Connect with us

कोरबा

सराफा कारोबारी गोपालराय सोनी हत्याकांड: दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

Published

on


मृतक सोनी का ड्राइव्हर और उसका भाई निकला मास्टर माइंड
300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के विश्लेषण के बाद हुई आरोपियों की पहचान
आईजी शुक्ला, एसपी तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस ली, गोपाल राय हत्याकांड का किया खुलासा

कोरबा। गत 05 जनवरी की रात्रि 9.30 से 10.00 बजे के बीच कोरबा के जाने माने सराफा कारोबारी गोपालराय सोनी की हत्या के मामले में आज बिलासपुर आईजी डॉ. संजीव शुक्ला, एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में पत्रकार वार्ता ली और हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने की जानकारी दी।
आईजी संजीव शुक्ला ने बताया कि मृतक का ड्राइव्हर और उसका भाई (पूर्व ड्राइव्हर) ही हत्याकांड का मास्टरमाइंड निकले। पुलिस ने ड्राइव्हर आकाश गोस्वामी और मोहन मिंज को गिरफ्तार किया है। जबकि सूरज गोस्वामी फरार है। पुलिस ने हुंडई क्रेटा कार एवं उसकी पत्नी से लूटा गया मोबाईल बरामद कर लिया है, जबकि मृतक गोपालराय सोनी का मोबाईल सूरज के पास है और अटैची को दर्री डेम में आरोपियों द्वारा फेंक दिया गया है। आरोपी सूरजपूरी गोस्वामी की पतासाजी के लिए अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों की ओर रवाना कर दी गई है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा आईजी ने किया है।
दुकान लूटने की थी साजिश
आईजी डॉ. संजीव शुक्ला एवं एसपी ने बताया कि गोपालराय सोनी की हत्या की मंशा आरोपियों की नहीं थी, लेकिन जब पूर्व ड्राइव्हर सूरजपुरी गोस्वामी, उसका भाई ड्राइव्हर आकाशपुरी गोस्वामी और मोहन मिंज घर के अंदर दीवार फांद कर अंदर घूसे तो मृतक गोपालराय सोनी ने सूरजपुरी गोस्वामी को घर के अंदर स्थापित मंदिर के पास छुपते हुए देख लिया और भांडा फूटने के डर से सूरजपुरी गोस्वामी तथा उसका भाई आकाशपुरी गोस्वामी ने तीन फलक हथियार से गोपालराय सोनी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और स्पाट पर ही उसकी मौत हो गई। गोपालराय सोनी फर्श पर बेहोश पड़े हुए थे और चारों तरफ खून बह रहा था। जब घर वालों को पता चला और उसका पुत्र नचीकेता सोनी अपने निवास स्थान लालूराम कालोनी पहुंचा और ड्राइव्हर को फोन किया कि गाड़ी कहां है, तो ड्राइव्हर आकाश ने फोन पर बताया कि चाबी जहां रखी होती है,वहीं रखकर आ गया हूं। आरोपी आकाश गोस्वामी ने बताया कि सूरज को बहुत सारा कर्ज हो गया था और गोपालराय सोनी अपनी अटैची में चाबी रखते थे, जिसे हासिल करना उनका लक्ष्य था और रात को दुकान अमृता ज्वेलर्स लूटने की रणनीति थी, लेकिन गोपालराय ने आकाश और सूरज को देख लिया था, जिसके कारण उन्हें मारना पड़ा।
डीडीएम रोड से बालको पहुंचे आरोपी
तीनों आरोपी मृतक की कार के्रटा क्रमांक जेएच-01, सीसी-4455 पर सवार होकर डीडीएम रोड होते हुए नदिया खार, रूमगरा होते हुए परसाभांठा लालघाट पहुंचे और सूरज ने अपने दोस्त दीपक को कहा कि हम लोग दारू भी लालघाट के पास हैं, हमें घर छोड़ दो। दीपक ने तीनों आरोपियों को उनके घर छोड़ा और रात भर वे अपने घर में ही थे। बाद में वे फरार हो गए। सूरज, आकाश एवं मोहन मिंज तीनों ही अस्थायी रूप से कुंआ भा में रह रहे थे और घटना को अंजाम दिया।
80 से अधिक पुलिस कर्मी घटना का पर्दाफाश करने में लगी थी
आईजी ने बताया कि 80 से अधिक पुलिस कर्मियों की 14 टीम बनायी गई थी और कम समय में ही मामले का खुलासा हो गया। पुलिस सहायता केन्द्र सीएसईबी चौकी में धारा 103 (1), 307, 309 (4), 332 (क), 333, बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया और इसी धारा के तहत सिविल लाईन थाना में अपराध क्रमांक 12 दर्ज किया गया और आरोपियों की धरपकड़ शुरू की गई। नृशंस हत्याकांड का खुलासा होने के बाद आईजी ने एसपी सहित टीम के सभी सदस्यों का सम्मान करने की बात कही और कहा कि पुलिस महानिदेशक से इस हत्याकांड का खुलासा करने के लिए टीम को सम्मानित करने का आग्रह किया जाएगा। मामले का खुलासा करने में एसपी सिद्धार्थ तिवारी, एएसपी यूगेश चौहान,रविन्द्र कुमार मीणा, सीएसपी कोरबा भूषण एक्का, सीएसपी दर्री विमल पाठक सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारियों की भूमिका सराहनीय रही।
हथियार और अटैची भी जल्द होगी जप्त
आईजी श्री शुक्ला ने बताया कि आरोपियों ने गोपालराय सोनी की अटैची को दर्री डेम में फेंका था और उसे खोजने गोताखोर लगाया गया है। पानी पेयजल के लिए स्टोर किया गया है, जिसे हम खाली नहीं करा सकते और गोताखोर अटैची को ढूंढने में लगे हुए हंै। आईजी और एसपी ने बताया कि हथियार सूरज के पास है और उसकी गिरफ्तारी के बाद हथियार भी बरामद कर लिया जाएगा।
एक सप्ताह पूर्व से कर रहे थे रेकी
आईजी और एसपी ने बताया कि ड्राइव्हर आकाश गोस्वामी और उसका भाई सूरज गोस्वामी, अपराधी मोहन मिंज के साथ दुकान लूटने के लिए गोपाल राय से दुकान की चाबी हथियाने की साजिश एक सप्ताह पूर्व से कर रहे थे और एक सप्ताह से इसमें लगे हुए थे। लालूराम कालोनी स्थित निर्माणाधीन मकान के पास लगे मजदूरों के साथ ही ये आरोपी बैठक कर रेकी कर रहे थे लेकिन कामयाब नहीं हो सके और 5 जनवरी को ये तीनों दीवार फांदकर मृतक के घर पहुंचे, लेकिन गोपालराय सोनी ने घर में घूसे सूरज और आकाश को पहचान लिया था और पहचानने के कारण ही आरोपियों ने गोपालराय सोनी की नृशंस हत्या कर दी।
कर्ज में डूबा था सूरज
आईजी ने बताया कि आरोपियों की मंशा दुकान लूटने की थी और गोपालराय से दुकान की चाबी हासिल करना थी लेकिन आरोपियों की पहचान गोपालराय ने कर ली थी, जिसके कारण आकाश और सूरज ने गोपालराय को त्रिफलक हथियार से मार दिया। आईजी ने बताया कि मास्टरमाइंड आकाश और सूरज ने कई मामलों के अपराधी मोहन मिंज को गेयर में लिया और इस हत्याकांड को अंजाम दिया। चूंकि सूरज कर्जा में डूबा हुआ था और कर्ज से राहत पाने दुकान लूटने की नियत थी, लेकिन वे सफल नहीं हुए और गोपालराय को मार दिया।

