Connect with us

कोरबा

कांग्रेस ने किया जमीन की नई रजिस्ट्री गाईड लाईन का विरोध: मुख्यमंत्री का पुतला दहन

Published

on

कोरबा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी (शहर एवं ग्रामीण) द्वारा रामपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भैंसमा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन कर सरकार की जमीन की नई रजिस्ट्री गाईड लाईन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
पूर्व मंत्री अग्रवाल ने सरकार पर बोला हमला, कहा-यह सरकार की अदूरदर्शी फैसला
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने जमीन गाईड लाईन में बेतहाशा बढ़ोत्तरी को लेकर राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने जमीन गाईड लाईन की दरों में बेतहाशा बढ़ोत्तरी कर दिया है यह सरकार का अदूरदर्शी फैसला है। इससे आम आदमी को परेशानी होगी। भूमि की खरीदी – बिक्री लगभग बंद हो जाएगी। श्री अग्रवाल ने आगे कहा कि भाजपा सरकार ने रजिस्ट्री में 100 प्रतिशत तक की वृद्धि कर लोगों की परेशानी बढ़ा दी है, इससे सरकार को भविष्य में राजस्व की हानि भी होगी। लोगों के घर बनाने का सपना चकनाचूर हो जाएगा। हम सब इस अव्यवहारिक निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग करते हैं ।
देश में कहीं भी ऐसा फैसला नहीं, जो विष्णु सरकार का है- फुलसिंह राठिया
रामपुर विधायक फुलसिंह राठिया ने कहा कि यह प्रदेश के विकास में बाधा पहुंचाने वाला फैसला है । पूरे देश में ऐसा कहीं नहीं हुआ कि एक साल में जमीन की गाईडलाईन 130 से 500 प्रतिशत तक बढ़ा दी गयी हो। मुंबई, हैदराबाद, दिल्ली, पुणे जैसे अन्य बड़े शहरों में भी जमीन की गाईडलाईन की दर एक बार में 10 से 15 प्रतिशत ही बढ़ाई जाने की परंपरा रही है।
भूपेश सरकार की दी जाने वाली 30 प्रतिशत छूट को बंद कर दिया, ऊपर से रजिस्ट्री 100 प्रतिशत बढ़ा दी- श्याम लाल कंवर
पूर्व विधायक श्याम लाल कंवर ने कहा कि सरकार ने पहले भूमि के गाईडलाईन दरों में कांग्रेस सरकार के समय दिये जाने वाले 30 प्रतिशत छूट को समाप्त कर दिया। अब अचानक से जमीनों की सरकारी कीमत 10 से 100 प्रतिशत बढ़ा दी गई है, जिसका मतलब है कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार आने के बाद भूमि की सरकारी कीमत 40 से 130 प्रतिशत बढ़ गयी है।
30 लाख की जमीन में 22 लाख की स्टाम्प ड्यूटी, यह कहां का न्याय – मनोज चौहान
ग्रामीण जिला अध्यक्ष मनोज चौहान ने बताया कि 30 लाख की जमीन के लिए 22 लाख की स्टांप ड्यूटी कोई सरफिरि या तुनकमिजाज सरकार ही लगा सकती है। प्रदेश के कई शहरों के आसपास ऐसी स्थिति बन गई है कि अगर कोई 1000 फीट जमीन की खरीदी 6 लाख रु. में करता है, तो उसे 4 लाख 40 हजार रु. रजिस्ट्री शुल्क चुकाना होगा , कुछ क्षेत्रों में रजिस्ट्री शुल्क और जमीन की कीमत एक बराबर होगी, और कुछ क्षेत्रों में जमीन की कीमत से ज्यादा रजिस्ट्री शुल्क देना पड़ेगा ।
जनता को परेशान करने वाला फैसला-मुकेश राठौर
शहर कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि ऐसा लगता है, सरकार ने यह फैसला जानबूझकर जनता को, विशेषकर किसानों, गरीबों और रियल स्टेट से जुड़े हुये लोगों को परेशान करने के लिये लिया गया है। सरकार के द्वारा जमीन की रजिस्ट्रियों के संबंध में भूमि के गाईडलाईन के संबंध में फैसला जनता के हितों के खिलाफ है। कृषि के बाद सबसे ज्यादा रोजगार रियल स्टेट सेक्टर देता है। सरकार के इस अनुचित फैसले से छत्तीसगढ़ में रियल स्टेट व्यवसाय की कमर टूट जायेगी।
कांग्रेस सरकार ने जमीन रजिस्ट्री में 30 प्रतिशत छूट देकर रियल स्टेट सेक्टर में जान फूंकी थी- परसाई
पूर्व जिला अध्यक्ष हरीश परसाई ने बताया कि कांग्रेस सरकार ने 30 प्रतिशत छूट देकर प्रदेश में रियल स्टेट सेक्टर में प्राण फूंका था। यही कारण था कि कोरोना के समय भी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था मजबूत थी। वर्तमान सरकार के निर्णय से बेरोजगारी बढ़ेगी, अर्थव्यवस्था तबाह होगी और रियल स्टेट में गिरावट आयेगी। सरकार का आर्थिक प्रबंधन फेल हो गया है। सरकार के पास अपनी योजनाओं को चलाने के लिए पैसा नहीं है, इसीलिए सरकार विभिन्न मदों में टैक्स बढ़ा कर जनता पर बोझ थोप रही है। इसीलिए जमीन के गाईड लाईन के रेट बढ़ाये गये तथा बिजली के दाम भी बढ़ाये गये।
कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष नारायण कुर्रे ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ईओडब्ल्यु की कार्यवाही को प्रतिशोध की राजनीति बताते हुए कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को लगातार परेशान करने की कोशिश की जा रही है, जबकि यह मामला फर्जी है।
इस मौके पर पार्षद रवि चंदेल, सुखसागर निर्मलकर, अविनाश बंजारे, सांसद प्रतिनिधि रवि कश्यप, अब्दुल, सुभाष, जयकिशन श्रीवास, आवेश कुरैशी, आशीष गांगुली, सरवन सिंह सहित जिला कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण से अनेकों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

