बांकीमोंगरा।बांकीमोंगरा में विकास की एक नई तस्वीर आकार ले रही है। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सोनी कुमारी झा ने अपने नेतृत्व में एक बार फिर साबित कर दिया कि यदि संकल्प मजबूत हो, तो बदलाव ज़मीन पर दिखाई देता है। वार्ड क्रमांक 1, 18 और 2 में आज उन्होंने एक साथ कुल सात निर्माण परियोजनाओं का भूमिपूजन कर यह स्पष्ट संकेत दिया कि अब विकास सिर्फ घोषणा नहीं, कार्य और परिणाम के रूप में सामने आएगा।
सुशासन से विकास की शुरुआत
सुबह पालिका कार्यालय में आयोजित “सुशासन तिहार शिविर 2025” के उद्घाटन से इस ऐतिहासिक दिन की शुरुआत हुई। इस शिविर का उद्देश्य जनता को प्रशासनिक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना था – जैसे जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र, पेंशन योजनाओं की जानकारी और समाधान। उद्घाटन के अवसर पर अध्यक्ष झा ने कहा, “जनता की सेवा प्रशासन की प्राथमिक ज़िम्मेदारी है। इस शिविर के माध्यम से हम गवर्नेंस को सीधे जनता के द्वार तक पहुंचाना चाहते हैं।”
वार्ड क्रमांक 1: पुरेना बस्ती को मिली पक्की सड़क की सौगात
इसके पश्चात विकास यात्रा की अगली कड़ी बनी वार्ड क्रमांक 1 की पुरेना बस्ती, जहाँ वर्षों से लोग कच्चे रास्ते और बारिश के मौसम में कीचड़ की समस्या से जूझ रहे थे। यहाँ शासकीय हाई स्कूल से रामसिंह के घर तक सी.सी. रोड निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया। स्थानीय नागरिकों ने ख़ुशी जताते हुए कहा कि उन्हें पहली बार ऐसा लग रहा है कि उनकी आवाज़ वास्तव में किसी ने सुनी है।
वार्ड क्रमांक 18: चार विकास कार्यों से चमकेगा इलाका
इसके बाद काफिला पहुँचा वार्ड क्रमांक 18 मढ़वाढोड़ा, जहाँ चार महत्वपूर्ण कार्यों का भूमिपूजन हुआ –
बुधवार यादव के घर से राहुल किराना स्टोर तक सीसी रोड
अगरिया मोहल्ला में जतन घर से मसतराम घर तक सीसी रोड
गांधी चौक से सत्रुहन घर तक सीसी रोड
गांधी चौक से डॉक्टर कंवर घर तक आरसीसी नाली निर्माण
इन इलाकों में लंबे समय से नालियों की अनुपस्थिति के कारण गंदगी और स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही थीं। अध्यक्ष ने कहा, “हम केवल सड़कें नहीं बना रहे, एक सुरक्षित और स्वस्थ जीवनशैली की नींव रख रहे हैं।”
वार्ड क्रमांक 2: धार्मिक स्थल तक आसान पहुँच
अंत में, वार्ड क्रमांक 2 में मेन रोड से भीमसेन मंदिर तक सीसी रोड निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई। यह मार्ग धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे हजारों श्रद्धालु जुड़े हुए हैं।
स्थानीय नेतृत्व और जनभागीदारी की चमक
भूमिपूजन कार्यक्रम में पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती गायत्री कंवर, भाजयुमो प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा, भाजपा मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा, मंडल महामंत्री अश्वनी साहू, महिला मोर्चा महामंत्री अनिता राजपूत, पार्षदगण एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पत्रकार प्रियांशु मल्होत्रा ने इस मौके पर कहा, “यह केवल उद्घाटन नहीं, एक सामाजिक संदेश है – कि जब नेतृत्व दृढ़ होता है, तो जनता की उम्मीदें पूरी होती हैं।”
“विकास अब राजनीति का हथियार नहीं, सेवा का माध्यम है” — सोनी झा
अपने उद्बोधन में अध्यक्ष झा ने कहा: “हमारा उद्देश्य दिखावे की राजनीति नहीं, ज़मीन पर असर डालने वाले काम हैं। हर वार्ड, हर नागरिक तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना मेरी प्राथमिकता है। मेरा लक्ष्य है कि बांकीमोंगरा एक मॉडल नगरपालिका के रूप में उभरे, जहाँ पारदर्शिता, तत्परता और जनसंपर्क सर्वोपरि हों।”
नागरिकों की प्रतिक्रियाएं
स्थानीय निवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए बताया कि कई वर्षों बाद उन्हें ऐसा नेतृत्व मिला है जो घोषणा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि काम करके दिखाता है। बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक सभी ने इन विकास कार्यों को “उम्मीद की एक नई सुबह” करार दिया।
