छत्तीसगढ़
कांग्रेस नेता के ऑफिस में 2 लोगों को मारी गोली:बिलासपुर में बाइक सवार 3 नकाबपोश शूटर ने की फायरिंग, दोनों घायल अपोलो में भर्ती
बिलासपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में कांग्रेस के जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह के पर्सनल ऑफिस के सामने अज्ञात हमलावरों ने 2 लोगों को गोली मार दी। फायरिंग में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को अपोलो अस्पताल भेजा गया है। मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र के नहर पार का है।
जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार 3 नकाबपोश हमलावरों ने 2 राउंड फायरिंग की है। वारदात की खबर मिलते ही SSP रजनेश सिंह मौके पर पहुंचे हैं। SSP ने सभी थानेदारों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही तोरवा और मस्तूरी क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि नीतेश सिंह के ऑफिस में रिश्तेदार चंद्रकांत सिंह ठाकुर और कर्मचारी राजू ठाकुर क़ो गोली लगी है। दोनों की हालत गंभीर है। लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

कांग्रेस के जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह के पर्सनल ऑफिस में फायरिंग हुई है।

कांग्रेस के जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह के रिश्तेदार और कर्मचारी को गोली लगी। पुलिस मौके पर पहुंची।

मस्तूरी पुलिस अलर्ट मोड पर है। शूटर को पकड़ने के लिए नाकेबंदी की गई है।

कोरबा
सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत चोरी की वारदात का खुलासा:एशियन ट्रेडर्स में हुई चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार
लगभग रू.2.50 लाख मूल्य के चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी
त्वरित कार्रवाई कर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों को भेजा जेल
कोरबा। पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले तथा नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में संचालित “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस को चोरी के एक महत्वपूर्ण प्रकरण में सफलता प्राप्त हुई है।
दिनांक 09.06.2026 को प्रार्थी विमल जाजोदिया निवासी पावर हाउस रोड, कोरबा द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनकी दुकान एशियन ट्रेडर्स में अज्ञात चोरों द्वारा पीछे से प्रवेश कर डायनेक्स कंपनी का इन्वर्टर, बिरला ओपस पेंट के डिब्बे, बॉश कंपनी की ड्रिल मशीन, ब्रेकर मशीन सहित अन्य सामान चोरी कर लिया गया है। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 507/2026 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर सूचना के आधार पर मनीष यादव (19 वर्ष) एवं प्रकाश चौहान (19 वर्ष), दोनों निवासी लक्ष्मणबन तालाब, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों द्वारा चोरी की घटना स्वीकार करते हुए चोरी गया मशरूका अपने कब्जे से बरामद कराया गया।
पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से लगभग रू.2.50 लाख मूल्य का चोरी गया संपूर्ण मशरूका (100 प्रतिशत रिकवरी) बरामद किया गया है। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
कोरबा पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई
घटना के कुछ ही समय में आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी एवं चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी कोरबा पुलिस की सतर्कता, सक्रियता एवं अपराध नियंत्रण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में नगर निरीक्षक एम.बी. पटेल के नेतृत्व में प्र.आर. 311 वासुदेव आदित्य, प्र.आर. 423 भूपेंद्र लहरे, आर. 685 चंद्रकांत गुप्ता, आर. 575 रामविलास, आर. 91 रमेंद्र वर्मन एवं आर. 725 चंद्रप्रकाश तंवर की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
कोरबा
कोरबा में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत:अज्ञात भारी वाहन और ट्रैक्टर ने ली जान, दोनों मामलों में आरोपी ड्राइवर फरार
कोरबा। कोरबा जिले में बुधवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं में वाहन चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पहली घटना उरगा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले उरगा ओवरब्रिज के पास एक अज्ञात भारी वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी थी। हादसे में बेन्द्ररकोना निवासी आशीष रात्रे (30) गंभीर रूप से घायल हो गया था।

इलाज के दौरान मौत,ड्राइवर मौके से फरार
दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा था।
बुधवार को इलाज के दौरान आशीष रात्रे ने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने अस्पताल से मेमो मिलने के बाद परिजनों के बयान दर्ज किए और पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।

गुपचुप ठेला चलाने वाले युवक की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत
दूसरी घटना हरदीबाजार थाना क्षेत्र की है। 9 जून की रात करीब 8 बजे सराई सिंगार निवासी मुकेश प्रजापति (22) सड़क हादसे का शिकार हो गया।
बताया जा रहा है कि मुकेश हरदीबाजार के रलिया क्षेत्र में गुपचुप और चाट का ठेला लगाता था। रोज की तरह वह अपना ठेला बंद कर घर लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने गंभीर रूप से घायल मुकेश को एंबुलेंस की मदद से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
फरार चालकों की तलाश में जुटी पुलिस
दोनों मामलों में जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस अज्ञात भारी वाहन और ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार वाहनों और उनके चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।
छत्तीसगढ़
बाइक खड़ी करने के झगड़े में पति-पत्नी का मर्डर:स्केल से दरवाजा खोलकर घर घुसे, चेहरे पर रॉड मारा, सोने का हार चुराया, 3 अरेस्ट
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में बाइक खड़ी करने के विवाद में पड़ोसियों ने पति-पत्नी की हत्या कर दी। ग्राम सेंदुरस में 2 जून की रात आरोपी स्केल पट्टी की मदद से दरवाजा खोलकर घर के अंदर घुसे और सो रहे दंपत्ति के सिर पर रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