मामले का संक्षिप्त विवरण

प्रार्थी नचिकेता रॉय सोनी निवासी लालू राम कॉलोनी के यहाँ दिनांक 05.01.2025 की रात्रि अज्ञात बदमाशों द्वारा उनके पिता गोपाल राय सोनी की हत्या कर घर में रखी केटा कार कमांक झ-01 सीसी-4455 में मृतक गोपाल राय सोनी की अटैची एवं नचिकेता राय सोनी की मॉ का मोबाईल लेकर भाग जाने की सूचना पर पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्वार्थ तिवारी (भा.पु.से.) उपलब्ध अधिकारियों/कर्मचारियों तथा एफएसएल कोरबा मोबाईल यूनिट डाग स्कायर्ड सहित मौके पर पहुंचे । फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ को घटना स्थल पहुंचने के निर्देश दिये जाकर घटना स्थल सुरक्षित किया गया । मृतक के पुत्र नचिकेता राय सोनी की रिर्पोट पर दिनांक 05.01.2025 की रात्रि 23:40 बजे बिना नबंरी चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाईन रामपुर, में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 05.01. 2025 की रात्रि लगभग 10 बजे जब वह अपने घर पहुंचा तब देखा कि घर के पोर्च मे खड़ी हुई सफेद रंग की हुण्डई क्रेटा कार क्रमांक झ-01 सीसी-4455 गायब है, फिर वह अपने घर का दरवाजा जिसमें बाहर से कुण्डी लगी थी, जिसे खोलकर घर अंदर गया तो देखा कि उसके पिता गोपाल रॉय सोनी घायल अवस्था मे लहुलुहान बेहोश फर्श पर पड़े थे तथा शरीर से अत्यधिक रक्त स्त्राव होने के कारण फर्श पर बहुत सारा खून फैला हुआ था, घर का सामान अस्त-व्यस्त था आनन फानन मे उन्हे चिकित्सा हेतु अस्पताल ले जाया गया जहा डाक्टरों ने जाच उपरान्त उनकी मृत्यु होना बताया गया। प्रार्थी ने यह भी बताया कि जब वह घटना उपरांत गेट खेलकर घर के अंदर गया तब उसकी चार पहिया वाहन हुण्डई क्रेटा पोर्च पर खड़ी न होने पर गाड़ी कहा है पूछने के लिए अपने ड्राईवर आकाश पुरी गोस्वामी को फोन किया था जिस पर ड्राईवर ने फोन पर बताया कि चाबी घर मे जहा रखता था वही रखकर घर आ गया हूँ।

