कोरबा। कलेक्टर कोरबा कुणाल दुदावत ने आज शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज कोरबा का औचक निरीक्षण कर संस्थान की शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं लैब-सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कई महत्वपूर्ण अव्यवस्थाएँ सामने आईं, जिन पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत प्रशासनिक शाखा से हुई, जहां कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति रजिस्टर, उपस्थिति संख्या और अन्य अभिलेखों से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राचार्य द्वारा उपलब्ध नहीं कराई जा सकी। इस पर कलेक्टर ने खाते व अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने संस्थान में वर्षों से पड़ी अनुपयोगी सामग्री को शासन के नियमों के अनुसार स्क्रैप में निस्तारित करने का भी आदेश दिया।
इलेक्ट्रिकल लैब के निरीक्षण में पाया गया कि विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल कार्य नियमित रूप से नहीं कराया जा रहा है। कलेक्टर ने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए लैब संचालन को सुव्यवस्थित करने और सभी प्रैक्टिकल गतिविधियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पुनः प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इसके अलावा कार्यालयीन शाखा में स्टाफ कक्षों पर किसी भी कर्मचारी की नेम प्लेट अथवा कार्य-विभाजन की जानकारी प्रदर्शित न होने पर कलेक्टर ने विशेष आपत्ति जताई और आदेश दिया कि तीन दिनों के भीतर सभी कर्मचारियों की नेम प्लेट तथा आवंटित कार्य सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए, ताकि कार्यालयीन पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
कैंपस में स्वच्छता व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। कॉलेज परिसर में फैली अव्यवस्था और अपर्याप्त सफाई व्यवस्था पर कलेक्टर ने तत्काल सफाई व्यवस्था को सुधारने के निर्देश दिए। प्रोसेस इंस्ट्रुमेंटेशन लैब में वर्ष 2024 में खरीदे गए 19 कंप्यूटरों में से 14 कंप्यूटर अब तक उपयोग में नहीं लाए गए थे। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए कलेक्टर ने सभी कंप्यूटरों को तीन दिनों के भीतर इंस्टॉल कर पूर्णतः क्रियाशील स्थिति में लाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग लैब में मौजूद उपकरणों के रखरखाव की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी उपकरणों को सदैव कार्यशील स्थिति में रखने के लिए कहा।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि कॉलेज में पीडब्ल्यूडी द्वारा संचालित मरम्मत एवं रखरखाव कार्य धीमी गति से चल रहे हैं। कलेक्टर ने इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग लैब के निरीक्षण में उपकरणों तथा सामग्री को अव्यवस्थित अवस्था में पाया गया, जिस पर उन्होंने सभी सामग्री को व्यवस्थित रखने और अनुपयोगी वस्तुओं को स्क्रैप में निस्तारित करने के निर्देश दिए। बेसिक कंप्यूटर लैब में 10 पैक्ड एवं अप्रयुक्त कंप्यूटर मिले, जिन्हें छात्रों के लिए उपयोग में लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही कलेक्टर ने लैब में एआई लर्निंग, कंप्यूटर कोडिंग तथा उन्नत डिजिटल स्किल्स का प्रशिक्षण शुरू करने को भी कहा। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग तथा प्रथम वर्ष की संचालित कक्षाओं के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने छात्रों से संवाद किया और निर्देश दिया कि अधिक से अधिक उद्योग-उन्मुख प्रयोग कराए जाएँ, जिससे छात्रों को उद्योग में रोजगार प्राप्त करने हेतु आवश्यक दक्षताएँ विकसित हो सकें। निरीक्षण के अंत में कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि पॉलिटेक्निक कॉलेज जैसे तकनीकी शिक्षण संस्थान कौशल विकास के केंद्र होते हैं। अतः लैब सुविधाएँ, मशीनरी, कक्षाएँ और प्रशासनिक व्यवस्था उच्च गुणवत्ता की होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अव्यवस्थाएँ निर्धारित समयसीमा में दूर की जाएँ और कॉलेज को उद्योग-तैयार तकनीकी शिक्षा के मॉडल संस्थान के रूप में विकसित किया जाए।
