कोरबा
रजिस्ट्री की दस नई क्रांतियों पर एक दिवसीय कार्यशाला का हुआ आयोजन
10 क्रांतियों से आमजनों एवं दूर दराज में रहने वाले ग्रामीणों को लाभ मिलेगा – मंत्री देवांगन
अब रजिस्ट्री के बाद होगा स्वतः नामांतरण, अलग से नहीं करनी होगी कोई प्रक्रिया
कोरबा । शासन द्वारा रजिस्ट्री की प्रक्रिया में किए गए दस नई क्रांतियों पर आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन रहें।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं वित्त मंत्री ओ पी चौधरी ने बहुत अच्छी नीती लाई है। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्री की 10 क्रातियों से आमजनों एवं दूर दराज में रहने वाले ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। रजिस्ट्री, नामंतरण में जो समस्या आती थी उसे दूर करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने 10 क्रांति लाई है जिससे सरल, सहज और पारदर्शी ढंग से रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण होगा। उन्होंने ने इस क्रांति के लिए सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि शासन द्वारा संचालित योजना सराहनीय है। 10 नई क्रांति बहुत अच्छी पहल है। रजिस्ट्री, नामंतरण एवं अन्य समस्याओं का हल निकालने सरकार का बेहतर प्रयास है। सरलीकरण एवं सुविधाओं का विस्तार भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आए दिन जनप्रतिनिधियों के पास आमलोग पहुंच कर जमीन से संबंधित विवादों की शिकायत करते है लेकिन अब इन सभी समस्याओं से आम नागरिकों को निजात मिलेगा।
कलेक्टर अजीत वसंत ने कार्यक्रम संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा सुशासन की दिशा में यह पहल की गई है, रजिस्ट्री में 10 क्रांतियां लाई गई है। आम जनता को भूमि एवं नामांतरण से होने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी। उन्होंने इन क्रांतियों का अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करने हेतु निर्देशित किया। इस अवसर पर पार्षद नरेंद्र देवांगन, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर अनुपम तिवारी, संयुक्त कलेक्टर मनोज बंजारे, एसडीएम कोरबा सरोज महिलागे सहित पंजीयन, राजस्व विभाग अधिकारी आदि उपस्थित थे।
रजिस्ट्री में 10 नई क्रांतियांः –
फर्जी रजिस्ट्री रोकने के लिए आधार सत्यापन
पंजीयन साफ्टवेयर को आधार लिंक किया गया है, पंजीयन के समय क्रेता-विक्रेता एवं गवाहों की पहचान आधार रिकार्ड व बायोमेट्रिक के माध्यम से की जाएगी जिससे गलत व्यक्ति को खड़े कराकर पंजीयन नही हो सकेगा। आम जनता को फर्जीवाड़े का शिकार नही होना पड़ेगा और फर्जी रजिस्ट्री की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।
रजिस्ट्री खोज एवं डाउनलोड की सुविधा
आम आदमी वर्षों की जमा पूंजी लगाकर स्वयं का घर खरीदते है, इसलिए संपत्ति खरीदने से पहले पूरी जांच पड़ताल आवश्यक है। अभी रजिस्ट्री की जानकारी के लिए पंजीयन कार्यालय में स्वयं या वकील के माध्यम से उपस्थित होकर सर्च करना पड़ता है, रजिस्ट्री खोज का प्रावधान होने से खसरा नंबर डालते ही उस खसरे के पूर्व के समस्त लेनदेन की जानकारी एक क्लिक पर प्राप्त हो सकेगी। खसरा नंबर दर्ज कर संपत्ति की पूर्व रजिस्ट्री की जानकारी देखी जा सकती है और रजिस्ट्री दस्तावेज डाउनलोड किए जा सकते हैं। इससे क्रेताओं को विवादित या बंधक जमीन की जानकारी पहले ही प्राप्त हो जाएगी।
ऑनलाइन भारमुक्त प्रमाण पत्र की सुविधा