    इस सूचना पर पुलिस सहायता केन्द्र सीएसईबी में धारा 103 (1),307,309 (4),332 (क),333 बी.एन.एस का बिना नबंरी अपराध पंजीबद्ध किया गया जिस पर थाना सिविल लाइन रामपुर में असल अपराध क्रमांक 12/2025 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

शहर के बीचो बीच घटित सनसनी खेज एवं नृशंस हत्याकाण्ड को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी (भापुसे) द्वारा पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज डॉ० संजीव शुक्ला (भापुसे) को घटना से अवगत कराते हुए अपने सतत् पर्यवेक्षण में भा.पु.से./रा.पु.से. संवर्ग के 02-02 तथा अराजपत्रित पुलिस अधिकारी / कर्मचारी वर्ग के 80 से अधिक पुलिस कार्मिको मे से 14 टीमों को अलग-अलग टॉस्क देकर आरोपियों की पतासाजी में लगाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूबीएस चौहान, रविंद्र कुमार मीना (भापुसे), नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा भूषण एक्का, नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक (भापुसे) के नेतृत्व में दक्ष पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीमें बनाकर अंधे कत्ल के इस प्रकरण में शामिल आरोपियों की पहचान स्थापित कर कार्यवाही के निर्देश दिये गये। पुलिस महानिरीक्षक द्वारा घटना स्थल पहुंचकर विवेचना टीम को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

