कोरबा
अपने स्कूल के आसपास, शिक्षकों को मिलेगा आवास
20 नए शिक्षक आवास के निर्माण हेतु 09 करोड़ 13 लाख की मिली प्रशासकीय स्वीकृति
आर्थिक, मानसिक और शारीरिक कष्ट होंगे दूर
कोरबा । जिले के दूरस्थ क्षेत्र के स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षक अक्सर आवास के लिए जूझते हैं। आवास नहीं होने की वजह से वे या तो कई किलोमीटर दूर तक सफर कर स्कूल पहुंचते हैं या फिर मजबूरी में स्कूल के आसपास किसी तंग कमरे में अथवा किराए में रहते हैं। स्कूल के आसपास कमरा नहीं मिलने पर लंबी दूरी तय कर विद्यालय पहुंचने से शिक्षकों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ती है। शारीरिक थकावट के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है। थके हुए हालातों में उनका मन भी विद्यार्थियों को ठीक से पढ़ाने में नहीं लगता। कुछ इसी तरह की शिक्षकों की समस्याओं को दूर करने की पहल कोरबा जिले में की जा रही है। अनुसूचित जिले में शिक्षा के महत्व को ध्यान रखकर जिले के कलेक्टर अजीत वसंत द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों के आसपास डीएमएफ से 20 रेसिडेंशियल हॉस्टल (शिक्षक आवास) स्वीकृत किए हैं। लगभग 09 करोड़ 12 लाख 90 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति भी दी गई है। आने वाले दिनों में शिक्षकों को अपने आसपास के विद्यालयों में आवास मिलने पर वे नियमित रूप से अपनी उपस्थिति स्कूल में दे पाएंगे। इस व्यवस्था से विद्यालयों में विद्यार्थियों को भी समय पर शिक्षा मिलेगी।
जिले में शिक्षा के क्षेत्र में अभिनव पहल लगातार जारी है। इसी कड़ी में शिक्षक आवास की व्यवस्था भी जिले की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कारगर साबित होगी। शिक्षकों के लिए जिले में जिला खनिज संस्थान न्यास से 20 रेसिडेन्शियल हॉस्टल की स्वीकृति प्रदान की है। जिले के पोड़ी-उपरोड़ा, कोरबा, पाली, करतला ब्लॉक अंतर्गत दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों में अध्यापन कराने वाले शिक्षकों के लिये आवास की पूर्ति होने पर उन्हें काफी सहूलियत मिलेगी। इन रेसिडेन्शियल हॉस्टलों में नजदीकी क्षेत्र के विद्यालयों में अध्यापन कराने वाले शिक्षक रूक पाएंगे। कोरबा विकासखण्ड के संकुल श्यांग, संकुल अजगरबहार, संकुल लेमरू, संकुल कुदमुरा, करतला विकासखण्ड अंतर्गत संकुल बरपाली, संकुल करतला, संकुल कोरकोमा, संकुल रामपुर, कटघोरा विकासखण्ड अंतर्गत संकुल रंजना, संकुल कटघोरा में रेसिडेन्शियल हॉस्टल का निर्माण कार्य हेतु 10 स्थानों पर ग्रामीण स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को एजेंसी नियुक्त करते हुए प्रत्येक संकुलों के लिए राशि 4169000 के मान से प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसी तरह लोक निर्माण विभाग को क्रियान्वयन एजेंसी नियुक्त करते हुए पोड़ी-उपरोड़ा विकासखण्ड अंतर्गत संकुल पसान, संकुल मोरगा, संकुल जटगा, संकुल कोरबी तथा पाली विकासखण्ड के संकुल जेमरा, संकुल तिवरता, संकुल उतरदा, संकुल चोढ़ा, संकुल सिल्ली और संकुल सपलवा में रेसिडेन्सियल हॉस्टल के निर्माण हेतु प्रत्येक के लिए अलग-अलग 49 लाख 60 हजार के मान से प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। आने वाले कुछ दिनों में शिक्षक आवास बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। शिक्षक आवास बनाए जाने की पहल को जिले के शिक्षकों ने सराहा है। उनका कहना है कि आवास की कमी दूर होने से शिक्षकों को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक समस्याओं का सामना नहीं करना पडे़गा।
कोरबा
भाजपा के पक्ष में उमड़ा जनसमर्थन, कांग्रेस की पार्षदों ने थामा कमल
दीपका उपचुनाव में भाजपा का दमदार जनसंपर्क अभियान, कांग्रेस को बड़ा झटका
कोरबा/दीपका। नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक 15 के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में भाजपा प्रत्याशी ऋषि सिदार के पक्ष में व्यापक घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने वार्डवासियों से संपर्क कर भाजपा को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। जनसंपर्क अभियान के दौरान वार्ड में भाजपा के पक्ष में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। नागरिकों ने केंद्र की मोदी सरकार एवं प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार के कार्यों पर भरोसा जताते हुए भाजपा को समर्थन देने का भरोसा दिलाया।