पालिका अध्यक्ष सोनी कुमारी झा का यह कदम केवल इन्फ्रास्ट्रक्चर का विस्तार नहीं, बल्कि प्रशासनिक इच्छाशक्ति, जनसंपर्क और ज़मीनी कार्यशैली का समुच्चय है। बांकीमोंगरा अब विकास के एक नए दौर में प्रवेश कर चुका है, और इसका श्रेय जाता है उस नेतृत्व को जिसने नारे नहीं, नतीजे दिए। 💐💐💐💐
कोरबा। कोरबा जिले के रजगामार बस्ती में राशन दुकान से घरेलू सामान लेने गई 7 साल की बच्ची लापता हो गई। बच्ची की पहचान भव्या जोशी के रूप में हुई है। वह अपने पिता के साथ करीम पोल्ट्री फार्म में रहती थी। 19 अक्टूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे पिता ने उसे पास की राशन दुकान से सामान लाने भेजा था।
काफी देर तक बच्ची के वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद रजगामार चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी है।
चार महीने पहले परिवार के साथ कोरबा आई थी बच्ची
जानकारी के मुताबिक, भव्या के पिता प्रकाश जोशी मूल रूप से सक्ती जिले के ग्राम फगुरम के रहने वाले हैं। वह करीब चार महीने पहले अपने चार बच्चों के साथ परिवार का पालन-पोषण करने के लिए कोरबा के रजगामार आए थे। यहां वे रजगामार ग्राम पंचायत की बस्ती में स्थित करीम पोल्ट्री फार्म में काम करते हैं और परिवार के साथ वहीं रहते हैं।
सामान लेने गई, लेकिन वापस नहीं लौटी
प्रकाश जोशी ने बताया कि 19 अक्टूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे उन्होंने अपनी 7 साल की बेटी भव्या को पास की राशन दुकान से घरेलू इस्तेमाल का सामान लाने के लिए भेजा था। उन्हें लगा कि बच्ची थोड़ी देर में सामान लेकर लौट आएगी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वह घर नहीं पहुंची।
इसके बाद पिता को चिंता होने लगी। उन्होंने आसपास के इलाकों और गांव में बच्ची की तलाश की। परिचितों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई, लेकिन भव्या के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। आखिरकार परिजनों ने रजगामार चौकी पहुंचकर बच्ची के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
शिकायत मिलने के बाद रजगामार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों से बच्ची के हुलिये और उस समय पहने कपड़ों की जानकारी ली है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
इसके साथ ही राशन दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है, ताकि बच्ची के आने-जाने के बारे में कोई सुराग मिल सके। पुलिस आसपास के संभावित ठिकानों पर भी तलाश कर रही है। बच्ची के बारे में जानकारी जुटाने के लिए क्षेत्र में सूचना भी प्रसारित की जा रही है।
परिवार परेशान, पुलिस ने लोगों से मांगी मदद
बच्ची के अचानक लापता होने से परिवार के लोग परेशान हैं। घटना के बाद रजगामार बस्ती में भी चिंता का माहौल है। पुलिस ने ग्रामीणों और आसपास के लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भव्या के बारे में कोई जानकारी मिले, तो तुरंत रजगामार चौकी या बालको थाने को सूचना दें।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि बच्ची की गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी है और सभी संभावित ठिकानों पर पतासाजी की जा रही है। पुलिस बच्ची को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने का प्रयास कर रही है।
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में रावण दहन के दौरान मर्डर हुआ है। 20 अक्टूबर की रात मुड़ापार दशहरा मैदान में मंत्री लखनलाल देवांगन रावण दहन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी समय मैदान में डांस को लेकर कुछ लड़कों के बीच विवाद हो गया। उनके बीच धक्कामुक्की हो गई।
उधर, मंत्री लखनलाल देवांगन मंच पर रावण दहन कर वापस लौट गए। इधर, कुछ लड़कों ने मिलकर राहुल कुमार (22) को मैदान के पीछे गली में ले जाकर धारदार हथियार से 6 से 7 बार वार किए। अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है।
पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार जब्त कर लिया और आरोपियों का सिर मुंडवा दिया। मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है।