मामला मालखरौदा थाना क्षेत्र का है। आरोपियों ने मर्डर के बाद महिला के शव के गले से सोने का जेवर, नाक की फुल्ली और अलमारी में रखा कुछ सोना चुरा लिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दोनों ने साल 2024 में पुरानी रंजिश को लेकर भी एक दंपती की हत्या की थी। वो मामला अब तक नहीं सुलझा था। आरोपियों से चोरी का जेवर खरीदने वाले सराफा व्यापारी को भी अरेस्ट किया गया है।

खांट पर सो रहे बुजुर्ग दंपती खून से लथपथ पड़े थे।

वारदात के 1 हफ्ते बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।

मृतक महिला के गले से आरोपियों ने सोने का हार चुरा लिया था। पुलिस ने सब बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, सेंदुरस गांव में बुजुर्ग दंपती पुरुषोत्तम खुंटे और गुहरिन बाई खुंटे खेती-किसानी का काम करते थे। उनके बच्चे बाहर रहते थे। 2 जून की रात दोनों अपने घर के बरामदे में सो रहे थे। तभी अज्ञात बदमाशों ने उनके सिर और चेहरे पर लोहे की रॉड से वार कर उन्हें मार डाला था।
घटना के बाद मृतक महिला के गले से सोने के जेवर, अलमारी से नकदी और मोबाइल फोन गायब मिले थे। इस मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। फोन का लोकेशन ट्रेस करने पर खरसिया थाना क्षेत्र के पलगड़ा के आसपास मिला।
ढाबे से 1 आरोपी पकड़ाया
वहां जायसवाल ढाबे से देवकुमार यादव (33) को हिरासत में लिया गया, उसके पास से मृतक का मोबाइल बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ में उसने अपने साथी रूपचरण यादव (40) के साथ मिलकर हत्या और लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। दोनों पंडरीपानी के रहने वाले हैं।
बाइक खड़ी करने को लेकर हुआ था विवाद
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना से कुछ दिन पहले मृतक पुरुषोत्तम खुंटे से बाइक खड़ी करने को लेकर उनका विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते दोनों ने हत्या की प्लानिंग की थी।

मृतक दंपती पुरुषोत्तम खुंटे और गुहरिन बाई खुंटे।
जेवर खरीदने वाला सराफा व्यापारी गिरफ्तार
जांच में पता चला कि आरोपी रूपचरण ने लूटे गए सोने के आभूषण जैजैपुर के खिलेश्वर ज्वेलर्स संचालक बाबूलाल साहू (50) को 84 हजार में बेच दिए थे। पुलिस ने बाबूलाल साहू के घर से जेवर बरामद कर उसे भी चोरी और लूट की संपत्ति खरीदने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
सोना, मोबाइल और बाइक बरामद
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से लगभग 9 ग्राम सोने के जेवर, 5 ग्राम गला हुआ सोना और 77 हजार कैश, हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड और बाइक बरामद की गई है। आरोपियों के खिलाफ मालखरौदा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(8) और 103(1) के तहत मामला दर्ज है।
आरोपियों में ये शामिल
- रूपचरण यादव (40), पंडरीपानी
- देवकुमार यादव (33), पंडरीपानी
- बाबूलाल साहू (50), जैजैपुर, खिलेश्वर ज्वेलर्स का संचालक

दोनों आरोपी पहले भी एक दंपती की हत्या कर चुके हैं।
दोनों आरोपी पहले भी कर चुके हैं हत्या
पूछताछ के दौरान एक और खुलासा हुआ। दोनों आरोपियों ने जून 2024 में मालखरौदा थाना क्षेत्र के मुक्ता गांव में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड को भी अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, उस मामले में मृतक मगनलाल गबेल और बुधवारा बाई गबेल की घर में घुसकर हत्या कर दी गई थी।
पुरानी रंजिश में की थी हत्या
आरोपी रूपचरण यादव ने बताया कि बुधवारा बाई गबेल से उसका पुराना विवाद था। इसी रंजिश में उसने अपने साथी देवकुमार यादव के साथ मिलकर घर में घुसकर लकड़ी से दोनों की हत्या की और अलमारी में रखे आभूषण लूट लिए थे। यह मामला अपराध क्रमांक 247/2024, धारा 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज था।
-
Uncategorized8 months agoसुमेधा पुल पर लुट कांड सहित तीन अलग अलग जगह पर लुटकांड करने वाले आरोपी पुलिस के गिरफ्त में,,,दो आरोपी नाबालिक,,,देखे पूरी खबर
-
कोरबा3 years agoकटघोरा विधायक पुरूषोत्तम कंवर के गुर्गों द्वारा दिव्य आकाश कर्मियों पर हमला की कोशिश
-
कोरबा2 years agoग्राम पंचायत पोड़ी के पूर्व सरपंच सचिव पर गबन के आधार पर अधिरोपित राशि 3341972/- रुपये शीघ्र वसूल हो- कय्युम बेग
-
कोरबा2 years agoकुसमुंडा खदान में डंपर पलट कर लगी आग, सरकारी गाड़ी में कोयला और डीजल चोर सवार थे, जलने से दोनों गंभीर
-
कोरबा2 years agoश्रीमती स्वाति दुबे का निधन
-
छत्तीसगढ़2 years agoबिलासपुर में अपोलो अस्पताल के 4 सीनियर डॉक्टर अरेस्ट
-
कोरबा3 years agoकटघोरा जनपद की 25 करोड़ की जमीन उनके करीबी कांग्रेसियों की 25 लाख में कैसे हो गई?
-
कोरबा3 years agoदर्री में 1320 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए नई सरकार गठन के बाद होगी पर्यावरणीय जनसुनवाई