अनुसंधान के दौरान घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो मे 02 व्यक्तियों के नकाबपोश हालत में देखे जाने की पुष्टि होते ही अलग अलग टीमों द्वारा शहर के विभिन्न रास्तो के सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज का विश्लेषण एवं अज्ञात नकाबपोशों की पतासाजी के लिए अलग अलग विवेचना टीमें रवाना कर विभिन्न संदेहियों से पूछताछ एवं सूचना तंत्र को सकिय किया गया। तकनीकी विशलेषण हेतु एक दक्ष टीम द्वारा 370 से अधीक सीसीटव्ही कैमरों के एनालिसिस एवं संदेहियों से पूछताछ अलग अलग टीमों द्वारा किया जा रहा था। इसी बीच मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुंआभठ्ठा निवासी मोहन मिंज के हाथ मे चोट लगी है जिसकी कदकाठी/चाल ढाल सीसीटीव्ही मे देखे गए संदेहियों से मिलती जुलती है। घटना स्थल के निरीक्षण मे जिस तरह मौके पर रक्त स्त्राव हुआ था और घटना मे हुण्डई हण् क्रेटा कार में रक्त के धब्बे पाये गए थे उससे संदेही मोहन मिंज पर युक्ति युक्त संदेह हाने पर हिरासत में लेकर पूछताछ कि गई लेकिन वह अपनी घटना स्थल पर उपस्थिति से इंकार करता रहा। मोहन मिंज के बाए हाथ की मध्यमा अंगुली में लगी चोट के बारे मे टाईल्स काटते समय धोखे से कट जाना बताया परन्तु कब कहाँ टाईल्स का काम कर रहा था नही बता सका। लगातार पूछताछ एवं बयानों की तश्दीक के बाद अंततः घटना में अपनी संलिप्तता बताते हुए मामलें का खुलासा कर ही दिया। मोहन मिंज ने पूछताछ में बताया कि उसके मोहल्ले कुंआ भठ्ठा का रहने वाला सूरज पुरी गोस्वामी जो पहले गोपाल राय सोनी की गाड़ी चलाता था परिचित है एक दिन बोला कि प्लान करके गोपाल रॉय सोनी के यहां चोरी करते है और अभी गोपाल राय सोनी के यहां उसी का भाई आकाश ड्रायवरी करता है वह भी मद्द करेगा अगर सेठ के दुकान की चाबी मिल जाये तो हम लोगों को खुब सारा सोना-चांदी, रूपए पैसे मिल जायेंगा लेकिन दुकान की चाबी सेठ अपनी अटैची में लेकर चलता है। लगभग 01 महीने पहले सूरज ने अपने भाई आकाश से भी मिलवाया और आकाश बोला कि जब सेठजी अकेले घर में रहेगें और नचिकेता भईया बाहर चले जायेगें तब मैं खबर कर दूंगा आप लोग डरा धमका कर चाभी ले लेना और एस.एस. प्लाजा स्थित सेठ जी की दुकान अमृता ज्वेलर्स से चोरी करेगें तो बहुत सारा सोना-चांदी मिल जायेगा। सूरज और आकाश की योजना के अनुसार हम लोग प्लानिंग कर रहे थे कि दिनांक 05.01.2025 को आकाश ने सूरज के माध्यम से खबर दी तब यह नीला जिंस शर्ट और ग्रे कलॅर का जैकेट पहनकर चेहरा छिपाने के लिए मंकी कैप लगाकर सेठ के घर के बगल में जहाँ निर्माण कार्य चल रहा है सूरज के साथ छिपकर बैठे थे इस बीच आकाश ने फोन करके बताया कि अभी घर में सेठ और सेठानी ही हैं जिस पर घर में दिवार के सहारे उतरकर गोपाल राय सोनी के घर कमरें में गये । हम लोगों की योजना थी कि अटैची में रखी चाभी लेकर भाग जायेगें लेकिन सेठ गोपाल राय सोनी उस समय अपनी पत्नि के कमरे मे थे उन्हे आता देखकर हम लोग छिप गए और सेठजी के हॉल के भीतर बने मंदिर तरफ आने पर सूरज पुरी गोस्वामी ने सेठजी को धकेल दिया फिर हम लोगो ने सेठजी को मिलकर दबोचने का प्रयास किये लेकिन सेठ के बीच बचाव करने पर सूरज ने अपने साथ रखे चाकू से अंधाधुंध वार करना शुरू कर दिया सूरज के ताबड़ तोड़ चाकू चलाने से मेरी बायें हाथ की बीच वाली उंगली में गहरी चोट आ गयी और सेठ जी भी घायल होकर नीचे फर्श पर गिर पड़े फिर हम लोग डर गये इस बीच आकाश ने फोन किया कि तुम लोग जल्दी भागो नही तो पकड़े जाओगें। भागते समय अंटी का मोबाईल मैनें (मोहन) तथा सेठ जी का मोबाईल अटैची और डीवीआर लेकर सूरज कमरे के बाहर आयें और गैरेज में रखी सेठ जी की केटा कार जिसें सूरज चला रहा था और मैं बैठा था निकलकर घटना स्थल से राताखार होते हुए बालको गये फिर गाड़ी खड़ा करके अपने-अपने घर आ गये। आरोपी मोहन के मेमोरण्डम पर घटना में प्रयुक्त उसका मोबाईल, सेठ जी की पत्नि से छीना गया मोबाईल बरामद किया गया दिनांक घटना समय को मोहन द्वारा पहना गया स्पोर्ट शू, जिन्स शर्ट, मास्क, मंकी कैप जप्त किया गया षडयंत्र में शामिल आकाश पुरी गोस्वामी (मृतक के वर्तमान चालक) से पूछताछ की गई जिस पर वह अपने आप की संलिप्ता से इंकार करता रहा परंतु मोहन मिंज के साथ आमना-सामना कराने पर आकाश पुरी गोस्वामी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए घटना में प्रयुक्त अपना एवं एक अन्य बटनदार मोबाईल बरामद कराया । आरोपी सूरज पुरी गोस्वामी की तलाश करने पर घर मे नही मिला संभवतः पुलिस कार्यवाही की भनक लगते ही फरार हो गया है जिसकी पतासाजी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें उसकी पतासाजी कर रही है।

प्रकरण में आरोपियों कमशः -
  1. आकाश गिरी गोस्वामी पिता जगदीश पुरी गोस्वामी उम्र 24 वर्ष निवासी मकान नं 107, कुआभट्ठा चौकी मानिकपुर थाना कोतवाली जिला कोरबा।
  2. मोहन मिंज पिता गोपाल मिंज उम्र 23 वर्ष निवासी कुआभठ्ठा चौकी मानिकपुर थाना कोतवाली जिला कोरबा।

को गिरफ्तार कर गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को दी गई गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जाता हैं।