मुड़ापार दशहरा मैदान में रावण दहन के बाद मंत्री लखनलाल देवांगन लौट गए।
मंच के नीचे मारपीट हो रही थी, तभी मंत्री कार्यक्रम में पहुंचे।
राहुल कुमार (22) के शरीर पर चाकू से वार के 6 से 7 निशान मिले।
डांस करने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार दशहरा मैदान में रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मैदान में लगे साउंड बॉक्स पर डांस करने को लेकर राहुल कुमार उर्फ गोल्डन का बिट्टू चौहान के साथ विवाद हो गया।
कहासुनी के बीच राहुल ने बिट्टू को धक्का दे दिया और थप्पड़ मार दिया। इसी दौरान बिट्टू का दोस्त विजय चौहान भी वहां पहुंच गया। राहुल ने उसे भी थप्पड़ मार दिया। इसके बाद मामला और बढ़ गया।
मैदान के पीछे ले जाकर किया हमला
राहुल के थप्पड़ मारने से नाराज बिट्टू चौहान, विजय चौहान और उनके साथी सीपू चौहान समेत अन्य लोग उसे दशहरा मैदान के पीछे वाली गली में ले गए। वहां राहुल पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया।
आरोपियों ने राहुल के शरीर पर 6 से 7 बार वार किए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दशहरा कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। घायल राहुल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान राहुल की मौत हो गई।
आरोपियों में ये शामिल
बिट्टू चौहान
विजय चौहान
सीपू चौहान
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। अगले दिन घटनास्थल की जांच की गई।
लाइव वीडियो से हुई आरोपियों की पहचान
घटना की जानकारी मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस और सीनियर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी बुलाया। टीम ने मौके से जरूरी सबूत जुटाए।
इस बीच घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उनकी तलाश शुरू कर दी। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रातभर आरोपियों की पतासाजी की।
पुलिस ने मर्डर के आरोपियों का आधा सिर मुंडवा दिया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
ASP लखन पटले ने बताया कि मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिट्टू चौहान, विजय चौहान और सीपू चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी जब्त कर लिया है। फरार आरोपी के पास भी एक हथियार होने की जानकारी मिली है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के साथ हथियार जब्त करने की कोशिश कर रही है।
आरोपियों का आधा मुंडन कराया
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का आधा सिर मुंडवा दिया। फिलहाल, पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
बालकोनगर, 21 अक्टूबर 2026। विजयादशमी के पावन अवसर पर बालकोनगर के रामलीला मैदान में बालको सार्वजनिक विजयादशमी समिति द्वारा भव्य उत्सव का आयोजन किया गया। भगवान श्रीराम, माता सीता एवं हनुमान जी की आकर्षक झांकियों, रामलीला मंचन और रावण-दहन कार्यक्रम ने उत्सव को विशेष बना दिया। इस अवसर पर बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने रावण-दहन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बालकोनगर और आसपास के क्षेत्रों के लोग शामिल हुए। उत्सव की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस अवसर पर भगवान श्रीराम की आराधना कर कंपनी, कर्मचारियों और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं निरंतर प्रगति की कामना की गई। बीते दिनों हुए रामलीला की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादा का संदेश दिया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रावण-दहन रहा। राजेश कुमार सिंह द्वारा रावण-दहन किए जाने के साथ ही मैदान में उपस्थित लोगों ने असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक इस पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया। बालकोनगर का सार्वजनिक विजयादशमी उत्सव 49 वर्षों से क्षेत्र की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। यह आयोजन धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ लोगों के बीच एकता, आपसी सौहार्द और सामुदायिक सहभागिता को भी बढ़ावा देता है।