रीवा हादसे पर कोरबा में भी आक्रोश : जैन संतों की सुरक्षा के लिए सकल जैन समाज ने निकाली मौन रैली, प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Published

on

कोरबा। देश में विहाररत जैन साधु-संतों की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने और हाल ही में मध्यप्रदेश के रीवा में आर्यिका माताजी संघ के साथ हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर सकल जैन समाज ने सोमवार को जैन मंदिर बुधवारी से कलेक्ट्रेट तक मौन रैली निकाली और कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि रीवा, मप्र में विहार के दौरान हुई सड़क दुर्घटना में आर्यिका माताजी संघ की साध्वियों का असामयिक निधन हो गया था। समाज ने मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की पारदर्शिता के साथ एसआईटी या न्यायिक जांच करवाई जाए। घटना स्थल के आस-पास के सभी सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए। दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए।
जैन समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि जैन समाज सदैव शांति, अहिंसा और संवैधानिक मर्यादाओं में विश्वास रखता है। लेकिन तपस्वी संतों की सुरक्षा के मामले में अब शासन-प्रशासन को जागना होगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान सकल जैन समाज के अनेक पदाधिकारी, प्रबुद्ध नागरिक मौजूद थे।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने समाजजनों को आश्वस्त किया कि जैन संतों की सुरक्षा से जुड़े विषय पर गंभीरता से ध्यान दिया जाएगा तथा आवश्यक कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
सकल जैन समाज के प्रतिनिधि डॉ. प्रदीप जैन, मूलचंद जैन, योगेश जैन, प्रकाश जैन, महेन्द्र चोपड़ा, दिनेश जैन, दीपांशु जैन ने संयुक्त रूप से कहा कि संत समाज की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए समाज हमेशा एकजुट होकर आवाज उठाता रहेगा।