फरार आरोपीः-

  1. सुरज गिरी गोस्वामी पिता जगदीश पुरी गोस्वामी उम्र 28 वर्ष निवासी मकान नं 107, कुआभट्ठा चौकी मानिकपुर थाना कोतवाली जिला कोरबा। अब तक की विवेचना मे पाया गया कि मुतक गोपाल राय सोनी के यहा ड्राईवरी काम करने वाले दोनो भाईयों क्रमशः सूरज पुरी गोस्वामी एवं आकाश पुरी गोस्वामी द्वारा योजनाबद्ध तरीके से मोहन मिंज के साथ मिलकर गोपाल राय सोनी के घर से अंमृता ज्वेलर्स कि चाभी चुराकर उसी की क्रेटा कार मे जाकर जेवरात् नगदी चोरी करने कि योजना बनाई गई थी, परन्तु पहचान हो जाने से गोपाल राय सोनी के साथ हुए संघर्श मे धारदार हथियार से सुरज एवं मोहन मिंज ने मिलकर हत्या कर दी।

इस सनसनी खेज एवं चुनौती पूर्ण अंधे कत्ल के खुलासे मे निरीक्षक प्रमोद डनसेना थाना प्रभारी सिविल लाईन रामपुर, निरीक्षक मोतीलाल पटेल थाना प्रभारी कोतवाली, निरीक्षक रूपक शर्मा थाना प्रभारी कुसमुण्डा, निरीक्षक अभिनवकांत सिंह थाना प्रभारी बालको, निरीक्षक युवराज तिवारी थाना प्रभारी उरगा, उप निरीक्षक प्रभाकर तिवारी सायबर सेल बिलासपुर, उप निरीक्षक अजय सोनवानी प्रभारी सायबर सेल, उप निरीक्षक प्रेमचंद साहू थाना प्रभारी दीपका, उप निरी जितेन्द्र यादव प्रभारी चौकी सीएसईबी, उप निरीक्षक परमेश्वर राठौर, सउनि राम पाण्डेय, सउनि अजय सिंह, सउनि महिपाल सिंह, सउनि कुलदीप तिवारी, सउनि अनिता खेस, (सायबर सेल कोरबा से प्र.आर. गुनाराम सिन्हा आर. प्रशांत सिंह, आर. डेमन ओगरे, आर. विरकेश्वर प्रताप सिंह, आर. रवि कुमार चौबे, आर. सुशील यादव, आर. आलोक टोप्पो, म. आर. रेणु टोप्पो) प्र.आर. नरेन्द्र रात्रे, प्र.आर. दिलीप झा, प्र.आर. संतोष तिवारी, प्र.आर. चन्द्रशेखर पाण्डेय, प्र. आर. सुधांशु शर्मा, आर. विपिन बिहारी नायक, आर. चन्द्रकांत गुप्ता, आर. नितेश तिवारी, आर. संजय रात्रे, आर. गंगाराम डाण्डे, आर. विकास कोसले, आर. संदीप भगत, आर. योगेश राजपूत, आर. अशोक चौहान, आर. देव कुर्रे, आर. गोपीराम दिव्य, आर. हेराम चौहान, आर. हरीश मरावी, आर. शैलेन्द्र सिदार, आर. प्रेमेन्द्र चन्द्रा, म. आर. रेहाना फातिमा, आर. हितेश राव, आर. विरेन्द्र पटेल, आर. विशाल वर्मा, आर. ओमप्रकाश निराला, आर. अभिजीत पाण्डेय, आर. कौशल प्रसाद, आर. आशीष साहू, आर. संजू श्रीवास, आर. संदीप सिंह, आर. आलोक पाण्डेय, आर. सुनील सिंह, प्र.आर. मनोज ठाकुर, आर. चन्द्रसेन खुंटे, आर. नीरज डेनियल, आर. देवराज, आर. गुफरान, आर. ओमप्रकाश साहू, आर. दिनेश निराला, आर. प्रेम मरकाम, आर. मनबोध भारती, आर. कृपाल सिंह, आर. सूरज भारद्वाज, आर. रितिक पटेल, आर. सुरेश खुंटे आदि की भूमिका सराहनीय रही।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

बाबा साहेब लोकप्रिय, भारतीय विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ और समाज सुधारक थे

Published

on

कोरबा। डॉ. भीमराव राम जी अम्बेडकर बाबा साहेब लोकप्रिय, भारतीय विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ और समाज सुधारक थे। उन्होंने दलित एवं बौद्ध आंदोलन को प्रेरित किया और दलितों के खिलाफ सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध अभियान चलाया। श्रमिकों और महिलाओं के अधिकारों का समर्थन किया। वे स्वतंत्र भारत के प्रथम कानून मंत्री एवं भारतीय संविधान के प्रमुख वास्तुकार थे।

सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने डॉ. अम्बेडकर की 135वीं जयंती अवसर पर जिला कांग्रेस कार्यालय टी पी नगर कोरबा में आयोजित कार्यक्रम में उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए यह बात कही।

पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद ने बताया कि कोलंबिया विश्वविद्यालय और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स दोनों ही विश्वविद्यालयों से अर्थशास्त्र में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की। उन्होंने विधि, अर्थशास्त्र और राजनीति विज्ञान के शोध कार्य में ख्याति प्राप्त की। जीवन के प्रारम्भिक कैरियर में वह अर्थशास्त्र के प्रोफेसर रहे एवं वकालत की। बाद का जीवन राजनीतिक गतिविधियों में बीता। 1956 में उन्होंने बौद्ध धर्म अपना लिया। 1990 में, मरणोपरांत उन्हे भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारतरत्न से सम्मानित किया गया।

जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नत्थु लाल यादव ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी का जीवन सामाजिक चिंतन पर आधारित था। सामाजिक समानता, मौलिक अधिकार, मानवीय न्याय, समाजवाद तथा देश की एकता के लिए जीवन भर संघर्ष करते रहे।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने बताया कि 15 अगस्त 1947 को भारत के स्वतंत्र होते ही पं. जवाहर लाल नेहरू के नेतृत्व में बनी सरकार में डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने स्वतंत्र भारत के प्रथम कानून मंत्री का पद संभाला था। उन्होने आगे बताया कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर पूरी शक्ति से जीवन भर सामाजिक उत्थान व विकास के लिए कार्य करते रहे।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान ने कहा कि वे हर समाज के प्रेरक थे। उनका दर्शन सामाजिक चिंतन पर ही आधारित था। सामाजिक समानता, मौलिक अधिकार, मानवीय न्याय, समाजवाद तथा देश की एकता के लिए संघर्ष के पथ में उन्होने अपने प्राणों की आहूति भी दी।

कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष नारायण कुर्रे ने कहा कि सच्चे अर्थों में डॉ. अम्बेडकर एक महामानव, सच्चे देश भक्त और महान मानवतावादी थे।

जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सपना चौहान, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी, कांग्रेस    ओ बी सी अध्यक्ष गजानंद साहु, सांसद प्रतिनिधि मोहन प्रधान, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष मो.शाहिद, प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारी रेखा त्रिपाठी, महिला अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ अध्यक्ष पुष्पा पात्रे, पार्षद बद्री किरण, सुकसागर निर्मलकर, डॉ.गोपाल कुर्रे, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, ब्लॉक अध्यक्ष पालुराम साहु, ए डी जोशी, पूर्व पार्षद डॉ.रामगोपाल यादव, सनीष कुमार, जिला महामंत्री एफ डी मानिकपुरी, गिरधारी बरेठ सचिव डॉ.डी आर नेताम, महेन्द्र थवाईत (गुड्डु), रवि खुंटे, सीमा कुर्रे, जगन्नाथ थवाईत, बसंत राम टंडन, अवधेश लाठिया, शशिराज आदि ने भी संबोधित किया । इन्होंने बताया कि बाबा साहब जहां भी सम्मेलनों व सभाओं को संबोधित करते जय भीम के ऊंचे नारों से गगन (आसमान) गुंज उठता था ।
इस अवसर पर ब्लॉक एवं मंडल पदाधिकारी विजय आदिले, रवि टोप्पो, विजय आनंद, फरियाद अली रिजवी, रमेश वर्मा, गणेश दास महंत, विरेन्द्र राठौर, दीपक टंडन, ममता अग्रवाल, झलकुंवर ठाकुर, माधुरी ध्रुव, टिंकी महंत, शांता महंत, त्रिवेणी मिरी, जया लहरे, संगीता जांगड़े, श्याम बाई खुंटे, रज्जाक खान, संतोष यादव, मोहित दास महंत, अनिल सिंह, शहजाद खान सहित अनेकों कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित थे ।

Continue Reading

कोरबा

एसईसीएल में बाबा साहेब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर की 135 वीं जयंती मनाई गई

