल, श्रीफल भेंट कर विशेष सम्मान किया गया और वीर सेनानियों की शहादत के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
मुख्य कार्यक्रम में परेड कमांडर सुबेदार अनंत राम पैंकरा के नेतृत्व में आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्रबल, जिला पुलिस बल पुरूष, जिला पुलिस बल महिला, छत्तीसगढ़ नगर सेना महिला, छत्तीसगढ़ नगर सेना पुरूष, वन रक्षक, एनसीसी सीनियर बालक-बालिका, स्काउट दल सीनियर, गाईड दल सीनियर की टीम ने मार्च पास्ट में हिस्सा लिया। हर्ष फायर कर पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान की धुन बजाई गई। परेड में जिला पुलिस बल को मिला प्रथम स्थान
मार्च पास्ट में 10 टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रोफेशनल वर्ग में जिला पुलिस बल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वन रक्षक बल वन विभाग ने द्वितीय तथा जिला पुलिस बल महिला को तृतीय स्थान मिला। सांत्वना पुरस्कार नगर सेना महिला व पुरूष, सीआईएसएफ को दिया गया। परेड नॉन प्रोफेशनल वर्ग में प्रथम स्थान एनसीसी सीनियर डिवीजन बालक, द्वितीय स्थान गाइड दल सीनियर, तृतीय स्थान एनसीसी सीनियर डिवीजन बालिका को प्राप्त हुआ एवं स्काउट दल सीनियर को सांत्वना पुरस्कार प्राप्त हुआ। समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोरबा को मिला प्रथम पुरस्कार
मुख्य समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम में दर्शकों का मनमोहक मनोरंजन किया और समारोह के वातावरण को अत्यंत हर्षोल्लासपूर्ण एवं गरिमामय बना दिया। समारोह में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोरबा को प्रथम स्थान, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय को द्वितीय स्थान, डीडीएम पब्लिक स्कूल को तृतीय पुरस्कार और न्यू एरा प्रोग्रेसिव स्कूल तथा जैन पब्लिक स्कूल, गोढ़ी को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य विभाग की झांकी ने प्राप्त किया प्रथम पुरस्कार
’77वें गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में आज 14 शासकीय विभागों द्वारा आकर्षक और जीवंत झांकियों का प्रदर्शन किया गया। समारोह में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की झांकी को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ, वनमण्डल कोरबा की झांकी को द्वितीय और नगर पालिका निगम कोरबा की झांकी को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। समारोह में प्रस्तुत झांकियों ने विभागों के रचनात्मक प्रयासों और सामाजिक संदेशों को प्रदर्शित करते हुए कार्यक्रम की गरिमा और आकर्षण को बढ़ाया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले 103 अधिकारी-कर्मचारियों को किया गया सम्मानित
जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि श्री वर्मा द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के कुल 103 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित अधिकारियों और कर्मचारियों में कलेक्ट्रेट कार्यालय, जिला पंचायत, नगरीय निकाय, पुलिस विभाग, वनमण्डल कोरबा व कटघोरा, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, तहसील कार्यालय, जनपद कार्यालय सहित अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे।
कार्यक्रम में महापौर नगर निगम कोरबा श्रीमती संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, एसपी सिद्धार्थ तिवारी, वनमण्डलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत, सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, गोपाल मोदी, डॉ राजीव सिंह, जोगेश लांबा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं आम जनता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कोरबा। जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में कलेक्टर ने लोक स्वास्थय यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूर्ण हो चुके कार्यों को संबंधित ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किया जाए तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) उनका क्रॉस वेरिफिकेशन करें। उन्होंने निर्देश दिए कि मार्च 2028 तक सभी लंबित कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिन योजनाओं में नल से नियमित रूप से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित होगी, उन्हीं कार्यों का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने ग्राम स्तर पर जल एवं स्वच्छता समितियों की नियमित बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए। पाली के