पूर्व एवं वर्तमान कांग्रेस के पार्षदों ने थामा कमल

इस बीच कांग्रेस को बड़ा झटका तब लगा, जब पूर्व कांग्रेस पार्षद श्रीदेवी नायर एवं वर्तमान पार्षद श्रीमती शांति देवी राजपूत ने भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की गरीब कल्याणकारी योजनाओं तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के सुशासन से प्रभावित होकर भाजपा परिवार की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा नेताओं ने दोनों जनप्रतिनिधियों का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि उनके भाजपा प्रवेश से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। जनसंपर्क अभियान में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, वरिष्ठ नेता एवं उपचुनाव प्रभारी ज्योतिनंद दुबे, जिला संगठन सह प्रभारी बृजेंद्र शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, जिला उपाध्यक्ष व दीपका मंडल के प्रभारी योगेश जैन, लकी नंदा, मंडल अध्यक्ष राजू प्रजापति, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री संतोषी दीवान, एमआईसी सदस्य अजय चंद्रा, जिला मंत्री अजय दुबे, जिला कार्यसमिति सदस्य, मंडल पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्षगण एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि वार्ड के सम्मानित मतदाताओं का उत्साह और भाजपा के प्रति बढ़ता विश्वास निश्चित रूप से पार्टी की विजय का मार्ग प्रशस्त करेगा।
कोरबा
कोरबा में बोलेरो की टक्कर से मासूम सहित दो घायल:एक्टिवा और बाइक को मारी टक्कर, गुस्साई भीड़ ने वाहन में की तोड़फोड़
कोरबा। कोरबा के बुधवारी बायपास मार्ग पर बुधवार देर रात तेज रफ्तार बोलेरो ने एक्टिवा और बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 10 वर्षीय मासूम सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र के पेट्रोल पंप के पास की है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बोलेरो की रफ्तार काफी तेज थी। ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और पहले एक्टिवा, फिर बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक्टिवा सवार 10 वर्षीय मासूम बच्चा उछलकर दूर जा गिरा, जबकि बाइक सवार भी सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया।

आक्रोशित भीड़ ने टक्कर मारने वाले वाहन के साथ थोड़-फोड़ की
हादसे के बाद भड़के लोग
घटना के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायलों की हालत देखकर लोग आक्रोशित हो गए और बोलेरो वाहन में तोड़फोड़ शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि कुछ लोग वाहन में आग लगाने की तैयारी में थे।
सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने भीड़ को शांत कराया और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार मासूम बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है।
बोलेरो में सवार थे NCC कैडेट्स
स्थानीय लोगों ने बताया कि बोलेरो वाहन में NCC कैडेट्स के जवान सवार थे, जो किसी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर ड्राइवर से पूछताछ शुरू कर दी है।
अतिक्रमण को भी बताया हादसे की वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि बुधवारी बायपास स्थित पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे वाहनों की बेतरतीब पार्किंग और अतिक्रमण के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन इस दिशा में कार्रवाई नहीं कर रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाया। मामले की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
कोरबा
मुंबई के व्यापारी के 10 किलो चांदी के जेवर चोरी:कहा- पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की, बची चांदी जीएसटी में फंसी, व्यापारियों ने किया घेराव
कोरबा। कोरबा में मुंबई के व्यापारी संजय कुमार बाहेती के 10 किलो चांदी के जेवर बस से चोरी हो गए। व्यापारी का आरोप है कि पुलिस चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है, जबकि चोरी से बची 12.377 किलो चांदी केंद्रीय जीएसटी कार्यालय में फंसी हुई है। इस मामले में पुलिस और जीएसटी अधिकारियों के रवैये से परेशान होकर व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन किया है।

जानकारी के मुताबिक संजय कुमार बाहेती 13 मई को 23 किलो चांदी के जेवर लेकर अंबिकापुर से रायपुर जा रहे थे। रात करीब 1 बजे बांगो थाना क्षेत्र के एक होटल पर बस रुकी। संजय यूरिन के लिए नीचे उतरे और अपने तीन बैग सीट पर ही छोड़ दिए। वापस लौटने पर उन्होंने पाया कि 10 किलो चांदी वाले दो बैग गायब थे।
संजय का आरोप है कि बस ड्राइवर ने उन्हें गुमराह किया और किसी से बात नहीं करने दी। जब उन्होंने बांगो थाने में शिकायत की, तो पुलिस ने उन पर ही चोरी का शक जताया। पुलिस ने कथित तौर पर कहा कि उनके पास कोई माल नहीं था, और यदि था भी तो चोरी उन्होंने खुद की है।
इसके बाद पुलिस ने चोरी से बचे 12.377 किलो जेवर जब्त कर संबंधित कागजात जीएसटी कार्यालय भेज दिए।

संजय का आरोप है कि बस ड्राइवर ने उन्हें गुमराह किया और किसी से बात नहीं करने दी।
जीएसटी कार्यालय में अटकी चांदी, व्यापारी परेशान
अब संजय पिछले कई दिनों से जीएसटी कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। उनके अनुसार, सभी आवश्यक कागजात जमा करने के बावजूद अधिकारी जेवर वापस करने के लिए क्लीयरेंस नहीं दे रहे हैं। इस परेशानी के बाद संजय ने कोरबा के स्थानीय व्यापारियों से मदद मांगी।
व्यापारियों का विरोध, आंदोलन की चेतावनी
संजय की समस्या सुनने के बाद छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के जिला अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, जगदीश सोनी, सुभाष अग्रवाल सहित कई पदाधिकारी बुधवार शाम को जीएसटी कार्यालय पहुंचे। व्यापारियों ने अधिकारियों के रवैये पर नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि यदि सभी दस्तावेज जमा करने के बाद भी व्यापारी को परेशान किया जा रहा है, तो यह दर्शाता है कि छत्तीसगढ़ में निर्भय होकर कारोबार करना संभव नहीं है। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि मुंबई के व्यापारी को न्याय नहीं मिला, तो कोरबा के व्यापारी आंदोलन करेंगे।
उन्होंने बांगो पुलिस के व्यवहार पर भी खेद व्यक्त किया और आरोप लगाया कि पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज करने के बजाय व्यापारी पर ही आरोप लगा दिया।

कोरबा के व्यापारियों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
-
Uncategorized8 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा2 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
