Connect with us

कोरबा

पीवीटीजी गांव में ग्रामीणों के बीच कलेक्टर की लगी चौपाल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी केंद्र में निरीक्षण कर जाना वहाँ का हाल

Published

on

जिले के अंतिम छोर से कलेक्टर ने परखी शिक्षा, स्वास्थ्य सहित शासन की योजनाओं की हकीकत

पीएम जनमन सड़क सहित निर्माणाधीन भवन के कार्य में प्रगति लाते हुए शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश

ऐतमानगर जलप्रदाय योजना में कार्य की प्रगति धीमी होने पर नोटिस जारी करने के निर्देश

धान खरीदी केंद्र, गुरसिया व्यपवर्तन का भी कलेक्टर ने किया निरीक्षण

कोरबा। नवपदस्थ कलेक्टर कुणाल दुदावत ने नए साल की शुरुआत के साथ ही आकांक्षी ब्लॉक पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र के दूरस्थ व अंतिम छोर के गाँवों में जाकर शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल सहित शासन की फ्लैगशिप योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन की स्थितियों का जायजा लिया। कलेक्टर ने जिले की पहचान विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवाओं-बिरहोर बाहुल्य गाँव गुडरुमुडा में चौपाल लगाकर उनकी समस्याओं को सुना और उन्हें दूर करने अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने गुडरुमुडा, पोड़ी उपरोड़ा, ऐतमानगर, गुरसिया, सालिहां भाठा, लैंगा और अंतिम छोर पर स्थित पसान तक जाकर आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पोषण पुनर्वास केंद्र, बालिका आवासीय छात्रावास, एकलव्य आवासीय विद्यालय, धान खरीदी केंद्र, ऐतमानगर जलप्रदाय योजना, निर्माणाधीन वॉटर फीडर टैंक, निर्माणाधीन पीएम जनमन सड़क, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, निर्माणाधीन विद्यालय भवन, शिक्षकों के आवासीय भवन का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले, एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा मनोज बंजारे सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


पीवीटीजी ग्राम गुडरुमुड़ा की समस्याएं होंगी दूर
कलेक्टर श्री दुदावत ने पीवीटीजी ग्राम गुडरुमुड़ा में ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और चर्चा करते हुए समाधान के निर्देश दिए। कलेक्टर ने महिलाओं से महतारी वंदन योजना, उचित मूल्य की दुकान में खाद्यान्न मिलने, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने राशन दुकान में खराब चावल मिलने की शिकायत की तो कलेक्टर ने जांच के निर्देश दिए। बिरहोर जनजाति की महिला रति बाई ने अपनी सुपुत्री की शारीरिक समस्या बताते हुए उपचार की मांग की तो कलेक्टर ने सोमवार को उसे जिला अस्पताल भेजकर इलाज कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने गुडरुमुडा में पीएम जनमन आवास की जानकारी लेते हुए सभी आवासों में पीएम सूर्यघर स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि घरों तक सर्विस वायर लगाकर मीटर भी लगाएं। कलेक्टर ने यहाँ बन रही पीएम जनमन सड़क के अधूरे कार्य को 10 फरवरी तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। यहाँ सरपंच सहित ग्रामीणों को कलेक्टर ने जागरूक रहकर शासन की योजनाओं का लाभ उठाने और नशे से दूर रहकर शिक्षा के माध्यम से बच्चों का भविष्य बेहतर बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने पीएम जनमन आवास के हितग्राही के आवास और वहाँ स्थापित पीएम सूर्यघर का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर योजना के फायदे बताते हुए कहा कि इससे अधिक बिजली बिल से मुक्ति मिलने के साथ हितग्राही बिजली का उत्पादन कर दूसरे को बेच भी सकते हैं। उन्होंने गाँव में नेटवर्क की समस्या दूर करने, सड़क में लाइट लगाने के संबंध में भी निर्देश दिए।