भार मुक्त प्रमाण पत्र एक बहुत ही आवश्यक प्रमाणपत्र है जो संपत्ति खरीदने के पूर्व उसकी जानकारी उपलब्ध कराता है। संपत्ति पर ऋण, बंधक या पूर्व विक्रय की स्थिति अब ऑनलाइन भारमुक्त प्रमाण पत्र के माध्यम से आसानी से ज्ञात की जा सकती है। कई शासकीय कार्यों एवं बैंक से लोन प्राप्त करने के लिए यह प्रमाण पत्र अनिवार्य होता है। यह प्रमाणपत्र अब आनलाइन ही प्रदाय किया जा सकेगा।
स्टांप एवं रजिस्ट्री शुल्कों का कैशलेस भुगतान
पहले रजिस्ट्री कराने के लिए स्टाम्प शुल्क और पंजीयन शुल्क का अलग-अलग जगह और समय पर भुगतान करना पड़ता था। अब स्टाम्प एवं पंजीयन शुल्क को एक साथ लिये जाने के लिए स्टांप एवं रजिस्ट्री शुल्कों का कैशलेस भुगतान सिस्टम तैयार किया गया है। स्टाम्प एवं पंजीयन शुल्क का एक साथ सुविधानुसार क्रेडिट डेबिट कार्ड, पीओएस मशीन, नेट बैंकिंग अथवा यूपीआई से फीस का भुगतान हो सकेगा।
व्हाट्सएप सर्विसेज
व्हाट्सएप आज के समय में सर्वाधिक उपयोग हो रहा सोशल मीडिया प्लेटफार्म है। पंजीयन कराने वाले क्रेता-विक्रेता को अपाईन्टमेंट सहित पंजीयन होने तक सभी प्रकार के अपडेट एवं एलर्ट व्हाट्सएप में ही प्राप्त होंगे। रजिस्ट्री की प्रति भी व्हाट्सएप से ही डाउनलोड हो जायेगी। इस सुविधा के माध्यम से फीडबैक एवं शिकायतें भी व्हाट्सएप के माध्यम से की जा सकेंगी।
डिजीलॉकर की सुविधा
रजिस्ट्री दस्तावेजों को डिजिलॉकर में सुरक्षित स्टोर किया जाएगा, ताकि आवश्यकता पडऩे पर पक्षकार को आसानी से डिजीटल प्रमाणित दस्तावेज उपलब्ध हो जाए।
रजिस्ट्री दस्तावेजों का स्वतः निर्माण
जनता की सुविधा के लिए रजिस्ट्री को पेपर लेस बनाया गया है। ऑनलाईन दस्तावेज प्रारूप का चयन कर पक्षकार और संपत्ति विवरण दर्ज करने पर स्वतः ही दस्तावेज तैयार हो जाएगा। वही दस्तावेज पेपरलेस होकर उप पंजीयक को ऑनलाइन प्रस्तुत होगा।
घर बैठे स्टाम्प सहित दस्तावेज निर्माण
डिजीडॉक सेवा के माध्यम से किरायानामा, शपथ पत्र, अनुबंध जैसे गैर-पंजीकृत दस्तावेज अब घर बैठे डिजिटल स्टाम्प के साथ ऑनलाइन तैयार किए जा सकते हैं।
घर बैठे रजिस्ट्री दस्तावेज निर्माण, स्टाम्प भुगतान और रजिस्ट्री प्रक्रिया अब पूरी तरह ऑनलाइन होकर घर से ही पूर्ण की जा सकती है। अभी यह सेवा 10 प्रकार के दस्तावेजों जैसे-रेंट एग्रीमेंट, मोर्गेज डीड आदि में शुरू की गई है।
रजिस्ट्री के साथ होगा स्वतः नामांतरण
रजिस्ट्री प्रक्रिया पूर्ण होते ही संबंधित क्रेता का नाम राजस्व रिकॉर्ड में स्वतः दर्ज हो जाएगा। इसके लिए अलग से नामांतरण आवेदन, शुल्क या लंबी प्रतीक्षा की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे नागरिकों के समय, प्रयास और खर्च तीनों की बचत होगी। अब तक अचल संपत्ति खरीदने के लिए पंजीयन कराने के बाद उसके बाद उसे राजस्व रिकार्ड में अद्यतन कराना पड़ता रहा हैं, नामांतरण की इस प्रक्रिया में महीने लग जाते थे, इस बीच वही संपत्ति अन्य को बेच दिये जाने पर पीड़ित पक्षकारों को न्याय के लिए भटकना पड़ता था। अब पंजीयन के तुरंत बाद ही स्वतः नामांतरण होने से न केवल समय की बचत होगी बल्कि आम जनता को फर्जीवाडे का शिकार भी नही होना पड़ेगा।
कोरबा
सीईओ ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की ली समीक्षा बैठक
लखपति दीदी की ऑनलाइन एंट्री शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
बैंक लोन के लंबित प्रकरण एक सप्ताह में करें निराकृत
कोरबा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कोरबा दिनेश कुमार नाग ने मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की समीक्षा बैठक लेकर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीईओ श्री नाग ने निर्देशित किया कि ‘लखपति दीदी’ योजना के अंतर्गत सभी पात्र हितग्राहियों की ऑनलाइन एंट्री शीघ्र पूर्ण की जाए, ताकि उन्हें समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, अतः इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