वनांचल क्षेत्र में योजना की दुर्गति कोरबा जिले के पाली ब्लाक के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के कार्यों की दुर्गति है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खण्ड कोरबा के कार्यपालन अभियंता रमन उरांव को जानकारी देने के बाद भी साल भर से निरीक्षण करने का समय तक नहीं मिला। क्षेत्र में काम करने वाले ठेकेदारों ने केन्द्र की इस महत्वाकांक्षी योजना का बंटाधार कर दिया है और यदि सही जांच कराई जाए तो करोड़ों का भ्रष्टाचार निकलेगा। जल जीवन मिशन में कार्य करने वाले ठेकेदार करोड़पति बन गए और इनके तथा अधिकारियों की मिलीभगत से जहां योजना का लाभ अधिकांश एवं गांवों को नहीं मिल पा रहा है, वहीं गुणवत्ताहीन निर्माण कार्यों से योजना प्रारंभ होने से पहले ही दम तोड़ रही है और ठेकेदार भी कार्यवाही के अभाव में मदमस्त हैं।
मानदेय शिक्षकों की भर्ती में गड़बड़ी की शिकायत पर प्रधानपाठकों की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश कोरबा। समय सीमा की बैठक में मंगलवार को कलेक्टर कुणाल दुदावत के तेवर सख्त दिखे। उन्होंने शिक्षा विभाग की समीक्षा में विभाग की लापरवाही देखी। शिक्षा विभाग के अंतर्गत स्कूलों में पाठ्यपुस्तकों के वितरण एवं स्कूलवार स्कैनिंग कार्य की समीक्षा की। मानदेय शिक्षकों की भर्ती में गड़बड़ी संबंधी प्राप्त शिकायतों के निराकरण में प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर ने संबंधित प्रधानपाठकों की वेतनवृद्धि रोकने तथा जिला शिक्षा अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकासखंड कोरबा एवं पोड़ी-उपरोड़ा में स्कैनिंग की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए 31 जुलाई तक सभी विकासखंडों में शत-प्रतिशत स्कैनिंग पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने वेंडर से समन्वय कर सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत बालिकाओं को शीघ्र साइकिल वितरण सुनिश्चित करने तथा स्कूली विद्यार्थियों को गणवेश का दूसरा सेट उपलब्ध कराने के लिए उच्च अधिकारियों से समन्वय करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पीएम पोषण गार्डन के लिए विद्यालयों की जानकारी 31 जुलाई तक उपलब्ध कराने, अहाताविहीन विद्यालयों की सूची तैयार करने तथा संबंधित जनपद पंचायतों के सीईओ को सरपंच एवं सचिव के माध्यम से उसका सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अपार आईडी से वंचित विद्यार्थियों के लिए 1 अगस्त से 31 अगस्त तक विशेष शिविर आयोजित कर अपार आईडी बनाने तथा आधार एवं यू-डाइस से संबंधित त्रुटियों का निराकरण करने के निर्देश दिए। छात्र सुरक्षा बीमा की राशि समय पर उपलब्ध नहीं कराए जाने की शिकायत के मामले में कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के संबंधित शाखा प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
कोरबा। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कुणाल दुदावत ने विकासखंड कटघोरा अंतर्गत संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, छुरीकला में विद्यार्थियों द्वारा विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं से संबंधित प्राप्त गंभीर शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए चार सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति को प्रकरण की निष्पक्ष एवं तथयपरक जांच कर एक सप्ताह के भीतर अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्राचार्य को हटाने बच्चों ने विधायक पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन के काफिले का कर दिया था घेराव
गठित जांच समिति में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा, तहसीलदार कटघोरा, सहायक लेखा अधिकारी तथा कनिष्ठ लेखा अधिकारी (कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, कोरबा) को सदस्य बनाया गया है। समिति विद्यालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों को प्रदत्त सुविधाओं तथा शिकायतों से जुड़े सभी बिंदुओं की विस्तृत जांच करेगी। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के हितों एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। शिकायतों की निष्पक्ष जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सहायक आयुक्त की कार्यशैली पर भी सवाल!
एकलव्य आवासीय विद्यालय में बच्चों ने कुछ दिन पूर्व पुलिस में शिकायत की थी, लेकिन सहायक आयुक्त को निरीक्षण करने का समय ही नहीं मिला। महीनों से बच्चों को दूषित भोजन दिया जा रहा, लेकिन सहायक आयुक्त को कुछ पता ही नहीं।