अच्छा रिज़ल्ट लाएं और दूसरों के लिए मॉडल बनेः कलेक्टर


कलेक्टर कुणाल दुदावत ने पोड़ी उपरोड़ा मुख्यालय में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय और एकलव्य आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से चर्चा कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को बिना दबाव पढ़ाई कर बेहतर परीक्षा परिणाम लाकर माता-पिता के सपनों को साकार करने, बेहतर भविष्य बनाने और अन्य के लिए आदर्श बनने की प्रेरणा दी। कलेक्टर ने एकलव्य आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों को दसवीं बोर्ड में बेहतर परिणाम लाने प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एकलव्य विद्यालय के विद्यार्थियों को आदर्श के रूप में देखा जाता है, इसलिए बिना तनाव अच्छे से तैयारी करें। उन्होंने सिलेबस पूर्ण कराने, साइंस विषय की अतिरिक्त कक्षा लगाने, नियमित टेस्ट लेकर सुधार लाने, लेखन कौशल बेहतर बनाने और प्री-बोर्ड प्रश्नपत्र तैयार कर टेस्ट लेने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री जी के “परीक्षा पर चर्चा“ कार्यक्रम को देखने और दिए गए सुझावों को अपनाने कहा। बेहतर परीक्षा परिणाम लाने पर विद्यार्थियों को इसरो भ्रमण कराने की बात भी कही। निरीक्षण के दौरान कक्षा दसवीं के विद्यार्थी कुणाल ने कलेक्टर को छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति पर आधारित पेंटिंग भेंट की, जिसकी कलेक्टर ने सराहना की।
स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ समय पर मरीजों को अवश्य मिले


कलेक्टर श्री दुदावत ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी उपरोड़ा और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पसान का निरीक्षण किया। उन्होंने पंजीयन कक्ष, लैब, प्रसव कक्ष, महिला-पुरुष वार्ड, एक्स-रे कक्ष, टीबी, एनसीडी, पीएनजी, वैक्सीन कक्ष, डेंटल, दवा वितरण कक्ष और स्टोर रूम का अवलोकन किया। कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को समय पर सुरक्षित एवं संस्थागत प्रसव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एचआरपी सूची की जानकारी ली। कलेक्टर ने निक्षय निरामय अभियान के तहत टी.बी. की संभावित मरीजों का एक्स-रे करने के निर्देश दिए और 10 किलोमीटर क्षेत्र के संभावित टी.बी.मरीज की पहचान कर एक माह के भीतर एक्स-रे के निर्देश दिए। उन्होंने मितानिनों को 10 किमी क्षेत्र में मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देने कहा। कलेक्टर ने भर्ती मरीजों से उपचार, चिकित्सक की उपलब्धता, दवा एवं भोजन की जानकारी ली। उन्होंने प्रसव उपरांत माताओं को सुरक्षित मातृत्व अभियान अंतर्गत प्रोटीन युक्त भोजन देने के निर्देश दिए। उन्होंने टीबी मरीजों के रिकॉर्ड का सही संधारण, निक्षय मित्र-पोषण किट की जानकारी तथा दवा-सेवन की ट्रैकिंग के निर्देश दिए। बेहतर उपचार हेतु कॉल सेंटर स्थापित करने के निर्देश भी दिए। एनसीडी के चिकित्सकों को शुगर-हाइपरटेंशन की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने कहा। जननी सुरक्षा योजना के भुगतान समय पर कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण कर कुपोषित बच्चों को मेनू अनुसार आहार उपलब्ध कराने एवं टीवी के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में शासन की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित हो। स्टाफ समय पर पहुंचे और सफाई व्यवस्था बेहतर हो। कलेक्टर ने सीएचसी के सामने निर्माणाधीन प्री-बर्थ वेटिंग कक्ष-सामुदायिक भवन को एक सप्ताह में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
पीएम जनमन की सड़क को शीघ्र पूर्ण करेंः कलेक्टर


कलेक्टर श्री दुदावत ने पीवीटीजी बाहुल्य ग्रामों को जोड़ने वाली पीएम जनमन अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने और शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुरसिया-अंबिकापुर मुख्य मार्ग से ग्राम बहरीझरिया तक लगभग 15 किमी सड़क को 30 मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने लैंगा से सेमरा-सैला-जिल्दा तक निर्माणाधीन 14.30 किमी सड़क का भी निरीक्षण किया और समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने कहा।
पसान के स्कूल भवन और शिक्षक आवास के कार्य में प्रगति के निर्देश


कलेक्टर श्री दुदावत ने पसान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला के निर्माणाधीन अतिरिक्त भवन और शिक्षक आवास के कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अतिरिक्त भवन को अप्रैल तक पूर्ण करने कहा। साथ ही पुराने जर्जर भवन का सर्वे कर डिस्मेंटल करने के निर्देश भी दिए।
आमाखोखरा के आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण, बच्चों से संवाद, दी शाबाशी