बैठक में सीईओ ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत परिवार समावेशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने समूह एवं व्यक्तिगत बैंक लोन वितरण के लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर एक सप्ताह के भीतर निराकृत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इसके साथ ही सीईओ श्री नाग ने आईएफसी तथा एफपीओ के अंतर्गत फसलों के रकबे में वृद्धि करने पर जोर देते हुए कहा कि किसानों को संगठित कर उन्हें अधिक से अधिक लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के नियमित मॉनिटरिंग एवं फील्ड स्तर पर सतत अनुश्रवण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला अधिकारी एवं जनपद स्तरीय मैदानी कर्मचारी उपस्थित रहे।
कोरबा
जनहित में कांग्रेस के धरना प्रदर्शन ने लाया रंग, झुका एसईसीएल प्रबंधन और जिला प्रशासन, 20 अप्रैल से पूर्व फोरलेन सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराने पर हुआ लिखित समझौता
काेरबा। आम जनता को हो रही भारी परेशानियों को मद्देनजर रख, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के द्वारा पूर्व घोषणा के अनुसार 24 मार्च मंगलवार को तय समय पर शुरू हुआ धरना प्रदर्शन ने सुखद रंग लाया है । प्रात 9 बजे से सायं 4 तक क्षेत्रवासियों के साथ धरने पर डटे कांग्रेसियों ने आखिरकार एसईसीएल प्रबंधन के साथ साथ जिला प्रशासन को झुकने विवश कर दिया और 20 अप्रैल से पूर्व फोरलेन सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ करा देने के लिखित आश्वासन एवं समझौते के बाद ही धरना प्रदर्शन समाप्त किया गया । इस दौरान धरना प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेताओं को अवगत कराया गया कि फिलहाल ओव्हरब्रिज का निर्माण न्यायालय में लंबित है । जिसका निराकरण होते ही इसका भी निर्माण कार्य तत्काल शुरू करा दिया जाएगा ।

गौरतलब है कि सर्वमंगला चौक से इमलीछापर चौक होते हुए कुचेना मोड़ तक फोरलेन सड़क निर्माण एवं कुसमुण्डा के इमलीछापर चौक पर ओव्हरब्रिज निर्माण पुन: प्रारंभ कराने और राहगीरों को राहत दिलाने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के द्वारा जिला कांग्रेस के शहर अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर के नेतृत्व मे एकदिवसीय धरना प्रदर्शन मंगलवार को किया गया । इस आंदोलन को कुसमुण्डा व्यापारी संघ एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित क्षेत्रवासियों का व्यापक समर्थन मिला जिसमें सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे । जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर ने बताया कि पिछले 2 साल से भी अधिक समय से सर्वमंगला चौक से इमलीछापर चौक होते हुए कुचैना मोड़ तक फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य ठप पड़ा है, वहीं कुसमुण्डा के ईमलीछापर चौक पर ओव्हरब्रिज का निर्माण कार्य भी अधुरा पड़ा है, इस कारण से 2 सालों से लोंगो को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है ।

