Connect with us

कोरबा

सुशासन तिहार 2026: जनसमस्याओं के त्वरित समाधान से ग्रामीणों में बढ़ा विश्वास

Published

on

जनसमस्या निवारण शिविर में रथ बाई कंवर को मिला अंत्योदय राशन कार्ड

कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सुशासन तिहार 2026 शासन की जनहितकारी और संवेदनशील कार्यशैली का प्रभावी उदाहरण बनकर सामने आ रहा है। यह अभियान केवल योजनाओं के क्रियान्वयन तक सीमित नहीं है, बल्कि शासन और आमजन के बीच आत्मीय संवाद, विश्वास और जुड़ाव को सशक्त करने का माध्यम भी बन रहा है। गांव-गांव आयोजित हो रहे जनसमस्या निवारण शिविरों के माध्यम से प्रशासन लोगों की समस्याओं को सुनकर त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है, जिससे ग्रामीणों में विश्वास और संतोष का वातावरण निर्मित हुआ है।

इसी क्रम में जनपद पंचायत करतला अंतर्गत ग्राम देवलापाठ में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्राम कोथारी निवासी रथ बाई कंवर, पति स्वर्गीय दाऊराम, अपनी राशन कार्ड संबंधी मांग लेकर शिविर में पहुंचीं। उन्होंने अधिकारियों को आवेदन प्रस्तुत कर अपनी आवश्यकता से अवगत कराया, जिस पर प्रशासन द्वारा गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें अंत्योदय राशन कार्ड बनाकर प्रदान किया गया।
अंत्योदय कार्ड प्राप्त होने पर रथ बाई कंवर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शिविर में आना उनके लिए सार्थक अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा गांव स्तर पर शिविर आयोजित किए जाने से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सहजता से रखने का अवसर मिल रहा है तथा मौके पर ही समाधान भी सुनिश्चित हो रहा है। इससे ग्रामीणों में विश्वास और संतोष का वातावरण बना है।
उन्होंने कहा कि शासन की यह पहल ग्रामीण अंचलों तक पहुंचकर लोगों की आवश्यकताओं और समस्याओं को समझने का सशक्त माध्यम बन रही है। गांव में ही समाधान उपलब्ध होने से लोगों को सुविधाजनक वातावरण मिल रहा है तथा प्रशासन के प्रति आत्मीय जुड़ाव भी मजबूत हुआ है।
उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जनहितकारी शिविर आगे भी निरंतर आयोजित होते रहें, ताकि ग्रामीणों को इसी प्रकार त्वरित लाभ और समाधान प्राप्त होता रहे।

Continue Reading

कोरबा

विदेशी नौकरी का झांसा देकर म्यांमार के ‘KK Park’ में बंधक बनाकर साइबर ठगी कराने वाले गिरोह की महिला सदस्य गिरफ्तार

Published

on

कोरबा। थाना दर्री में प्रार्थिया, निवासी दर्री ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि फेसबुक पर बैंकॉक में ऑफिस असिस्टेंट की नौकरी (लगभग 30,000 थाई भाट प्रतिमाह) का विज्ञापन देखकर उसने संपर्क किया था। आरोपी महिला लीजा एवं उसके साथियों ने उसे बेंगलुरु बुलाया और फिर फ्लाइट से थाईलैंड गए और बोर्डर पार कराकर म्यांमार के ‘KK Park’ पहुँचा दिया। वहाँ उसका पासपोर्ट जब्त कर उसे बंधक बनाया गया, प्रताड़ित किया गया और फर्जी सोशल मीडिया आईडी के जरिए ऑनलाइन ट्रेडिंग व निवेश के नाम पर लोगों से ठगी करने के लिए मजबूर किया गया।

पीड़िता को वापस म्यांमार से कोरबा लाना और अपराध विवरण

भारतीय दूतावास एवं स्थानीय प्रशासन की मदद से प्रार्थिया को सुरक्षित भारत लाया गया। तत्पश्चात प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना दर्री, जिला कोरबा में अपराध क्रमांक 331/2026, धारा 143(2), 146 BNS के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। विवेचना में संलिप्तता पाए जाने पर आरोपिया स्नेहा भथलाल बडोले (35 वर्ष), निवासी जिला गोंदिया (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया और रिमांड प्राप्त की गई। अन्य आरोपियों तथा गिरोह के डिजिटल व वित्तीय नेटवर्क की जाँच जारी है।

साइबर जागरूकता अभियान
कोरबा पुलिस द्वारा “साइबर जागरूकता अभियान” के अंतर्गत जागरूकता बढ़ाने के साथ साथ ऑनलाइन ठगी, फर्जी नौकरी के प्रस्तावों और सोशल मीडिया फ्रॉड से सम्बन्धी साइबर अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई सतत जारी रहेगी।

Continue Reading

कोरबा

सरस्वती शिशु मंदिर एचटीपीपी दर्री में ई-कचरा प्रबंधन पर जागरूकता अभियान, प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

Published

on

चित्रकला, भाषण और नारा लेखन प्रतियोगिताओं के जरिए विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