कोरबा/पाली। गायत्री परिवार जहां देश ही नहीं विश्व के कई देशों में विभिन्न आध्यात्मिक एवं रचनात्मक कार्यों के माध्यम से शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और सनातन संस्कृति को आगे बढ़ा रहा है, ताकि एक आदर्श समाज की स्थापना हो सके। इसी कड़ी में गायत्री परिवार के रचनात्मक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक एवं पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के विशेषज्ञ वैद्यराज रामफल पटेल आध्यात्मिक एवं रचनात्मक कार्यों से पाली ब्लाक के विभिन्न क्षेत्रों में गायत्री यज्ञों के माध्यम से नशामुक्त अभियान चलाकर युवा पीढ़ी को स्वच्छ वातावरण देने में लगे हुए हैं, वहीं गायत्री परिवार द्वारा संचालित यज्ञों के माध्यम से लोगों को सात्विक जीवन की ओर लौटा रहे हैं।
इस नवरात्रि वे अपने गृहग्राम डोंगानाला में प्रतिवर्ष की भांति करीब डेढ़ दर्जन युवाओं एवं युवतियों को अपने मार्गदर्शन में 09 दिन तक देवी माता की साधना कराई और जीवन में अनुशासन का महत्व बताते हुए अलसुबह उठना, रात्रि को जल्दी सोना का मंत्र बताया। 09 दिन तक वे अपने निवास स्थान में इन युवाओं को भक्ति का पाठ पढ़ाया। ये सब युवा 09 दिन तक माँ की उपासना में लीन रहे और सुबह उठकर उनके निवास स्थान में आयोजित रोज के हवन एवं पूजन में भाग लेते रहे और 09 दिन तक उपवास रहा। करीब 18 युवक-युवतियों के अलावा अन्य युवा भी हवन में भाग लेते थे। श्री पटेल ने बताया कि आध्यात्मिक कार्यक्रमों से युवाओं में संस्कार आते हैं और जीवन में आध्यात्म का महत्व समझते हैं। उन्होंने कहा कि उपवास से शरीर में नई ऊर्जा आती है और मन एकाग्र होता है, जिससे युवाओं को लक्ष्य तय करने में आसानी होती है और युवा अपने भविष्य के प्रति गंभीर होते हैं। आध्यात्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से युवा नशामुक्त जीवन की ओर आगे बढ़ रहे हैं। श्री पटेल ने बताया कि नशा से परिवार और समाज का हरण होता है और युवाओं का जीवन भी बर्बाद हो जाता है। उन्होंने कहा कि गायत्री यज्ञों के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त जीवन के लिए जागरूक किया जा रहा है और इसका प्रतिफल भी अच्छा मिल रहा है। बाल संस्कार केन्द्र के माध्यम से बच्चों का जीवन मुख्यधारा में पाली क्षेत्र के जानेमाने पारंपरिक चिकित्सा विशेषज्ञ वैद्यराज रामफल पटेल गायत्री परिवार के ब्लाक अध्यक्ष एवं जिला स्तर पर रचनात्मक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक के पद का निर्वहन कर रहे हैं। रामफल पटेल अपने गृहग्राम डोंगानाला के निजनिवास में बाल संस्कार केन्द्र का भी संचालन करते हैं, जहां पर ग्राम पंचायत डोंगानाला सहित आसपास के गांव के बच्चे भी केन्द्र में आते हैं, जहां पर रामफल पटेल शिक्षा की अलख जगा रहे हैं, वहीं बच्चों में संस्कार के बीज भी बो रहे हैं, ताकि युवा होने पर भटकाव न हो और वे जीवन की मुख्यधारा से जुड़कर शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी उनमें आए और राष्ट्र निर्माण में वे अपना योगदान दे सकें।
कोरबा/पाली। जनपद पंचायत पाली अंतर्गत ग्राम पंचायत भंडारखोल में पदस्थ सचिव मोती लाल जगत का आकस्मिक निधन गत 05 अक्टूबर को हो गया था। ब्लाक पंचायत सचिव संघ ने मोतीलाल के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक जताया और उनके निवास स्थान जाकर उनके परिजनों को ढांढस बंधाया और पंचायत सचिव संघ की ओर से उनकी धर्मपत्नी को अनुग्रह राशि के रूप में रूपए 65 हजार भेंट किया। पंचायत सचिव संघ के प्रदेश महासचिव सुनील जायसवाल ने परिजनों से कहा कि हमसे जो भी जरूरत होगी, बेझिझक कहें और हमेशा हम सहयोग के लिए तैयार रहेंगे। श्री जायसवाल ने बताया कि श्री जगत के निधन के बाद पुत्र की अनुकम्पा नियुक्ति के लिए हम प्रयासरत हैं, ताकि पुन: घर की आर्थिक बहाली प्रारंभ हो सके। इस अवसर पर सचिव संतोष राव, रामकुमार टेकाम, विशोक सिंह सहित बड़ी संख्या में सचिव उपस्थित थे।
प्रदेश पंचायत सचिव संघ के महासचिव सुनील जायसवाल के नेतृत्व में सीईओ श्रीवास से सौजन्य मुलाकात कोरबा/पाली। जनपद पंचायत पाली के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी मोहनिश देवांगन को भारमुक्त करने के बाद बीते सप्ताह कटघोरा में पदस्थ सीईओ ए के श्रीवास ने पाली जनपद सीईओ का पदभार ग्रहण किया। पाली में पदस्थ होने के बाद पंचायत सचिव संघ ब्लाक पाली ने प्रदेश महासचिव सुनील जायसवाल के नेतृत्व में सीईओ श्री श्रीवास से सौजन्य मुलाकात की और बुके देकर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर सुनील जायसवाल के साथ सचिव संतोष राव, ब्लाक अध्यक्ष रामकुमार टेकाम, बिशोक सिंह सहित अन्य कई सचिव उपस्थित रहे। इस अवसर पर सीईओ श्री श्रीवास के साथ सचिवों ने विकास कार्यों पर चर्चा भी की और सीईओ ने पाली ब्लाक के अंतर्गत आने वाली सभी पंचायतों को विकास कार्यों का समान अवसर देने की बात कही।