श्री राठौर ने बताया कि इस संबंध में पिछले दो वर्षों से स्थानीय जनप्रतिनिधि पार्षद गीता गभेल पत्राचार के माध्यम से आवाज उठाती रही हैं, बावजूद प्रशासन ने कोई कारगर कदम नहीं उठाया, तब पार्षद श्रीमती गीता गभेल ने विगत दिनों प्रशासन को पत्र प्रेषित कर अनिश्चितकालीन हड़ताल करने का ऐलान किया था, लेकिन प्रदर्शन के एक दिन पहले पार्षद गीता गभेल के पुत्र एवं पुत्री का सड़क दुर्घटना में घायल हो जाने के कारण अनिश्चितकालीन हड़ताल के बजाए एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। जिसमें स्वर्स्फुत ही क्षेत्रवासी जुड़ते गये। देखते ही देखते लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई और चक्का जाम जैसी स्थिति निर्मित हो गई थी, हालांकि पुलिस प्रशासन ने स्थिति को अपने नियंत्रण में ले लिया था । इस संदर्भ में कांग्रेस के कुसमुण्डा ब्लाॅक अध्यक्ष बसंत चंद्रा ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों से इमलीछापर रेल्वे फाटक के पास ओव्हरब्रिज बनाने का काम अटका हुआ है। वहीं पिछले साल वर्षा ऋतु के दौरान भरे बारिश में एसईसीएल प्रबंधन ने ओव्हरब्रिज बनाने के लिए एक दर्जन अवैध मकानों को तोड़ दिया था, लेकिन दस माह गुजरने के बाद भी इस स्थान पर ओव्हरब्रिज निर्माण का कार्य प्रारंभ नहीं कराया जा सका है ।
धरना प्रदर्शन में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर, मनोज चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष बसंत चंद्रा, पूर्व अध्यक्ष नत्थुलाल यादव, उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह ठाकुर, राजेन्द्र तिवारी, ए डी जोशी, पार्षद गीता गभेल, नवीन कुकरेजा, ब्लाॅक अध्यक्ष संजय आजाद, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु, व्यापारी संघ के अध्यक्ष अशोक राठौर, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज, जिला महामंत्री रवि चंदेल, ब्लॉक अध्यक्ष गोरेलाल यादव, पूर्व पार्षद सनीष कुमार, मधुसुदन दास, रवि बरेठ, ममता अग्रवाल, भुनेश्वरी महंत, तेज प्रताज सिंह, दीपक कुमार, गिरधारी बरेठ, ललिता यादव, विक्की ललित यादव, हरा बाई, रजनी श्रीवास, सुमन मरावी, चित्ररेखा, विजय अग्रवाल एवं गौतम ठाकुर सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे ।
पूर्व मंत्री के प्रयासों से मिली थी बड़ी राशि
मंगलवार को हुए धरना प्रदर्शन के दौरान निगम में नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी । उन्होंने बताया कि कांग्रेस शासनकाल के दौरान क्षेत्रिय विधायक और पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने न केवल सर्वमंगला चौक से इमलीछापर चौक होते हुए कुचैना मोड़ तक फोरलेन सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराने में अपनी महती भूमिका निभाई थी बल्कि शहर की कई महत्वपूर्ण जर्जर सड़काें का भी अपने प्रयासों से राशि उपलब्ध कराकर जीर्णोध्दार कराया था । खासकर सर्वमंगला चौक से ईमलीछापर कुचैना मोड़ तक फोरलेन सड़क निर्माण कार्य के लिए एसईसीएल प्रबंधन से एक बड़ी राशि जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई थी ताकि इसका कार्य जल्द से जल्द पूर्ण हो सके और लोंगो को परेशानियों से राहत मिले
समझौते में कहा गया निर्माण प्रारंभ होते तक दी जाएगी राहत
धरना प्रदर्शन के दौरान एसईसीएल प्रबंधन, पीडब्लयुडी विभाग, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने निम्न विषयों पर वार्ता कर लिखित समझौता किया जिसमें 20 अप्रैल 2026 से पहले फोरलेन सड़क निर्माण प्रारंभ करा देने की बात पर हस्ताक्षर किये गये तथा ओव्हरब्रिज के निर्माण के बारे में बताया गया यह मामला न्यायालय में लंबित है जैसे ही न्यायालय का निर्णय आवेगा उसी आधार पर आगे का कार्य योजना बनाया जावेगा, इसके अलावा प्रतिदिन की जाम से राहत दिलाने के लिए भारी वाहनों को ऊपर के रास्तों से भेजा जावेगा, इसके लिए एसईसीएल प्रबंधन की ओर से पांच कर्मचारी तैनात रहेंगे । समझौता वार्ता के दौरान बताया गया कि 10 अप्रैल 2026 तक कुचैना मोड़ से ईमलीछापर ओव्हरब्रिज तक