Connect with us

कोरबा

सुशासन तिहार 2026 – सिंघाली में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित: सुशासन तिहार से ग्रामीणों को मिल रही राहत और योजनाओं का लाभ – विधायक प्रेमचंद पटेल

Published

on

शिविर में 127 आवेदनों का हुआ मौके पर निराकरण

कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन, पारदर्शिता एवं जनकल्याण के संकल्प को धरातल पर साकार करने के उद्देश्य से जनपद पंचायत कटघोरा अंतर्गत ग्राम पंचायत सिंघाली में आज क्लस्टर स्तरीय ‘सुशासन तिहार’ शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में सिंघाली सहित देवरी, शुक्लाखार, डेलवाडीह, ढपढप, कसईपाली, विजयपुर, जवाली, पौसरा, तेलसरा एवं अरदा ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रेमचंद पटेल रहे। शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने शासन की विभिन्न योजनाओं से संबंधित मांगों एवं समस्याओं के आवेदन प्रस्तुत किए, जिनके त्वरित निराकरण की दिशा में मौके पर ही कार्रवाई की गई। शिविर के माध्यम से आमजन को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया।

सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाए गए, जहां विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं तथा योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। शिविर के दौरान केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित कुल 411 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 127 आवेदनों का निराकरण तत्काल मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों के समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच संवाद, विश्वास एवं पारदर्शिता को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि राज्य शासन की मंशा है कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन्हें उनके गांव में ही सहज रूप से प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त समस्याओं एवं मांगों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है तथा जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं है, उनका संबंधित विभागों द्वारा निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाता है। विधायक श्री पटेल ने कहा कि इस प्रकार के जनसमस्या निवारण शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं, ताकि ग्रामीण जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। खाद्य विभाग द्वारा 17 हितग्राहियों को राशन कार्ड एवं ग्रामीण एवं पंचायत विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को मनरेगा जॉब कार्ड प्रदान किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांग हितग्राहियों को सहायता स्वरूप 1 व्हीलचेयर एवं 3 श्रवण यंत्र वितरित किए गए। राजस्व विभाग द्वारा 4 हितग्राहियों को वनाधिकार पट्टा तथा 14 किसानों को डिजिटल किसान किताब प्रदान की गई। इसके अलावा आपदा राहत अंतर्गत ग्राम संवईपुर की श्रीमती चमरिन बाई को 4 लाख रुपये की सहायता राशि का सहमति पत्र सौंपा गया। कृषि एवं सहकारिता विभाग द्वारा 2 कृषकों को सिंचाई पंप तथा 5 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए। मुख्यमंत्री पेंशन योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए।

इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती झूलबाई गोविंद सिंह कंवर, जनपद सदस्य भागवत प्रसाद साहू, श्रवण कुमार तंवर,  विधायक प्रतिनिधि मोहन दास, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रवि रजक, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष रामप्रसाद कोर्राम, गोविंद सिंह कंवर, पूर्व जनपद सदस्य भुवनपाल सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, सरपंच, पंच तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।  

Continue Reading

कोरबा

कोरबा में घर के छज्जे पर लटका मिला कोबरा:रेस्क्यू के लिए तोड़ना पड़ा छज्जा, 1 घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ा गया

Published

on

कोरबा। कोरबा जिले के बरमपुर गांव में गुरुवार देर रात एक घर में कोबरा घुस गया। करीब 5 फीट लंबा कोबरा कच्चे मकान के छज्जे पर लटका फुंकार रहा था। सांप को देखकर घर में मौजूद महिलाएं और बच्चे डर गए और बाहर भाग गए। सूचना मिलने पर स्नेक कैचर की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया।

घटना रात करीब 11 बजे की है। प्रकाश यादव का परिवार सोने की तैयारी कर रहा था, तभी कमरे के छज्जे से सरसराहट की आवाज सुनाई दी। टॉर्च की रोशनी में देखने पर करीब 5 फीट लंबा कोबरा छज्जे से लटका दिखाई दिया और फुंकार मार रहा था।

मकान कच्चा और खपरैल का होने के कारण कोबरा आसानी से अंदर घुस आया। सूचना मिलने पर स्नेक कैचर मानस यादव और उमेश यादव की टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि कोबरा छज्जे की दरार में छिपा हुआ था, जिससे रेस्क्यू करना चुनौतीपूर्ण हो गया।

17 फीट ऊंचाई पर चढ़कर किया रेस्क्यू

रेस्क्यू टीम को करीब 17 फीट की ऊंचाई पर चढ़कर जोखिम उठाना पड़ा। सांप तक पहुंचने के लिए घर के एक हिस्से को हल्का तोड़ना भी पड़ा। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया।