कलेक्टर श्री दुदावत ने पोड़ी उपरोड़ा के ग्राम आमाखोखरा के आंगनबाड़ी केंद्र भांठापारा का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यकर्ता-सहायिका से बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा की जानकारी ली। बच्चों से आत्मीय संवाद कर नाम, अक्षर-ज्ञान और रंग पहचान से संबंधित प्रश्न पूछे, जिसके उत्तर सुनकर कलेक्टर मुस्कुराए और शाबाशी दी। निरीक्षण के दौरान ग्रोथ चार्ट, पोषित-कुपोषित बच्चों की स्थिति, नाश्ता वितरण, पोषण ट्रैकर, शैक्षणिक सामग्री एवं खिलौनों का अवलोकन किया। पंजीकृत गर्भवती एवं शिशुवती माताओं की जानकारी, मातृत्व वंदना योजना तथा पूरक पोषण आहार व्यवस्था की भी समीक्षा की।
ऐतमानगर समूह जल प्रदाय योजना का कलेक्टर ने किया गहन निरीक्षण, गति बढ़ाने के निर्देश
निर्माण की धीमी प्रगति पर नोटिस जारी करने का निर्देश

ऐतमानगर में जल जीवन मिशन अंतर्गत जल प्रदाय योजना के तहत निर्माणाधीन 28.5 एमएलडी क्षमता के जल शुद्धिकरण संयंत्र का कलेक्टर श्री दुदावत ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन इकाइयों की स्थिति की समीक्षा की और धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए ठेकेदार विंध्य टेली लिंक लिमिटेड को नोटिस जारी करने कहा। उन्होंने परियोजना की समयबद्धता सुनिश्चित करने हेतु मैनपावर बढ़ाकर तेजी से कार्य करने एवं गुणवत्ता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। पीएचई के ईई ने बताया कि ऐतमानगर जल प्रदाय योजना पोंड़ीउपरोड़ा और पाली विकासखंड के लगभग 245 ग्राम लाभान्वित होंगे।
धान खरीदी केंद्र पोड़ी उपरोड़ा का निरीक्षण, व्यवस्था सुधारने के निर्देश
कलेक्टर श्री दुदावत ने धान खरीदी केंद्र पोड़ी उपरोड़ा का निरीक्षण कर खरीदी स्थिति की जानकारी ली और पिछले वर्ष की तुलना में प्रगति देखी। उन्होंने बारदाना उपलब्धता, टोकन जारीकरण और स्टैकिंग व्यवस्था की समीक्षा की। कलेक्टर ने धान बोरियों का वजन कर भौतिक सत्यापन किया और समय पर उठाव सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुचारु रहे। अधिकारियों को साप्ताहिक निरीक्षण और सत्यापन के निर्देश दिए।
गुरसिया व्यपवर्तन योजना का निरीक्षण, समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश
कलेक्टर श्री दुदावत ने गुरसिया व्यपवर्तन योजना के अंतर्गत फीडर टैंक, वियर, नहरों और अन्य संरचनाओं का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के साथ उच्च गुणवत्ता से निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि योजना का लाभ समय पर आमजन तक पहुंच सके।

Continue Reading
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

कोरबा

पेड़ की डाल नहीं, पूरा विशाल धौरा वृक्ष गिरा था, वन विभाग के दावे पर उठे सवाल

Published

on

कोरबा/पाली। पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चोरका डांड में शनिवार शाम आंधी-तूफान और बारिश के दौरान हुई दर्दनाक घटना में तीन युवकों की मौत के मामले में अब कई सवाल खड़े होने लगे हैं। प्रारंभिक जानकारी में बताया गया था कि तीनों युवक बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे रुके हुए थे, तभी पेड़ की भारी डाल टूटकर उन पर गिर गई। लेकिन मीडिया टीम के मौके पर पहुंचने पर सामने आए तथ्यों ने मामले को नया मोड़ दे दिया है।

