Connect with us

देश

दुनियाभर में Petrol-Diesel की कीमतों में भारी उछाल, भारत में क्यों हैं कीमतें स्थिर?

Published

on

ईरान युद्ध शुरू होने के बाद वैश्विक ऊर्जा बाजार में बड़ा उथल-पुथल देखने को मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत 71 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 107 डॉलर तक पहुंच गई है, जिसका असर दुनियाभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर साफ दिख रहा है। लेकिन भारत में अभी तक पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बड़ी बढ़ोतरी नहीं हुई है।

कई देशों में ईंधन के दाम में रिकॉर्ड बढ़ोतरी

मुंबई, एजेंसी। ताजा ग्लोबल आंकड़ों के अनुसार कई देशों में फ्यूल की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया है। लाओस में डीजल की कीमत 149.7% और पेट्रोल 35.8% तक बढ़ गया है। म्यांमार में पेट्रोल 89.7% और डीजल 112.7% महंगा हुआ है। न्यूजीलैंड में भी डीजल 88.6% और पेट्रोल 30.7% तक बढ़ा है।

यूएई में पेट्रोल 52.4% और डीजल 86% तक महंगा हुआ है। वहीं, अमेरिका में पेट्रोल की कीमतों में 44.5% की वृद्धि दर्ज की गई है, जहां एक लीटर पेट्रोल लगभग 119.55 रुपए तक पहुंच गया है।

यूरोप और एशिया में भी महंगाई का असर

यूरोपीय देशों में भी ईंधन की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। यूके में पेट्रोल 202.15 रुपए प्रति लीटर, फ्रांस में 223.36 रुपए, जर्मनी में 223.67 रुपए और इटली में 213.49 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गया है। आयरलैंड में भी पेट्रोल 202.35 रुपए प्रति लीटर दर्ज किया गया है।

हांगकांग दुनिया में सबसे महंगे पेट्रोल बाजारों में शामिल है, जहां कीमत लगभग 394.95 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गई है। इजरायल में यह 269.19 रुपए प्रति लीटर के स्तर पर है।

भारत में कीमतें स्थिर क्यों हैं?

भारत में इसके विपरीत स्थिति देखने को मिल रही है, जहां पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अभी तक कोई बड़ी बढ़ोतरी नहीं हुई है। इसका मुख्य कारण सरकार का हस्तक्षेप और नीतिगत नियंत्रण बताया जा रहा है। केंद्र सरकार ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि फिलहाल ईंधन और एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि नहीं की जाएगी।

विशेषज्ञों के अनुसार, भारत में कीमतें तुरंत अंतरराष्ट्रीय बाजार के अनुसार नहीं बढ़ाई जाती। सरकार और तेल कंपनियां कुछ समय तक बाजार की स्थिति पर नजर रखती हैं। जरूरत पड़ने पर टैक्स और ड्यूटी में बदलाव कर कीमतों को नियंत्रित किया जाता है।
 

Continue Reading

देश

LPG डिलीवरी के लिए OTP सिस्टम बना परेशानी की वजह, हाई कोर्ट ने सुनाया फैसला

Published

on

मुंबई, एजेंसी। ईरान-इजरायल तनाव के बीच ऊर्जा आपूर्ति को लेकर वैश्विक चिंताओं के माहौल में भारत में एलपीजी सिलेंडर वितरण व्यवस्था को लेकर नया विवाद सामने आया है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी के लिए लागू किए गए OTP आधारित डिजिटल ऑथेंटिकेशन सिस्टम को लेकर ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी मुद्दे पर बॉम्बे हाई कोर्ट की नागपुर बेंच ने सुनवाई करते हुए केंद्र सरकार और तेल कंपनियों को निर्देश दिया है कि वे इस व्यवस्था पर पुनर्विचार करें और ऑफलाइन बुकिंग व डिलीवरी विकल्पों की निरंतरता पर विचार करें।

क्या है मामला

मामला सरकारी तेल कंपनियों द्वारा लागू किए गए डिजिटल ऑथेंटिकेशन सिस्टम से जुड़ा है। नए नियमों के तहत 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी के लिए OTP आधारित सत्यापन अनिवार्य किया गया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य पारदर्शिता और फर्जी वितरण पर रोक लगाना बताया गया है लेकिन ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले उपभोक्ताओं को इससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कोर्ट का खटखटाया दरवाजा 

एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन (इंडिया) के अध्यक्ष जयप्रकाश तिवारी ने इस संबंध में हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिका में कहा गया कि कई गांवों में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी कमजोर है, जिसके कारण ग्राहकों को समय पर ओटीपी नहीं मिल पाता। तकनीकी गड़बड़ियों और सर्वर समस्याओं के चलते सिलेंडर वितरण में देरी हो रही है।

सुनवाई के दौरान अदालत को बताया गया कि शुरुआत में यह डिजिटल सत्यापन प्रणाली केवल 50 प्रतिशत डिलीवरी पर लागू थी लेकिन बाद में इसे बढ़ाकर 95 प्रतिशत कर दिया गया। इसके बाद अप्रैल 2026 में जारी एक संदेश में 100 प्रतिशत डिलीवरी के लिए डिजिटल ऑथेंटिकेशन को अनिवार्य बना दिया गया। साथ ही बिना सत्यापन के सिलेंडर देने पर डिस्ट्रीब्यूटर्स के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

क्या कहा कोर्ट ने

जस्टिस अनिल किलोर और जस्टिस राज वाकोड़े की खंडपीठ ने केंद्र और तेल कंपनियों को निर्देश दिया कि वे तीन सप्ताह के भीतर एसोसिएशन की मांग पर निर्णय लें। अदालत ने यह भी संकेत दिया कि डिजिटल व्यवस्था जारी रखते हुए कुछ श्रेणियों के उपभोक्ताओं को छूट देने पर विचार किया जा सकता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि डिजिटल व्यवस्था पारदर्शिता बढ़ाने में मददगार हो सकती है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर लचीला मॉडल अपनाना जरूरी होगा।

Continue Reading

कोरबा

कल से कोरबा में द इंटरनेशन एसोसिएशन ऑफ लायंस क्लब्स डि.3233 सी का डिस्ट्रिक्ट सम्मेलन एवं केबिनेट मीटिंग

Published

on

कोरबा। द इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ लायंस क्लब्स डिस्ट्रिक्ट 3233 सी का दो दिवसीय 09वां वार्षिक अधिवेशन एवं केबिनेट मीटिंग 09 एवं 10 मई को कोरबा के जश्न रिसोर्ट में होने जा रहा है। इस अधिवेशन में डि.3233 सी के अंतर्गत पूरे छत्तीसगढ़ सहित आधा मध्यप्रदेश में संचालित लायंस क्लबों के पदाधिकारियों सहित देश की कई जानीमानी लायनवादी हस्तियां उपस्थित रहेंगी। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पीएमजेएफ लायन विजय अग्रवाल के नेतृत्व में यह कांफ्रेंस एवं केबिनेट मीटिंग सम्पन्न होगी।
डिस्ट्रिक्ट कांफ्रेंस के दूसरे दिन 10 मई को वाईस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय के लिए चुनाव होगा और इस प्रमुख मुकाबले में लायंस क्लब बिलासपुर सेवा से एमजेएफ लायन आशीष अग्रवाल (जीएलटी-कोआर्डिनेटर) और लायंस क्लब दुर्ग से पीएमजेएफ लायन अनिल अग्रवाल के बीच सीधा मुकाबला होगा। लायनवादी परंपरा के अनुसार डिस्ट्रिक्ट कांफ्रेंस में सेवाभाव लिए सभी लायन सदस्य चुनाव में भाग लेंगे और अपने समर्थकों को वाईस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय के लिए वोट करेंगे। एमजेएफ लायन आशीष अग्रवाल ने सभी लायन दिग्गजों से आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए महीनों पहले से ही दौरा प्रारंभ कर दिया है, वहीं वे एक ऐसे व्यक्तित्व हैं, जिनके कुशल प्रबंधन से विपक्षी खेमा भी आकर्षित हो जाता है। उनके कुशल एवं आकर्षक व्यक्तित्व के सभी कायल हैं। विपक्षी खेमा को भी वे अपनी ओर रिझाने में सफल हो सकते हैं।
वाईस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रथम एवं डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के लिए भी औपचारिक चुनाव होगा, जिसमें पीएमजेएफ लायन रिपुदमन पुसरी सत्र 2026-27 के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनेंगे, वहीं वाईस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय पीएमजेएफ लायन पवन मलिक प्रथम वाईस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनेंगे। सबसे दिलचस्प वाईस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय का चुनाव होगा और एमजेएफ लायन आशीष अग्रवाल एवं लायन अनिल अग्रवाल का शक्ति प्रदर्शन होगा। जितने वाले प्रत्याशी सत्र 2028-29 के लिए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर बनेंगे।
इंटरनेशनल डायरेक्टर एंडोर्सी के लिए 100 प्रतिशत वोट की अपील की लायन अग्रवाल ने

द इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ लायंस क्लब्स डिस्ट्रिक्ट 3233 सी की दो दिवसीय डिस्ट्रिक्ट कांफ्रेंस 09 एवं 10 मई को कोरबा के जश्न रिसोर्ट परिसर में सम्पन्न होगा, जिसमें इंटरनेशनल डायरेक्टर एंडोर्सी का भी चुनाव होगा। लायंस क्लब्स इंटरनेशनल डायरेक्टर एंडोर्सी प्रत्याशी के रूप में कोरबा के लायन दिग्गज पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, पूर्व मल्टीपल वाईस चेयरमेन पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल की दमदार उपस्थिति होगी। इंटरनेशनल डायरेक्टर प्रत्याशी के रूप में पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने सभी लायन दिग्गजों से 100 प्रतिशत समर्थन की अपील करते हुए कहा है कि सबके सहयोग से लायनवाद को टीमभावना के साथ नई ऊंचाईयां दी जाएगी। यहां यह बताना लाजिमी होगा कि पीएमजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल कोरबा लायनवाद को विश्व शिखर तक पहुंचाया था। उनके नेतृत्व में कई बड़े-बड़े स्वास्थ्य शिविर कोरबा में आयोजित हुआ, तब कई लोगों को आंखों की रौशनी मिली थी, स्वास्थ्य सुविधा का लाभ कोरबा के अंतिम छोरों तक स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से पहुंचाया, उनके नेतृत्व में कोरबा सहित डिस्ट्रिक्ट 3233सी के कई क्लबों में कई ऐतिहासिक स्थायी प्रोजेक्ट को गति मिली, कोरबा सहित डिस्ट्रिक्ट 3233 सी में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कई ऐतिहासिक कार्य हुए। रचनात्मक कार्यों में वे हमेशा आगे रहने वाले डिस्ट्रिक्ट के सबसे ख्यातिलब्ध लायन सदस्य हैं। लायंस क्लब कोरबा में उनका अध्यक्षीय कार्यकाल स्वर्णीम रहा और अब वे लायंस क्लब कोरबा गुरूकुल के स्थायी प्रोजेक्ट नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल की सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि के कारण शिक्षा प्रकल्प के कारण अलग पहचान बनाए हुए हैं। रचनात्मक कार्यों में भी उनकी अलग पहचान है।
लायन विजय अग्रवाल ने कांफ्रेंस को सफल बनाने की अपील

डिस्ट्रिक्ट गवर्नर पीएमजेएफ लायन विजय अग्रवाल ने सभी पदाधिकारियों से कांफ्रेंस को सफल बनाने की अपील की है।

Continue Reading

देश

बंगाल गवर्नर ने विधानसभा भंग की:तमिलनाडु में राज्यपाल ने विजय से 118 विधायकों का समर्थन दिखाने को कहा, AIADMK के 28 विधायक पुडुचेरी शिफ्ट

Published

on

चेन्नई/कोलकाता, एजेंसी। पश्चिम बंगाल में राज्यपाल आरएन रवि ने विधानसभा भंग कर दी है। लोकभवन से गुरुवार शाम को इसका नोटिफिकेशन जारी हुआ। इसका मतलब है कि ममता कैबिनेट के किसी भी मंत्री के पास अब कोई पावर नहीं रहेगी। ममता ने बुधवार को कहा था कि वे सीएम पद से इस्तीफा नहीं देंगी।