Published

on

बिलासपुर/कोरबा। आज दिनांक 14 अप्रैल 2026 को एसईसीएल मुख्यालय में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135 वीं जयंती अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक हरीश दुहन के मुख्य आतिथ्य, निदेशक तकनीकी (संचालन) एन. फ्रेंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक(वित्त) डी. सुनील कुमार, निदेशक (योजना/परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र के विशिष्ट आतिथ्य, विभिन्न विभागाध्यक्षों, विभिन्न श्रमसंघ प्रतिनिधियों, एससी/एसटी एसोसिएशन, सिस्टा के पदाधिकारियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, महिलाओं, बच्चों की उपस्थिति में मनाई गई। इस अवसर कार्यक्रम के प्रारम्भ में मुख्य अतिथि एवम विशिष्ट अतिथियों के करकमलों से बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर पुर्ननिर्मित स्थल का लोकार्पण किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने अपने संबोधन में कहा आज राष्ट्र के लिए विशेष दिन है, हम सब बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के संकल्पों, विचारों पर चलें और राष्ट्र-निर्माण, समाज-निर्माण में अपना योगदान देते रहें । एसईसीएल भी उनके विचारों के अनुरूप महिलाओं व वंचित वर्गों के लिए महिला सशक्तिकरण, मेघावी छात्रों के लिए नीट परीक्षा की तैयारी में सहयोग, स्मार्ट क्लासेस, प्रोजेक्ट धरा शक्ति के माध्यम से और भी अधिक महिला सशक्तिकरण की दिशा में कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में उन्होंने डॉ. भीमराव अम्बेडकर पुर्ननिर्मित मनभावन स्थल के लिए भी उपस्थितों को बधाई दिया।

इस अवसर पर श्रम संघ प्रतिनिधि कृष्णा सूर्यवंशी, सुदेश डागोर, एम.पी. जांगडे, डी.पी. दिनकर (मासंवि), संजय साहू, अजय सिंह, राहुल दास, सूरज बघेल ने अपने सम्बोधन में भारत रत्न बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर के जीवन पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम के आयोजन पर प्रबंधन को धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने गौतम बुद्ध एवं बाबा साहेब के चित्र के समीप दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया उपरांत गौतम बुद्ध एवं बाबा साहेब के चित्र पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने माल्यार्पण किया तत्पश्चात बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर की स्थापित प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया उपरांत विभागाध्यक्षों, श्रमसंघ पदाधिकारियों, एससी/एसटी एसोसिएशन, सिस्टा के पदाधिकारियों, अधिकारियों, कर्मचारियों ने बारी-बारी से प्रतिमा पर माल्यार्पण किया ।

कार्यक्रम में दिशा खोब्रागडे, निशा ठावरे एवम उनकी टीम द्वारा बुद्ध वंदना की गयी। कार्यक्रम में उद्घोषणा का दायित्व प्रबंधक (राजभाषा) श्रीमती सविता निर्मलकर ने निभाया।

Continue Reading

कोरबा

साहित्य भवन व सियान सदन को मिली अतिरिक्त भवनों की सौगात

Published

on

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य व महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में किया गया सवा 41 लाख रू. के नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण

उद्योग मंत्री देवांगन ने बालको में सियान सदन निर्माण हेतु 10 लाख रू. प्रदान करने की घोषणा की

कोरबा। कोरबा के घंटाघर स्थित पं.मुकुटधर पाण्डेय साहित्य भवन एवं वहॉं पर स्थित सियान सदन को आज सुविधापूर्ण अतिरिक्त भवनों की सौगात प्राप्त हुई। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सवा 41 लाख रूपये की लागत से निर्मित उक्त दोनों भवनों का लोकार्पण उनके करकमलों के द्वारा किया गया। इस मौके पर निगम के सभापति नूतन सिंह ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, पंकज देवांगन व राकेश वर्मा सहित नगर के वरिष्ठ नागरिकगण, साहित्य भवन के पदाधिकारी व साहित्यकार बंधु उपस्थित थे।

नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा निगम के वार्ड क्र 24 सियान सदन परिसर में जिला खनिज न्यास मद से 23 लाख 65 हजार रूपये की लागत से अतिरिक्त कक्षों का निर्माण, प्रसाधन कक्ष, बाउण्ड्रीवाल, पेवर ब्लाक बिछाने आदि का कार्य कराया गया है, इसी प्रकार उक्त वार्ड में ही स्थित पं.मुकुटधर पाण्डेय साहित्य भवन में विधायक मद से 17 लाख 60 हजार रूपये की लागत से हाल का निर्माण विस्तार कार्य व अन्य व्यवस्थायें की गई हैं। आज प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान उक्त दोनों महत्वपूर्ण कार्यो का लोकार्पण उनके हाथों किया गया।