प्राचार्य सुषमा बारस्कर ने जिम्मेदारीपूर्वक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग और ई-कचरे के उचित निपटान के लिए किया प्रेरित

कोरबा। सरस्वती शिशु मंदिर एचटीपीपी दर्री, कोरबा में ई-कचरा प्रबंधन दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक कचरे के उचित प्रबंधन, पुनर्चक्रण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए भाषण, नारा लेखन और चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुषमा बारस्कर ने की। कार्यक्रम का निर्देशन सुश्री पूजा ठाकुर एवं श्रवण कुमार गुप्ता द्वारा किया गया। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों को ई-कचरे के दुष्प्रभावों, उसके सुरक्षित निपटान और पुनर्चक्रण के महत्व से अवगत कराने पर विशेष जोर दिया गया।

प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग के बाद निकलने वाले कचरे का लापरवाही से निपटान पर्यावरण के लिए नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे कचरे का उचित प्रबंधन और पुनर्चक्रण पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को पर्यावरण से जुड़ी जिम्मेदारियों को समझने और दैनिक जीवन में उनका पालन करने के लिए प्रेरित किया।

चित्रकला प्रतियोगिता में स्वाति पटेल और यामिनी बरेठ ने हासिल किया प्रथम स्थान
चित्रकला प्रतियोगिता में प्राथमिक विभाग की स्वाति पटेल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि श्रिया यादव द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं, हाईस्कूल विभाग में यामिनी बरेठ ने प्रथम और साधना ने द्वितीय स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से ई-कचरे के उचित प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के महत्व को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।

भाषण प्रतियोगिता में सृष्टि राठौर प्रथम, दिव्या जाल द्वितीय
भाषण प्रतियोगिता में सृष्टि राठौर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि दिव्या जाल ने द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने ई-कचरे के बढ़ते उपयोग, उसके उचित निपटान और पर्यावरण को सुरक्षित रखने की आवश्यकता जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने विचार स्पष्ट रूप से व्यक्त करने और पर्यावरण संबंधी विषयों पर जागरूकता फैलाने का अवसर मिला।

नारा लेखन में पूनम साहू और आँचल साहू ने मारी बाजी
नारा लेखन प्रतियोगिता में पूनम साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आँचल साहू द्वितीय स्थान पर रहीं। विद्यार्थियों ने आकर्षक और संदेशपरक नारों के माध्यम से ई-कचरे के जिम्मेदार प्रबंधन तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया। प्रतियोगिता में उनकी रचनात्मकता और विषय के प्रति समझ देखने को मिली।

प्राचार्य ने विद्यार्थियों को दिलाया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की गई। विद्यार्थियों के उत्साह, रचनात्मकता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को प्रोत्साहित किया गया। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुषमा बारस्कर ने विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, ई-कचरे का उचित निपटान सुनिश्चित करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति सजग रहने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की भावना विकसित करने के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।

विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना रहा। भाषण, चित्रकला और नारा लेखन जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को ई-कचरे के उचित प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया। इस आयोजन ने पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी समझने और उसे सुरक्षित रखने की दिशा में सकारात्मक संदेश दिया।

Continue Reading

कोरबा

महतारी वंदन योजना से मिली संबल की राशि, भगवती ने बचत से संवार लिया आत्मनिर्भरता का सपना

Published

on

कभी दूसरों पर निर्भर थीं, आज अपनी किराना दुकान से बनीं परिवार की आर्थिक ताकत

कोरबा, 29 अक्टूबर 2026। महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना से मिलने वाली प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि का उपयोग कर महिलाएं अपनी जरूरतें पूरी करने के साथ स्वरोजगार की दिशा में भी कदम बढ़ा रही हैं। कोरबा जिले के राजीव नगर, दर्री निवासी श्रीमती भगवती निर्मलकर इसकी प्रेरक मिसाल हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना के तहत श्रीमती निर्मलकर को हर माह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है। उन्होंने इस राशि को धीरे-धीरे बचाकर अपना किराना व्यवसाय शुरू किया। इससे उन्हें आय का एक नया साधन मिला है और परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में भी मदद मिल रही है।
श्रीमती निर्मलकर बताती हैं कि पहले छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब परिस्थितियों में बदलाव आया है। अपना व्यवसाय शुरू करने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ा है और वे परिवार की जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक योगदान दे पा रही हैं। अब उनकी इच्छा अपने किराना व्यवसाय को और आगे बढ़ाने की है।
श्रीमती भगवती निर्मलकर ने महतारी वंदन योजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णु भैया के प्रति आभार व्यक्त किया। उनके अनुसार, योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता ने उन्हें बचत करने, व्यवसाय शुरू करने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर दिया है।

Continue Reading
Advertisement

Trending

Copyright © 2020 Divya Akash | RNI- CHHHIN/2010/47078 | IN FRONT OF PRESS CLUB TILAK BHAVAN TP NAGAR KORBA 495677