घटनास्थल पर देखा गया कि कोई डाल नहीं टूटी थी, बल्कि एक विशाल धौरा का पेड़ जड़ सहित गिरा हुआ था। वहीं ग्रामीणों, मृतक दिनेशु तिर्की के परिजनों तथा निर्माण कार्य में लगी महिलाओं ने बताया कि घटनास्थल पर वन समिति के माध्यम से सूअर पालन के लिए कोठा निर्माण का कार्य चल रहा था। उनके अनुसार दिनेशु तिर्की और कमलेश बड़ा निर्माण कार्य में लगे हुए थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक तेज आंधी-तूफान शुरू हुआ। इसी दौरान धौरा वृक्ष से आवाज आई और कुछ ही क्षणों में वह घूमकर निर्माण स्थल पर गिर पड़ा। पेड़ के नीचे काम कर रहे युवक उसकी चपेट में आ गए। घटना में एक महिला को भी सिर और हाथ में हल्की चोटें आईं, जिसने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। इसके बाद लोगों ने किसी तरह दबे हुए लोगों को बाहर निकाला और घायल युवकों को वाहन की व्यवस्था कर पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां जांच उपरांत दो युवकों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक गंभीर रूप से घायल युवक को रेफर किया गया, जिसकी रास्ते में मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार जंगल क्षेत्र होने के कारण तत्काल वाहन उपलब्ध नहीं हो पाया और अस्पताल पहुंचने में करीब ढाई घंटे का विलंब हुआ।

इधर जब इस संबंध में वन विभाग से जानकारी ली गई तो विभागीय अधिकारियों ने निर्माण कार्य में युवकों को लगाए जाने से इनकार किया। यहीं से कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि निर्माण कार्य में युवक शामिल नहीं थे तो वे घटनास्थल पर क्या कर रहे थे? ग्रामीण, परिजन और वहां मौजूद महिलाएं निर्माण कार्य में लगे होने की बात क्यों कह रही हैं? यदि वन समिति के अंतर्गत निर्माण कार्य चल रहा था तो वहां कार्यरत लोगों की निगरानी कौन कर रहा था? निर्माण स्थल पर सुरक्षा के क्या इंतजाम थे? क्या कार्य शुरू करने से पहले संभावित जोखिमों का आकलन किया गया था? यदि नाबालिग मौके पर मौजूद थे तो उनकी उपस्थिति किन परिस्थितियों में थी? क्या निर्माण कार्य के लिए मजदूरों का कोई पंजीयन या उपस्थिति रजिस्टर रखा गया था? दुर्घटना के समय वहां कितने लोग काम कर रहे थे और उन्हें किसके निर्देश पर लगाया गया था? आखिर घटना के संबंध में सामने आ रहे अलग-अलग दावों में सच्चाई क्या है?

मृतकों में 14 वर्षीय शिवराम टेकाम और 17 वर्षीय दिनेश तिर्की भी शामिल हैं। ऐसे में नाबालिगों से कार्य कराए जाने की आशंका को लेकर मामला और गंभीर हो जाता है। अब आवश्यकता इस बात की है कि पूरे घटनाक्रम की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दुर्घटना के समय वहां वास्तव में क्या कार्य चल रहा था और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।फिलहाल यह मामला केवल प्राकृतिक दुर्घटना तक सीमित नहीं दिख रहा, बल्कि कई ऐसे सवाल छोड़ गया है जिनके जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।

चोरकाडांड निवासी हीरा सिंह ने बताया कि वन विभाग द्वारा पशुपालन के लिए भवन निर्माण कराया जा रहा था, जिसमें युवक कार्य कर रहे थे। उनके अनुसार मौसम सामान्य था और केवल हल्की हवा चल रही थी। इसी दौरान अचानक एक विशाल धौरा पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में उनकी मौत हो गई।

मृतक दिनेशु तिर्की की मां हीरामणि ने बताया कि उनका बेटा पिछले तीन दिनों से वहां काम पर जा रहा था। घटना की जानकारी गांव के एक युवक ने आकर दी, जिसके बाद वह तत्काल घटनास्थल पहुंचीं। ग्रामीणों की मदद से वाहन की व्यवस्था कर घायल युवकों को पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत की खबर मिली।

काम करने वाली राधाबाई बाइसेम्हर ने बताया कि वह एक अन्य महिला के साथ दो दिनों से निर्माण कार्य में लगी थीं। हादसे के समय वह बालू उठा रही थीं, जबकि दूसरी महिला बालू छान रही थी। तभी कटने जैसी तेज आवाज सुनाई दी। जान बचाने के लिए भागते समय विशाल धौरा वृक्ष गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आकर तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राधाबाई ने बताया कि तीनों युवक पिछले दो दिनों से पानी ढुलाई और मसाला बनाने का काम कर रहे थे।

Continue Reading

कोरबा

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत कोरबा जिले में एक लाख से अधिक आवास पूर्ण