इधर बंगाल में हावड़ा के पास शिवपुर में भाजपा और TMC कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबर है। इससे पहले बुधवार रात को शुभेंदु अधिकारी के पीए की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

दूसरी तरफ तमिलनाडु में सरकार बनने को लेकर पेच फंसा हुआ है। 108 सीटें हासिल करने वाली एक्टर विजय की पार्टी TVK से राज्यपाल ने बहुमत के लिए जरूरी 118 विधायकों का समर्थन दिखाने को कहा है। TVK को कांग्रेस के 5 विधायकों का समर्थन हासिल है। उधर, AIADMK ने अपने 47 में से 28 विधायकों को पुडुचेरी शिफ्ट कर दिया है।

DMK और AIADMK के बीच गठबंधन की चर्चा

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि एक-दूसरे की प्रतिद्वंदी DMK और AIADMK के बीच भी सरकार गठन को लेकर चर्चा चल रही है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों दलों के नेताओं के बीच बैकचैनल बातचीत चल रही है।

सूत्रों का कहना है कि एक प्रस्ताव पर चर्चा हुई है, जिसमें AIADMK सरकार बनाए और DMK बाहर से समर्थन दे। छोटे दलों का समर्थन भी इस फॉर्मूले का हिस्सा हो सकता है। हालांकि अभी तक कोई औपचारिक फैसला नहीं लिया गया है।

VCK बोली- TVK भरोसा दिलाए कि वह BJP के दबाव में नहीं आएगी, तभी समर्थन देंगे

VCK नेता एसएस बालाजी ने कहा है कि उनकी पार्टी ने अभी TVK को समर्थन देने पर कोई फैसला नहीं लिया है। उनकी पार्टी तभी समर्थन पर विचार करेगी, जब TVK यह भरोसा दिलाए कि वह BJP या RSS के दबाव में नहीं आएगी। एसएस बालाजी ने साथ ही कहा कि राज्यपाल को TVK चीफ विजय को सरकार बनाने के लिए बुलाना चाहिए।

तमिलनाडु- IUML अध्यक्ष चेन्नई में DMK मुख्यालय पहुंचे

तमिलनाडु में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के अध्यक्ष केएम कादर मोहिदीन चेन्नई में DMK मुख्यालय ‘अन्ना अरिवलयम’ पहुंचे।

पश्चिम बंगाल- कोलकाता में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारियां

पश्चिम बंगाल के कोलकाता में परेड ग्राउंड में भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां चल रही हैं। 9 मई को शपथ समारोह होगा। शुक्रवार को भाजपा विधायक दल की बैठक होगी जिसमें सीएम का ऐलान हो सकता है।

होटल में मौजूद विधायकों से मिलने पहुंचे पलानीसामी

AIADMK के जनरल सेक्रेटरी के. पलानीसामी पुडुचेरी के पूरनकुप्पम स्थित एक निजी रिसॉर्ट में पहुंचे। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, तमिलनाडु के AIADMK के 28 विधायक इसी होटल में ठहरे हुए हैं।

पश्चिम बंगाल गवर्नर ने विधानसभा भंग की

विधानसभा भंग करने के बाद गवर्नर ने मुख्य सचिव को पत्र लिखा।

विधानसभा भंग करने के बाद गवर्नर ने मुख्य सचिव को पत्र लिखा।

AIUDF चीफ बोले- विपक्ष की हालत कांग्रेस की रणनीति की वजह से

असम विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की मौजूदा स्थिति कांग्रेस की रणनीति की गलती की वजह से बनी है।

गुवाहाटी में अजमल ने कहा- असम चुनाव नतीजों पर विपक्ष की जो हालत हुई है, वह कांग्रेस की योजना की गलती है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस अब विपक्ष की भूमिका निभाने की स्थिति में नहीं है।

AIUDF प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी विपक्ष की भूमिका निभाएगी। उन्होंने साफ कहा- कांग्रेस विपक्ष की भूमिका नहीं निभा सकती। असम चुनाव परिणामों के बाद राज्य की राजनीति में विपक्षी दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। AIUDF और कांग्रेस के रिश्तों को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677