जंगल में छोड़ा गया कोबरा

रेस्क्यू के बाद वन विभाग को सूचना दी गई। इसके बाद कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

बरसात में बढ़ जाती हैं ऐसी घटनाएं

स्नेक कैचर उमेश यादव ने बताया कि बरसात के मौसम में सांप सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में घरों की छत, स्टोर रूम, अनाज रखने की जगह और छज्जों में पहुंच जाते हैं।

लोगों से की अपील

स्नेक कैचर ने लोगों से अपील की कि घर में सांप दिखने पर घबराएं नहीं। उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें।

Continue Reading

कोरबा

पिता से पूछा-मां मुझसे नाराज क्यों है, फिर फूट-फूटकर रोया:सुबह किराए के कमरे में फंदे पर लटका मिला बेटा, सेलून में करता था काम

Published

on

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में किराए के मकान में रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने अपने पिता को फोन कर पूछा, “मां मुझसे नाराज क्यों है?” इसके बाद वह फूट-फूटकर रोने लगा। कुछ देर बाद उसने कॉल काट दी।

शुक्रवार सुबह जब उसके माता-पिता किराए के कमरे पर पहुंचे, तो युवक फांसी के फंदे पर लटका मिला। फिलहाल आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। यह मामला सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र का है।

पंखे से लटकर युवक से आत्महत्या कर ली।

पंखे से लटकर युवक से आत्महत्या कर ली।

सेलून में करता था काम

जानकारी के मुताबिक युवक का नाम रोहन उर्फ अमन श्रीवास (24) है, जो ट्रेंड्ज़ स्टूडियो सैलून में काम करता था। रोहन टीपी नगर में किराए के मकान में रहता था। मूल रूप से वह बरपाली का रहने वाला था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन भी है।

देर रात पिता को किया था फोन

रिश्तेदारों ने बताया कि गुरुवार रात करीब 9 बजे रोहन की पिता से सामान्य बातचीत हुई थी। इसके बाद रात करीब 2:30 बजे उसने फिर कॉल किया। कॉल पर वह रो रहा था और बार-बार पूछ रहा था, “मां मुझसे नाराज क्यों है?” इसके बाद उसने फोन काट दिया।

सुबह कमरे में फंदे पर लटका मिला

शुक्रवार सुबह जब रिश्तेदारों ने कई बार फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुई। अनहोनी की आशंका पर माता-पिता तुरंत उसके कमरे पहुंचे। दरवाजा खोलने पर रोहन का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। इसके बाद फौरन पुलिस को सूचना दी गई।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

माता-पिता और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

जांच के बाद सामने आएगी वजह

सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि आत्महत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। पुलिस रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

Continue Reading

कोरबा

कोरबा के सिंचाई कॉलोनी में लाखों की चोरी:सूने मकान का ताला तोड़कर सोना, चांदी, नकदी ले उड़े चोर, पुलिस जांच में जुटी

Published

on

कोरबा। कोरबा सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रामपुर स्थित सिंचाई कॉलोनी में चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से सोना-चांदी के गहने, नगदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित भारत लाल साहू, जो सिंचाई विभाग में कर्मचारी हैं, सिंचाई कॉलोनी के क्वार्टर नंबर एचपीटी A2/25 में रहते हैं। वह किसी काम से घर से बाहर गए थे और मकान में ताला लगा था। इसी दौरान चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया।

पुलिस सीसीटीवी और फिंगरप्रिंट के आधार पर कर रही जांच

पुलिस सीसीटीवी और फिंगरप्रिंट के आधार पर कर रही जांच

अलमारी तोड़कर ले गए गहने और नकदी

शुक्रवार (24 जुलाई ) सुबह घटना की जानकारी मिलने पर भारत लाल साहू घर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। घर के अंदर अलमारी भी तोड़ी गई थी और सामान बिखरा पड़ा था। चोर अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने, करीब 30 से 35 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित के अनुसार कुल नुकसान करीब 2 से 2.5 लाख रुपये का हुआ है।

सोना-चांदी और नकदी लेकर फरार हुए चोर

सोना-चांदी और नकदी लेकर फरार हुए चोर

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद से भी साक्ष्य जुटाए गए हैं।

बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोग चिंतित

स्थानीय लोगों का कहना है कि कोरबा जिले में हाल के दिनों में चोरी और लूट की घटनाएं बढ़ी हैं। सूने मकानों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। पीड़ित ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गया सामान बरामद करने की मांग की है। पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677