Published

on

मनरेगा के माध्यम से हितग्राहियों को मिल रहा 90 दिवस का रोजगार

कोरबा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत कोरबा जिले ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए एक लाख से अधिक पक्के आवासों का निर्माण पूर्ण कर लिया है। वर्ष 2016 से अब तक जिले में कुल 1,00,013 आवासों का निर्माण सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा चुका है, जिससे हजारों ग्रामीण परिवारों का अपने पक्के घर का सपना साकार हुआ है।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के आवासहीन एवं वंचित परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए चरणबद्ध तरीके से 1.20 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है। इसके साथ ही महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत आवास निर्माण कार्य हेतु 90 दिवस का रोजगार उपलब्ध कराया जाता है, जिससे हितग्राहियों को मजदूरी भुगतान का लाभ भी प्राप्त होता है।

योजना के अंतर्गत एसईसीसी-2011 सर्वे तथा वर्ष 2018 में आयोजित आवास प्लस सर्वे में पात्र पाए गए परिवारों को क्रमबद्ध रूप से आवास स्वीकृत किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा सतत निगरानी एवं प्रभावी क्रियान्वयन के परिणामस्वरूप आवास निर्माण कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।

जिले में वर्ष 2016 से 2023 के दौरान 61,223 आवास पूर्ण किए गए, जबकि वर्ष 2024 से 2026 के बीच 37,804 आवासों का निर्माण पूरा हुआ। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 478 आवास तथा प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत 508 आवास पूर्ण किए गए हैं।

इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार पात्र ग्रामीण हितग्राहियों को गुणवत्तापूर्ण पक्के आवास उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले में एक लाख से अधिक आवासों का पूर्ण होना ग्रामीण विकास एवं जनकल्याण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है, जिससे हजारों परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।

Continue Reading

कोरबा

05 जून पर्यावरण दिवस: छत्तीसगढ़ पब्लिक हायर सेकेण्डरी स्कूल छत्तीसगढ़ पर्यावरण रत्न सम्मान से होगी सम्मानित

Published

on

बिलासपुर/पाली। पर्यावरण एवं पर्यटन विकास समिति बिलासपुर, छत्तीसगढ़ी राजभाषा परिषद, वन विभाग एवं छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मण्डल बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में 05 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस पर सरस्वती शिशु मंदिर सभागार तिलक भवन बिलासपुर में पर्यावरण सुरक्षा एवं संवर्धन विषय पर प्रतियोगिताएं, कार्यशाला, काव्य गोष्ठी, नृत्य, गीत-संगीत, फैंसी ड्रेस, बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता सहित पर्यावरण क्षेत्र में अह्म भूमिका निभाने वाली प्रतिभाओं एवं संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में यह समारोह सम्पन्न होगा, जिसकी अध्यक्षता विनय पाठक करेंगे।इनके अलावा कई शिक्षाविद, पर्यावरणविद कार्यक्रम का गौरव बढ़ाएंगे। आईएफएस एस एस डी बड़गैया, समाजसेवी शैलेन्द्र सिंह कछवाहा, वरिष्ठ साहित्यकार विष्णु कुमार तिवारी, आईएफएस नीरज जी, डॉ. अभिलाषा बेहार, आईएसएस रमेशचंद्र श्रीवास्तव, समाजसेवी राजीव नयन शर्मा, क्षेत्रीय पर्यावरण संरक्षण अधिकारी श्रीमती रश्मि श्रीवास्तव, पर्यावरणविद हेमंत कुमार गौर सहित अन्य विभूतियां उपस्थित रहेंगी।

इस सम्मान समारोह में पाली स्थित छत्तीसगढ़ पब्लिक हायर सेकेण्डरी स्कूल को भी छत्तीसगढ़ पर्यावरण रत्न सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. गजेन्द्र तिवारी ने बताया कि विद्यालय परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं हरितिमा बनाने के साथ-साथ जल संरक्षण और वर्षा जलसंचयन, प्लास्टिक मुक्त अभियान एवं बच्चों द्वारा पर्यावरण जागरूकता रैलियों के माध्यम से समाज को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश देना एवं पौध रोपण जैसे विविध कार्यक्रम के लिए छत्तीसगढ़ पर्यावरण रत्न सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. गजेन्द्र तिवारी ने बताया कि यह विद्यालय के लिए गौरव की बात है और एक बड़ी उपलब्धि भी।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677