डामरीकरण का कार्य पूरा हो जावेगा, वहीं कुचैना मोड़ से सर्वमंगला चौक तक स्ट्रीट लाईट एवं साईन बोर्ड पीडब्ल्युडी विभाग द्वारा 10 अप्रैल 2026 तक लगाया जावेगा । समझौता में इस बात पर भी संज्ञान लाया गया कि यह आंदोलन जनहित के लिए जरूरी हो गया था, इसलिए किसी व्यक्ति विशेष पर अपराध दर्ज नहीं किया जावेगा । समझौता पत्र पर प्रशासन की ओर से दीपका तहसीलदार अमित केरकेट्टा, पीडब्ल्युडी के एसडीओ प्रदीप कुमार मरकाम एवं इंजीनियर प्रदीप कुमार कश्यप, कुसमुण्डा एसईसीएल के एच आर हेड सुनील कुमार एवं ठाकुर आलोक सिंह ने हस्ताक्षर किये हैं।


कोरबा
खतरनाक एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध कार्यवाही, थार जप्त
- वाहन जप्त – वाहन क्रमांक CG 04 NG 8300 (थार कार)
कोरबा। पुलिस अधीक्षक कोरबा Siddharth Tiwari के निर्देशन में जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सतत कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्रांतर्गत दिनांक 19.03.2026 को दोपहर लगभग 03:30 बजे से 04:00 बजे के मध्य घंटाघर ओपन थियेटर मैदान में कुछ वाहन चालकों द्वारा लापरवाहीपूर्वक एवं खतरनाक तरीके से वाहन चलाने की सूचना प्राप्त हुई। उक्त कृत्य से वहां उपस्थित आम नागरिकों के लिए दुर्घटना की स्थिति निर्मित हो रही थी। - प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन रामपुर में अपराध क्रमांक 236/2026 धारा Bharatiya Nyaya Sanhita, 2023 की धारा 281, 3(5) तथा Motor Vehicles Act, 1988 की धारा 184 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG 11 AA 6166 (स्कॉर्पियो), CG 12 BJ 2975 (बोलेरो), CG 12 BF 3890 (स्विफ्ट) एवं CG 04 NG 8300 (थार) के चालकों के विरुद्ध प्रथम सूचना पत्र दर्ज किया गया।
- जांच के दौरान वाहन क्रमांक CG 04 NG 8300 (थार) का चालक रामकृष्ण साहू निवासी डेंगू नाल, कोरबा पाया गया तथा वाहन का स्वामी नंदूलाल साव निवासी दर्री, कोरबा होना पाया गया। वाहन मालिक का पता लगाकर उक्त वाहन को जप्त कर लिया गया है तथा अन्य वाहनों की तलाश जारी है। वाहनों की जप्ती के उपरांत मोटर व्हीकल एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

- उक्त प्रकरण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध थाना सिविल लाइन रामपुर में प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई है, जिनमें—
हिमांशु बैरागी, निवासी बुधवारी, बजरंग चौक के पास, रामपुर, जिला कोरबा।
मुकेश कुमार बैगा, निवासी रामकिशन साहू के पास, नागपुर बस्ती, आईटीआई रामपुर, जिला कोरबा।
रामकिशन साहू, पिता अरुण साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी रामपुर बस्ती, जिला कोरबा।
उक्त तीनों के विरुद्ध **Bharatiya Nagarik Suraksha Sanhita, 2023 की धारा 170 एवं 126/135 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई है।
पुलिस द्वारा ऐसे लापरवाह वाहन चालकों के विरुद्ध सतत अभियान चलाकर निगरानी रखी जा रही है तथा भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
जिला पुलिस कोरबा आम नागरिकों से अपील करती है कि यातायात नियमों का पालन करें, तेज गति एवं स्टंट जैसे खतरनाक कृत्यों से बचें तथा सुरक्षित ड्राइविंग अपनाएं। किसी भी प्रकार की संदिग्ध या खतरनाक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
-
कोरबा2 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
Uncategorized6 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
कोरबा2 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा2 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