Continue Reading

कोरबा

SECL बलगी सब स्टेशन में चोरी, सुरक्षाकर्मी से मारपीट:जान से मारने और बेटी को उठाने की धमकी, एक आरोपी गिरफ्तार

Published

on

कोरबा। कोरबा के बांकिमोंगरा थाना क्षेत्र के SECL बलगी सब स्टेशन में चोरी और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

घटना 23 मई की रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। SECL बलगी के प्रधान सुरक्षा प्रहरी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि कुछ युवक जबरन सब स्टेशन में घुस गए।

चोरी करने, जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गितफ़्तार कर लिया है

चोरी करने, जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गितफ़्तार कर लिया है

आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी

इस दौरान आरोपियों ने सुरक्षाकर्मी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि यदि घटना की जानकारी किसी को दी गई तो वे उसकी बहन-बेटी को घर से उठा ले जाएंगे।

पाइप और 100 मीटर केबल चोरी

चोर सब स्टेशन से पाइप और करीब 100 मीटर केबल चोरी कर ले गए। चोरी की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।

बताया गया कि आरोपियों ने चोरी किए गए पाइप एंगल को पहले बाउंड्रीवाल के बाहर फेंका और बाद में उसे लेकर फरार हो गए। सुरक्षाकर्मी ने घटना की जानकारी संबंधित विभागीय अधिकारियों को दी,

CCTV फुटेज से आरोपी की पहचान

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान अर्जुन सिंग और एक नाबालिग सहित अन्य आरोपियों के नाम सामने आए। पुलिस ने 25 मई को अर्जुन सिंह (20), पिता स्व. बनवारी सिंह, निवासी शांतिनगर बलगी को गिरफ्तार कर लिया।

घटना में उपयोग किये गए बिक को भी जब्त कर लिया गया है

घटना में उपयोग किये गए बाइक को भी जब्त कर लिया गया है

पूछताछ में कबूला जुर्म

पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि चोरी किया गया केबल फरार आरोपियों के पास है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई बाइक (CG 12 BS 7092) भी जब्त की है। बाइक में प्रेशर हॉर्न लगा हुआ था। फिलहाल पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

Continue Reading

कोरबा

अग्निवीर भर्ती के परिणाम घोषित, छत्तीसगढ़ के 1163 अभ्यर्थियों को मिली सफलता

Published

on

कोरबा। सेना भर्ती कार्यालय रायपुर द्वारा जनवरी माह में धमतरी (छ0ग0) में आयोजित भारतीय सेना अग्निवीर भर्ती के लिए विभिन्न पदों का परिणाम दिनांक 25 मई 2026 को घोषित कर दिया गया है जिसमें छत्तीसगढ़ के 1163 युवाओं को सफलता प्राप्त हुई है। यह परिणाम भारतीय सेना के वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in  पर उपलब्ध है तथा सेना भर्ती कार्यालय रायपुर (छ0ग0) के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित किया गया है।
सभी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को 28 मई 2026 को सुबह 7ः00 बजे सभी मूल दस्तावेजों के साथ सेना भर्ती कार्यालय रायपुर (छ0ग0) जो कि शहीद वीर नारायण सिंह अंतराष्ट्रीय स्टेडियम नया रायपुर के पास स्थित है, में प्रारंभिक निर्देशों के लिए उपस्थित होने निर्देषित किया गया है।
अधिक जानकारी हेतु अंतराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के नजदीक, सेना भर्ती कार्यालय रायपुर के दूरभाष क्रमांक 0771-2965212/0771-2965214 पर सम्पर्क कर सकते हैं। भारतीय सेना में चयन पारदर्शी है और केवल योग्यता के आधार पर चयन होता है। अभ्यर्थियों को दलाल से सावधान रहने की सलाह दी गई है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677