वरिष्ठजनों का आशीर्वाद सबसे बड़ा धनउद्योग मंत्री देवांगन

इस मौके पर उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा कि वरिष्ठजनों का आशीर्वाद हम सबके लिये सबसे बड़ा धन है, वह व्यक्ति अत्यंत भाग्यशाली है, जिसे बड़े बुजुर्गो का आशीर्वाद नित्य प्राप्त होता है। उन्होने कहा कि जहॉं बुजुर्गो व वरिष्ठजनों का सम्मान किया जाता है, उनकी सेवा की जाती है, उसी स्थान में शुभता का, सुख-समृद्धि का निवास होता है, हमारा परम कर्तव्य है कि हम अपने परिवार व समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान करें, उनकी सेवा करें तथा निरंतर उनका आशीर्वाद प्राप्त करें। उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने आगे कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि आज सियान सदन में नवनिर्मित अतिरिक्त कमरों को बुजुर्गो की सेवा में सौपा जा रहा है, उन्हेाने इस मौके पर नवनिर्मित अतिरिक्त भवन में ए.सी. लगवाये जाने व टी.व्ही.की व्यवस्था कराये जाने की भी घोषणा की, इसके साथ ही उद्योग मंत्री श्री देवांगन के आग्रह पर महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत के द्वारा सियान सदन के अतिरिक्त भवन की चाबी भी सियान सदन समिति को सौपी गई, वहीं उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने बालको में सियान सदन निर्माण हेतु 10 लाख रूपये स्वीकृत किये जाने की घोषणा भी की। उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने साहित्य भवन के अतिरिक्त भवन निर्माण की शुभकामना देते हुये कहा कि अब साहित्यकार बंधुओं के लिये अपने क्रियाकलापों हेतु स्थान की कमी नहीं रहेगी, जो दो अतिरिक्त कमरे निर्मित कराये गये हैं, उनमें बाहर से आने वाले साहित्यकार भाई-बहनों के रूकने ठहरने की व्यवस्था भी हो सकेगी, इस मौके पर उन्होेने साहित्य भवन का पूर्ण नियंत्रण साहित्य समिति को देने के निर्देश भी दिये।

सियान सदन में की जायेगी 50 और कुर्सियों की व्यवस्था-महापौर श्रीमती राजपूत

इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज का दिन निश्चित रूप से शुभ दिन है कि आज एक ओर जहॉं हमारे बुजुर्गो को उनके सियान सदन में अतिरिक्त कक्ष प्रसाधन व अन्य विकास कार्यो की सौगात मिली है, वहीं दूसरी ओर साहित्य भवन में नवनिर्मित हाल व अन्य विस्तार कार्य का लोकार्पण भी हुआ है, मैं इसके लिये साहित्यकार बंधुओं एवं अपने वरिष्ठजनों को बधाई देती हूॅं तथा उद्योग मंत्री श्री देवांगन को हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित करती हूॅं, जिनके माध्यम से यह दोनों कार्य सम्पन्न हुये हैं। इस मौके पर महापौर श्रीमती राजपूत ने सियान सदन की आवश्यकता को देखते हुये 50 और कुर्सियों की व्यवस्था किये जाने की घोषणा की तथा घोषणा पर तत्काल अमल करने के निर्देश अधिकारियों को दिये, तो वहीं वार्ड पार्षद पंकज देवांगन ने सियान सदन के विकास एवं सुविधायें उपलब्ध कराने हेतु अपनी पार्षद निधि से 02 लाख रूपये दिये जाने की घोषणा भी की।

उद्योग मंत्री व महापौर ने बुजुर्गो के प्रति प्रकट किया सम्मान भाव-भाजपा जिलाध्यक्ष मोदी

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि बुजुर्गो का सम्मान हमारी भारतीय संस्कृति की एक महत्वपूर्ण विशेषता है, मुझे खुशी है कि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने सियान सदन को यह सौगात देकर वरिष्ठजनों के प्रति अपने गहरे सम्मानभाव को प्रकट किया है। इस मौके पर उन्होने नगर के साहित्यकारों को साहित्य भवन में अतिरिक्त कक्ष, हाल विस्तार कार्य की सौगात मिलने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनायें दी।

इस अवसर पर सभापति नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, पंकज देवांगन, राकेश वर्मा के साथ ही वरिष्ठ पत्रकार कमलेश यादव, युनूस दलियानपूरी, कृष्ण कुमार चन्द्रा, जगदीश श्रीवास, इंदू शर्मा, दीप दुर्गवी, वीणा मिस्त्री, निर्मला शर्मा, बलराम राठौर, अजय दास वैष्णव, भुनेश्वर तिवारी, गुलजार सिंह, शिव जायसवाल, पी.एन.सिंह, जे.के.तिवारी, नरेन्द्र पाटनवार, आकाश श्रीवास्तव, मनोज सिंह राजपूत, अनिल यादव, सुरेन्द्र राजवाडे़, कविता जैन, संतोष मिर्री, भुनेश्वर देवांगन, भारती चौरसिया, मोनू आदिले, रामरतन राठौर, सोहनलाल साहू, लीला कांत, अखिलेश्वर उपाध्याय, रंजना वैष्णव, बी.पी.देवांगन, जे.के.पाण्डेय, ए.के.देवांगन, जोन कमिश्नर भूषण उरांव, सहायक अभियंता राहुल मिश्रा आदि के साथ अन्य लोग उपस्थित थे।
Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677